‘ममता बनर्जी मानसिक रूप से अस्थिर, वो बदला ले रही…’, सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या के बाद BJP नेताओं में आक्रोश

पश्चिम बंगाल में नेता प्रतिपक्ष Suvendu Adhikari के बेहद करीबी और निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ पर ताबड़तोड़ फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम इलाके में बदमाशों ने उन पर करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मध्यमग्राम में सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्र की गोली मारकर हत्या किए जाने पर, BJP नेता नवीन मिश्रा ने कहा है कि हमें इसका अंदेशा था। पिछले तीन दिनों से, और असल में, चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद से ही मैंने कई बार कहा है कि हमें शक था कि अलग-अलग जगहों पर तोड़-फोड़ और गड़बड़ी की घटनाएं हो सकती हैं।

उन्होंने कहा कि मैं पूरे यकीन के साथ कह सकता हूं कि यह कथित हत्या ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी द्वारा रची गई एक बहुत बड़ी साजिश का हिस्सा है। वे इस बारे में काफी आत्मविश्वास से बात कर रहे थे। ऐसा लगता है कि इसमें राजीव कुमार भी शामिल हैं और यह एक बहुत बड़ी साजिश है।

जानकारी के मुताबिक, चंद्रनाथ रथ पिछले 10-12 वर्षों से शुभेंदु अधिकारी के साथ जुड़े हुए थे और उन्हें उनका बेहद भरोसेमंद सहयोगी माना जाता था। हालिया चुनावों में भी वह प्रचार अभियान और संगठनात्मक जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और भाजपा नेताओं ने इसे कानून-व्यवस्था की विफलता बताते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार हमलावर अचानक पहुंचे और बेहद करीब से फायरिंग कर फरार हो गए। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। शुरुआती जांच में राजनीतिक रंजिश समेत कई एंगल पर जांच की जा रही है।

इस घटना ने बंगाल की राजनीति में नया तूफान खड़ा कर दिया है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि राज्य में विपक्षी नेताओं और उनके करीबी लोगों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Scroll to Top