वो अनोखा चाणक्य जो 24 साल राज करके भी अपनी मातृभाषा ठीक से ना बोल सका, विनाशकारी तूफानों से राज्य को बचाने और डूबते भारतीय ‘हॉकी’ को नई उड़ान देने वाले पूर्व ओडिशा CM ‘नवीन पटनायक’

भारतीय राजनीति में आपने एक से बढ़कर एक धुरंधर देखे होंगे, जो माइक पकड़ते ही आग उगलने लगते हैं और रैलियों में दहाड़ते हैं।

लेकिन आज मैं आपको राजनीति के एक ऐसे ‘अनोखे चाणक्य’ की कहानी बताने जा रहा हूँ, जिसने कभी कोई शोर नहीं मचाया।

जो अपनी रैलियों में बस हाथ हिलाकर और टूटी-फूटी भाषा में दो लाइन बोलकर ही सामने वाले का सूपड़ा साफ कर देता था।

हम बात कर रहे हैं नवीन पटनायक की। वही नवीन बाबू, जो अपनी मातृभाषा (ओड़िया) ठीक से बोल भी नहीं पाते थे, लेकिन फिर भी पूरे 24 सालों तक ओडिशा जैसे राज्य के दिलों पर एकछत्र राज किया।

एक ऐसा इंसान जिसे राजनीति का ‘र’ भी नहीं पता था, वो अचानक मुख्यमंत्री बनता है और फिर चौथाई सदी तक उसे कोई उसकी कुर्सी से हिला नहीं पाता।

लेकिन इस शांत चेहरे के पीछे कई बड़े मास्टरस्ट्रोक, कुछ खामोश क्रांतियां और कुछ गहरी ज़मीनी कमियां भी छिपी थीं। चलिए, इस दिलचस्प कहानी के पन्ने पलटते हैं।

 

दिल्ली का वो एलिट लेखक जो पिता की मौत के बाद बना राजनीति का सबसे खामोश बाजीगर

अगर आप 90 के दशक में दिल्ली के हाई-सोसाइटी और एलिट क्लबों में जाते, तो आपको वहां एक बहुत ही सोफिस्टिकेटेड इंसान मिलता।

वो दून स्कूल (Doon School) का पढ़ा हुआ था और अमेरिका की फर्स्ट लेडी रह चुकी जैकलीन कैनेडी का बहुत अच्छा दोस्त था।

फेमस व्हिस्की का शौक रखना और अंग्रेजी में शानदार किताबें लिखना… बस यही उनकी दुनिया थी। उस वक़्त उन्हें ओडिशा की राजनीति और ओड़िया संस्कृति से कोई लेना-देना नहीं था।

लेकिन कहते हैं ना, किस्मत को जो मंज़ूर होता है, वो होकर रहता है। साल 1997 में ओडिशा के शेर और दिग्गज राजनेता बीजू पटनायक का निधन हो गया।

पार्टी बिखरने की कगार पर आ गई। तब मजबूरी में बीजू बाबू की विरासत संभालने के लिए उनके इसी बेटे को दिल्ली से प्लेन में बिठाकर ओडिशा लाया गया।

जब नवीन पटनायक राजनीति में उतरे, तो पुराने घाघ नेताओं ने उनका खूब मज़ाक उड़ाया। लोगों ने कहा, “अरे, ये दिल्ली का बाबू क्या ओडिशा चलाएगा! दो महीने में गर्मी और धूल से घबराकर वापस भाग जाएगा।”

पर ये शायद भारतीय राजनीति की सबसे बड़ी ग़लतफ़हमी साबित हुई। जिस इंसान को ठीक से ओड़िया बोलनी नहीं आती थी, उसने सन 2000 में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

और उसके बाद जो हुआ, वो इतिहास है। नवीन पटनायक ने अपने पिता के नाम पर ‘बीजू जनता दल’ (BJD) बनाई और ऐसा खामोश जाल बुना की बड़े-बड़े सूरमा उनके सामने टिक नहीं पाए।

