एआई समिट के दौरान हुए ‘शर्टलेस प्रदर्शन’ मामले में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए इस विरोध प्रदर्शन के सिलसिले में घंटों की पूछताछ के बाद यह कदम उठाया गया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें तिलक मार्ग थाने में रखा गया है। थाने के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) की तैनाती की गई है।
सोमवार (23 फरवरी) को दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को पूछताछ के लिए तिलक मार्ग थाने बुलाया था। लगभग 20 घंटे तक चली पूछताछ में पुलिस ने उनसे प्रदर्शन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल किए।
पुलिस के अनुसार, इस विरोध प्रदर्शन से संबंधित अहम जानकारियां उदय भानु के पास थीं और वह कथित रूप से इसकी योजना बनाने में शामिल थे। अधिकारियों का दावा है कि पूछताछ के दौरान उन्होंने सहयोग नहीं किया और कई सवालों पर या तो स्पष्ट जवाब नहीं दिया या बात को टालने की कोशिश की।
पुलिस का कहना है कि उनके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद गिरफ्तारी की गई। अब उन्हें अदालत में पेश किया गया है, जहां पुलिस उनकी भूमिका को लेकर अपने तर्क रखेगी और रिमांड की मांग कर सकती है।
गिरफ्तारी के बाद थाने के बाहर सुरक्षा और बढ़ा दी गई है। सीआरपीएफ और दिल्ली पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी तरह की अवांछित स्थिति से निपटा जा सके।
इससे पहले इसी मामले में सोमवार (22 फरवरी) को पुलिस ने ग्वालियर से तीन आरोपियों—जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर और अजय कुमार—को गिरफ्तार किया था। प्रदर्शन वाले दिन युवा कांग्रेस के चार अन्य कार्यकर्ताओं को भी हिरासत में लिया गया था।
दरअसल, शुक्रवार (20 फरवरी) को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में एआई समिट के दौरान युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता प्रदर्शनी हॉल में प्रवेश कर गए थे। वहां उन्होंने अचानक अपनी शर्ट उतारकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने ऐसी टी-शर्ट भी लहराईं, जिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरों के साथ विभिन्न संदेश लिखे थे। इस घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
