हाथी सुस्त और साइकिल की राह में लग गया रोड़ा, यूपी चुनाव 2027 के लिए चंद्रशेखर आज़ाद और ओवैसी ने मिलाया हाथ, क्या दोनों साथ मिलकर करेंगे अखिलेश के PDA फॉर्मूला का बंटाधार

उत्तर प्रदेश वो राज्य है जहाँ कोई किसी का परमानेंट दोस्त या दुश्मन नहीं होता। यहाँ कब दो धुर विरोधी मंच पर आकर एक-दूसरे के गले लग जाएं और कब 20 साल पुराने साथी एक-दूसरे की पीठ में छुरा घोंप दें, कोई नहीं बता सकता।

2027 के विधानसभा चुनावों में अभी वक़्त है, लेकिन लखनऊ की गलियों में अभी से एक नई सियासी खिचड़ी पकनी शुरू हो गई है।

तारीख 12 नवंबर 2026 और जगह लखनऊ के गोमतीनगर का एक होटल। आज दोपहर यहाँ कुछ ऐसा हुआ जिसने अचानक से पूरे यूपी की राजनीति का नैरेटिव ही पलट कर रख दिया है।

एक तरफ शेरवानी पहने असदुद्दीन ओवैसी (AIMIM) और दूसरी तरफ नीला साफा बांधे चंद्रशेखर आज़ाद (आज़ाद समाज पार्टी – कांशीराम)।

दोनों नेताओं ने एक साथ मीडिया के सामने हाथ मिलाकर अपनी नई दोस्ती का ऐलान कर दिया।

2027 के चुनाव से ठीक पहले इन दोनों का साथ आना यूपी की बिसात पर चला गया वो प्यादा है जो हाथी और साइकिल दोनों की राह में बहुत बड़ा रोड़ा बनने वाला है।

लखनऊ की प्रेस कॉन्फ्रेंस से निकला ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ का जिन्न

जब ओवैसी और चंद्रशेखर आज़ाद माइक के सामने बैठे, तो पत्रकारों को लग रहा था की शायद ये 10-20 सीटों के किसी तालमेल की बात करेंगे।

लेकिन इन दोनों ने नई नवेली दोस्ती का ऐलान कर दिया और इस दोस्ती का बाकायदा एक नाम दिया गया है- ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ (Samajik Parivartan Morcha – SPM)।

जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों ने इस गठबंधन को यूपी का ‘तीसरा मोर्चा’ (Third Front) कहना शुरू किया, तो चंद्रशेखर ने कहा, “लोग और मीडिया वाले इसे थर्ड फ्रंट कह रहे हैं, लेकिन अगर आप गहराई से समझेंगे तो यह ‘फर्स्ट फ्रंट’ (पहला मोर्चा) है जो सच में शोषितों, वंचितों और ज़मीन से जुड़े लोगों की आवाज़ बनेगा।”

ओवैसी और आज़ाद ने बताया की उनका यह सामाजिक परिवर्तन मोर्चा यूपी की पूरी की पूरी 403 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा।

ओवैसी का सियासी सरप्राइज़ और चंद्रशेखर आज़ाद को बना दिया मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार

असदुद्दीन ओवैसी ने यहाँ एक सियासी सरप्राइज़ फेंका है।

ओवैसी ने सीधा ऐलान कर दिया है की “हमारे छोटे भाई चंद्रशेखर आज़ाद ही 2027 में इस गठबंधन की तरफ से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार (CM Face) होंगे।”

ज़रा इस दांव की गहराई को समझिए! ओवैसी बहुत अच्छी तरह जानते हैं की यूपी में अगर सिर्फ ‘मुस्लिम पार्टी’ का टैग लेकर घूमेंगे तो ध्रुवीकरण का सीधा फायदा दूसरे राजनीतिक दलों को होगा।

इसलिए उन्होंने आज़ाद को सीएम फेस बनाकर साबित करने की कोशिश की है कि उनकी पार्टी दलित लीडरशिप को खुले दिल से स्वीकार करने को तैयार है।

इस नए मोर्चे ने अपनी ताक़त, भीड़ और असली जनाधार दिखाने के लिए अभी से कमर कस ली है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही ऐलान कर दिया गया है की आने वाली 26 नवंबर 2026 को यह ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ यूपी में एक बहुत बड़ी रैली करेगा।

यह रैली मायावती और अखिलेश यादव दोनों के लिए एक खुली ललकार होगी की “हम मैदान में आ चुके हैं, अब अपनी ज़मीन बचा सको तो बचा लो।”

