हमारे देश की मिट्टी में कुछ ऐसा जादू है की जब भी मातृभूमि पर कोई संकट आता है, तो यहाँ से ऐसे-ऐसे दीवाने और जुनूनी आशिक़ पैदा हो जाते हैं जो मौत की आँखों में घूरकर उसे भी डरा देते हैं।
देशभक्ति कोई किताब पढ़कर नहीं आती, ये तो वो पागलपन है जो इंसान को यह भूलने पर मजबूर कर देता है की उसके जिस्म से कितना खून बह रहा है।
अगर आप 1947-48 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के पन्ने पलटेंगे ना, तो आपको एक ऐसी सच्ची कहानी मिलेगी जिसके आगे दुनिया की हर फिल्म की स्क्रिप्ट फीकी पड़ जाए।
ये कहानी है कश्मीर की उन बर्फीली वादियों की, जहाँ 6 फरवरी 1948 की एक सर्द सुबह हजारों की पाकिस्तानी फौज और खूंखार कबाइलियों ने एक छोटी सी भारतीय पोस्ट को रौंदने का सपना देखा था।
लेकिन उनकी बदकिस्मती देखिए, उनका सामना वहां भारत माता के एक ऐसे राजपूत शेर से हो गया, जिसने अपनी आखिरी सांस और बंदूक की आखिरी गोली तक उन्हें एक इंच भी आगे नहीं खिसकने दिया।
हम बात कर रहे हैं नायक जदुनाथ सिंह की, जिसने अकेले ही पूरी पाकिस्तानी फ़ौज के दांत खट्टे कर दिए थे।

शाहजहांपुर के अखाड़े का वो पहलवान जिसके खून में ही देश के लिए मिट जाना लिखा था
21 नवंबर 1916 को उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के एक छोटे से गांव ‘खजूरी’ में एक गरीब किसान बीरबल सिंह राठौड़ के घर एक बेटे ने जन्म लिया। नाम रखा गया- जदुनाथ सिंह।
परिवार की हालत कोई बहुत अच्छी नहीं थी, पैसों की तंगी हमेशा रहती थी। इसी वजह से जदुनाथ सिर्फ चौथी क्लास तक ही पढ़ाई कर पाए।
लेकिन जो कसर पढ़ाई में रह गई थी, वो उन्होंने अखाड़े की मिट्टी में पूरी कर दी। बचपन से ही बजरंगबली के पक्के भक्त जदुनाथ सिंह का पूरा बचपन गांव के अखाड़े में कुश्ती लड़ते-लड़ते बीता।
उनके शरीर में गज़ब की फुर्ती और ताकत थी। गांव वाले तो उन्हें प्यार से ‘हनुमान’ भी बुलाने लगे थे।
जैसे ही वो थोड़े बड़े हुए, उन्होंने फौजी वर्दी पहनने की ठान ली। 21 नवंबर 1941, यानी ठीक अपने जन्मदिन वाले दिन, जदुनाथ सिंह ब्रिटिश इंडियन आर्मी की ‘पहली राजपूत रेजीमेंट’ (1st Battalion, Rajput Regiment) में भर्ती हो गए।
और मज़े की बात तो ये है की 1948 का कश्मीर युद्ध उनका कोई पहला युद्ध नहीं था। जब दूसरा विश्व युद्ध (World War II) चल रहा था, तब जदुनाथ सिंह को बर्मा के भयंकर जंगलों में जापानियों से लड़ने भेजा गया था।
बर्मा कैंपेन की वो लड़ाई के तजुर्बे ने शाहजहांपुर के इस सीधे-सादे पहलवान को एक परफेक्ट, खूंखार और निडर फौजी में तब्दील कर दिया था।
उन्हें पता था की जब दुश्मन चारों तरफ से घेर ले, तब मौत से कैसे खेला जाता है।

कश्मीर को निगलने का पाकिस्तानी प्लान और नौशेरा के तेनधार पर मंडराता मौत का साया
अब ज़रा हालात को समझिए। अक्टूबर 1947 में जब देश आज़ादी का जश्न मना ही रहा था, पाकिस्तान ने धोखे से कश्मीर को हथियाने के लिए अपने कबाइलियों और फौज की एक बहुत बड़ी फौज घाटी में घुसा दी।
भारतीय सेना के जांबाज़ उन्हें खदेड़ने के लिए दिन-रात एक कर रहे थे।
