10 साल तक काटी अंग्रेज़ों की जेल, देशवासियों को दिलाए मौलिक अधिकार, संसद में देश का पहला अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले महान स्वंत्रता सेनानी ‘आचार्य जे.बी. कृपलानी’ को जयंती पर सादर नमन

आज के दौर में जहाँ कुर्सी के लिए लोग अपना ज़मीर तक बेच देते हैं, वहाँ क्या आप किसी ऐसे नेता की कल्पना कर सकते हैं जो आज़ाद भारत की एक ताकतवर कुर्सी पर बैठा हो, और सिर्फ अपने उसूलों के लिए उस कुर्सी को ठोकर मार दे?

आज 11 नवंबर है और आज उसी फकीर, उसी अक्खड़ और भारत की राजनीति के असली ‘बागी’ नेता की जयंती है।

हम बात कर रहे हैं महान स्वतंत्रता सेनानी जीवतराम भगवानदास कृपलानी की, जिन्हें पूरी दुनिया बड़े ही आदर से ‘आचार्य कृपलानी’ के नाम से जानती है।

सिंध (अब पाकिस्तान) की धरती पर 11 नवंबर 1888 को जन्मे कृपलानी जी सिर्फ आज़ादी की लड़ाई के सिपाही नहीं थे।

वो एक ऐसे योद्धा थे जिन्होंने पहले अंग्रेज़ों की ईंट से ईंट बजाई, और जब देश आज़ाद हुआ तो ‘काले अंग्रेज़ों’ यानी सत्ता के नशे में चूर अपनों की भी जमकर बखिया उधेड़ी।

कुर्सी के लालची राजनेताओं के दौर में आचार्य कृपलानी जैसी फकीरी और बगावत अब शायद ही कभी देखने को मिले

आप सोच कर देखिए, एक इंसान जिसके पास एक शानदार रुतबा है, ऐशो-आराम की नौकरी है, उसे क्या ज़रूरत पड़ी थी सड़कों पर लाठियां खाने की?

कृपलानी जी बिहार के मुज़फ्फरपुर में मशहूर एल.एस. कॉलेज (L.S. College) में इतिहास और अंग्रेज़ी के प्रोफेसर थे। बढ़िया नौकरी चल रही थी। लेकिन इनके अंदर का वो स्वाभिमानी हिंदुस्तानी खून उबाल मार रहा था।

किस्सा 1917 का है। जब महात्मा गांधी बिहार के चंपारण में अंग्रेज़ों के खिलाफ सत्याग्रह करने पहुंचे, तो उन्हें एक ऐसे पढ़े-लिखे और बेखौफ इंसान की तलाश थी जो ज़मीनी हालात समझता हो।

बस फिर क्या था! कृपलानी जी ने खुलेआम बागी तेवर अपनाते हुए गांधी जी को अपने ही कॉलेज के हॉस्टल में ठहरा दिया।

अंग्रेज़ों को जब इस बात की भनक लगी, तो उन्होंने बिना कोई देरी किए कृपलानी जी को प्रोफेसर की नौकरी से निकाल बाहर किया।

क्या इस बात से वो डरे? बिल्कुल नहीं! उल्टे उन्हें तो जैसे आज़ादी की लड़ाई में कूदने का बहाना मिल गया।

मुज़फ्फरपुर के प्रोफेसर से लेकर चंपारण के बागी तक का वो सफर जिसने अंग्रेज़ों की जेलों को ही अपना घर बना लिया था

नौकरी छूटने के बाद यह इंसान पूरी तरह से देश को आज़ाद कराने के मिशन में जुट गया। 1920 का असहयोग आंदोलन हो, 1930 का सविनय अवज्ञा आंदोलन हो या फिर 1942 का ‘अंग्रेज़ों भारत छोड़ो’ आंदोलन…

देश में ऐसा कोई बड़ा प्रोटेस्ट नहीं हुआ जिसमें कृपलानी जी सबसे अगली लाइन में खड़े होकर लाठियां न खा रहे हों।

अंग्रेज़ भी इस अक्खड़ सिंधी से खौफ खाते थे। जब भी कोई आंदोलन शुरू होता, अंग्रेज़ पुलिस सबसे पहले कृपलानी जी को अरेस्ट करती।

ज़रा इस इंसान के त्याग का अंदाज़ा लगाइए… आज़ादी की लड़ाई में इस शेर ने अपनी ज़िंदगी के पूरे 10 साल अंग्रेज़ों की कोठरियों में हंसते-हंसते गुज़ार दिए!

