‘मरने वाला हिंदू है, इसलिए कोई नहीं बोलता’ — बांग्लादेश हिंसा पर सीएम योगी का तीखा बयान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांग्लादेश में हो रही हिंसा को लेकर कड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर सनातन कमजोर पड़ा, तो देश भी कमजोर होगा और तब किसी भी हिंदू के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो सकता है—चाहे वह किसी भी जाति, क्षेत्र या भाषा से जुड़ा हो।

सीएम योगी ने जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वाली राजनीति से सावधान रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि जो लोग आज बंटवारे की बात कर रहे हैं, वे बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों पर चुप हैं।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश से रोज़ ऐसी खबरें आ रही हैं, जहां हिंदुओं को जिंदा जलाया जा रहा है, उनके घरों को आग लगाई जा रही है और सरेआम हत्या की जा रही है। इसके बावजूद, कई तथाकथित मानवाधिकार संगठन और नेता मौन साधे हुए हैं।

‘मरने वाला हिंदू है, इसलिए कोई नहीं बोलता’
सीएम योगी ने कहा कि बांग्लादेश में मारे जा रहे अधिकांश हिंदू दलित समाज से हैं, लेकिन उनके लिए न कोई आवाज़ उठाई जा रही है और न ही कोई वैश्विक संगठन आगे आ रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ हिंदू संगठनों और धर्माचार्यों को छोड़ दिया जाए, तो बाकी सभी चुप हैं—क्योंकि मरने वाला हिंदू है।

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे जाति और वर्ग के नाम पर किए जा रहे वादों और बहकावे में न आएं। उन्होंने चेताया कि अगर समाज बंटा, तो देश के दुश्मनों को मौका मिल जाएगा।

‘बंटे तो कटने के रास्ते खुल जाते हैं’
सीएम योगी ने कहा कि देश के खिलाफ ताकतें हमेशा मौके की तलाश में रहती हैं। अगर देश और समाज में एकता कमजोर पड़ी, तो उसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं।

उन्होंने भरोसा जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेज़ी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले समय में दुनिया की बड़ी शक्तियों में शामिल होगा। सीएम योगी ने कहा कि अब कोई भी ताकत भारत की प्रगति को रोक नहीं सकती।

Scroll to Top