विकास का ‘मसीहा’ और इमरजेंसी का ‘विलेन’.. जिसने 1970 में ही हरियाणा के हर गाँव में पहुँचायी बिजली, लेकिन अपनी तानाशाही से खुद का राजनीतिक साम्राज्य डुबाने वाले पूर्व हरियाणा CM ‘चौधरी बंसीलाल’

राजनीति में अक्सर आपको दो ही तरह के किरदार देखने को मिलते हैं। कुछ नेता जनता की नज़रों में ‘हीरो’ बन जाते हैं, तो कुछ इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए ‘विलेन’ के तौर पर दर्ज़ हो जाते हैं।

लेकिन भारत की सियासत में कुछ ऐसे गिने-चुने नाम भी गुज़रे हैं, जिन्होंने एक ही जन्म में विकास के मसीहा का ताज भी पहना और तानाशाही का वो चोला भी ओढ़ा जिसने उनका पूरा साम्राज्य ही भस्म कर दिया।

हरियाणा की माटी से निकले चौधरी बंसीलाल बिल्कुल ऐसे ही शख्स थे। एक ऐसा राजनेता, जिसके बारे में कहा जाता था की उसके एक हाथ में हरियाणा के विकास का पूरा ब्लूप्रिंट होता था और दूसरे हाथ में अपनी ज़िद का वो हंटर, जिससे वो पूरी नौकरशाही को हांकते थे।

कहानी शुरू होती है 1927 से, जब भिवानी ज़िले के गोलागढ़ गांव में बंसीलाल का जन्म हुआ। एकदम ठेठ और अक्खड़ स्वभाव, जो ठान लिया वो करके ही दम लेना।

उनका यही स्वभाव उन्हें राजनीति के उस मुकाम तक ले गया, जहां पहुंचने में लोगों की उम्र बीत जाती है। 1968 का वो दौर था जब उन्होंने महज़ 41 साल की उम्र में हरियाणा के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली।

अब ज़रा उस दौर के हरियाणा की कल्पना कीजिये। 1966 में पंजाब से अलग होकर बना हरियाणा उस वक़्त कोई बहुत धनी या हरा-भरा राज्य नहीं था।

यह धूल-भरी आंधियों, सूखे रेगिस्तानों, पानी की किल्लत और कच्चे रास्तों वाला एक बेहद पिछड़ा इलाका माना जाता था। पंजाब के कई नेताओं ने तो तब ताना भी मारा था की यह सूखा राज्य अपने बलबूते पर कुछ साल भी ज़िंदा नहीं रह पाएगा।

लेकिन किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था की भिवानी का यह ज़िद्दी आदमी अगले एक दशक के भीतर इस बंजर ज़मीन को देश का सबसे आधुनिक और तेज़ी से बढ़ने वाला राज्य बना देगा।

जब 1970 में ही हर घर रोशन कर दिया, हरियाणा बना 100 प्रतिशत गांवों में बिजली पहुंचाने वाला देश का पहला राज्य

आप खुद सोचिए, आज के समय में भी कई राज्यों में बिजली कटौती एक आम समस्या है, लेकिन आज से 56 साल पहले बंसीलाल ने एक ऐसा चमत्कार कर दिखाया था जिसे देखकर पूरा देश दांतों तले उंगली दबाए बैठा था।

जब वो मुख्यमंत्री बने, तो हरियाणा के ज़्यादातर गांव शाम ढलते ही लालटेन और दीयों के धुएं में डूब जाते थे। खेती पूरी तरह से बारिश के भरोसे थी।

बंसीलाल ने कुर्सी संभालते ही अपने अफसरों को सीधा फरमान सुना दिया की मुझे फाइलों में बहाने नहीं चाहिए, मुझे हर गांव के खेत में बिजली का खंभा गड़ा हुआ चाहिए।

और फिर शुरू हुआ खंभे गाड़ने और तार बिछाने का वो ऐतिहासिक महा-अभियान जिसने हरियाणा की कायापलट कर दी।

29 नवंबर 1970 की तारीख भारतीय इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज़ है। यह वो दिन था जब हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य बन गया जिसके 100 प्रतिशत गांवों में (करीब 6700 से ज्यादा गांव) बिजली पहुँच चुकी थी।

यह कोई छोटी-मोटी बात नहीं थी। उस समय मुंबई और कलकत्ता जैसे महानगरों में भी 24 घंटे बिजली नहीं रहती थी, लेकिन हरियाणा के गांवों में ट्यूबवेल पानी उगल रहे थे।

