पंजाब की सियासत के वो पितामह जिन्होंने खालिस्तानी मूवमेंट के काले दौर के बाद हिंदू-सिख भाईचारे को जोड़ा वापस, पंजाब में सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले जननायक ‘प्रकाश सिंह बादल’

पंजाब की सियासत की बात हो और प्रकाश सिंह बादल का ज़िक्र न आए, ऐसा तो मुमकिन ही नहीं है।

बादल साहब पंजाब की राजनीति के वो विशाल बरगद थे, जिसकी जड़ों ने दशकों तक सूबे के हर एक वर्ग को जोड़ कर रखा।

आप किसी भी पंजाबी से पूछेंगे, चाहे वो उनका समर्थक हो या घोर विरोधी, एक बात हर कोई मानेगा की प्रकाश सिंह बादल जैसा ज़मीनी जुड़ाव और सियासी समझ पंजाब में किसी और नेता के पास नहीं थी।

उन्होंने अपना सियासी महल एक-एक ईंट जोड़कर खुद बनाया था।

आज हम पंजाब की सियासत के इस ‘पितामह’ की उस पूरी किताब के पन्ने पलटेंगे, जिसमें उनके सुनहरे संघर्षों के साथ-साथ उनके माथे पर लगे कुछ ऐसे गहरे दाग भी दर्ज़ हैं, जिन्हें पंजाब आज तक भुला नहीं पाया है।

सरपंच से लेकर पांच बार मुख्यमंत्री बनने का वो बेमिसाल सफर जिसने पंजाब की सियासत का भूगोल बदल कर रख दिया

ज़रा सोचिए, एक इंसान अपनी ज़िंदगी में कितने साल राजनीति कर सकता है? 20 साल, 30 साल या 40 साल? प्रकाश सिंह बादल ने पूरे 75 साल तक एक्टिव राजनीति की!

8 दिसंबर 1927 को पंजाब के मलोट इलाके के एक छोटे से गांव ‘अबुल खुराना’ में जन्मे प्रकाश सिंह बादल की शुरुआत बिल्कुल मिट्टी से हुई थी।

1947… जिस साल हमारा देश आज़ाद हो रहा था और बंटवारे की आग में जल रहा था, उसी साल महज़ 20 साल की उम्र में इस नौजवान ने अपने गांव बादल (बाद में यही गांव उनके नाम की पहचान बन गया) का सरपंच बनकर सियासत में पहला कदम रखा था।

सरपंच से ब्लॉक समिति और फिर 1957 में पहली बार विधायक बनने का सफर।

बादल साहब के नाम सियासत के ऐसे-ऐसे अनोखे रिकॉर्ड दर्ज़ हैं, जो शायद ही कभी टूटें। 1970 में जब पंजाब में सियासी उथल-पुथल चल रही थी, तब महज़ 43 साल की उम्र में उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

वो उस वक्त देश के सबसे युवा (Youngest) मुख्यमंत्री थे। और कमाल की बात देखिए, 2012 में जब उन्होंने अपनी आखिरी सरकार बनाई, तब वो 84 साल के थे- यानी देश के सबसे उम्रदराज़ (Oldest) मुख्यमंत्री!

जवानी से लेकर बुढ़ापे तक, लगातार पांच बार पंजाब की कमान संभालना साबित करता है की पंजाब के गांव-देहात की नब्ज़ पर उनकी कितनी गहरी पकड़ थी।

जब पंजाब जल रहा था तब बादल ने उठाया हिंदू-सिख भाईचारे का झंडा और खालिस्तानी सोच को दी सबसे बड़ी मात

ये पंजाब का सबसे काला दौर था। 80 और 90 का दशक… पंजाब आतंकवाद और खालिस्तानी मूवमेंट की आग में धू-धू कर जल रहा था।

