जेब में 40 रुपये और गीता लेकर पहुंच गए अमेरिका, दुनिया को ‘हरे कृष्ण’ जपना सीखाने और कृष्ण भक्ति का साम्राज्य खड़ा करने वाले ISKCON के संस्थापक ‘स्वामी प्रभुपाद’ को पुण्यतिथि पर सादर नमन

आज 14 नवंबर 2026 है। आज ही के दिन, साल 1977 में इस्कॉन (ISKCON) के संस्थापक श्रील ए. सी. भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद जी ने वृंदावन की पवित्र भूमि पर अपना शरीर त्यागा था।

आज उनकी पुण्यतिथि है।

ज़रा सोचिए, एक 69 साल का बूढ़ा सन्यासी, जिसके पास ना कोई बैंक बैलेंस था, ना कोई राजनीतिक सपोर्ट… वो खाली हाथ अमेरिका जाता है और पूरी की पूरी पश्चिमी दुनिया को सनातन धर्म और कृष्ण भक्ति के रंग में रंग देता है।

चलिए आज इस महान सन्यासी की वो कहानी परत-दर-परत खोलते हैं, जिसके बारे में भारत के हर बच्चे को पता होना चाहिए।

गुरु के उस एक आदेश ने बदल दिया इतिहास और 58 की उम्र में छोड़ दिया भरा-पूरा परिवार

स्वामी प्रभुपाद जी का जीवन शुरू से सन्यासी वाला नहीं था। 1 सितंबर 1896 को कलकत्ता के एक बहुत ही संस्कारी वैष्णव परिवार में उनका जन्म हुआ था।

माता-पिता ने नाम रखा था- अभय चरण डे (Abhay Charan De)। वे बचपन से ही होनहार थे। कलकत्ता के मशहूर ‘स्कॉटिश चर्च कॉलेज’ से उन्होंने केमिस्ट्री में B.A. किया था।

उस दौर में पूरे देश में आज़ादी की लहर दौड़ रही थी और अभय चरण भी जवानी के दिनों में महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन से जुड़ गए थे।

उन्होंने तो ब्रिटिश शिक्षा का बहिष्कार करते हुए अपनी कॉलेज की डिग्री तक लेने से मना कर दिया था। सब कुछ एकदम एक आम देशभक्त युवा जैसा ही चल रहा था।

लेकिन उनकी ज़िंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट आया साल 1922 में। यही वो साल था जब कलकत्ता में उनकी मुलाकात अपने आध्यात्मिक गुरु ‘श्रील भक्तिसिद्धांत सरस्वती ठाकुर’ से हुई।

पहली ही मुलाकात में गुरु जी ने इस नौजवान की आँखों में एक अजीब सी चमक देखी और बिना कोई भूमिका बांधे एक बहुत बड़ा आदेश दे डाला।

गुरु ने कहा- “तुम एक पढ़े-लिखे नौजवान हो। भगवान कृष्ण के संदेश और भारत के वैदिक ज्ञान को अंग्रेज़ी भाषा में पूरी पश्चिमी दुनिया तक पहुँचाओ।”

बस, गुरु का वो एक वाक्य उनके दिमाग में छप गया। हालांकि उस वक़्त उनकी शादी हो चुकी थी और बच्चे भी थे।

उन्होंने परिवार पालने के लिए एक अच्छी-खासी फार्मेसी (दवाइयों) की कंपनी भी खोली। उनका बिज़नेस बहुत बढ़िया चल रहा था।

लेकिन उस सांसारिक जीवन में उनका मन कभी लगा ही नहीं। गुरु के आदेश की आग अंदर ही अंदर धधक रही थी।

आख़िरकार, 1954 में जब वो 58 साल के हुए, तो उन्होंने एक ही झटके में अपना वो जमा-जमाया फार्मेसी का बिज़नेस, अपनी दौलत और भरा-पूरा परिवार हमेशा के लिए छोड़ दिया।

वानप्रस्थ जीवन अपनाते हुए वो सीधे वृंदावन आ गए।

वृंदावन के ऐतिहासिक ‘राधा-दामोदर मंदिर’ के एक बेहद छोटे और अंधेरे से कमरे में बैठकर उन्होंने सन्यास ले लिया और उन्हें नया नाम मिला- ए. सी. भक्तिवेदांत स्वामी।

उसी छोटी सी कोठरी में एक पुराने टाइपराइटर पर वो रात-दिन जागकर श्रीमद्भागवतम् का अंग्रेज़ी में अनुवाद करने लगे।

उन्हें पता था की अगर विदेशियों को सनातन समझाना है, तो उनके दिमाग तक उन्हीं की भाषा में पहुंचना होगा।

समंदर के सफर में झेले 2 हार्ट अटैक पर नहीं डिगा हौसला और 40 रुपये लेकर पहुंचे अमेरिका

अनुवाद तो हो गया, लेकिन अमेरिका जाने के लिए पैसे कहाँ से लाएं? महीनों तक वो टिकट के लिए शिपिंग कंपनियों के चक्कर काटते रहे।

