एक बहुत पुरानी कहावत है की जब घर के लोग आपकी बात सुनना बंद कर दें, तो इंसान गली-मोहल्ले वालों के सामने जाकर अपना दुखड़ा रोता है।
लेकिन हमारी देश की सबसे पुरानी पार्टी का मामला थोड़ा अलग है। मोहल्ले वाले यानी अपने देश के वोटर तो इनकी सुन नहीं रहे, उनकी तरफ से तो बार-बार ‘नो एंट्री’ का बोर्ड लटक जाता है। तो अब इन्होंने एक नया जुगाड़ निकाला है।
अब ये अपनी रैलियों और कार्यक्रमों में ताली बजवाने के लिए सीधे समंदर पार से ‘चीयरलीडर्स’ आयात करने लगे हैं।
सच कहूं तो मोदी विरोध में अंधी हो चुकी कांग्रेस अब इस हद तक गिर गई है की भारत की धरती पर विदेशियों को बुलाकर, वीआईपी ट्रीटमेंट देकर, अपने ही देश के सिस्टम और लोकतंत्र को गालियां दिलवा रही है।
ज़रा सोचिए, क्या ये अपने आप में किसी भद्दे मज़ाक से कम है की जिस विदेशी नेता को उसके अपने घर यानी इटली में कोई ढंग से सीरियसली नहीं ले रहा, उसे कांग्रेस भारत के 97 करोड़ वोटरों वाले विशाल लोकतंत्र का ‘सुप्रीम ऑडिटर’ बनाकर पेश कर रही है?
जब नेता को अपने ही देश के जनादेश पर भरोसा नहीं रहता, तो वो विदेशी सर्टिफिकेट के लिए किस तरह छटपटाता है, ये उसका सबसे ताज़ा और जीता-जागता सुबूत है।
“VOTE Chor.. GADDI Chhod.
VOTE Thief.. LEAVE your seat ”
– Party of European Socialists Secretary General, Giacomo Filibeck at Bharat Summit. pic.twitter.com/UUjSnrLmtN
— Gulte (@GulteOfficial) November 14, 2026
नाम ‘भारत समिट’ और काम विदेशी प्रोपेगेंडा, हैदराबाद के मंच से इटली के नेता ने उड़ाया देश के जनादेश का मज़ाक
अब बात करते हैं उस ड्रामे की जो अभी हाल ही में रचा गया। तारीख थी 13 और 14 नवंबर 2026, और जगह थी हैदराबाद।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी की कांग्रेस सरकार ने बहुत धूम-धाम से ‘भारत समिट 2026’ (Bharat Summit 2026) नाम का एक भारी-भरकम कार्यक्रम आयोजित किया।
नाम तो ऐसा रखा जैसे इसमें देश की तरक्की का कोई बहुत बड़ा ब्लूप्रिंट तैयार होने वाला हो। इस कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण थे विपक्ष के नेता राहुल गांधी।
उन्होंने दुनिया भर के तमाम सोशलिस्ट और वामपंथी नेताओं को इस समिट में बुला रखा था।
खैर, समिट चल रहा था, और तभी मंच पर एक ऐसे मेहमान की एंट्री होती है जिसका भारत की राजनीति से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं।
ये थे इटली की ‘पार्टी ऑफ यूरोपियन सोशलिस्ट्स’ (PES) के महासचिव जाकोमो फिलिबेक (Giacomo Filibeck)।
इन्हें माइक थमाया जाता है, और फिर जो होता है वो किसी भी स्वाभिमानी हिंदुस्तानी का माथा ठनकने के लिए काफी है।
ये इतालवी मेहमान मंच से बकायदा हिंदी में नारा लगाते हैं- “वोट चोर, गद्दी छोड़!” और फिर अपना ज्ञान बघारते हुए कहते हैं की भारत का लोकतंत्र खतरे में है, चुनाव सही से नहीं हो रहे हैं।
फिर उसने मतदाता सूची (Electoral Rolls) में कथित गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग (EC) और भाजपा के खिलाफ राहुल गांधी द्वारा चलाए जा रहे अभियान का समर्थन भी किया, और कहा की भारत के सभी संस्थानों पर कब्जा किया जा रहा है।