रोज़ गोलियां चलती थीं। जो हिंदू और सिख सदियों से एक ही थाली में खाना खाते थे, एक ही गुरुद्वारे में मत्था टेकते थे, उनके बीच नफरत की एक बहुत गहरी खाई खोदी जा रही थी।

कट्टरपंथी ताकतें पूरी कोशिश में थीं की किसी तरह पंजाब से हिंदुओं को भगा दिया जाए और सिखों को भारत सरकार के खिलाफ खड़ा कर दिया जाए।

जब गोलियों की गूंज शांत हुई, तो दिलों में जो दरारें पड़ गई थीं, उन्हें भरने का सबसे ऐतिहासिक काम प्रकाश सिंह बादल ने किया।

1996 में मोगा में शिरोमणि अकाली दल का एक बहुत बड़ा अधिवेशन हुआ। यहां बादल साहब ने एक ऐसा मास्टरस्ट्रोक खेला जिसने पंजाब की सियासत हमेशा के लिए बदल दी।

अकाली दल, जो हमेशा से एक कट्टर ‘पंथक’ (सिर्फ सिखों की नुमाइंदगी करने वाली) पार्टी मानी जाती थी, उसे बादल ने एक ‘पंजाबी पार्टी’ घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा की अकाली दल सिर्फ सिखों की नहीं, बल्कि पंजाब में रहने वाले हर हिंदू, मुस्लिम और ईसाई की पार्टी है।

और इसके ठीक एक साल बाद, 1997 के चुनावों में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ एक अभेद्य गठबंधन बना लिया।

बादल अक्सर अपने भाषणों में इस गठबंधन को “नौंह-मास दा रिश्ता” (नाखून और मांस का अटूट रिश्ता) कहते थे।

उन्होंने गांव-गांव जाकर ये मैसेज दिया की पंजाब में अब कभी आतंकवाद वापस नहीं आएगा। सिख और हिंदू भाईचारे की इस पक्की गारंटी ने पंजाब के लोगों को इतना सुकून दिया की 1997 में जनता ने बादल-बीजेपी गठबंधन को क्लीन स्वीप बहुमत देकर सत्ता पर बिठा दिया।

खालिस्तानी सोच और अलगाववाद पर ये पंजाब की जनता का सबसे करारा प्रहार था, और इस जीत के असली हीरो प्रकाश सिंह बादल थे।

इमरजेंसी में जेल की हवा खाने से लेकर संगत दर्शन तक कैसे एक किसान नेता बन गया पंजाब के आम लोगों का मसीहा

बादल साहब की एक बहुत बड़ी खासियत ये थी की उन्होंने अपनी राजनीति में कोई शॉर्टकट नहीं मारा। जब हकों के लिए लड़ना पड़ा, तो वो सबसे आगे खड़े रहे।

1960 के दशक में जब ‘पंजाबी सूबा आंदोलन’ चला, तो बादल ने बाकायदा लाठियां खाईं और कई बार जेल गए।

1975 का वो दौर तो आपको याद ही होगा, जब इंदिरा गांधी ने देश पर इमरजेंसी थोप दी थी। उस वक्त बड़े-बड़े नेताओं के पसीने छूट गए थे और कई लोग रातों-रात सरकार के आगे घुटने टेक चुके थे।

लेकिन बादल साहब पीछे नहीं हटे। उन्होंने इमरजेंसी का डटकर विरोध किया। इंदिरा गांधी की सरकार ने उन्हें उठाया और जेल में डाल दिया।

वे कई महीनों तक जेल की काल कोठरी में रहे। अगर उनके पूरे जीवन का हिसाब लगाया जाए, तो जनता के हकों और अलग-अलग मोर्चों के लिए उन्होंने अपनी ज़िंदगी के करीब 17 साल जेलों में काटे हैं!

