UP Lok Sabha Elections 2024: पांचवें चरण की 14 सीटों के लिए थमा प्रचार, कल होगा मतदान; मैदान में कुल 144 प्रत्याशी

UP Lok Sabha Elections 2024: पांचवें चरण की 14 सीटों के लिए थमा प्रचार, कल होगा मतदान; मैदान में कुल 144 प्रत्याशी

UP Lok Sabha Elections 2024: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में प्रदेश की 14 सीटों पर चुनाव प्रचार शनिवार शाम छह बजे थम गया। प्रचार के अंतिम दिन सभी दलों ने पूरी ताकत झोंक दी। पांचवें चरण का मतदान सोमवार 20 मई को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा।
इस चरण में मोहनलालगंज, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन, झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, फैजाबाद, कैसरगंज व गोंडा शामिल हैं। पांचवें चरण में कुल 144 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, लखनऊ पूर्व विधानसभा की रिक्त सीट के लिए भी मतदान सोमवार को होगा।

पांचवें चरण में मुख्य रूप से लखनऊ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रायबरेली से कांग्रेस के राहुल गांधी व भाजपा से योगी सरकार के उद्यान राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार दिनेश प्रताप सिंह, अमेठी से स्मृति इरानी, मोहनलालगंज से केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री कौशल किशोर, फैजाबाद सीट से भाजपा के लल्लू सिंह व सपा से नौ बार के विधायक अवधेश प्रसाद चुनाव मैदान में हैं।

कैसरगंज से बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह, फतेहपुर से केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, सपा से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल व झांसी सीट से कांग्रेस के प्रदीप जैन आदित्य मुख्य रूप से लड़ रहे हैं।

14 सीटों में से 10 सीटें सामान्य

पांचवें चरण की 14 सीटों में से 10 सीटें सामान्य श्रेणी की हैं और चार सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। इनमें से 13 सीटें अभी भाजपा के पास हैं जबकि एकमात्र रायबरेली सीट कांग्रेस के पास है।

प्रचार के अंतिम दिन केंद्रीय गृहमंत्री ने अमेठी में रोड शो कर भाजपा प्रत्याशी स्मृति इरानी के लिए वोट मांगे। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी भी शामिल थे।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने फैजाबाद में जनसभा को संबोधित किया। वहीं, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अयोध्या में रोड शो किया। दूसरे उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अमेठी के गौरीगंज में सभा की।

अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल शनिवार को गोंडा में सपा प्रत्याशी श्रेया वर्मा के समर्थन में रोड शो किया। श्रेया वर्मा पूर्व केंद्रीय मंत्री व सपा के कद्दावर नेता रहे बेनी प्रसाद वर्मा की पोती हैं।

पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के निर्देश

मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदान कराने के लिए रविवार 19 मई को पोलिंग पार्टियां बूथों के लिए रवाना होंगी। इसके लिए सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को समय से पोलिंग पार्टियों को रवाना करने के निर्देश दिए गए हैं।

सभी बूथों पर मतदाताओं एवं मतदान कर्मियों के लिए जरूरी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए कहा गया है। पोलिंग पार्टियों को हीट स्ट्रोक से बचने और स्वास्थ्य के दृष्टिगत मेडिकल किट उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने मतदाताओं के लिए पोलिंग बूथ पर पानी व शेड की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

Scroll to Top