वो महापुरुष जिसके 13 दोहों ने हिला दी थी ब्रिटिश हुकूमत और जिसकी तीन पीढ़ियां आज़ादी के हवन कुंड में हो गईं भस्म, कलम और तलवार के धनी ‘केसरी सिंह बारहठ’ जी को जयंती पर शत-शत नमन

ज़रा सोचिए.. जब देश में आज़ादी का मतलब सिर्फ अंग्रेज़ों के आगे हाथ फैलाना था, तब राजपूताना (राजस्थान) की माटी में एक ऐसा परिवार सांस ले रहा था, जिसने भारत माता के लिए अपनी पूरी की पूरी नस्ल, अपना पूरा वंश दांव पर लगा दिया था।

आज 21 नवंबर को (21 नवंबर 1872) राजस्थान में भीलवाड़ा के पास शाहपुरा रियासत के देवपुरा गांव में एक ऐसे चारण सपूत का जन्म हुआ था, जिसकी कलम में आग धधकती थी और तलवार में मौत।

वो नाम था- ठाकुर केसरी सिंह बारहठ!

इतिहास, ज्योतिष और डिंगल भाषा के प्रकांड विद्वान। लेकिन वो सिर्फ कवि नहीं थे, वो राजपूताना के वो ‘केसरी’ (शेर) थे जिनके नाम से ही अंग्रेज अफसरों की नीदें हराम हो जाती थी।

आज उनकी जयंती के मौके पर, उस मिट्टी का कर्ज़ उतारते हैं और जानते हैं उस परिवार की कहानी जिसने खुद को इस देश के लिए कुर्बान कर दिया।

जब लार्ड कर्ज़न भारत के राजाओं को दरबार में बुलाकर दिखाता था नीचा, तब केसरी सिंह ने अपने 13 दोहों से किया ऐतिहासिक प्रहार

बात साल 1903 की है। अंग्रेज वायसराय लॉर्ड कर्ज़न घमंड में चूर था। उसने भारत के राजाओं को अपनी हैसियत दिखाने के लिए दिल्ली में एक शाही ‘दिल्ली दरबार’ सजाया।

पूरे राजपूताना के राजा-महाराजाओं को हुक्म सुनाया गया की चुपचाप दिल्ली आओ और ब्रिटिश हुकूमत के आगे मुजरा (सलाम) करो।

जब ये फरमान मेवाड़ (उदयपुर) पहुंचा, तो वहां के महाराणा फतेह सिंह भी अपनी स्पेशल ट्रेन में बैठकर दिल्ली के लिए निकल पड़े।

जैसे ही ये खबर ठाकुर केसरी सिंह बारहठ को लगी, उनका राजपूती और चारण खून खौल उठा! उनका दिमाग सुन्न हो गया की जिस मेवाड़ की गद्दी पर महाराणा प्रताप बैठे थे, जिन्होंने जंगलों में घास की रोटी खाना मंजूर किया लेकिन कभी अकबर के आगे सिर नहीं झुकाया…

आज उसी मेवाड़ के वंशज एक अंग्रेज के दरबार में हाज़िरी लगाने जा रहे हैं?

केसरी सिंह जी से ये बर्दाश्त नहीं हुआ। उन्होंने रातों-रात डिंगल (राजस्थानी) भाषा में 13 सोरठे (दोहे) लिखे। इतिहास में इन 13 दोहों को ‘चेतावनी रा चूंगट्या’ कहा जाता है।

ये कोई मामूली कविता नहीं, ये वो चाबुक था जो सीधे आत्मा पर पड़ता था। रातों-रात किसी तरह ये दोहे दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और महाराणा फतेह सिंह के हाथों में सौंपे गए।

महाराणा ने जैसे ही स्टेशन पर वो 13 दोहे पढ़े, उनके भीतर सोया हुआ महाराणा प्रताप का खून एकदम से उबल पड़ा।

उन्हें अपनी गलती का अहसास हुआ।

महाराणा फतेह सिंह दिल्ली स्टेशन तक तो गए, लेकिन अंग्रेजों के उस शाही दरबार में कदम रखे बिना ही अपनी स्पेशल ट्रेन से वापस उदयपुर लौट आए।

ब्रिटिश हुकूमत के मुंह पर यह पहला करारा तमाचा था, और ये तमाचा जड़ा था केसरी सिंह बारहठ की कलम ने!

