देश के 156 क्रांतिकारियों को फांसी से बचाया, चंदा मांगकर खड़ा किया BHU विश्वविद्यालय, ‘सत्यमेव जयते’ का महामंत्र देने वाले भारत रत्न ‘पंडित मदन मोहन मालवीय’ जी को पुण्यतिथि पर शत-शत नमन

आज 12 नवंबर है। भारत के इतिहास में इस दिन की अहमियत बहुत गहरी और जज़्बाती है। आज ही के दिन, साल 1946 में, हमने अपने देश के एक ऐसे युगपुरुष को खो दिया था, जिसने अंग्रेजों की ईंट से ईंट बजाने में पूरी उम्र खपा दी।

हम बात कर रहे हैं प्रयागराज की धरती पर 25 दिसंबर 1861 को जन्मे महान स्वतंत्रता सेनानी, शिक्षाविद् और सच्चे सनातनी पंडित मदन मोहन मालवीय जी की।

सच कहूं तो, उनके नाम के आगे जो ‘महामना’ (महान मन वाला) लगता है ना, वो कोई सरकारी डिग्री नहीं थी। ये वो प्यार और सम्मान था जो खुद महात्मा गांधी ने उन्हें दिया था।

मालवीय जी का जीवन केवल एक स्वतंत्रता सेनानी तक सीमित नहीं था, वो तो असल मायनों में आधुनिक भारत के सबसे बड़े शिल्पकार थे।

एक ऐसे इंसान, जो माथे पर चंदन का तिलक लगाते थे, बदन पर धोती-कुर्ता पहनते थे, दिल में कट्टर सनातनी संस्कार रखते थे, लेकिन उनका विज़न सीधे 21वीं सदी का था।

वो जानते थे की जब तक हमारे देश का युवा गीता के साथ-साथ विज्ञान को नहीं समझेगा, तब तक भारत दोबारा विश्वगुरु नहीं बन सकता।

चौरी-चौरा के वो 156 देशभक्त और इलाहाबाद हाई कोर्ट में दहाड़ता एक सनातनी वकील

आज़ादी की लड़ाई में जब भी 1922 के ‘चौरी-चौरा कांड’ का ज़िक्र आता है, तो अक्सर सिर्फ यही बताया जाता है की गुस्साए हिंदुस्तानियों ने पुलिस थाने में आग लगा दी थी और उसके बाद गांधी जी ने अपना असहयोग आंदोलन वापस ले लिया था।

लेकिन इस कहानी का एक दूसरा और सबसे ज़बरदस्त पहलू भी है।

थाने में आग लगने की उस घटना के बाद ब्रिटिश हुकूमत बुरी तरह बौखला गई थी। अंग्रेजों ने अंधाधुंध गिरफ्तारियां कीं और सेशन कोर्ट के खूंखार अंग्रेजी जज ने बिना कोई रहम दिखाए 170 देशभक्त भारतीयों को सीधे फांसी की सज़ा सुना दी!

पूरे देश में मातम छा गया था। कोई भी बड़ा वकील अंग्रेजों की इस बौखलाहट के सामने खड़ा होने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था।

तब एंट्री होती है पंडित मदन मोहन मालवीय जी की! आपको जानकर हैरानी होगी की मालवीय जी ने सालों पहले अपनी वकालत छोड़ दी थी।

उन्होंने तय कर लिया था की वो अब कभी वकालत का पेशा नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हें पूरा समय देश की सेवा में देना था। लेकिन जब बात भारत मां के 170 बेटों की गर्दन पर आ गई, तो इस फकीर ने बरसों से खूंटी पर टंगा अपना काला कोट एक बार फिर से उतार लिया।

इलाहाबाद हाई कोर्ट में जब मालवीय जी ने बहस शुरू की, तो उनके पास ठोस तर्क, कानून की गहरी समझ और सीने में देशभक्ति की आग थी।

कई दिनों तक हाई कोर्ट में ये तूफानी बहस चली। मालवीय जी ने अंग्रेजी जजों के सामने एक-एक करके ऐसे अकाट्य सबूत रखे की उस अंग्रेजी अदालत को घुटने टेकने पड़े।

