कभी-कभी लगता है की हमारे देश में सिविल सेवा (UPSC) की परीक्षा पास करना शायद उतना मुश्किल काम नहीं है, जितना इस सिस्टम की सड़ चुकी फाइलों और ‘क्रीमी लेयर’ के मकड़जाल से एक OBC युवा का खुद को बाहर निकालना है।
ज़रा सोचिए, उस OBC परिवार के दिल पर क्या बीतेगी जिनके बच्चे का रोल नंबर लिस्ट में आने के बाद, ढोल-नगाड़े बजने के बाद, उसके हाथ में जॉइनिंग लेटर की जगह सुप्रीम कोर्ट की तारीखों वाली अख़बार की कटिंग थमा दी जाए?
आज देश के 958 होनहार OBC युवाओं के साथ बिल्कुल यही भद्दा मज़ाक हो रहा है। इन्होंने दिन-रात एक करके देश की सबसे कठिन परीक्षा (CSE 2025) तो निकाल ली…
लेकिन इनकी पोस्टिंग और सर्विस अलॉटमेंट की राह में सिस्टम अपनी वो पुराने नियम कानून लेकर खड़ा हो गया है, जिस पर सुप्रीम कोर्ट खुद सवालिया निशान लगा चुका है।
ये कोई मामूली बात नहीं है। ये उन 958 परिवारों की उम्मीदों, उनके संघर्षों और रातों की नींद का सीधा खात्मा है, जिसे एक बहुत ही मीठे शब्द ‘प्रशासनिक प्रक्रिया’ का नाम देकर जायज़ ठहराने की कोशिश की जा रही है।
दिन-रात मेहनत करके OBC युवाओं का IAS-IPS बनने का सपना हुआ सच, पर पोस्टिंग की राह में खड़ी हो गई सरकार की वो पुरानी रूलबुक
कहते हैं की मेहनत का फल मीठा होता है, लेकिन हमारे सिस्टम ने इस फल को इतना कड़वा कर दिया है की इसे निगलना मुश्किल हो रहा है।
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने 2025 की सिविल सेवा परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए। देश के कोने-कोने से निकलकर आए OBC वर्ग के होनहार युवाओं ने साबित कर दिया की अगर उन्हें मौका मिले तो वो मेरिट में किसी से पीछे नहीं हैं।
घर में मिठाइयां बंट गईं, रिश्तेदारों के फोन आने लगे, और गांव में चर्चे शुरू हो गए की फलां का लड़का अब कलक्टर बनेगा।
लेकिन बाबूशाही की दुनिया कागज़ों से चलती है, जज़्बातों से नहीं। जब इन 958 अनुशंसित (Recommended) उम्मीदवारों को कैडर और सर्विस अलॉटमेंट देने की बारी आई, तो कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की फाइलों से ‘क्रीमी लेयर’ का भूत बाहर निकल आया।
सिस्टम ने अचानक से ब्रेक लगा दिया। जिन लड़कों और लड़कियों ने इंटरव्यू बोर्ड के सामने पसीने बहाकर अपनी काबलियत साबित की थी, उनसे कहा गया की रुकिए… अभी आपकी ‘क्रीमी लेयर’ की जांच पुराने तरीके से होगी।
मतलब, परीक्षा पास करने का पहाड़ तो इन युवाओं ने अपनी मेहनत से तोड़ लिया, लेकिन अब सिस्टम कह रहा है की असली परीक्षा तो अब शुरू होगी, जब हम कागज़ों पर ये तय करेंगे की तुम OBC आरक्षण के लायक हो भी या नहीं।
और ये सब तब हो रहा है जब देश की सबसे बड़ी अदालत इस क्रीमी लेयर के गंदे खेल पर अपना नया और साफ फैसला दे चुकी है।
सुप्रीम कोर्ट का 11 मार्च का वो ऐतिहासिक फैसला जिसने जगाई थी उम्मीद, पर वेतन और क्रीमी लेयर के खेल में उलझ गयी OBC युवाओं की ज़िन्दगी
इस पूरे ड्रामे की असली जड़ को समझने के लिए हमें थोड़ा पीछे चलना होगा। इसी साल 11 मार्च 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने एक ऐसा ऐतिहासिक फैसला सुनाया था, जिसने देशभर के लाखों OBC परिवारों को एक बहुत बड़ी राहत दी थी।
सालों से इस देश में एक अजीब सी विडंबना चल रही थी। मान लीजिए, किसी OBC युवा के माता-पिता पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग (PSU), बैंक या किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते हैं।
उनकी महज़ ‘सैलरी’ को जोड़कर, उन्हें 8 लाख रुपये की क्रीमी लेयर लिमिट से बाहर कर दिया जाता था।
मतलब, बाप अगर बैंक में दिन-रात फाइलें ढो रहा है और उसकी तनख्वाह थोड़ी ठीक-ठाक है, तो सिस्टम उसके होनहार बेटे को कॉलर पकड़ कर कहता था की “तुम तो क्रीमी लेयर हो, तुम्हारा कोई आरक्षण नहीं!”