आख़िरकार ‘सिंधिया स्टीम नेविगेशन कंपनी’ की मालकिन सुमति मोरारजी ने इस बूढ़े सन्यासी की ज़िद के आगे हार मान ली और उन्हें अमेरिका जाने वाले एक मालवाहक (Cargo) जहाज़ का टिकट दे दिया।

इस जहाज़ का नाम था ‘जलदूत’ (Jaladuta)।

तारीख थी 13 अगस्त 1965। उम्र थी 69 साल। जब आम इंसान इस उम्र में चारपाई पकड़ लेता है, तब स्वामी प्रभुपाद जी ने अमेरिका के लिए समंदर का सफर शुरू किया।

ज़रा सोचिए, उस वक़्त उनके पास क्या था? सिर्फ 40 रुपये (जो अमेरिका में कागज़ के टुकड़ों से ज़्यादा कुछ नहीं थे) और अपने साथ ले जा रहे थे श्रीमद्भागवतम् की किताबों का एक भारी भरकम ट्रंक (बक्सा)।

ना अमेरिका में कोई जान-पहचान, ना रहने का कोई ठिकाना।

35 दिन का वो समुद्री सफर किसी बुरे सपने से कम नहीं था। अटलांटिक महासागर की तूफानी लहरों के बीच ‘जलदूत’ हिचकोले खा रहा था।

स्वामी जी को भयंकर सी-सिकनेस (Sea-sickness) हो गई। ऐतिहासिक डायरियों के रिकॉर्ड बताते हैं की उस सफर के दौरान लगातार दो दिन उन्हें दो भयंकर हार्ट अटैक (Heart Attacks) आए थे।

छाती में उठने वाले उस दर्द से वो लगभग मौत के दरवाज़े तक पहुँच गए थे। उस रात उन्होंने अपनी डायरी में लिखा था- “हे कृष्ण, अगर तुम्हारी यही इच्छा है तो मैं मरने के लिए तैयार हूँ।”

लेकिन जिस इंसान के सिर पर स्वयं भगवान का हाथ हो, उसे समंदर की लहरें क्या ही मार लेंगी! वो उन दो हार्ट अटैक्स को भी झेल गए।

और आख़िरकार तमाम मुसीबतों को चीरते हुए, 17 सितंबर 1965 को जलदूत जहाज़ अमेरिका के बोस्टन बंदरगाह पर जा लगा।

एक बिल्कुल अनजानी दुनिया। आसमान छूती इमारतें, फर्राटे भरती गाड़ियां और भौतिकवाद (Materialism) के नशे में अंधी हो चुकी अमेरिकन जनता।

और उनके सामने खड़ा था खादी की धोती पहने, गले में तुलसी की माला डाले एक 69 साल का निहत्था भारतीय सन्यासी, जिसकी जेब में सिर्फ 40 रुपये थे, लेकिन इरादों में पूरी दुनिया को जीत लेने का तूफ़ान भरा था।

नशे में बर्बाद हो रहे अमेरिकी हिप्पियों को बना दिया कृष्ण का दीवाना और न्यूयॉर्क की एक छोटी सी दुकान से शुरू हुआ ISKCON

जब स्वामी प्रभुपाद जी अमेरिका पहुंचे, तो वहां का नज़ारा देखकर किसी भी आम इंसान का सिर चकरा जाता। वो 1965-66 का दौर था।

अमेरिका में ‘हिप्पी कल्चर’ (Hippy Culture) अपने चरम पर था। वियतनाम युद्ध के विरोध में वहां के नौजवान सड़कों पर थे और डिप्रेशन से बचने के लिए LSD, चरस-गांजे, ड्रग्स में पूरी तरह बर्बाद हो रहे थे।

इन भटके हुए नौजवानों को दुनिया ‘हिप्पी’ कहकर दुत्कारती थी।

लेकिन एक सन्यासी की नज़र आम दुनिया से बहुत अलग होती है। प्रभुपाद जी ने इन ड्रग्स लेने वाले युवाओं से नफरत नहीं की, बल्कि उन्हें अपना लिया।

वो न्यूयॉर्क के ‘टॉम्पकिंस स्क्वायर पार्क’ (Tompkins Square Park) में जाकर एक पेड़ के नीचे बैठ जाते। उनके हाथ में एक छोटा सा बोंगो ड्रम (Bongo drum) होता था।

वो आँखें बंद करते और अपनी भारी आवाज़ में ‘हरे कृष्ण हरे राम’ का कीर्तन शुरू कर देते।

अब इसे आप चमत्कार नहीं कहेंगे तो क्या कहेंगे? जो अमेरिकी नौजवान ड्रग्स के नशे में धुत्त होकर ज़मीन पर पड़े रहते थे, वो इस कीर्तन की धुन सुनकर उठ खड़े हुए।

उन्हें इस ‘हरे कृष्ण महामंत्र’ में वो शांति मिली जो दुनिया के किसी ड्रग्स या दौलत में नहीं थी। देखते ही देखते उन अमेरिकियों ने ड्रग्स लेना छोड़ दिया, शराब छोड़ दी, मांसाहार त्याग दिया।