और फिर अंतरराष्ट्रीय मंचों से यह आह्वान किया की भारत में लोकतंत्र बचाने का सबसे अच्छा तरीका राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के साथ खड़े होना है।
अब ज़रा इस सीन को समझिये । आपके देश में आकर, आपके देश का अन्न खाकर, एक विदेशी आदमी आपके देश के प्रधानमंत्री का अपमान कर रहा है।
वो भारत के उस चुनाव आयोग (Election Commission) पर कीचड़ उछाल रहा है जिसने पूरी दुनिया में सबसे निष्पक्ष और विशाल चुनाव कराने का रिकॉर्ड बनाया है।
और सबसे बड़ी बात, वो उन 97 करोड़ वोटरों के जनादेश (Mandate) का सरेआम मज़ाक उड़ा रहा है, जिन्होंने वोट देकर सरकार चुनी है।
लेकिन इस पूरी घटना का सबसे शर्मनाक हिस्सा जाकोमो फिलिबेक का बोलना नहीं था। सबसे दर्दनाक हिस्सा ये था की जब वो विदेशी नेता हमारे देश की संप्रभुता (Sovereignty) की सरेआम धज्जियां उड़ा रहा था, तब वहीं मंच पर बैठे विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उसे एक बार भी नहीं टोका।
उन्होंने खड़े होकर ये नहीं कहा की “मिस्टर जाकोमो, ये हमारे देश का आंतरिक मामला है, आप अपनी हद में रहें।”
उल्टे राहुल गांधी बैठे-बैठे उस विदेशी नेता के इस भारत-विरोधी नारे पर मेज़ थपथपा रहे थे, तालियां पीट रहे थे! मतलब आपका मोदी विरोध इतना बड़ा हो गया यार की आप देश के गौरव को भी ताक पर रख दोगे?

टूरिस्ट वीज़ा पर आकर देश के आंतरिक मामलों में दखल, विदेशी नेता को मंच थमाकर उड़ा दी गई कूटनीतिक मर्यादाओं की धज्जियां
वैसे, इस पूरे तमाशे में कूटनीति और कानून की जो धज्जियां उड़ाई गई हैं, वो भी कोई छोटी-मोटी बात नहीं है। आप किसी भी देश में जाते हैं तो वहां के वीज़ा नियमों का पालन करना होता है।
भारत का कानून कहता है की कोई भी विदेशी नागरिक यहाँ आकर किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधि, चुनाव प्रचार या घरेलू राजनीति में दखल अंदाज़ी नहीं कर सकता।
जाकोमो फिलिबेक भारत में ई-वीज़ा (कॉन्फ्रेंस वीज़ा) लेकर आए थे। ये वीज़ा आपको किसी सेमिनार में बैठकर ज्ञान सुनने या चाय-समोसा खाने के लिए मिलता है, न कि किसी देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ राजनीतिक मंच से नारेबाज़ी करने के लिए!
ये सीधे तौर पर वीज़ा नियमों का उल्लंघन था।
इस गैर-कानूनी और शर्मनाक हरकत के खिलाफ तेलंगाना बीजेपी ने तुरंत एक्शन लिया।
तेलंगाना बीजेपी के कद्दावर नेता एन. रामचंदर राव ने शमशाबाद के ‘फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस’ (FRRO) में बाकायदा एक आधिकारिक शिकायत दर्ज़ करा दी है।
उन्होंने साफ मांग की है की इस इतालवी नेता का वीज़ा तुरंत रद्द किया जाए और इसे ब्लैकलिस्ट करके वापस इसके देश डिपोर्ट किया जाए।
और इस मामले का एक और एंगल देखिए जो सीधा आम आदमी की जेब से जुड़ा है। ये जो इतना बड़ा तामझाम और ‘भारत समिट’ हुआ, इसका बिल किसने भरा? तेलंगाना के आम टैक्सपेयर ने!