11 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने इस बेतुके नियम की धज्जियां उड़ा दीं। कोर्ट ने बहुत ही स्पष्ट शब्दों में कहा की OBC कर्मचारियों (विशेषकर PSU और प्राइवेट सेक्टर) के बच्चों को क्रीमी लेयर में धकेलने के लिए सिर्फ और सिर्फ उनके माता-पिता की ‘सैलरी’ (वेतन) को इकलौता आधार नहीं बनाया जा सकता।
जैसे ही ये फैसला आया, OBC युवाओं में खुशी की लहर दौड़ गई। उन लड़कों को लगा की चलो, अब 8 लाख की आय सीमा का वो पुराना नियम उनकी पोस्टिंग नहीं रोकेगा।
उन्हें लगा की देश की सर्वोच्च अदालत ने उनके साथ न्याय कर दिया है। लेकिन बेचारे ये युवा भूल गए की अदालत फैसले सुनाती है, पर उन फैसलों को लागू करने वाली मशीनरी इतनी जल्दी किसी को उसके हक़ की कुर्सी पर बैठने नहीं देती।
“न्याय देने में आ रही हैं गंभीर व्यावहारिक कठिनाइयां”, UPSC के 958 युवाओं का भविष्य लटकाने के लिए सिस्टम ने गढ़ा क्या गज़ब का बहाना
सुप्रीम कोर्ट के 11 मार्च वाले फैसले को चुपचाप लागू करने के बजाय, केंद्र सरकार (DoPT) ने जो पैंतरा चला है, वो किसी भी कॉमेडी फिल्म की स्क्रिप्ट से कम नहीं है।
सरकार की तरफ से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता बाकायदा सुप्रीम कोर्ट पहुँच गए। उन्होंने कोर्ट में एक ऐसी दलील पेश की, जिसे सुनकर कोई हंसे या रोए, ये तय करना मुश्किल है।
सरकार ने कोर्ट में हाथ जोड़कर कहा की हुज़ूर, अगर हमने आपके 11 मार्च वाले इस नए (और न्यायपूर्ण) फैसले को अचानक लागू कर दिया, तो हमें “गंभीर व्यावहारिक परेशानियां” (Severe practical difficulties) हो जाएंगी!
वाह रे मेरे देश का सिस्टम! क्या गज़ब का बहाना गढ़ा है। जब एक गरीब मिडिल क्लास युवा 45 डिग्री की चिलचिलाती गर्मी में बिना पंखे वाले कमरे में 18 घंटे पढ़ाई करता है, तब सिस्टम को उसकी ‘व्यावहारिक परेशानियां’ नहीं दिखतीं।
जब वो भीड़ से लदी ट्रेन में धक्के खाकर परीक्षा देने जाता है, तब किसी बाबू को उसकी ‘व्यावहारिक कठिनाई’ का अंदाज़ा नहीं होता।
लेकिन जब उसी युवा को उसका जायज़ और कानूनी हक़ देने की बारी आती है, तो पूरी की पूरी मशीनरी को अचानक से ‘प्रशासनिक सिरदर्द’ होने लगता है!
सरकार का कहना है की अगर नया नियम लागू किया तो कई योग्य उम्मीदवार ‘असमंजस’ की स्थिति में आ जाएंगे। मतलब, जो फैसला OBC युवाओं को राहत देने के लिए आया था, सरकार कह रही है की उसी फैसले से परेशानियां खड़ी हो जाएंगी!
इसलिए सरकार चाहती है की उन 958 उम्मीदवारों की पोस्टिंग पुराने, सड़े-गले और OBC विरोधी क्रीमी लेयर नियमों के आधार पर ही कर दी जाए।
ज़रा इस व्यंग्य को महसूस कीजिए। जो नियम कल तक गलत था, जिस नियम को सुप्रीम कोर्ट ने सुधारने का आदेश दे दिया, सरकार उसी ‘गलत’ नियम के आधार पर देश के भावी IAS और IPS अफसरों की लिस्ट तैयार करना चाहती है। इसे न्याय कहते हैं या हक़ की सरेआम डकैती?