उन्होंने अपने लंबे-लंबे बाल कटवा लिए, सिर मुंडवा लिया, धोती पहन ली और माथे पर चंदन का तिलक लगा लिया। प्रभुपाद जी के प्यार और गीता के ज्ञान ने उन भटके हुए ‘हिप्पियों’ (Hippies) को रातों-रात ‘हैप्पी’ (Happies) बना दिया।

इन्हीं गिने-चुने विदेशी शिष्यों के साथ, जुलाई 1966 में न्यूयॉर्क के सेकेंड एवेन्यू (Second Avenue) की एक छोटी सी किराए की दुकान (Storefront) से एक संस्था की नींव रखी गई, जिसका नाम रखा गया- ISKCON (इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस)।

उस छोटी सी दुकान पर बोर्ड टंग गया और दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक आंदोलन की शुरुआत हो गई।

उम्र के आखिरी पड़ाव में 11 सालों के भीतर रच दिया वो ग्लोबल चमत्कार जिसे सोचने में ही इंसान की उम्र बीत जाए

अगर कोई आपसे कहे की 70 साल की उम्र के बाद दुनिया नापो, तो इंसान कहेगा भाई अब तो राम-राम जपने का वक़्त है, आराम करने दो।

लेकिन प्रभुपाद जी के लिए तो असली खेल अभी शुरू हुआ था। 1966 में इस्कॉन की स्थापना से लेकर 1977 में अपने शरीर त्यागने तक, महज़ 11 सालों के भीतर उन्होंने जो किया, वो आज तक दुनिया का कोई भी इंसान नहीं कर पाया है।

उम्र 70 के पार थी, शरीर में बुढ़ापे की बीमारियां थीं, लेकिन उनके अंदर की एनर्जी किसी 17 साल के लड़के को भी मात दे दे।

इन 11 सालों में उन्होंने इस पूरी धरती के एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 14 बार चक्कर लगाए! वो अमेरिका से लंदन, पेरिस से ऑस्ट्रेलिया, और अफ्रीका से लेकर मॉस्को तक गए।

देखते ही देखते दुनिया के कोने-कोने में, एकदम प्राइम लोकेशंस पर 108 भव्य कृष्ण मंदिर खड़े कर दिए गए। ये कोई छोटी बात नहीं थी यार!

विदेशों में जहां ज़मीन खरीदना और मंदिर बनाना लोहे के चने चबाने जैसा होता है, वहां उनके विदेशी शिष्यों ने गुरु के आदेश पर दिन-रात एक करके करोड़ों के मंदिर खड़े कर दिए।

और तो और, दुनिया के सबसे मशहूर रॉक बैंड ‘द बीटल्स’ (The Beatles) के लेजेंड्री गिटारिस्ट ‘जॉर्ज हैरिसन’ (George Harrison) भी स्वामी जी के बहुत बड़े भक्त बन गए।

जॉर्ज हैरिसन ने इस्कॉन के भक्तों के साथ मिलकर ‘हरे कृष्ण महामंत्र’ का एक म्यूज़िक रिकॉर्ड बनाया। और आप यकीन नहीं मानेंगे, वो रिकॉर्ड उस दौर में पूरी दुनिया का सुपर-डुपर हिट गाना बन गया!

लंदन से लेकर न्यूयॉर्क तक, रेडियो पर सिर्फ हरे कृष्ण गूंजने लगा। एक अकेले भारतीय ने पूरी पश्चिमी दुनिया को अपनी उंगलियों पर कृष्ण की धुन में नचा दिया था।

वृंदावन की पवित्र माटी में ली अंतिम सांस लेकिन सनातन के आसमान में छोड़ गए कभी ना बुझने वाला सूरज

हर महान यात्रा का एक अंत होता है। जब स्वामी जी का शरीर बिल्कुल थक चुका था और उन्हें एहसास हो गया की उनका समय पूरा हो गया है..

तो उन्होंने अपने शिष्यों से कहा की मुझे वृंदावन ले चलो। वो वहीं अपनी आख़िरी सांस लेना चाहते थे जहाँ कृष्ण ने अपने बचपन की लीलाएं की थीं।

14 नवंबर 1977 का वो दिन था। वृंदावन के भव्य ‘कृष्ण-बलराम मंदिर’ का परिसर पूरी दुनिया से आए उनके हज़ारों शिष्यों से गूंज रहा था।

अमेरिका, यूरोप, रूस और ऑस्ट्रेलिया से आए वो विदेशी लोग, जिन्हें कभी भारत के बारे में कुछ पता भी नहीं था, आज वो अपने गुरु के बिस्तर के चारों ओर बैठकर फूट-फूट कर रो रहे थे और ज़ोर-ज़ोर से ‘हरे कृष्ण’ का कीर्तन कर रहे थे।

उसी कीर्तन की पावन ध्वनि के बीच, 81 वर्ष की आयु में श्रील प्रभुपाद जी ने अपनी आंखें हमेशा के लिए मूंद लीं और अपना शरीर त्याग दिया।

Scroll to Top