राज्य सरकार के खजाने का पैसा खर्च करके आपने विदेशियों को चार्टर्ड फ्लाइट्स और फाइव-स्टार होटलों में ठहराया, ताकि वो आकर आपके देश के सिस्टम को ही गालियां दे सकें।
जनता की गाढ़ी कमाई को इस तरह के एंटी-इंडिया प्रोपेगेंडा के लिए फूंक देना, ये सिर्फ और सिर्फ इसी ईकोसिस्टम के बस की बात है।

इटली से ही आ गई बेज़्ज़ती की पर्ची, जॉर्जिया मेलोनी की पार्टी ने ही अपने नेता को सिखा दिया भारत के लोकतंत्र का पाठ
अब इस पूरे ड्रामे का सबसे मज़ेदार और दिलचस्प हिस्सा सुनिए। कांग्रेस और राहुल गांधी भले ही इस इतालवी मेहमान को सिर-आंखों पर बिठा रहे हों, लेकिन खुद जाकोमो फिलिबेक के अपने देश में उनकी भयंकर फजीहत हो गई है।
इसे कहते हैं, घर का जोगी जोगड़ा और आन गांव का सिद्ध!
जिस जाकोमो को हैदराबाद के मंच पर लोकतंत्र का मसीहा बनाकर पेश किया जा रहा था, उसे खुद इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी (Giorgia Meloni) की करीबी और बड़ी नेता डेबोरा बर्गामिनी (Deborah Bergamini) ने सरेआम झाड़ लगा दी है।
डेबोरा ने जो बयान दिया, वो असल में सिर्फ जाकोमो के लिए नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी को एक बहुत बड़ा कूटनीतिक जवाब था।
डेबोरा ने बिल्कुल दो टूक शब्दों में कहा की “भारत में 97 करोड़ से ज्यादा वोटर हैं। यूरोप के किसी भी व्यक्ति को भारत को लोकतंत्र पर ज्ञान देने की कोई ज़रूरत नहीं है। यह भारत का अपना पूर्णतः घरेलू मामला है और इटली इसका पूरा सम्मान करता है।”
अब आप क्रोनोलॉजी को समझिए। कितनी शर्म की बात है! इटली की सत्ताधारी पार्टी खुद कह रही है की हमारे नेता ने बदतमीज़ी की है, उसे भारत के आंतरिक मामलों में नाक नहीं घुसानी चाहिए थी…
लेकिन हमारी अपनी भारत की सबसे पुरानी पार्टी, उसी विदेशी नेता की बदतमीज़ी पर मंच पर बैठकर मेज़ थपथपा रही थी और खुशी से गदगद हो रही थी!
मतलब आपको अपने देश को गरियाने के लिए कोई विदेशी मिल जाए, तो आप भूल जाते हैं की आप किस मुल्क की मिट्टी पर बैठे हैं।

विदेशी वैलिडेशन की वो पुरानी कांग्रेसी प्यास, क्या अब यूरोप के सोशलिस्ट तय करेंगे भारत की राजनीतिक दिशा
सच कहूं तो कांग्रेस की इस हरकत पर कोई बहुत ज्यादा हैरानी नहीं हुई। ये इनकी बहुत पुरानी और लाइलाज बीमारी है।
इन्हें हर बात के लिए एक ‘विदेशी सर्टिफिकेट’ (Foreign Validation) चाहिए होता है। जैसे स्कूल में बच्चे अपनी होमवर्क कॉपी पर टीचर का साइन चाहते हैं, वैसे ही इन्हें लगता है की जब तक कोई गोरा आदमी आकर इनके विज़न पर ठप्पा नहीं लगाएगा, तब तक बात नहीं बनेगी।
पहले क्या होता था? पहले राहुल गांधी खुद लंदन, अमेरिका या यूरोप की यूनिवर्सिटियों में जाते थे। वहां जाकर सूट-बूट पहने कुछ विदेशी पत्रकारों और प्रोफेसरों के सामने बैठकर भारत को कोसते थे, कहते थे की “भारत में तो सब खत्म हो गया है, लोकतंत्र मर गया है।”