इस चमत्कार का डंका इतनी दूर तक बजा की खुद तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी इस सफलता का जश्न मनाने के लिए दिल्ली से चलकर करनाल के उचाना पहुंची थीं।

उन्होंने खुले मंच से बंसीलाल की पीठ थपथपाई थी। इस 100 फीसदी ग्रामीण विद्युतीकरण ने हरियाणा में जिस ‘हरित क्रांति’ (Green Revolution) की नींव रखी, उसी ने आगे चलकर इस राज्य को पूरे देश का अन्न भंडार बना दिया।

बंसीलाल की इसी कड़क कार्यशैली ने उन्हें ‘आधुनिक हरियाणा का निर्माता’ जैसी उपाधियां दिलवाईं।

पानी को उल्टी दिशा में चढ़ाकर रेगिस्तान में खिलाए फूल और पक्की सड़कों से लिख दी नई तकदीर

बंसीलाल का विज़न सिर्फ बिजली तक सीमित नहीं था। उन्हें अच्छी तरह पता था की अगर किसान ने खेत में बंपर फसल उगा भी ली, तो उसे मंडी तक कैसे पहुंचाएगा?

उस समय हरियाणा के ज़्यादातर गांवों में बारिश के दिनों में घुटनों तक कीचड़ भर जाता था। ट्रैक्टर और बैलगाड़ियां रास्तों में ही फंस जाती थीं।

बंसीलाल ने पूरे राज्य में डामर वाली सड़कों का ऐसा जाल बिछाया, जिसका मुकाबला आज भी देश का कोई दूसरा राज्य आसानी से नहीं कर पाता।

सड़कों के इसी नेटवर्क ने हरियाणा के गांवों को सीधे शहरों की मंडियों और व्यापार से जोड़ दिया।

लेकिन उनके इंजीनियरिंग विज़न का सबसे बड़ा और चौंकाने वाला चमत्कार तो दक्षिण हरियाणा में देखने को मिला।

भिवानी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी… ये वो इलाके थे जो राजस्थान की सीमा से लगते थे। यहां दूर-दूर तक सिर्फ रेत के टीले थे और पानी की एक-एक बूंद के लिए लोग तरसते थे।

नदियां और नहरें बहुत दूर थीं और सबसे बड़ी दिक्कत ये थी की पानी हमेशा ढलान की तरफ बहता है, जबकि दक्षिण हरियाणा का इलाका ऊंचाई पर था।

सबने कह दिया की यहां पानी पहुंचाना इंसान के बस की बात नहीं है। लेकिन ज़िद्दी बंसीलाल कहां हार मानने वाले थे!

उन्होंने इज़राइल और विदेशी मॉडल्स का अध्ययन करवाया और हरियाणा में ‘लिफ्ट इरिगेशन’ (Lift Irrigation) का वो महाप्रोजेक्ट शुरू किया जिसने पूरे भूगोल को ही मात दे दी।

‘जूई नहर’ (Jui Canal), ‘लोहारू’ और ‘सिवानी’ लिफ्ट इरिगेशन प्रोजेक्ट्स की शुरुआत हुई। जगह-जगह विशालकाय मोटरें और पंपिंग स्टेशन लगाए गए, जिनके ज़रिए पानी को जबरदस्ती ऊंचाई की तरफ चढ़ाया गया।

आज जो भिवानी और महेंद्रगढ़ के सूखे इलाकों में आपको लहलहाती हुई फसलें और हरियाली नज़र आती है, वो कोई कुदरत का करिश्मा नहीं है, बल्कि उस एक इंसान की ज़िद का नतीजा है जिसने रेगिस्तान में भी नदियां बहाने की कसम खा ली थी।

इन नहरों ने लाखों किसानों की सूखी आंखों में उम्मीद के नए फूल खिला दिए थे।

हाइवे के किनारे पक्षियों के नाम वाले टूरिस्ट रिसॉर्ट्स का जनक, वो आइडिया जिसने पूरे देश को हैरान कर दिया

चलिए विकास की बात चली है तो उनके दिमाग के सबसे क्रिएटिव और ‘आउट ऑफ द बॉक्स’ (Out of the box) आईडिया की भी चर्चा कर ही लेते हैं।

आप देश के किसी भी राज्य में जाइए, टूरिज्म (पर्यटन) के लिए उनके पास कोई न कोई प्राकृतिक या ऐतिहासिक चीज़ होती है।

राजस्थान के पास शानदार किले हैं, हिमाचल और उत्तराखंड के पास बर्फ से ढके पहाड़ हैं, गोवा के पास समंदर है और यूपी के पास ताजमहल! लेकिन हरियाणा के पास ऐसा क्या था जिसे देखने बाहर से लोग आते?