नतीजा क्या हुआ? इतिहास की सबसे बड़ी कानूनी जीतों में से एक! मालवीय जी ने 170 में से 156 क्रांतिकारियों को फांसी के फंदे से खींचकर ज़िंदा बचा लिया।

सोचिए भाई, 156 लोगों को मौत के मुंह से वापस लाना कोई मामूली बात है क्या? उस दिन इलाहाबाद हाई कोर्ट में खड़े हर अंग्रेज को समझ आ गया था की इस सनातनी वकील के सामने टिक पाना उनके बस की बात नहीं है।

जब देश के भविष्य के लिए निज़ाम के दरबार से लेकर सड़कों तक झोली फैलाता फिरा एक फकीर

मालवीय जी को एक बात बिल्कुल साफ़ समझ आ गई थी की अगर अंग्रेजों को हराना है, तो हमें अपने युवाओं को खुद की शिक्षा देनी होगी- एक ऐसी शिक्षा जिसमें हमारी सनातन संस्कृति की जड़ें हों और आधुनिक दुनिया की तकनीक हो।

इसी सपने को हकीकत में बदलने के लिए उन्होंने 1916 में डॉ. एनी बेसेंट और महाराजा रामेश्वर सिंह बहादुर के साथ मिलकर ‘काशी हिन्दू विश्वविद्यालय’ (BHU) की नींव रखी।

लेकिन इतने बड़े विश्वविद्यालय को खड़ा करने के लिए जो अथाह पैसा चाहिए था, वो कहाँ से आता? मालवीय जी देश के भविष्य के लिए एक फकीर बन गए।

उन्होंने राजा-महाराजाओं से लेकर आम जनता तक के सामने झोली फैलाई।

इस चंदे को लेकर एक ऐसा रोंगटे खड़े कर देने वाला किस्सा है, जो हर हिंदुस्तानी को सुनना चाहिए। जब मालवीय जी पूरे देश से चंदा इकट्ठा कर रहे थे, तो वो उस वक्त के सबसे अमीर आदमी, यानी हैदराबाद के निज़ाम के पास भी गए।

मालवीय जी ने निज़ाम के दरबार में जाकर BHU के लिए मदद मांगी। लेकिन निज़ाम ठहरा भयंकर अहंकारी! उसने चंदा देने के बजाय मालवीय जी का घोर अपमान किया और गुस्से में अपना जूता निकालकर उन पर फेंक दिया।

अब कोई आम इंसान होता तो क्या करता? या तो गुस्सा करता, या अपमान के घूंट पीकर चुपचाप लौट आता। लेकिन मालवीय जी तो अलग ही मिट्टी के बने थे भाई!

उन्होंने शांति से उस जूते को उठाया, उसे अपने माथे से लगाया, और सीधे हैदराबाद के सबसे भीड़-भाड़ वाले बाज़ार में पहुँच गए।

वहां जाकर उन्होंने ऐलान कर दिया की “हैदराबाद के निज़ाम का जूता नीलाम हो रहा है! जो सबसे ज़्यादा बोली लगाएगा, ये जूता उसका!”

जैसे ही ये खबर निज़ाम तक पहुंची, उसके होश उड़ गए। पूरे देश में निज़ाम की भारी फजीहत और बेइज़्ज़ती होने लगी की एक फकीर सरेआम उसका जूता बेच रहा है।

अपनी इज़्ज़त बचाने के लिए निज़ाम ने तुरंत अपने आदमियों को बाज़ार भेजा और खुद अपना ही जूता बहुत भारी कीमत देकर वापस खरीदा।

वही पैसा फिर BHU के निर्माण में लगा! ऐसे थे हमारे मालवीय जी… जिन्होंने अपना अपमान सह लिया, लेकिन देश के युवाओं के भविष्य पर आंच नहीं आने दी।

अंग्रेजों के खिलाफ गंगा मैया को बचाने वाले आधुनिक भगीरथ और 1916 का वो ऐतिहासिक समझौता

हम सब आज हरिद्वार जाते हैं, हर की पौड़ी पर डुबकी लगाते हैं और मां गंगा की तेज़ धार देखकर हाथ जोड़ लेते हैं। लेकिन सच कहूं तो, अगर मालवीय जी न होते, तो अंग्रेजों ने गंगा मैया को कब का बांधों में कैद कर दिया होता।