और जब वो सत्ता में आए, तो उनका काम करने का जो ठेठ देसी अंदाज़ था ना, उसी ने उन्हें पंजाब का जननायक बना दिया। इसे नाम दिया गया- ‘संगत दर्शन’ (Sangat Darshan)।

आमतौर पर मुख्यमंत्री क्या करते हैं? बड़े-बड़े दफ्तरों में बैठते हैं, ब्यूरोक्रेसी की फाइलों में उलझे रहते हैं और आम आदमी को उन तक पहुंचने के लिए महीनों चप्पलें घिसनी पड़ती हैं।

लेकिन बादल का स्टाइल बिल्कुल अलग था। वो सीधे अपनी गाड़ियां निकालते और पंजाब के किसी भी गांव में पहुंच जाते। वहां बरगद के पेड़ के नीचे या किसी सरकारी स्कूल के ग्राउंड में चौपाल लगती।

बादल साहब एक प्लास्टिक की कुर्सी पर बैठे होते, सामने गांव के हज़ारों लोग होते, और बगल में खड़े होते जिले के सबसे बड़े अफसर (DC और SSP)। गांव का कोई बुज़ुर्ग उठकर कहता की “बादल साहब, हमारे गांव की सड़क टूटी पड़ी है या पुलिस वाला फलां केस में तंग कर रहा है,” तो बादल साहब वहीं मौके पर माइक से अफसर को डांट लगाते और कहते, “ये काम आज शाम तक हो जाना चाहिए!”

ब्यूरोक्रेसी (अफसरशाही) को दरकिनार करके सीधे जनता की आंखों में आंखें डालकर उनकी समस्या सुलझाने का ये तरीका पंजाब के लोगों को बहुत भाया।

लोगों को लगने लगा की ये मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि हमारे ही घर का कोई बड़ा-बुज़ुर्ग है। इसी ‘संगत दर्शन’ ने बादल साहब को ज़मीन से इतना गहराई तक जोड़ दिया की उनके राजनीतिक विरोधी भी उनके इस जनसंपर्क मॉडल का लोहा मानते थे।

ट्यूबवेल की मुफ्त बिजली और आटा-दाल योजना जिसने पंजाब के गांव-गांव में अकाली दल को बना दिया अजेय

सियासत में एक बात हमेशा कही जाती है की जो नेता ज़मीन की नब्ज़ पकड़ना जानता है, उसे कोई सत्ता से बेदखल नहीं कर सकता। प्रकाश सिंह बादल को बहुत अच्छे से पता था की पंजाब के किसान और खेत मज़दूर को असल में चाहिए क्या।

1997 में जब वो बंपर जीत के साथ सत्ता में लौटे, तो उन्होंने पंजाब के किसानों के लिए ‘ट्यूबवेल की मुफ्त बिजली’ (Free Power for Agriculture) का ऐलान कर दिया।

इसके बाद उन्होंने उन गरीब परिवारों पर फोकस किया जो दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहे थे। बादल सरकार ने पंजाब में ‘आटा-दाल स्कीम’ लागू की, जिसके तहत बेहद सस्ती दरों पर गरीबों के घरों तक राशन पहुंचाया गया।

पंजाब के गरीब तबके ने उन्हें इसके लिए सिर आँखों पर बिठा लिया। बेटियों की शादी के लिए उन्होंने ‘शगुन योजना’ की शुरुआत की, जिसने सीधे तौर पर गरीब परिवारों के आर्थिक बोझ को कम किया।

यही वो ज़मीनी और पक्के काम थे, जिन्होंने अकाली दल को पंजाब के ग्रामीण इलाकों (खासकर मालवा बेल्ट) में ऐसा अजेय बना दिया की इतिहास ही पलट गया।

पंजाब का एक पुराना रिकॉर्ड था की यहाँ कोई भी सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में नहीं आती थी। लेकिन बादल साहब की इन योजनाओं और उनके ‘संगत दर्शन’ ने इस मिथक को तोड़ दिया।