41 फीसदी आबादी वाला वो दलित-मुस्लिम समीकरण जो खड़ी करेगा दूसरे राजनीतिक दलों के लिए मुश्किलें

आख़िर ये दोनों नेता इतने कॉन्फिडेंस में क्यों हैं? इसके पीछे का नंबर गेम क्या है? देखिए, यूपी का जातीय समीकरण बहुत ही उलझा हुआ लेकिन बहुत ही दिलचस्प है।

पूरे उत्तर प्रदेश में लगभग 20 प्रतिशत मुस्लिम आबादी है और करीब 21 प्रतिशत के आसपास दलित वोटर हैं। अगर आप इन दोनों को एक तराज़ू में रख दें, तो यह सीधा-सीधा 41 फीसदी का एक बहुत बड़ा वोट-बैंक बन जाता है।

यूपी की राजनीति का एक अलिखित नियम है- अगर कोई भी पार्टी या गठबंधन चुनाव में 30 से 35 प्रतिशत वोट अपनी तरफ खींचने में कामयाब हो जाए, तो लखनऊ की गद्दी उसकी हो सकती है, क्योंकि यहाँ बहुमत का आंकड़ा 202 सीटों का है।

ओवैसी और चंद्रशेखर की गिद्ध जैसी नज़र इसी 40-41 फीसदी वाले वोट-बैंक पर है। आज़ादी के बाद से आज तक अलग-अलग पार्टियों ने इन दोनों वर्गों को लुभाने के लिए बहुत कुछ किया है, लेकिन सत्ता की असली मलाई हमेशा किसी और ने ही काटी है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दोनों नेताओं ने बार-बार यही कहा की उनका इकलौता मक़सद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को तीसरी बार यूपी की सत्ता में आने से रोकना है।

सुनने में यह बात बहुत ही आदर्शवादी लगती है। लेकिन सियासत की एबीसीडी जानने वाला कोई भी अनाड़ी आपको बता देगा की इस दलित-मुस्लिम कॉकटेल से बीजेपी का उतना नुकसान नहीं होने वाला है, जितना किसी ‘और’ का होने वाला है।

टारगेट पर भले ही बीजेपी का नाम लिखा हो, लेकिन असली चोट उस जगह लगने वाली है जहाँ समाजवादी पार्टी (सपा) का पूरा महल खड़ा है।

अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले की निकल गई हवा और समाजवादी खेमे में पसरा सन्नाटा

सच पूछिए तो इस नए गठबंधन की ख़बर सुनकर अगर इस वक़्त किसी का बीपी सबसे ज़्यादा हाई हुआ होगा, तो वो यकीनन अखिलेश यादव ही होंगे।

समाजवादी पार्टी पिछले कुछ सालों से जिस एक शब्द के सहारे यूपी में अपनी साइकिल दौड़ाने का सपना देख रही है, वो है ‘PDA’ (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक)।

अखिलेश भइया को लग रहा था की दलित और अल्पसंख्यक (मुस्लिम) तो उनके पॉकेट का वोट है, कहीं जाएगा ही नहीं। लेकिन लखनऊ की इस प्रेस कांफ्रेंस में ओवैसी और आज़ाद ने जो चाय पी है, उसने सपा के इस ‘पीडीए’ वाले गुब्बारे में बहुत बड़ी पिन चुभा दी है।

ज़रा सोचिए, अगर यूपी का मुस्लिम वोटर ओवैसी की पतंग उड़ाने लग जाए और दलित वोटर चंद्रशेखर की केतली में चाय पीने लगे, तो अखिलेश की साइकिल का क्या होगा?

बिना चैन और पैडल की साइकिल भला कोई कैसे चलाएगा! समाजवादी खेमे में सन्नाटा ऐसे ही नहीं पसरा है।

और जले पर नमक छिड़कने का काम तो चंद्रशेखर आज़ाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ही कर दिया। जब उनसे सपा और कांग्रेस (इंडिया गठबंधन) के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने तंज कसा।

आज़ाद ने बिना नाम लिए कहा, “अगर कोई अहंकार में डूबा है तो डूबा रहे भाई, लेकिन अगर सपा और कांग्रेस सच में बीजेपी को रोकना चाहते हैं, तो वो हमारे ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ में शामिल हो सकते हैं।”

मतलब समझ रहे हैं आप? जिस अखिलेश यादव के पीछे कल तक ये लोग चलने की सोचते थे, आज आज़ाद उन्हें खुद का जूनियर बनकर अपने पीछे चलने का ‘खुला ऑफर’ दे रहे हैं!