उन्होंने लगातार 5 बार (24 साल) राज्य की सत्ता संभाली और भारत के दूसरे सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बन गए।

सुपर साइक्लोन की लाशों से लेकर ग्लोबल मॉडल तक, नवीन बाबू ने कैसे बचाया तूफानों से अपना ओडिशा

जब नवीन बाबू ने सत्ता संभाली थी, तब ओडिशा की हालत किसी शमशान घाट जैसी थी। साल 1999 में एक ऐसा खौफनाक ‘सुपर साइक्लोन’ (Super Cyclone) आया था जिसने पूरे राज्य को तबाह कर दिया था।

उस तूफ़ान में 10,000 से ज़्यादा लोग मारे गए थे। सड़कें लाशों से अटी पड़ी थीं और सिस्टम पूरी तरह से चरमरा गया था।

मुख्यमंत्री बनते ही नवीन पटनायक ने सबसे पहला और कड़ा संकल्प यही लिया की “अब मेरे राज्य में कोई भी इंसान तूफ़ान की वजह से अपनी जान नहीं गँवाएगा।”

और ये सिर्फ कोई हवाई डायलॉग नहीं था भाई, उन्होंने ज़मीन पर इसे करके दिखाया।

उन्होंने सबसे पहले ‘ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स’ (ODRAF) बनाई। तटीय इलाकों में कंक्रीट के बेहद मज़बूत और आधुनिक ‘साइक्लोन शेल्टर’ (Cyclone Shelters) खड़े कर दिए, जहाँ हज़ारों लोग एक साथ पनाह ले सकें।

इस सिस्टम का असली लिटमस टेस्ट हुआ साल 2013 में, जब ‘फेलिन’ (Phailin) नाम का एक और भयंकर तूफ़ान ओडिशा के तट से टकराया।

तूफ़ान की रफ़्तार देखकर सबको लगा की 1999 वाली तबाही फिर से दोहराई जाएगी। लेकिन नवीन बाबू का सिस्टम एकदम चाक-चौबंद था। सरकार ने रातों-रात 10 लाख से ज़्यादा लोगों को तटीय इलाकों से निकालकर सुरक्षित शेल्टर्स में पहुँचा दिया।

नतीजा क्या हुआ? इतने भयंकर तूफ़ान के बावजूद मौतों का आंकड़ा ना के बराबर रहा। साल 2019 में जब ‘फानी’ (Fani) तूफ़ान आया, तब भी यही हुआ।

उनकी इस ‘ज़ीरो कैजुअल्टी’ (Zero Casualty) अप्रोच को देखकर पूरी दुनिया दंग रह गई।

संयुक्त राष्ट्र (UN) ने खुद सामने आकर नवीन पटनायक के इस डिजास्टर मैनेजमेंट मॉडल की तारीफ की और कहा की पूरी दुनिया को ओडिशा से सीखना चाहिए की आपदाओं से कैसे लड़ा जाता है।

यह उनके 24 साल के राज की सबसे चमकती हुई उपलब्धि थी।

कालाहांडी की भुखमरी को मिटाकर कैसे इस खामोश सीएम ने ओडिशा को बना दिया देश का अन्नदाता

तूफानों से तो उन्होंने राज्य को बचा लिया, लेकिन एक और कलंक था जो ओडिशा के माथे पर दशकों से चिपका हुआ था- भुखमरी!

एक वो दौर था यार, जब ओडिशा के ‘कालाहांडी’ (Kalahandi) इलाके का नाम सुनते ही लोगों के दिमाग में सूखे, अकाल और भुखमरी की तस्वीरें छप जाती थीं।

देश-विदेश के अखबारों में छपता था की कैसे वहां गरीब आदिवासी चंद रुपयों और थोड़े से अनाज के लिए अपने छोटे-छोटे बच्चे बेचने को मजबूर थे। यह किसी भी राज्य के लिए बहुत बड़ी शर्म की बात थी।