2007 में सरकार बनाने के बाद, 2012 में उन्होंने फिर से शानदार जीत दर्ज़ की और लगातार 10 साल तक पंजाब की गद्दी पर राज किया।

विरासत-ए-खालसा से लेकर छप्पड़ चिड़ी तक सिख इतिहास और सनातन संस्कृति को सहेजने का वो ऐतिहासिक काम

प्रकाश सिंह बादल अक्सर अपने भाषणों में एक बात कहते थे की “जो कौम अपना इतिहास भूल जाती है, उसका वजूद मिट जाता है।”

अपने लंबे शासनकाल में उन्होंने पंजाब के इतिहास, संस्कृति और धर्म को सहेजने के लिए जो इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा किया, उसकी मिसाल पूरे भारत में कहीं और मिलना मुश्किल है।

अगर आप कभी आनंदपुर साहिब जाएं, तो वहां ‘विरासत-ए-खालसा’ (Virasat-e-Khalsa) जरूर देखिएगा।

करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से बना यह म्यूज़ियम सिख इतिहास के 300 सालों की कहानी इतनी खूबसूरती से बयां करता है की आज यह दुनिया के सबसे ज़्यादा देखे जाने वाले म्यूज़ियम्स में से एक बन चुका है।

यह बादल साहब का ही विज़न था की हमारी आने वाली पीढ़ियों को अपने गौरवशाली इतिहास का पता होना चाहिए।

उन्होंने मोहाली के पास छप्पड़ चिड़ी में ‘फतेह बुर्ज’ (बाबा बंदा सिंह बहादुर का स्मारक) बनवाया, जो कुतुब मीनार से भी ऊंचा है!

यह वो जगह है जहां बंदा सिंह बहादुर ने मुगलों (वज़ीर खान) को धूल चटाई थी।

इसके अलावा, अमृतसर में वाल्मीकि तीरथ स्थल (जहां महर्षि वाल्मीकि का आश्रम था और लव-कुश का जन्म हुआ था) का करोड़ों रुपये लगाकर विश्व स्तरीय सौन्दर्यीकरण करवाया।

करतारपुर में ‘जंग-ए-आज़ादी मेमोरियल’ बनवाकर स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। ये धरोहरें आज भी पंजाब पर बादल साहब के उस शानदार विज़न की गवाही देती हैं, जो धर्म और संस्कृति को दिलों में ज़िंदा रखना जानता था।

परिवारवाद का मीठा ज़हर जिसने एक कैडर बेस पार्टी को बना दिया बादल परिवार की प्राइवेट लिमिटेड कंपनी

लेकिन कहते हैं ना दोस्त, की जब सत्ता बहुत लंबी चलती है, तो वो अपने साथ कुछ ऐसी कमज़ोरियां भी ले आती है जो इतिहास में गहरे दाग छोड़ जाती हैं।

प्रकाश सिंह बादल की राजनीतिक किताब का ये वो पन्ना है, जिसे उनके समर्थक भी शायद ही कभी डिफेंड कर पाएं।

जैसे-जैसे बादल साहब का कद बड़ा होता गया, उनका ‘पुत्र मोह’ और ‘परिवार मोह’ भी बढ़ता गया। उन्होंने धीरे-धीरे अकाली दल को एक पंथक पार्टी से निकालकर ‘बादल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ में तब्दील कर दिया।

सत्ता का सारा कंट्रोल एक ही घर के भीतर सिमट गया।

उन्होंने अपने बेटे सुखबीर सिंह बादल को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया और पंजाब का उपमुख्यमंत्री भी। बहू हरसिमरत कौर बादल को केंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री की कुर्सी सौंप दी।

दामाद आदेश प्रताप सिंह कैरों मंत्री बने और सबसे ज़्यादा विवादों में रहे उनके साले- बिक्रम सिंह मजीठिया, जिन्हें पंजाब की सियासत में ‘अनक्राउंड किंग’ (बिना ताज का बादशाह) कहा जाने लगा।