हरियाणा तो सिर्फ खेतों और किसानों का राज्य था। यहां टूरिज्म कैसे लाया जाए? बंसीलाल के दिमाग में एक धांसू आईडिया आया।

उन्होंने नक्शा उठाया और देखा की देश की राजधानी दिल्ली से निकलने वाले सारे बड़े और अहम नेशनल हाईवे (जैसे दिल्ली-आगरा, दिल्ली-चंडीगढ़, दिल्ली-जयपुर) हरियाणा से होकर गुज़रते हैं।

बस फिर क्या था! बंसीलाल ने इन्हीं नेशनल हाईवे के किनारे-किनारे सरकारी ज़मीनों पर शानदार ‘टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स’ और रिसॉर्ट्स बनवाने का आदेश दे दिया।

और सबसे मज़ेदार बात थी इन रिसॉर्ट्स के नाम। उन्होंने इन सभी जगहों के नाम पक्षियों (Birds) के नाम पर रखे। होडल में ‘डबचिक’ (Dabchick), समालखा में ‘ब्लू जे’ (Blue Jay), अंबाला में ‘किंगफ़िशर’ (Kingfisher) और फरीदाबाद में ‘मैगपाई’ (Magpie)।

ये आईडिया एकदम सुपरहिट साबित हुआ। जो भी अमीर टूरिस्ट या विदेशी गाड़ियों से दिल्ली से आगरा या चंडीगढ़ की लंबी यात्रा पर निकलता, वो थकान मिटाने और खाना खाने के लिए हरियाणा के इन्हीं शानदार रिसॉर्ट्स में रुकता।

वहां उन्हें वर्ल्ड क्लास सुविधाएं, लज़ीज़ खाना और खूबसूरत गॉर्डन मिलते थे। जिस राज्य में घूमने के लिए कोई पहाड़ या समंदर नहीं था, बंसीलाल ने अपनी उस ‘हाईवे टूरिज्म’ (Highway Tourism) की थ्योरी से उसे देश के सबसे ज़्यादा कमाई करने वाले टूरिस्ट डेस्टिनेशन्स में लाकर खड़ा कर दिया।

आज भी हरियाणा टूरिज्म का वो पक्षियों वाला लोगो (Logo) और ये रिसॉर्ट्स बंसीलाल के उसी दूरदर्शी विज़न की गवाही देते हैं।

फिर शुरू हुआ अहंकार का दौर और इमरजेंसी के ‘विलेन’ बनकर देश भर में मशहूर हो गए विकास पुरुष

लेकिन कहते हैं ना की जब इंसान सफलता की सबसे ऊंची चोटी पर पहुँच जाता है, तो अक्सर उसे ज़मीन पर चलने वाले लोग कीड़े-मकोड़े नज़र आने लगते हैं।

बंसीलाल की कहानी में भी यही वो मोड़ था जहां से ‘विकास के नायक’ का ‘अहंकारी विलेन’ बनने का सफर शुरू हुआ।

1975 आते-आते बंसीलाल का कद हरियाणा से निकलकर सीधे दिल्ली दरबार तक पहुँच गया था। वो दिल्ली की राजनीति में इस कदर हावी हो गए की उन्हें देश का रक्षा मंत्री (Defense Minister) बना दिया गया।

यह वो दौर था जब तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बेटे संजय गांधी सत्ता के असली पावर-सेंटर बन चुके थे। और बंसीलाल सीधे संजय गांधी की उस सबसे ताकतवर और खौफनाक ‘चौकड़ी’ का हिस्सा बन गए जिसके इशारे पर पूरा देश कांपता था (इस चौकड़ी में संजय गांधी, विद्याचरण शुक्ल, ओम मेहता और बंसीलाल शामिल थे)।

फिर आया 1975 का वो काला अध्याय, जिसे ‘आपातकाल’ (Emergency) कहा जाता है। 1975 से 1977 तक के उस दौर में बंसीलाल का वो अक्खड़पन और ज़िद सीधे तौर पर तानाशाही में बदल गई।