नवीन पटनायक ने इस सिस्टम को सुधारने का बीड़ा उठाया। उन्होंने कृषि (Agriculture) और पब्लिक डिस्ट्रीब्यूशन सिस्टम (PDS) में एक साइलेंट रिवोल्यूशन (Silent Revolution) ला दिया।

किसानों को सिंचाई की सुविधा दी गई और पीडीएस से बिचौलियों को निकालकर बाहर फेंका गया।

उन्होंने ‘1 रुपये किलो चावल’ वाली योजना लागू की, जिसने गरीबों के घरों में कभी चूल्हा बुझने नहीं दिया। इसके बाद किसानों के लिए ‘कालिया योजना’ (KALIA) का मास्टरस्ट्रोक चला।

इस योजना के तहत किसानों के बैंक खातों में सीधे हज़ारों रुपये की आर्थिक मदद पहुंचाई गई, ताकि उन्हें खेती के लिए साहूकारों के सामने हाथ न फैलाना पड़े।

और आप आज का बदलाव देखिए! जो ओडिशा कभी दाने-दाने को मोहताज था, जो कालाहांडी भुखमरी का पर्याय था, वही ओडिशा आज एक ‘फ़ूड सरप्लस’ (Food Surplus) स्टेट बन चुका है।

आज हालात ये हैं की ओडिशा अपने राज्य का पेट भरने के बाद, देश के अन्य राज्यों को पीडीएस के लिए लाखों टन चावल और अनाज सप्लाई करता है।

एक गरीब और भूखे राज्य को अन्नदाता बना देना, नवीन पटनायक के हिस्से की वो कामयाबी है जिसे कोई भी आलोचक कभी झुठला नहीं सकता।

जब पूरी दुनिया ने फेर लिया था मुंह तब नवीन बाबू बने भारतीय हॉकी के तारणहार और रच दिया इतिहास

अगर आप खेल प्रेमी हैं, तो नवीन पटनायक का यह कदम आपको उनका हमेशा-हमेशा के लिए मुरीद बना देगा। यह उनके कार्यकाल का वो मास्टरस्ट्रोक है, जिसके लिए सिर्फ ओडिशा नहीं, बल्कि पूरा हिंदुस्तान उनका ऋणी रहेगा।

बात साल 2018 की है। भारतीय हॉकी के लिए वो दौर किसी बुरे सपने से कम नहीं था। भारत के इस राष्ट्रीय खेल का हाल बुरा हो गया था और खिलाड़ी मायूस थे।

‘सहारा’ (Sahara) ग्रुप, जो लम्बे समय से भारतीय हॉकी टीम का स्पॉन्सर (Sponsor) था, उसने अपने हाथ पीछे खींच लिए थे।

हालत ये हो गई थी की हमारी पुरुष और महिला हॉकी टीमों के पास कोई बड़ा कॉर्पोरेट स्पॉन्सर नहीं बचा था, जो उनके ट्रेनिंग, किट और इंटरनेशनल दौरों का खर्च उठा सके।

देश की बड़ी-बड़ी कंपनियों और अरबपतियों ने क्रिकेट के चकाचौंध के आगे हॉकी से मुँह मोड़ लिया था।

ठीक उसी वक़्त, जब भारतीय हॉकी अनाथ सी महसूस कर रही थी, तब नवीन पटनायक एक तारणहार बनकर सामने आए।

यह भारतीय खेलों के इतिहास में पहली बार था जब कोई ‘राज्य सरकार’ किसी नेशनल टीम की ऑफिशियल स्पॉन्सर बनी हो!

