भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से चली आ रही ट्रेड डील वार्ता के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा फैसला लिया है। ट्रंप ने घोषणा की है कि 1 अगस्त 2025 से भारत पर 25% टैरिफ लागू किया जाएगा। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर दी, जहां उन्होंने भारत के साथ व्यापारिक रिश्तों पर अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
ट्रंप ने कहा कि भारत उनके देश का मित्र है, लेकिन पिछले कई वर्षों में दोनों देशों के बीच व्यापार अपेक्षाकृत कम रहा है। उनका आरोप है कि भारत के टैरिफ दरें दुनिया में सबसे ऊंची हैं, जो अमेरिकी व्यापार विस्तार में बाधा डालती हैं।
इसके अलावा, उन्होंने भारत पर रूस से सैन्य उपकरण और ऊर्जा खरीदने का भी आरोप लगाया, जो उनके मुताबिक यूक्रेन संकट के मद्देनजर सही नहीं है। ट्रंप का मानना है कि रूस पर दबाव बनाने के लिए सभी देशों को एकजुट होना चाहिए, लेकिन भारत का रूस के साथ बढ़ता व्यापार इस दिशा में विपरीत कदम है। यही वजह है कि अमेरिका ने यह सख्त कदम उठाया है।
व्यापार आंकड़े और पृष्ठभूमि
हालांकि, व्यापारिक रिश्तों में इस कदम से पहले भारत का अमेरिका को निर्यात बढ़ा है। वित्त वर्ष 2025 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में भारत का अमेरिका को निर्यात 22.8% बढ़कर 25.51 अरब डॉलर और आयात 11.68% बढ़कर 12.86 अरब डॉलर हो गया है। इसके बावजूद ट्रंप ने भारत के साथ ट्रेड डील को अंतिम रूप नहीं दिए जाने का हवाला देते हुए यह फैसला लिया। दोनों देशों के बीच कई दौर की बातचीत के बावजूद सहमति नहीं बन पाई, जिसके चलते यह स्थिति आई है।