इस परिवारवाद का नतीजा ये हुआ की वो ‘टकसाली अकाली’ (पार्टी के पुराने और वफादार नेता) जिन्होंने इमरजेंसी में लाठियां खाई थीं, जो बादल साहब के साथ जेलों में रहे थे, वो सब दरकिनार कर दिए गए।

रणजीत सिंह ब्रह्मपुरा और सेवा सिंह सेखवां जैसे कद्दावर नेता हाशिए पर धकेल दिए गए।

और बात सिर्फ राजनीति तक सीमित नहीं रही। बादल परिवार पर आरोप लगे की उन्होंने पंजाब के बड़े व्यापारों पर अपना पूरा एकाधिकार जमा लिया है।

सड़कों पर प्राइवेट बस ट्रांसपोर्ट (जैसे इंडो-कनाडियन और ऑर्बिट बसें) में बादल परिवार का दबदबा, टीवी केबल नेटवर्क (Fastway) पर कब्ज़ा, और रेत खदानों (Sand Mining) में उनके चहेतों की मनमानी चलने लगी।

पंजाब का आम व्यापारी और जनता इस वीआईपी कल्चर और ‘माफिया राज’ से अंदर ही अंदर घुटने लगी थी। जिस नेता को लोग कल तक अपना मसीहा मानते थे, अब वही नेता अपने परिवार के मोह में पंजाब के लोगों से दूर होता जा रहा था।

बेअदबी का वो दाग और नशे का जाल जिसने बादल के सुनहरे दौर पर हमेशा के लिए फेर दिया पानी

2007 से 2017 का वो 10 साल का राज प्रकाश सिंह बादल के लिए सियासी तौर पर तो बहुत सफल रहा, लेकिन इसी दौर में पंजाब को एक ऐसी दीमक लग गई जिसने सूबे के युवाओं को अंदर ही अंदर खोखला कर दिया।

हम बात कर रहे हैं ‘चिट्टे’ (सिंथेटिक ड्रग्स) के उस जाल की, जिसने पंजाब के हर गांव और गली में अपने पैर पसार लिए थे।

‘उड़ता पंजाब’ कोई सिर्फ फिल्म का नाम नहीं था, ये उस दौर की एक बहुत ही कड़वी हकीकत थी।

नौजवान नशे की ओवरडोज़ से सड़कों और खेतों में मर रहे थे। मांओं की गोद सूनी हो रही थी। और सबसे ज़्यादा गुस्सा लोगों में इस बात का था की ड्रग माफिया को कथित तौर पर राजनीतिक संरक्षण मिला हुआ था।

बादल सरकार के कई कद्दावर नेताओं, खासकर उनके साले बिक्रम सिंह मजीठिया पर नशे के सौदागरों को बचाने के सीधे आरोप लगे।

भले ही बादल साहब खुद कभी इन चीज़ों में शामिल नहीं रहे, लेकिन एक मुख्यमंत्री के तौर पर अपने ही परिवार और मंत्रियों की इन हरकतों पर उनकी खामोशी पंजाब के लोगों को बहुत चुभने लगी थी।

लेकिन बादल परिवार के सियासी पतन की असली ताबूत में आखिरी कील ठुकी साल 2015 में। यह वो साल था जब पंजाब की रूह छलनी हो गई।

फरीदकोट ज़िले के बरगाड़ी में सिखों के पवित्र श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी (Sacrilege) हुई। एक सिख के लिए उसके गुरु से बढ़कर दुनिया में कुछ नहीं होता।

जब गुरु की बेअदबी हुई, तो इंसाफ मांगने के लिए हज़ारों की संख्या में सिख समाज कोटकपूरा और बहबल कलां में सड़कों पर उतर आया और शांतिपूर्ण धरना देने लगा।

और फिर बादल सरकार की पुलिस ने उन निहत्थे और शांतिपूर्ण तरीके से पाठ कर रहे सिखों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं!