बीच खेल में नियम नहीं बदल सकते वाली सरकारी दलीलें, आख़िर क्यों प्रशासन को नए और साफ़-सुथरे फैसलों से लगता है इतना डर
सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के सामने अपना जो मुख्य तर्क रखा है, वो सुनने में बड़ा ही किताबी और ‘टेक्निकल’ लगता है।
सॉलिसिटर जनरल साहब ने कोर्ट को बताया की देखिए, सिविल सेवा परीक्षा-2025 का जब नोटिफिकेशन निकला था, तब पुराने नियम लागू थे।
परीक्षा पुराने नियमों पर हुई, इंटरव्यू पुराने नियमों पर हुए। तो अब जब गेम खत्म होने वाला है, तो हम बीच खेल में नियम कैसे बदल दें?
इसलिए 958 अनुशंसित उम्मीदवारों का सेवा आवंटन (सर्विस अलॉटमेंट) पुराने मानकों के आधार पर ही करने की अनुमति दी जाए, ताकि उन उम्मीदवारों के साथ ‘न्याय’ हो सके।
सरकार कह रही है की ‘पुराने नियमों’ से पोस्टिंग करेंगे ताकि ‘न्याय’ हो सके! मतलब, जिस पुराने नियम में खोट था, जिस नियम को खुद सर्वोच्च अदालत ने 11 मार्च को सुधारने का ऐतिहासिक आदेश दे दिया, सरकार उसी ‘गलत’ और ‘पुराने’ नियम से इन 958 युवाओं को हांकना चाहती है।
इसे एकदम आम ज़िंदगी के उदाहरण से समझिए। मान लीजिए आप एक क्रिकेट मैच खेल रहे हैं। बीच मैच में अंपायर को पता चलता है की जिस गेंद से बॉलिंग हो रही है, वो गेंद ही ख़राब या डिफेक्टिव है।
तो क्या अंपायर ये कहेगा की “अरे भाई, मैच तो इसी गेंद से शुरू हुआ था, इसलिए अब 50 ओवर इसी ख़राब गेंद से खेलने पड़ेंगे, भले ही बैट्समैन को चोट लग जाये!” बिल्कुल नहीं ना? गेंद तुरंत बदली जाती है ताकि खेल फेयर हो सके।
लेकिन हमारे प्रशासन को फेयर खेल से बहुत डर लगता है। जब देश की सबसे बड़ी अदालत ने 11 मार्च को एक नियम को पारदर्शी और न्यायपूर्ण बना दिया है, तो फिर उसी नए और साफ़-सुथरे नियम से इन 958 युवाओं की पोस्टिंग क्यों नहीं की जा सकती?
क्यों उन्हें जानबूझकर क्रीमी लेयर की उसी पुरानी और उलझी हुई मशीन में पीसा जा रहा है, जिससे उन्हें नुकसान होना तय है?
17 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट की चौखट पर तय होगा इन 958 OBC परिवारों का मुकद्दर, जस्टिस नरसिम्हा की बेंच पर टिकी हैं पूरे देश की निगाहें
खैर, गनीमत इस बात की है की इस देश में अभी भी सुप्रीम कोर्ट नाम की एक ऐसी संस्था ज़िंदा है, जो सरकार की फाइलों और हवा-हवाई दलीलों पर आंख बंद करके भरोसा नहीं करती।
जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और जस्टिस आर. महादेवन ने इस मामले को बहुत गहराई से समझा है।
जब सरकार की तरफ से पुरानी रूलबुक का रोना रोया जा रहा था, तब याचिकाकर्ताओं (यानी OBC अभ्यर्थियों के हक़ में खड़े वकीलों) ने बहुत ही मज़बूती से इस पर प्रारंभिक आपत्ति (Preliminary objection) जता दी।
उन्होंने साफ कर दिया की जब 11 मार्च का फैसला आ चुका है, तो फिर इन युवाओं को पुराने क्रीमी लेयर के झमेले में क्यों धकेला जा रहा है?
कोर्ट ने भी माना की ये कोई मामूली फाइलों का ट्रांसफर नहीं है, ये देश के सैकड़ों युवाओं के करियर और उनके पूरे जीवन की दिशा तय करने वाला मामला है।
इसी वजह से बेंच ने सरकार की दलीलों पर संज्ञान लेते हुए सभी पक्षों को नोटिस थमा दिया है। अब इस संवेदनशील और ऐतिहासिक मामले की जो अगली और सबसे विस्तार से सुनवाई होनी है, उसकी तारीख 17 सितंबर फाइनल की गई है।
17 सितंबर 958 OBC परिवारों के घरों में होने वाले इंतज़ार की आख़िरी तारीख है। ये वो दिन है जो तय करेगा की क्या इस देश में सालों की तपस्या, किताबों में खपाई गई जवानी और सुप्रीम कोर्ट के नए न्याय की जीत होगी… या फिर सिस्टम की ‘व्यावहारिक कठिनाइयों’ का वो पुराना रोना एक बार फिर इन OBC वर्ग के सपनों को निगल जाएगा।