लेकिन जब वहां से बात नहीं बनी और भारत की जनता ने इनके उस ‘फॉरेन टूर’ वाले विलाप को घास नहीं डाली, तो अब ये नया टूलकिट ले आए हैं। अब ये खुद बाहर नहीं जाते, बल्कि विदेशियों को भारत बुलाकर उनसे देश को कोसने का काम करवा रहे हैं।
बीजेपी के कद्दावर नेताओं ने इस बार इनकी सही नस पकड़ी है। अमित शाह ने सीधे तौर पर राहुल गांधी को आईना दिखाते हुए कहा की “अंतरराष्ट्रीय मंचों पर और विदेशियों के साथ मिलकर भारत को बदनाम करने से आपको सत्ता नहीं मिलने वाली।”
वहीं बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने तो एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफ कह दिया की राहुल गांधी अब भारत के ‘मीर जाफ़र’ बन चुके हैं, जो जॉर्ज सोरोस (George Soros) जैसे भारत-विरोधी फाइनेंसरों और अर्बन-नक्सलों के साथ मिलकर देश को अस्थिर करना चाहते हैं।
और ये सवाल तो बनता ही है ना भाई! अगर आपको सच में लगता है की भारत के चुनाव में गड़बड़ी हुई है, तो आपके पास सुप्रीम कोर्ट है। आपके पास देश का चुनाव आयोग (EC) है।
आप वहां जाइए, धरने पर बैठिए, सबूत पेश कीजिए। लेकिन नहीं, वहां तो सबूत देने पड़ेंगे! इसलिए सबसे आसान तरीका ये है की इटली से एक ‘सोशलिस्ट’ को पकड़ लाओ और उससे कहलवा दो कि भारत का चुनाव गलत था।
क्या अब इटली के सोशलिस्ट और यूरोप के लेफ्टिस्ट बैठकर तय करेंगे की भारत का चुनाव सही था या गलत?
दिल्ली की गद्दी का रास्ता रोम या यूरोप से होकर नहीं जाता, विदेशी टूलकिट के सहारे चुनावी वैतरणी पार करने का भ्रम
आख़िर में, कांग्रेस के रणनीतिकारों को एक बहुत छोटी सी लेकिन गहरी बात समझ लेनी चाहिए। क्या राहुल गांधी और उनकी पीआर टीम को सच में लगता है की हैदराबाद के मंच पर इटली के किसी नेता से “गद्दी छोड़” का नारा लगवाने से उन्हें यूपी, बिहार, राजस्थान या महाराष्ट्र का आम वोटर वोट दे देगा?
भारत का आदमी बहुत सख्त मिट्टी का बना है। हम घर के अंदर भले ही एक-दूसरे से लड़ लें। हम बीजेपी, कांग्रेस, सपा या आरजेडी के पक्के समर्थक या कट्टर विरोधी हो सकते हैं।
हम महंगाई और बेरोज़गारी पर अपनी ही सरकार को गालियां दे सकते हैं। लेकिन! जब बात देश के बाहर की आती है, या जब कोई विदेशी आदमी आकर हमारे सिस्टम, हमारे देश और हमारे जनादेश पर उंगली उठाता है, तो पूरा हिंदुस्तान एक हो जाता है।
तब वो बीजेपी या कांग्रेस का वोटर नहीं रहता, वो सिर्फ एक हिंदुस्तानी बन जाता है, जिसे किसी भी विदेशी का अक्खड़पन बर्दाश्त नहीं है।
कांग्रेस को ये समझना होगा की दिल्ली की गद्दी का रास्ता हिंदुस्तान के गांवों, कस्बों और पगडंडियों से होकर गुज़रता है। ये रास्ता रोम, लंदन या न्यूयॉर्क से होकर बिल्कुल नहीं जाता।
अगर आपको भारत पर राज करना है, तो आपको भारत के लोगों का दिल जीतना पड़ेगा। उनके बीच रहकर उनका भरोसा जीतना पड़ेगा।
विदेशी टूलकिट और यूरोप के सोशलिस्टों के सहारे चुनावी वैतरणी पार करने का ये भ्रम जितना जल्दी टूट जाए, उतना ही कांग्रेस और देश के विपक्ष के लिए बेहतर होगा।
क्योंकि भारत अब वो देश नहीं रहा जो किसी विदेशी के सर्टिफिकेट का मोहताज हो!
