विजय दास बन गुमराह कर रहा था सैफ पर चाकू से हमला करने वाला शरीफुल इस्लाम, पुलिस ने फिल्मी स्टाइल में दबोचा

एक्टर सैफ अली खान को चाकू से लहूलुहान करने वाला हमलावर गिरफ्तार हो चुका है। घटना के करीब 74 घंटे बाद आखिरकार आरोपी को ठाणे से अरेस्ट किया गया। हमलावर की पहचान मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के रूप में हुई है, लेकिन मुंबई में वो हिंदू नाम का सहारा लेकर जुर्म की दुनिया में काम कर रहा था। मुंबई पुलिस लगातार आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़ी कई बड़े खुलासे हुए हैं।

15 जनवरी की रात सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाले शख्स अब मुंबई पुलिस की गिरफ्त में है। मुंबई पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के बांग्लादेशी नागरिक होने का शक है। पुलिस ने ये भी बताया कि ये आरोपी चोरी के इरादे से घर में घुसा था।

विजय दास बन गुमराह कर रहा था सैफ का हमलावर

मुंबई पुलिस के डीसीपी क्राइम ब्रांच ने अहम जानकारी देते हुए कहा कि आरोपी के पास से कोई ऐसा दस्‍तावेज नहीं मिला, जिससे साबित हो सके कि वो भारतीय है। भारत के किसी भी कोने में उसका कोई घर और गांव नहीं है। यहां कोई उसका दूसरा रिश्‍तेदार भी नहीं है।

दावा किया जा रहा है कि मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद बांग्लादेश का है और उसने मुंबई में हिंदू नाम रखकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। शुरुआत में उसने अपना नाम विजय दास बताया था।

सैफ अली खान पर जानलेवा हमला करने के बाद आरोपी ठाणे के हीरानंदानी इलाके में मजदूरों के बीच छिपा हुआ था। पुलिस ने बताया कि आरोपी कई नामों का सहारा लेकर रह रहा था। कभी वो अपना नाम विजय दास बताता, कभी बिजॉय दास तो कभी मोहम्मद इलियास के नाम से पुकारा गया। हालांकि, मुंबई पुलिस के हत्थे चढ़ने के बाद उसने जुर्म को कुबूल करते हुए अपना नाम मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद बताया है।

फिल्मी स्टाइल में हुआ अरेस्ट

सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने वाला शख्स पुलिस को चकमा देने के लिए फिल्मी स्टाइल में दिमाग लगा रहा था। वो अपने नाम और कपड़े बदल रहा था। मुंबई पुलिस भी 70 घंटों से इसके पीछे पड़ी थी और इसे पकड़ने के लिए 35 टीमें बनाई गई थी। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी मुंबई के किसी पब में काम करता है।

उसे जब ये पता चला कि पुलिस किसी भी वक्त उसको दबोच सकती है तो वो हीरानंदानी इलाके में मजदूरों के बीच जाकर छिप गया। जानकारी के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी ठाणे के जंगल से हुई है, जो सैफ के घर से तकरीबन 36 किलोमीटर दूर है। बताया जाता है कि पुलिस ने देर रात यहां के लोगों का फोन जब्त कर लिया था। पुलिस को पहले ही शक था कि आरोपी इधर ही है। वो आरोपी जंगल में छुपकर बैठा था।

सूत्र बताते हैं कि आरोपी घटना के बाद मुस्लिम एरिया में जाकर बचने की फिराक में था। जहां वो छिपा था, वहां भी आसपास जितने लोग रहते हैं, उनके ज्यादातर मुस्लिम परिवार हैं। उनकी की आड़ में आरोपी छिपना चाहता था। हालांकि, मुंबई पुलिस ने उसे फिल्मी स्टाइल में दबोच लिया और उससे अभी भी पूछताछ जारी है। हालांकि, मुंबई पुलिस ने उसे फिल्मी स्टाइल में दबोच लिया और उससे अभी भी पूछताछ जारी है।

सैफ अली खान की हालत कैसी है?

सैफ अली खान का इलाज मुंबई के लीलावती अस्पताल में चल रहा है। शुक्रवार को डॉक्टर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक्टर के स्वास्थ्य से जुड़ी अहम जानकारी दी।

लीलावती अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि सैफ तेजी से रिकवर कर रहे हैं और उनकी सर्जरी पूरी हो चुकी है। बता दें कि सैफ के रीढ़ की हड्डी से करीब 3 इंच का चाकू का टुकड़ा निकाला गया है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अगर ये टुकड़ा एक मिलीमीटर भी अंदर घुस जाता तो सैफ अली खान के जान को खतरा हो सकता था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top