इस पूरी जंग में एक जगह बहुत अहम थी- ‘नौशेरा’ (Naushera)। अगर आप कश्मीर का नक्शा देखेंगे, तो आपको समझ आएगा की पाकिस्तानी फौज के लिए नौशेरा पर कब्ज़ा करना कितना ज़रूरी था।
अगर नौशेरा उनके हाथ लग जाता, तो वहां से सीधे श्रीनगर और जम्मू का दरवाज़ा उनके लिए खुल जाता, और फिर कश्मीर को बचाना लगभग नामुमकिन हो जाता।
पाकिस्तानियों ने पूरी प्लानिंग कर ली थी की नौशेरा को कैसे भी करके छीनना है। लेकिन नौशेरा तक पहुँचने के लिए उन्हें ‘तेनधार’ (Tain Dhar) नाम की एक बहुत ऊंची और रणनीतिक पहाड़ी से होकर गुज़रना था।
तेनधार की पहाड़ी एक दीवार की तरह नौशेरा की रखवाली कर रही थी।
भारतीय सेना के कमांडरों को पता था की दुश्मन सबसे बड़ा हमला यहीं करेगा, इसलिए तेनधार की सबसे आगे वाली और सबसे खतरनाक पोस्ट ‘पिकेट नंबर 2’ (Picket No. 2) की सुरक्षा की कमान नायक जदुनाथ सिंह के हाथों में सौंप दी गई।
और आप सोच रहे होंगे की जदुनाथ सिंह के साथ पूरी की पूरी एक कंपनी होगी? नहीं दोस्त! जदुनाथ सिंह की उस सेक्शन में उनके अलावा सिर्फ 9 और जवान थे। हाँ, सिर्फ 9 जवान!
एक तरफ हजारों की संख्या में कबायली और पाकिस्तानी फौज, जिनके पास हथियारों का पूरा जखीरा था। और दूसरी तरफ बर्फ से ढकी उस सूनी पहाड़ी पर बैठे 9 भारतीय जवान, जिन्हें लीड कर रहा था शाहजहांपुर का वो पहलवान जिसके सीने में मौत का कोई खौफ नहीं था।

9 जांबाज जवान और सामने हजारों की फौज, वो सुबह जब जदुनाथ ने संभाली मशीनगन
तारीख थी 6 फरवरी 1948 और सुबह के करीब 6:40 बज रहे थे। कश्मीर की उस हड्डी गला देने वाली ठंड में तेनधार की पहाड़ियों पर भयंकर कोहरा (धुंध) छाया हुआ था।
विजिबिलिटी इतनी कम थी की कुछ मीटर आगे खड़ा आदमी भी ठीक से दिखाई नहीं दे रहा था। और इसी धुंध का फायदा उठाकर, हजारों की तादाद में पाकिस्तानी कबाइलियों और फौज ने पिकेट नंबर 2 पर धावा बोल दिया।
लेकिन उन्हें क्या पता था की सामने कौन खड़ा है! नायक जदुनाथ सिंह ने गजब का फौजी दिमाग लगाया।
उन्होंने अपने उन 9 जवानों को खंदकों में इतनी चालाकी से तैनात किया की जब उन्होंने एक साथ फायरिंग शुरू की, तो पाकिस्तानियों को लगा कि सामने मुट्ठी भर जवान नहीं बल्कि पूरी की पूरी एक बटालियन बैठी है।
गोलियों की ऐसी अंधाधुंध बौछार हुई कि दुश्मन भारी नुकसान उठाकर उल्टे पांव पीछे भागने पर मजबूर हो गया। पहला हमला नाकाम हो चुका था।
लेकिन असली खौफनाक मंजर तो अभी बाकी था। दुश्मन को जल्द ही भनक लग गई की सामने फौज बहुत कम है। झल्लाहट में पाकिस्तानी कमांडरों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी और दुगनी संख्या में दूसरा बड़ा हमला कर दिया।
इस बार गोलियों की बारिश इतनी तेज थी की जदुनाथ की पोस्ट के कई साथी वीरगति को प्राप्त हो गए और बाकी बुरी तरह घायल होकर गिर पड़े। इसी बीच उनका ‘ब्रेन गन’ (मशीनगन) चलाने वाला जवान भी गोली खाकर गिर गया।
अब जदुनाथ सिंह के शरीर से भी खून बह रहा था, वो भी घायल हो चुके थे। लेकिन दर्द का एहसास तो उन्हें होता है जिन्हें मौत से डर लगता हो!