वीर भारत सभा का निर्माण और रास बिहारी बोस से जुड़ा हथियारों वाला नेटवर्क

लेकिन अगर आप सोच रहे हैं की केसरी सिंह जी सिर्फ कविताएं लिखकर क्रांति कर रहे थे, तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। वो कलम के साथ-साथ तलवार और बंदूक के भी उतने ही बड़े धनी थे।

साल 1910 आते-आते उन्हें समझ आ गया था की सिर्फ बातों से ये अंग्रेज जाने वाले नहीं हैं। राजपूताना के युवाओं को हथियारों से लैस करना होगा।

इसी मकसद से उन्होंने 1910 में ‘वीर भारत सभा’ की स्थापना की। ये सशस्त्र क्रांति (Armed Rebellion) का एक खूंखार नेटवर्क था।

उनका सीधा संपर्क उस वक्त देश के टॉप क्रांतिकारियों- रास बिहारी बोस, शचीन्द्र नाथ सान्याल और मास्टर अमीर चंद से था।

केसरी सिंह जी कितने दूरदर्शी थे, इसका अंदाज़ा आप इसी बात से लगा सकते हैं की उन्होंने राजपूताना के होनहार युवाओं को बम बनाने, हथियार चलाने और मिलिट्री ट्रेनिंग (Military Training) लेने के लिए अपने खर्चे पर सीधा जापान भेजा था!

वो जानते थे की जब तक हमारे पास अंग्रेजों जैसे हथियार और ट्रेनिंग नहीं होगी, तब तक हम उन्हें इस देश से खदेड़ नहीं पाएंगे।

आज़ादी की जंग के लिए महंत प्यारेलाल की हत्या और हज़ारीबाग की कालकोठरी

अब हथियार खरीदने हैं, युवाओं को जापान भेजना है और अंडरग्राउंड क्रांतिकारियों को पालना है, तो पैसा तो चाहिए ना! लेकिन पैसा आए कहां से?

साल 1912 की बात है। जोधपुर में एक बहुत ही अमीर और बेहद भ्रष्ट महंत था- ‘महंत प्यारेलाल’। उसके पास अपार दौलत थी जिसका वो सिर्फ अय्याशी और गलत कामों में इस्तेमाल करता था।

क्रांतिकारियों ने तय किया की इस धन का इस्तेमाल भारत माता को आज़ाद कराने के लिए होगा।

केसरी सिंह जी के ही निर्देश पर उस महंत को ठिकाने लगाने का प्लान बना और क्रांतिकारियों ने महंत का काम तमाम करके सारा फंड क्रांति के लिए ज़ब्त कर लिया।

लेकिन बदकिस्मती से इस मामले की भनक अंग्रेजों को लग गई। ब्रिटिश पुलिस ने केसरी सिंह जी को राजद्रोह और महंत की हत्या के केस में गिरफ्तार कर लिया।

अंग्रेजों ने उन्हें 20 साल की कठोर बा-मशक्कत सज़ा सुनाई और सीधा बिहार की सबसे खौफनाक जेल ‘हज़ारीबाग सेंट्रल जेल’ की कालकोठरी में फेंक दिया।

अंग्रेजों ने जेल में उन पर ऐसे-ऐसे अमानवीय टॉर्चर किए जो सुने नहीं जाते। लेकिन ये शेर टूटने वाला थोड़ी था! उन्होंने जेल का अन्न खाने से साफ इंकार कर दिया।

आपको यकीन नहीं होगा, बरसों तक वो इंसान हज़ारीबाग जेल की उस कोठरी में सिर्फ और सिर्फ दूध पीकर ज़िंदा रहा!

उनके तप और हौसले को देखकर अंग्रेज जेलर भी कांपते थे। (बाद में प्रथम विश्व युद्ध खत्म होने के बाद 1919-20 के पास सरकार को मजबूर होकर उन्हें रिहा करना पड़ा था)।

लार्ड हार्डिंग पर बम फेंकने वाला वो केसरी सिंह बारहठ का भाई जिसे ब्रिटिश हुकूमत ज़िंदगी भर नहीं पकड़ सकी

हम अक्सर इतिहास की किताबों में पढ़ते हैं की किसी का एक बेटा शहीद हो गया, या कोई नेता जेल चला गया।

लेकिन केसरी सिंह बारहठ का परिवार भारत के इतिहास का इकलौता ऐसा परिवार है, जिसकी पूरी की पूरी पीढ़ी आज़ादी के हवन कुंड में भस्म हो गयी।

उनके सगे भाई थे- ज़ोरावर सिंह बारहठ!

तारीख थी 23 दिसंबर 1912। अंग्रेज़ वायसराय लॉर्ड हार्डिंग (Lord Hardinge) बहुत ही घमंड के साथ एक विशाल हाथी पर बैठकर दिल्ली के चांदनी चौक से अपना शाही जुलूस निकाल रहा था।

ज़ोरावर सिंह और केसरी सिंह जी के बेटे प्रताप सिंह बारहठ ने औरतों का भेष बनाया, बुर्का पहना और एक इमारत की छत पर जा पहुंचे।

जैसे ही वायसराय का हाथी नीचे से गुज़रा, ज़ोरावर सिंह ने ऐसा अचूक बम फेंका की धमाके से पूरी दिल्ली दहल गई!