यह सियासत का वो बाउंसर है जिस पर सपा के नेता डक (Duck) करने के अलावा कुछ नहीं कर पा रहे।

यही वजह है की इस सुगबुगाहट के बीच समाजवादी पार्टी में हड़कंप मच गया। आपको क्या लगता है की शिवपाल यादव अचानक आज़म खान से मिलने ग़ाज़ियाबाद की डासना जेल यूं ही पहुँच गए थे? बिल्कुल नहीं बॉस!

यह प्योर ‘डैमेज कंट्रोल’ था। सपा को डर सता रहा है की आज़म खान की नाराज़गी और ओवैसी की एंट्री कहीं यूपी के मुस्लिमों को सपा से छिटका ना दे।

इसलिए जेल के चक्कर लगाकर मुस्लिम वोटरों को जोड़ने की जुगाड़ भिड़ाई जा रही है।

सुस्त पड़ा हाथी और मायावती की खामोशी के बीच कांशीराम की विरासत पर आज़ाद का कब्ज़ा

एक तरफ साइकिल पंक्चर होने की कगार पर है, तो दूसरी तरफ बहुजन समाज पार्टी (BSP) का हाथी बिल्कुल सुस्त पड़ा है।

यूपी की सियासत में एक वक़्त ऐसा था जब मायावती के एक इशारे पर सत्ता पलट जाती थी। लेकिन आज बहनजी की खामोशी ने उनके पूरे काडर को कन्फ्यूज़ कर रखा है।

बीएसपी का ग्राफ लगातार गिर रहा है और इसी खामोशी के बीच जो खाली राजनीतिक स्पेस बचा है, चंद्रशेखर आज़ाद उसे बहुत ही चतुराई से हाईजैक करने में लगे हैं।

चंद्रशेखर कोई हवा में तीर नहीं चला रहे। हाल ही में नगीना लोकसभा सीट पर उन्होंने जिस तरह से अकेले दम पर एकतरफ़ा जीत दर्ज़ की, उसने उन्हें दलित युवाओं का नया पोस्टर बॉय बना दिया है।

आज़ाद बहुत अच्छे से जानते हैं की बीएसपी का कोर वोटर अब एक नया और तेज़-तर्रार विकल्प ढूंढ रहा है।

ज़रा उनकी पार्टी के नाम पर ग़ौर कीजिए- ‘आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम)’। उन्होंने बहुत ही सोच-समझकर अपने बैनर में मान्यवर कांशीराम का नाम जोड़ा है।

मायावती भले ही उन्हें अपना राजनीतिक वारिस न मानें, लेकिन चंद्रशेखर ने खुद को कांशीराम की असली विरासत का हक़दार घोषित कर दिया है।

वोट कटवाने का ठप्पा या 2027 का असली गेम चेंजर, चुनाव आने तक साफ़ हो जाएगी यूपी की पूरी पिक्चर

अब सवाल यह उठता है की क्या सच में यह ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ यूपी में सत्ता की कुर्सी तक पहुँच पाएगा? या फिर हमेशा की तरह बड़े दल इन पर ‘वोट कटवा’ होने का ठप्पा लगा देंगे?

देखिए, राजनीति का कोई भी सधा हुआ पंडित आपको बता देगा की 403 सीटों पर चुनाव लड़ना कोई बच्चों का खेल नहीं है।

इसके लिए अथाह पैसा, ज़मीनी काडर और बूथ मैनेजमेंट चाहिए होता है। जैसे-जैसे 2027 का चुनाव करीब आएगा, सपा और कांग्रेस का पूरा इकोसिस्टम इन दोनों नेताओं को ‘बीजेपी की बी-टीम’ साबित करने में अपनी पूरी ताक़त झोंक देगा।

वो चिल्ला-चिल्ला कर कहेंगे की ये दोनों सिर्फ एंटी-बीजेपी वोटों का बंटवारा करने आए हैं ताकि बीजेपी की राह आसान हो सके।

यूपी ने पिछले दो दशकों में राजनीति के बड़े गज़ब प्रयोग देखे हैं। कभी सपा-बसपा का ‘बुआ-बबुआ’ वाला गठबंधन हुआ, तो कभी ‘यूपी के लड़के’ (अखिलेश-राहुल) साथ आए।

कभी ‘हाथी और साइकिल’ ने मिलकर साथ चलने की कसम खाई, लेकिन सारे के सारे फॉर्मूले फ्लॉप हो गए।

अब 2027 के चुनाव में ‘जय भीम और जय मीम’ का यह नया मिश्रण क्या कमाल दिखायेगा, ये देखना दिलचस्प होगा।

Scroll to Top