नवीन बाबू ने बिना किसी झिझक के ओडिशा सरकार के खजाने से 100 करोड़ रुपये देकर भारतीय हॉकी टीम (पुरुष और महिला दोनों) को स्पॉन्सर करने का ऐतिहासिक फैसला लिया।

उन्होंने सिर्फ पैसा नहीं दिया, बल्कि ओडिशा को भारतीय हॉकी का ‘ग्लोबल हब’ बना दिया। राजधानी भुवनेश्वर में वर्ल्ड क्लास सुविधाओं वाला ‘कलिंगा स्टेडियम’ और राउरकेला में ‘बिरसा मुंडा इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम’ (जो दुनिया के सबसे बड़े हॉकी स्टेडियम्स में से एक है) खड़ा कर दिया।

नवीन बाबू के इसी विज़न के दम पर ओडिशा ने लगातार दो बार ‘मेंस हॉकी वर्ल्ड कप’ को बहुत ही शानदार तरीके से होस्ट किया।

और इस इन्वेस्टमेंट का फल देश को क्या मिला? दशकों बाद भारतीय हॉकी का वो पुराना स्वर्णिम युग वापस लौट आया!

टोक्यो ओलंपिक (2020/21) में जब भारतीय पुरुष टीम ने 41 साल बाद ब्रॉन्ज़ मेडल जीता, और महिला टीम पहली बार सेमीफाइनल तक पहुंची, तो पूरे देश की आंखें नम थीं।

और पेरिस ओलंपिक 2024 में भी जब भारतीय टीम ने फिर से मेडल जीतकर इतिहास दोहराया, तो हर भारतीय के लबों पर खिलाड़ियों के साथ-साथ नवीन पटनायक का भी नाम था।

एक डूबते हुए खेल को फर्श से उठाकर दोबारा अर्श पर बिठा देना- यह नवीन पटनायक की वो लेगेसी है, जिसे भारत के खेल इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा।

मिशन शक्ति वाली महिलाएं और नवीन बाबू का वो अचूक वोटबैंक जिसे भेदना 24 साल तक नामुमकिन रहा

अब सवाल यह उठता है की एक राजनेता लगातार 24 साल (5 बार) तक सत्ता में कैसे बना रह सकता है? वो भी तब, जब देश में मोदी लहर चल रही हो और बड़े-बड़े क्षेत्रीय क्षत्रप ताश के पत्तों की तरह ढह रहे हों!

आखिर नवीन बाबू के पास वो कौन सी जादुई छड़ी थी, जिससे विपक्ष हर चुनाव में औंधे मुँह गिर जाता था?

इस जादुई छड़ी का नाम था- ‘मिशन शक्ति’ (Mission Shakti)। यह वो मास्टरमाइंड पॉलिटिकल स्ट्रेटेजी थी, जिसकी काट विपक्ष 24 सालों तक नहीं ढूँढ पाया।

साल 2001 में, जब वो नए-नए सीएम बने थे, तभी उन्होंने भांप लिया था की अगर सत्ता में लंबे समय तक टिकना है, तो एक ऐसा वोटबैंक तैयार करना होगा जो किसी लहर, किसी जाति या धर्म से प्रभावित ना हो।

और वो वोटबैंक थी- ओडिशा की ‘आधी आबादी’ (महिलाएं)।

नवीन बाबू ने पूरे राज्य में ‘मिशन शक्ति’ योजना की शुरुआत की। इसके तहत गांव-गांव और कस्बों में लाखों महिलाओं के ‘सेल्फ हेल्प ग्रुप्स’ (SHGs – स्वयं सहायता समूह) बनाए गए।

महिलाओं को अपना छोटा-मोटा काम-धंधा शुरू करने के लिए सरकार की तरफ से बिना ब्याज के या बहुत ही कम ब्याज पर करोड़ों रुपये का लोन बांटा गया।

आंगनवाड़ी से लेकर स्कूल यूनिफॉर्म सिलने और मिड-डे मील का ठेका तक, सब कुछ इन महिला समूहों को सौंप दिया गया।

देखते ही देखते, 70 लाख से ज़्यादा महिलाओं की एक ऐसी विशाल फौज तैयार हो गई, जिन्हें नवीन पटनायक ने आर्थिक आज़ादी दी थी।

ये महिलाएं नवीन बाबू को सिर्फ एक मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि अपने घर का ‘बड़ा भाई’ मानने लगी थीं। यही 70 लाख महिलाएं वो ‘साइलेंट वोटबैंक’ (Silent Vote Bank) बनीं, जो हर चुनाव वाले दिन सुबह-सुबह लाइन में लगती थीं, और बिना कोई शोर मचाए, चुपचाप ‘शंख’ (BJD का चुनाव चिह्न) का बटन दबा आती थीं।