बहबल कलां फायरिंग में दो सिख नौजवानों (कृष्ण भगवान सिंह और गुरजीत सिंह) की मौत हो गई। इस एक घटना ने पंजाब में भूचाल ला दिया।

जिस ‘पंथक’ छवि को प्रकाश सिंह बादल ने 50 सालों की तपस्या से कमाया था, वो इस गोलीकांड में लहूलुहान होकर ज़मीन पर गिर पड़ी।

सिखों को लगा की जिस अकाली दल को हमने धर्म की रक्षा के लिए बनाया था, उसी की सरकार में हमारे गुरु की बेअदबी हो रही है और इंसाफ मांगने पर सीने में गोलियां मिल रही हैं।

इस घटना ने अकाली दल की जड़ें ऐसी उखाड़ीं की आज तक पार्टी पंजाब में अपने पैरों पर खड़ी नहीं हो पाई है।

साथ ही साथ, सूबे के खज़ाने का हाल भी बद से बदतर हो चुका था। चुनाव जीतने के लिए जो ‘मुफ्त बिजली’ और ‘मुफ्त राशन’ की राजनीति बादल साहब ने शुरू की थी, उसने भले ही उन्हें सत्ता दिलाई..

लेकिन जाते-जाते वो पंजाब को लाखों-करोड़ों रुपये के ऐसे भयंकर कर्ज़ में डुबो गए, जिससे राज्य का इकॉनोमिक स्ट्रक्चर पूरी तरह चरमरा गया।

पंजाब की सियासत का वो पन्ना जिसे इतिहास अपनी खूबियों और कमियों के तराज़ू में हमेशा तौलता रहेगा

खैर, कहते हैं ना की दुनिया में कोई भी इंसान पूरी तरह मुकम्मल नहीं होता। हर बड़े नेता के दामन पर कुछ फूल होते हैं तो कुछ कांटे भी चुभे होते हैं।

25 अप्रैल 2023 को जब 95 साल की उम्र में प्रकाश सिंह बादल ने अपनी आख़िरी सांस ली, तो पूरे पंजाब में खामोशी छा गयी थी।

चाहे लोगों में बेअदबी या परिवारवाद को लेकर कितना भी गुस्सा क्यों न रहा हो, लेकिन जब उनके पैतृक गांव बादल में उनका जनाज़ा उठा, तो पूरा का पूरा पंजाब नम आँखों से उन्हें विदा करने उमड़ पड़ा।

पक्ष हो या विपक्ष, देश का शायद ही कोई बड़ा नेता हो जिसने उस दिन बादल साहब को सिर झुकाकर श्रद्धांजलि न दी हो। यहां तक की उनके धुर विरोधी भी उस दिन रो रहे थे, क्योंकि वो जानते थे की पंजाब ने अपना सबसे तजुर्बेकार सरपंच खो दिया है।

जब भी इतिहास में प्रकाश सिंह बादल को देखा जायेगा, तो दोनों पलड़े भारी रहेंगे। एक पलड़े में उनका वो महान संघर्ष होगा, जब उन्होंने 17 साल जेलें काटीं। उनका वो विज़न होगा जिसने पंजाब को आतंकवाद के नरक से निकालकर ‘हिंदू-सिख भाईचारे’ की पक्की नींव पर खड़ा किया। उसमें ‘विरासत-ए-खालसा’ जैसी विश्व स्तरीय धरोहरें होंगी।

लेकिन वहीं, तराज़ू के दूसरे पलड़े में परिवारवाद का वो मीठा ज़हर होगा जिसने एक शानदार कैडर-बेस पार्टी को बर्बाद कर दिया। उस पलड़े में कोटकपूरा गोलीकांड, बेअदबी का दर्द और चिट्टे (नशे) से उजड़े हुए पंजाब के घरों के आंसू भी हमेशा रहेंगे।

Scroll to Top