इमरजेंसी के दौरान संजय गांधी ने देश की बढ़ती आबादी को रोकने के लिए ‘नसबंदी’ (Sterilization) का जो क्रूर अभियान चलाया था, बंसीलाल उसके सबसे बड़े डिज़ाइनर और एग्जीक्यूटर बन गए थे।

पूरे हरियाणा और दिल्ली के आस-पास के इलाकों में पुलिस और प्रशासन को बाकायदा टारगेट दिए गए। गांवों में दहशत फैल गई। लोगों को बसों से उतार-उतार कर, खेतों से पकड़कर जबरन नसबंदी कैंपों में धकेला जाने लगा।

चाहे कोई कुंवारा हो, या किसी के पहले से बच्चे न हों, प्रशासन ने अपनी फाइलें और टारगेट पूरे करने के लिए किसी पर कोई रहम नहीं खाया। और ये सब किसकी नाक के नीचे हो रहा था? ये सब सीधे तौर पर चौधरी बंसीलाल के इशारों पर हो रहा था।

जो अफसर उनकी बात नहीं मानता, उसे रातों-रात सस्पेंड कर दिया जाता। जो विरोधी नेता या आम आदमी उनके खिलाफ आवाज़ उठाता, उसे मीसा (MISA – Maintenance of Internal Security Act) के कानून के तहत बिना कोई वजह बताए सीधे जेल की कालकोठरी में सड़ा दिया जाता।

उनका रवैया इतना निरंकुश हो गया था की वो अपने ही मंत्रियों और बड़े-बड़े अफसरों को सबके सामने बुरी तरह जलील कर दिया करते थे।

नतीजा क्या हुआ? जिस जनता ने बिजली और सड़कों के लिए बंसीलाल को पलकों पर बिठाया था, वही जनता अब उनके नाम से खौफ खाने लगी और नफरत करने लगी।

इमरजेंसी की इस क्रूरता और तानाशाही का घड़ा आखिरकार 1977 के लोकसभा चुनावों में फूटा। पूरे उत्तर भारत की तरह हरियाणा की जनता ने भी अपना भयंकर गुस्सा बैलेट पेपर पर निकाला।

इंदिरा गांधी की तरह ही बंसीलाल का भी वो राजनीतिक किला ताश के पत्तों की तरह ढह गया और जनता ने उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंका।

सत्ता वापसी की लालसा और शराबबंदी का वो आत्मघाती फैसला जिसने हरियाणा को तस्करों का गढ़ बना दिया

1977 की उस करारी हार के बाद बंसीलाल सालों तक राजनीति के हाशिए पर रहे। लेकिन सियासत का नशा ही कुछ ऐसा होता है की एक सच्चा खिलाड़ी कभी भी हार मानकर घर नहीं बैठता।

अंदर ही अंदर सत्ता में वापसी की वो लालसा धधक रही थी। 90 का दशक आते-आते उन्होंने कांग्रेस से अपनी राहें अलग कर लीं और 1991 में अपनी खुद की एक नई क्षेत्रीय पार्टी खड़ी कर दी, जिसका नाम रखा गया ‘हरियाणा विकास पार्टी’ (HVP)।

1996 के विधानसभा चुनाव हरियाणा के इतिहास के सबसे दिलचस्प चुनावों में से एक थे। बंसीलाल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ गठबंधन किया।

लेकिन उन्हें पता था की सिर्फ विकास के पुराने नारों पर अब चुनाव नहीं जीता जा सकता। उन्हें एक ऐसा ‘मास्टरस्ट्रोक’ चाहिए था जो सीधे तौर पर एक मुश्त वोट बैंक को उनकी झोली में डाल दे।

और यहीं उन्होंने चला अपना वो दांव, जो आगे चलकर उनका सबसे बड़ा आत्मघाती कदम साबित हुआ।

उन्होंने चुनाव प्रचार में हरियाणा की महिलाओं से वादा किया की “अगर मेरी सरकार बनी, तो मैं पूरे राज्य में पूर्ण शराबबंदी (Liquor Ban) लागू कर दूंगा।”

महिलाओं को लगा की उनके घरों में शराब से होने वाले कलेश और बर्बादी अब हमेशा के लिए खत्म हो जाएंगे। महिलाओं ने छप्पर फाड़कर बंसीलाल को वोट दिया।

सरकार बनी, और वादे के मुताबिक़ 1 जुलाई 1996 को पूरे हरियाणा में शराब की बिक्री और सेवन पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई।