जदुनाथ ने बिना एक सेकंड गंवाए खुद उस भारी मशीनगन (ब्रेन गन) को अपने हाथों में उठा लिया और खंदक के मुहाने पर आकर सीधे दुश्मनों की छाती में गोलियां उतारनी शुरू कर दीं।
अकेले उस घायल शेर ने अपनी मशीनगन से ऐसी तबाही मचाई की दुश्मन का दूसरा हमला भी पूरी तरह से तहस-नहस हो गया।
साथी शहीद हो गए और गोलियां खत्म तो अपनी स्टेन गन लेकर सीधा दुश्मनों की भीड़ में घुस गया ये राजपूत शेर
दो बार मुंह की खाने के बाद पाकिस्तानी कमांडरों ने तय कर लिया की इस बार चाहे जितने लोग मरें, पिकेट नंबर 2 को रौंद कर ही मानेंगे।
दुश्मन ने अपनी पूरी ताकत और तोपखाने के साथ तीसरा और सबसे खतरनाक हमला किया। इस बार पाकिस्तानी कबायली बिल्कुल पिकेट की दीवारों तक पहुंच गए थे।
जदुनाथ सिंह की पोस्ट का नजारा अब दर्दनाक था। उनके सारे के सारे 9 साथी शहीद हो चुके थे या हिलने-डुलने की हालत में नहीं थे।
मशीनगन की गोलियां भी पूरी तरह खत्म हो चुकी थीं। जदुनाथ बिल्कुल अकेले थे, गोलियां खत्म थीं, और उनके शरीर से लगातार खून बह रहा था।
लेकिन बिना गोलियों की परवाह किए, जदुनाथ सिंह ने अपनी छोटी सी ‘स्टेन गन’ (Sten Gun) उठाई और खंदक से बाहर छलांग लगा दी। मौत का खौफ भूलकर, वो साक्षात काल बनकर हजारों की उस हिंसक भीड़ में अकेले ही घुस गए!
पागलपन की भी कोई हद होती है भाई! एक अकेला फौजी, खून से लथपथ, और वो सीधा हजारों दुश्मनों की तरफ दहाड़ता हुआ दौड़ रहा था।
इस ‘डेयरडेविल चार्ज’ को देखकर पाकिस्तानी फौज के पसीने छूट गए। उन कबाइलियों में भयंकर दहशत फैल गई। उन्हें लगा की शायद भारतीय सेना की कोई बहुत बड़ी कुमुक (Reinforcement) आ गई है, वरना कोई अकेला आदमी ऐसे मौत के मुंह में थोड़ी घुसता है!
डर के मारे दुश्मनों के होश उड़ गए और वो सब कुछ वहीं छोड़कर खाइयों की तरफ उल्टे पांव भागने लगे।
सीने और सिर को चीरती हुई निकली गोलियां लेकिन देश के इस परमवीर ने झुकने नहीं दिया तिरंगा
भागते हुए दुश्मनों को खदेड़ते वक्त, अचानक छिपकर बैठे दुश्मन की तरफ से दो गोलियां सनसनाती हुई आईं। एक गोली जदुनाथ सिंह के सिर को पार कर गई और दूसरी ने उनके चौड़े सीने को छलनी कर दिया।
भारत माता का वो सच्चा बेटा उसी बर्फीली जमीन पर गिर पड़ा। उन्होंने अपनी आखिरी सांस ली और हमेशा के लिए भारत माता की गोद में सो गए।
लेकिन उनके आंख मूंदने से पहले उनका मिशन पूरा हो चुका था! उनके इस अकल्पनीय और रोंगटे खड़े कर देने वाले साहस ने दुश्मन के दिलों में ऐसा खौफ भर दिया था की पाकिस्तानियों ने दोबारा तेनधार की उस पहाड़ी की तरफ आंख उठाकर देखने की हिम्मत भी नहीं की।
नौशेरा बच गया था। अगर उस दिन जदुनाथ सिंह ने वो फौलादी दीवार बनकर कबाइलियों को न रोका होता, तो शायद कश्मीर का इतिहास कुछ और ही होता।
एक अकेले फौजी ने 9 जवानों के साथ मिलकर जो इतिहास रचा, वो सैन्य युद्ध के पन्नों में हमेशा के लिए अमर हो गया।
उनके इस सर्वोच्च और अदम्य साहस के लिए, स्वतंत्र भारत की सरकार ने उन्हें मरणोपरांत भारतीय सेना के सबसे बड़े और सर्वोच्च सम्मान ‘परमवीर चक्र’ से नवाजा।