वो ज़मीनी नाकामियां और घोटाले जो अंदर ही अंदर खोखला कर रहे थे 24 साल के अजेय किले को

लेकिन तस्वीर का एक दूसरा और कड़वा पहलू भी है। जब कोई पेड़ बहुत बड़ा हो जाता है, तो उसकी छाँव में अक्सर बहुत कुछ ऐसा छिप जाता है, जो अंदर ही अंदर उसकी जड़ों को खोखला कर रहा होता है।

24 साल के इस लंबे राज में सब कुछ इतना भी ‘परफेक्ट’ नहीं था, जितना बाहर से दिखाई देता था।

ज़मीनी हकीकत ये थी की नवीन बाबू ने आपदा प्रबंधन और पीडीएस सिस्टम तो सुधार लिया, लेकिन वो राज्य में ‘औद्योगिक क्रांति’ (Industrial Revolution) लाने में पूरी तरह फेल रहे।

राज्य में इंफ्रास्ट्रक्चर बना, सड़कें बनीं, लेकिन युवाओं के लिए ‘जॉब्स’ (Industrial Jobs) पैदा नहीं हुए। आज भी ओडिशा का सबसे बड़ा दर्द ‘पलायन’ (Migration) है।

यह बहुत ही कड़वा सच है की आज भी गंजाम जैसे ज़िलों से लाखों की संख्या में ओड़िया युवा अपना घर छोड़कर सूरत, गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के राज्यों में कम दिहाड़ी पर कपड़ा मिलों में मज़दूरी करने को मजबूर हैं।

इसके अलावा, रूरल हेल्थकेयर (ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था) की लचर हालत ने भी कई बार सरकार को कटघरे में खड़ा किया।

भले ही ‘बीजू स्वास्थ्य कल्याण योजना’ (BSKY) लॉन्च की गई, लेकिन ज़मीन पर अस्पताल और डॉक्टर नदारद ही रहे।

आपको साल 2016 की ‘दाना माझी’ (Dana Majhi) वाली वो रुला देने वाली तस्वीर तो याद ही होगी! जब एक गरीब आदिवासी को सरकारी अस्पताल से एम्बुलेंस तक नसीब नहीं हुई थी, और उसे मजबूरी में अपनी मृत पत्नी की लाश को कंधे पर लादकर 12 किलोमीटर तक पैदल चलना पड़ा था।

उस एक तस्वीर ने नवीन पटनायक के ‘विकास मॉडल’ की पूरी दुनिया में धज्जियां उड़ा कर रख दी थीं।

और फिर बारी आई घोटालों की। भले ही नवीन पटनायक की व्यक्तिगत छवि हमेशा ‘मिस्टर क्लीन’ (Mr. Clean) वाली रही, लेकिन उनके राज में उनके मंत्रियों और करीबियों ने खूब मलाई काटी।

जस्टिस शाह कमीशन की रिपोर्ट में ओडिशा के इतिहास के सबसे बड़े ‘माइनिंग घोटाले’ (Mining Scam) का पर्दाफाश हुआ, जिसमें लगभग 50,000 करोड़ रुपये के अवैध खनन की बात सामने आई।

इसके अलावा ‘रोज वैली’ और ‘शारदा चिटफंड’ जैसे महा-घोटालों में भी बीजेडी के कई बड़े नेताओं और सांसदों के नाम उछले, जिन्होंने ओडिशा के लाखों गरीब लोगों की खून-पसीने की कमाई को डकार लिया था।

इन सब घटनाओं से जनता के मन में अंदर ही अंदर एक गुस्सा सुलगने लगा था।

वीके पांडियन का उदय और ओड़िया अस्मिता का वो चक्रव्यूह जिसमें फंसकर खत्म हुआ नवीन युग

अब आते हैं उस सबसे बड़े क्लाइमैक्स पर, जिसने 2024 के चुनावों में भारतीय राजनीति का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया।

एक नेता जो 24 साल तक किसी आंधी-तूफ़ान से नहीं हिला, वो अचानक कैसे ताश के पत्तों की तरह ढह गया?