शुरुआत में तो सबने तालियां पीटीं, लेकिन कुछ ही महीनों में इस फैसले ने पूरे राज्य के सिस्टम में ऐसा कैंसर फैला दिया, जिसकी कल्पना खुद बंसीलाल ने भी नहीं की थी।

यह फैसला हरियाणा के इतिहास का सबसे बड़ा डिज़ास्टर साबित हुआ। सबसे पहला झटका लगा राज्य के खजाने को।

उस समय हरियाणा सरकार को शराब से सालाना 1200 करोड़ रुपये से ज़्यादा का राजस्व (Revenue) मिलता था। रातों-रात वो खजाना सूख गया। राज्य की अर्थव्यवस्था चरमराने लगी और विकास के काम ठप्प पड़ गए।

लेकिन असली बर्बादी तो ग्राउंड ज़ीरो पर हो रही थी। शराबबंदी ने शराब पीने वालों को तो नहीं रोका, अलबत्ता पूरे हरियाणा के हर छोटे-बड़े गांव में ‘शराब माफिया’ और ‘तस्करों’ की एक पूरी की पूरी नई फौज पैदा कर दी।

जो युवा कल तक खेतों में काम करते थे या पढ़ाई करते थे, वो रातों-रात शराब के स्मगलर बन गए। दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के बॉर्डर से धड़ल्ले से शराब की तस्करी होने लगी।

हालत ये हो गई की गांवों में दूध और पानी की बोतलों में भरकर शराब की होम-डिलीवरी की जाने लगी।

पुलिस और इन तस्करों के बीच एक ऐसा मजबूत नेक्सस बन गया जिसने पूरे सिस्टम को भीतर तक सड़ा दिया। वो फैसला जो महिलाओं के भले के लिए लिया गया था, उसी ने हरियाणा के युवाओं को क्रिमिनल बना दिया।

जिद्दी स्वभाव और उसी सनक ने डुबो दी लुटिया, कैसे ताश के पत्तों की तरह ढह गया बंसीलाल का किला

हरियाणा में क्राइम का ग्राफ़ आसमान छूने लगा था। जो खजाना कभी भरा रहता था, वो इतना खाली हो गया की सरकार के पास कर्मचारियों को सैलरी देने तक के लाले पड़ गए।

सड़कों पर जनता का गुस्सा उबलने लगा। सहयोगी दल भारतीय जनता पार्टी (BJP) को भी समझ आ गया की शराबबंदी के इस फैसले से उनका भी वोट बैंक खिसक रहा है।

बीजेपी के नेताओं ने और खुद बंसीलाल की पार्टी के विधायकों ने उनसे मिन्नतें कीं कि चौधरी साहब, ज़िद छोड़िए और इस शराबबंदी को वापस ले लीजिए, वर्ना हम सब डूब जाएंगे”

लेकिन बंसीलाल ने साफ कह दिया की “जो फैसला मैंने एक बार ले लिया, वो पत्थर की लकीर है।”

उन्होंने अपने ही सहयोगी मंत्रियों और नेताओं की भरी मीटिंग में बेइज्जती करनी शुरू कर दी।

आख़िरकार जब हालात बिल्कुल बेकाबू हो गए, राज्य का दिवाला निकलने की नौबत आ गई और सरकार गिरने का डर सताने लगा, तो मजबूरन उन्हें घुटने टेकने पड़े।

1 अप्रैल 1998 को, लगभग 21 महीनों के इस फ्लॉप शो के बाद, बंसीलाल ने खुद ही शराबबंदी का फैसला वापस ले लिया।

शराबबंदी का यू-टर्न लेने तक बंसीलाल का वो अजेय ‘किला’ और ‘विकास पुरुष’ वाली छवि पूरी तरह से चकनाचूर हो चुकी थी। जनता का भरोसा टूट चुका था।

उनके इस ढुलमुल और ज़िद्दी रवैये को देखते हुए आख़िरकार बीजेपी ने भी 1999 में अपना समर्थन वापस ले लिया।

उसके बाद 2000 के विधानसभा चुनाव में तो उनकी पार्टी सिर्फ दो सीटों पर सिमट कर रह गई। वो उनका आखिरी चुनाव था, जिसके बाद वो सक्रिय राजनीति से लगभग ओझल हो गए।

मार्च 2006 में 78 वर्ष की उम्र में जब बंसीलाल ने दुनिया को अलविदा कहा, तो अपने पीछे वो एक ऐसी राजनीतिक विरासत छोड़ गए जिसे मापना किसी भी इतिहासकार के लिए बहुत मुश्किल काम है।

Scroll to Top