वायसराय हार्डिंग बुरी तरह घायल होकर हाथी के हौदे में गिर पड़ा और उसका महावत वहीं पर मारा गया। अंग्रेज़ हुकूमत के सबसे बड़े अफसर पर सरेआम दिल्ली के बीचों-बीच बम? ये अंग्रेजों के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था।

इस घटना के बाद अंग्रेज़ कुत्ते की तरह ज़ोरावर सिंह बारहठ के पीछे पड़ गए। उनके ऊपर भारी इनाम रखा गया।

ज़ोरावर सिंह ने अपना नाम बदलकर ‘साधु अमरदास बैरागी’ रख लिया और साधु के भेष में मध्य प्रदेश और राजस्थान के बीहड़ों, जंगलों में छिपते-छिपाते क्रांति की अलख जगाते रहे।

पूरे 27 सालों तक! जी हां, 27 साल तक ब्रिटिश पुलिस, उनकी इंटेलिजेंस, उनके मुखबिर… कोई भी उन्हें छू तक नहीं पाया।

साल 1939 में आज़ाद रहते हुए ही उन्होंने एक अज्ञात साधु के रूप में अपनी देह त्याग दी, लेकिन जीते जी अंग्रेजों के हाथ नहीं आए।

मेरी एक माँ को हंसाने के लिए हजारों माताओं को नहीं रुला सकता… केसरी सिंह के 22 साल के पुत्र की शहादत

भाई का बलिदान तो आपने सुन लिया, अब उस बाप का कलेजा देखिए जिसने अपने इकलौते जवान बेटे को भी देश के लिए हंसते-हंसते कुर्बान कर दिया।

केसरी सिंह जी के बेटे का नाम था प्रताप सिंह बारहठ। प्रताप अभी ठीक से जवान भी नहीं हुआ था की वह ‘बनारस षड्यंत्र केस’ में खूंखार क्रांतिकारियों के साथ जुड़ गया।

लेकिन एक गद्दार की मुखबिरी के चलते अंग्रेज़ों ने इस 22 साल के युवा शेर को गिरफ्तार कर लिया और बरेली की सेंट्रल जेल में डाल दिया।

अंग्रेज अफसर ‘चार्ल्स क्लीवलैंड’ ने प्रताप को बर्फ की सिल्लियों पर लिटाया, कोड़े मारे, भूखा रखा ताकि वो टूट जाए और अपने बाकी साथी क्रांतिकारियों (रास बिहारी बोस आदि) के नाम उगल दे। लेकिन वो शेर का बच्चा था, किसी कीमत पर नहीं टूटा।

जब शारीरिक टॉर्चर काम नहीं आया, तो क्लीवलैंड ने बहुत नीच चाल चली। उसने प्रताप के सामने इमोशनल कार्ड खेलते हुए कहा-

“प्रताप, तुम्हारी माँ तुम्हारे लिए दिन-रात तड़पती है, बहुत रोती है। तुम बस माफ़ी मांग लो और अपने साथियों के नाम बता दो, मैं वादा करता हूँ तुम्हें अभी इसी वक्त आज़ाद कर दूंगा।”

उस वक़्त उस 22 साल के प्रताप ने जो जवाब दिया, वो भारत के इतिहास के पन्नों पर सुनहरे अक्षरों में दर्ज है।

प्रताप ने क्लीवलैंड के मुंह पर थूकते हुए कहा था- “मेरी माँ रोती है तो उसे रोने दो क्लीवलैंड! मैं अपनी एक माँ को हंसाने के लिए, भारत की हज़ारों माताओं को उम्र भर के लिए नहीं रुला सकता!”

1918 में बरेली जेल की उसी कालकोठरी में भयंकर यातनाएं सहते हुए 22 साल का वो युवा शेर हमेशा के लिए शहीद हो गया।

जब हज़ारीबाग जेल में बंद केसरी सिंह बारहठ को यह ख़बर दी गई की उनका इकलौता जवान बेटा देश के लिए कुर्बान हो गया है… तो क्या आपको लगता है उस बाप ने आंसू बहाए होंगे? बिल्कुल नहीं!

उस बाप ने जेल के अंदर यह कहकर जश्न मनाया की “आज प्रताप ने मेरे चारण कुल का नाम हमेशा के लिए अमर कर दिया है।” ये था वो जिगर, ये था वो राजपूती खून!

आज केसरी सिंह बारहठ की जयंती पर इस महापुरुष और उनके महान परिवार को याद करना हमारा परम धर्म है।

बारहठ परिवार के उस अदम्य साहस और बलिदान को हमारा शत-शत नमन!

Scroll to Top