इसका कारण बाहर का विपक्ष नहीं था, बल्कि उनके खुद के बुने हुए उस खामोश चक्रव्यूह में छिपा था, जिसने उन्हें ज़मीन और जनता से पूरी तरह काट दिया था।

भारतीय राजनीति में यह शायद अपने आप में सबसे बड़ा और अजूबा किस्सा है। ज़रा सोचिए, एक इंसान 24 साल तक एक राज्य का मुख्यमंत्री रहता है, लेकिन वो आख़िरी दिन तक अपनी मातृभाषा (ओड़िया) नहीं बोल पाता!

जी हाँ, नवीन बाबू कभी भी बिना पर्ची के ओड़िया नहीं बोल पाए। वो हमेशा अपने भाषणों को अंग्रेजी (Roman English) स्क्रिप्ट में लिखकर लाते थे और मंच पर उसी को देखकर पढ़ते थे।

शुरुआती सालों में जनता ने बीजू बाबू के बेटे के रूप में उनकी इस कमी को माफ़ कर दिया, लेकिन यही ‘भाषा का डिसकनेक्ट’ आगे चलकर उनकी सबसे बड़ी कमज़ोरी बन गया।

जैसे-जैसे नवीन पटनायक की उम्र ढलने लगी और उनकी सेहत गिरने लगी, उनका आम जनता और अपनी ही पार्टी (BJD) के नेताओं से सीधा संपर्क लगभग टूट सा गया।

वो अपने घर ‘नवीन निवास’ तक सीमित रह गए। और इसी अकेलेपन और खालीपन का फायदा उठाया उनके प्राइवेट सेक्रेटरी, वी.के. पांडियन (V.K. Pandian) ने।

पांडियन मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले एक पूर्व IAS अधिकारी थे। देखते ही देखते पांडियन नवीन बाबू की परछाईं बन गए। हालात इतने बदतर हो गए की सरकार मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि एक अफसर चलाने लगा।

ये बात किसी से छिपी नहीं थी की ओडिशा में मंत्रियों और चुने हुए विधायकों की कोई हैसियत नहीं रह गई थी। बड़े-बड़े नेताओं को सीएम से मिलने नहीं दिया जाता था, उन्हें वी.के. पांडियन के सामने हाथ बांधकर खड़ा होना पड़ता था।

पांडियन ने आईएएस की नौकरी छोड़ दी और बीजेडी (BJD) जॉइन कर ली। वो बाकायदा हेलीकॉप्टर से उड़ने लगे, रैलियां करने लगे और ऐसे बर्ताव करने लगे जैसे नवीन बाबू के बाद ओडिशा के अगले वारिस वही हैं।

बस यहीं पर बीजेडी से एक ऐतिहासिक भूल हो गई और बीजेपी (BJP) ने इस मौके को दोनों हाथों से लपक लिया। बीजेपी ने 2024 के चुनाव में कोई विकास या सड़क का मुद्दा नहीं उठाया, बल्कि सीधा वार किया ‘ओड़िया अस्मिता’ (Odia Pride) पर!

बीजेपी ने एक ही नैरेटिव सेट कर दिया की क्या महान बीजू पटनायक का ओडिशा अब एक तमिल अफसर चलाएगा? क्या 4.5 करोड़ ओड़िया लोगों में से कोई एक भी ऐसा नहीं है जो मुख्यमंत्री बन सके? नवीन बाबू को एक बाहरी आदमी ने बंदी बना लिया है!

यह दांव एकदम अचूक साबित हुआ। और इसी ‘ओड़िया अस्मिता’ की आंधी ने 24 साल के उस अजेय नवीन युग को एक ही झटके में जमींदोज कर दिया।

Scroll to Top