और हाँ, इसी बीच जब वो जेल से बाहर रहते, तो उनका पढ़ाने का जज़्बा कभी कम नहीं हुआ। उन्होंने गुजरात विद्यापीठ में भी पढ़ाया।

वहाँ उनके पढ़ाने का अंदाज़, उनका ज्ञान और उनके साधारण जीवन को देखकर ही छात्रों और साथी शिक्षकों ने उन्हें हमेशा के लिए ‘आचार्य’ की उपाधि दे दी।

जब देश आज़ाद हो रहा था तब इसी बागी के हाथों में थी कमान और हम सबको दिए हमारे मौलिक अधिकार

नवंबर 1946 का मेरठ अधिवेशन याद कीजिए। यह वो वक़्त था जब देश बंटवारे की भयंकर आग में झुलस रहा था, दंगे हो रहे थे, और अंग्रेज़ सत्ता ट्रांसफर करने की तैयारी में थे।

उस डरावने माहौल में देश को और नेताओं को एक साथ जोड़े रखने के लिए जिस इंसान पर महात्मा गांधी और पूरे देश ने सबसे ज़्यादा भरोसा किया, वो आचार्य कृपलानी ही थे।

आज़ादी के वक़्त (1947 में) कृपलानी जी ही ‘इंडियन नेशनल कांग्रेस’ के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे।

लेकिन उनका योगदान सिर्फ पार्टी चलाने तक सीमित नहीं था। आज जो हम अपने ‘हक़’ की बात करते हैं ना, की “ये मेरा मौलिक अधिकार है”, ये अधिकार हमें किसी और ने नहीं, बल्कि कृपलानी जी ने ही दिलवाए हैं।

जब आज़ाद भारत का नया संविधान बन रहा था, तो संविधान सभा (Constituent Assembly) में हर छोटी-बड़ी चीज़ के लिए कमेटियां बनाई गई थीं।

इन सबमें सबसे महत्वपूर्ण थी हमारे फंडामेंटल राइट्स (Fundamental Rights) यानी मौलिक अधिकारों की उप-समिति (Sub-Committee)।

इस बेहद अहम समिति के चेयरमैन खुद आचार्य कृपलानी थे।

उन्होंने ही संविधान में इस बात की पक्की गारंटी करवाई की कल को देश में चाहे किसी की भी सरकार आ जाए, लेकिन आज़ाद भारत के किसी भी आम नागरिक से उसके बोलने का, उसकी आज़ादी का और उसके धर्म का हक़ कोई नहीं छीन पाएगा।

सत्ता की मलाई खाने के बजाय नेहरू से उसूलों पर भिड़कर ठुकरा दी थी कांग्रेस की सबसे बड़ी कुर्सी

1947 में जब देश आज़ाद हुआ, तब कृपलानी जी सत्ता के बिल्कुल शिखर पर बैठे थे। वो कांग्रेस के अध्यक्ष थे। अगर वो चाटुकारिता या ‘दरबारी पॉलिटिक्स’ में यकीन रखते, तो चुपचाप हाँ में हाँ मिलाकर आज़ाद भारत की पहली सरकार में कोई बहुत बड़ा और मलाईदार मंत्रालय पकड़ लेते।

लेकिन कृपलानी जी उस मिट्टी के नहीं बने थे! उनका सीधा सा उसूल था। उनका मानना था की इस देश को आज़ादी किसी एक नेता ने नहीं, बल्कि हज़ारों कार्यकर्ताओं ने अपनी जान देकर दिलाई है।

इसलिए जो नई सरकार (नेहरू सरकार) बनी है, उसे मनमानी करने के बजाय पार्टी की कार्यसमिति से सलाह लेकर काम करना चाहिए। सत्ता पर संगठन का कंट्रोल होना चाहिए ताकि कोई नेता कल को तानाशाह न बन जाए।

लेकिन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को ये बात बिल्कुल रास नहीं आई। नेहरू जी को सरकार के कामकाज में किसी का भी दखल बर्दाश्त नहीं था।

जब कृपलानी जी ने देखा की उनके सिद्धांतों से समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है, तो इस स्वाभिमानी इंसान ने सत्ता की मलाई पर ऐसी लात मारी की सब देखते रह गए।

उन्होंने नवंबर 1947 में ही बिना कोई पल गंवाए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।

और सिर्फ अध्यक्ष पद ही नहीं छोड़ा, बल्कि 1951 आते-आते उन्होंने हमेशा के लिए कांग्रेस पार्टी को ही अलविदा कह दिया।

उन्होंने अपनी अलग ‘किसान मज़दूर प्रजा पार्टी’ (KMPP) बनाई। देश को ये बड़ा संदेश दिया की कोई भी पार्टी या प्रधानमंत्री देश के सिद्धांतों से बड़ा नहीं हो सकता।