बात 1905 के आस-पास की है। ब्रिटिश हुकूमत ने हरिद्वार में भीमगोड़ा के पास एक भारी-भरकम बांध बनाने का फैसला किया। उनका मकसद गंगा के पानी को रोकना और अपने हिसाब से इस्तेमाल करना था।

जैसे ही मालवीय जी को इस साज़िश की भनक लगी, उनके अंदर का सनातनी शेर जाग उठा। उन्होंने कह दिया की “गंगा कोई आम नदी नहीं है, ये करोड़ों हिंदुओं की आस्था की रग है और इसे कोई भी विदेशी ताकत अपनी बेड़ियों में नहीं बांध सकती।”

गंगा को बचाने के लिए उन्होंने ‘गंगा महासभा’ की स्थापना की और अंग्रेजों के खिलाफ भयंकर आंदोलन छेड़ दिया। उनका विरोध इतना उग्र और तार्किक था की गोरी सरकार को झुकना पड़ा और 1916 में मालवीय जी और अंग्रेजों के बीच एक ऐतिहासिक समझौता हुआ।

इस समझौते में ब्रिटिश सरकार को लिखित में यह गारंटी देनी पड़ी की चाहे कुछ भी हो जाए, हरिद्वार में मां गंगा की एक ‘अविरल धारा’ (बिना रुके बहने वाली धारा) को कभी नहीं रोका जाएगा।

पत्रकारिता की दहाड़ और सत्यमेव जयते का वो महामंत्र जिसने आज़ादी की लड़ाई में फूंकी जान

मालवीय जी के पास एक और बहुत बड़ा हथियार था, और वो था उनकी कलम!

1907 में उन्होंने ‘अभ्युदय’ नाम का हिंदी अखबार शुरू किया। फिर 1909 में अंग्रेजों को उन्हीं की भाषा में जवाब देने के लिए अंग्रेजी अखबार ‘द लीडर’ (The Leader) लॉन्च कर दिया, और इसके साथ ही ‘मर्यादा’ नाम की पत्रिका भी निकाली।

मालवीय जी की कलम से निकले शब्द अंग्रेजों के सीने में तीर की तरह चुभते थे।

इनका एक किस्सा 1924 का भी है। उस वक़्त ‘हिन्दुस्तान टाइम्स’ (Hindustan Times) अखबार आर्थिक तंगी की वजह से बिल्कुल बंद होने की कगार पर पहुँच गया था।

यह अखबार अंग्रेजों के खिलाफ एक बहुत बड़ी आवाज़ था। मालवीय जी को लगा की अगर ये आवाज़ दब गई, तो आज़ादी की लड़ाई कमज़ोर पड़ जाएगी।

उन्होंने तुरंत पंजाब केसरी लाला लाजपत राय के साथ मिलकर पूरे देश से 50 हज़ार रुपये का चंदा जुटाया। उस ज़माने में 50 हज़ार रुपये बहुत बड़ी रकम हुआ करती थी भाई!

उन्होंने उस चंदे से अखबार को खरीदा और उसे बंद होने से बचा लिया।

और आप जो आज हर सरकारी कागज़, हर नोट और हर अदालत में भारत का राष्ट्रीय आदर्श वाक्य “सत्यमेव जयते” (सत्य की ही जीत होती है) देखते हैं ना?

मुंडकोपनिषद के इस प्राचीन मंत्र को आज़ादी का सबसे बड़ा नारा बनाने का श्रेय भी मालवीय जी को ही जाता है।

1918 के भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अधिवेशन में उन्होंने ही इस महामंत्र को पहली बार इतनी ज़ोर से उठाया था की वो पूरे देश की आवाज़ बन गया।

वो योद्धा जिसे देश ने दिया भारत रत्न का सच्चा सम्मान

खैर, अपना पूरा जीवन देश, धर्म और शिक्षा के नाम कर देने वाला यह महामानव आज़ादी का सूरज नहीं देख पाया।

आज ही के दिन, यानी 12 नवंबर 1946 को आज़ादी मिलने से बस कुछ महीने पहले मालवीय जी ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

आज़ाद भारत की सरकारों ने उन्हें वो सम्मान देने में बहुत देरी कर दी जिसके वो हकदार थे। दशकों बाद, साल 2014 में जाकर भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाज़ा।

Scroll to Top