हिंदी-चीनी भाई भाई के गुब्बारे की हवा निकालते हुए आज़ाद भारत के इतिहास का सबसे पहला अविश्वास प्रस्ताव लेकर आए कृपलानी

अब कृपलानी जी विपक्ष में आ चुके थे। और क्या गज़ब का विपक्ष बने वो! 1962 का वो मनहूस साल तो आपको याद ही होगा।

नेहरू जी की वो ‘हिंदी-चीनी भाई-भाई’ वाली विदेशी नीति तब ताश के पत्तों की तरह ढह गई, जब चीन ने भारत की पीठ में खंजर घोंपते हुए हमला कर दिया।

उस युद्ध में भारत को जो कूटनीतिक और सैन्य हार झेलनी पड़ी, उसने पूरे देश का मनोबल तोड़ दिया था।

युद्ध के बाद संसद का माहौल ऐसा था की किसी भी नेता की हिम्मत नहीं हो रही थी की वो खड़े होकर सीधे प्रधानमंत्री नेहरू से सवाल पूछ सके। लेकिन इस सन्नाटे को चीरने के लिए आगे आए आचार्य कृपलानी।

अगस्त 1963 में, आचार्य कृपलानी आज़ाद भारत के इतिहास का सबसे पहला ‘अविश्वास प्रस्ताव’ (No-Confidence Motion) लेकर संसद में खड़े हुए।

कृपलानी जी ने बिना किसी डर के नेहरू सरकार की विदेशी और रक्षा नीतियों की धज्जियां उड़ा दीं। उन्होंने डंके की चोट पर कहा की जिस सरकार ने देश की सीमाओं को असुरक्षित कर दिया है, उसे सत्ता में रहने का कोई हक़ नहीं है।

भले ही कांग्रेस के पास बहुमत था और वो प्रस्ताव गिर गया, लेकिन कृपलानी जी ने पूरे देश को सिखा दिया की एक सच्चे लोकतंत्र में ‘विपक्ष’ (Opposition) की आवाज़ कितनी धारदार और ज़रूरी होती है।

इंदिरा गांधी की तानाशाही के आगे 87 साल की उम्र में भी सीना तानकर खड़े रहे और आज़ादी के इस असली हीरो ने जेल को फिर से गले लगा लिया

समय बीतता गया, लेकिन इस बूढ़े शेर की दहाड़ में कभी कोई कमी नहीं आई। नेहरू के बाद जब इंदिरा गांधी सत्ता में आईं और उन्होंने 1975 में देश पर अपनी ‘इमरजेंसी’ (आपातकाल) थोप दी, तो पूरे देश को एक रातों-रात जेलखाने में तब्दील कर दिया गया।

उस वक़्त आचार्य कृपलानी की उम्र 87 साल हो चुकी थी। शरीर बूढ़ा हो चुका था, हड्डियां कमज़ोर हो गई थीं।

87 साल की उम्र में ये शेर जयप्रकाश नारायण (JP) के साथ सड़कों पर उतर आया। और इंदिरा गांधी सरकार ने भी इस आज़ादी के हीरो, इस वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानी को बख्शने में कोई शर्म नहीं दिखाई।

उन्हें गिरफ्तार करके जेल की काल कोठरी में डाल दिया गया। जिसने अपनी जवानी के 10 साल अंग्रेज़ों की जेल में काटे हों, उसे इंदिरा की जेलें क्या डरातीं!

जब 1977 में इमरजेंसी हटी और चुनाव हुए, तो पूरा विपक्ष इंदिरा गांधी को सत्ता से उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट हुआ। जनता पार्टी बनी और पहली बार केंद्र में गैर-कांग्रेसी सरकार आई।

उस सरकार को बनाने और पूरे विपक्ष को एक मंच पर लाने में कृपलानी जी और जेपी (JP) का ही सबसे बड़ा आशीर्वाद था।

आख़िरकार 1982 में इस फकीर और बागी नेता ने हमेशा के लिए अपनी आँखें मूंद लीं।

आचार्य जे.बी. कृपलानी राष्ट्रवाद की वो जीती-जागती मिसाल थे, जो ना कभी अंग्रेज़ों के आगे झुके और ना ही आज़ाद भारत के ‘काले अंग्रेज़ों’ के आगे बिके।

आज की युवा पीढ़ी को उनके जीवन से यही सीखना चाहिए की सत्ता तो आज है और कल चली जाएगी, लेकिन देश और आपके उसूल हमेशा ज़िंदा रहने चाहिए।

Scroll to Top