17 नवंबर भारत के इतिहास का वो दिन है जब ‘पंजाब केसरी’ (शेर-ए-पंजाब) लाला लाजपत राय जी ने अंग्रेजों की लाठियां खाकर इस मिट्टी के लिए अपनी जान कुर्बान कर दी थी।
ज़रा उस दौर के बारे में सोचिये जब पूरा देश ब्रिटिश हुकूमत के नीचे कुचला जा रहा था, आम आदमी खौफ में जी रहा था और अंग्रेज अफसर भारतीयों को कीड़े-मकोड़े समझते थे।
उस माहौल में पंजाब की धरती से एक ऐसा शेर दहाड़ा था, जिसकी आवाज़ से सीधे लंदन में बैठे अंग्रेजी आकाओं के सिंहासन कांपने लगते थे।
लाला लाजपत राय ने देश को ये सिखाया की आज़ादी कोई भीख नहीं है जो अंग्रेजों के सामने हाथ फैलाने या गिड़गिड़ाने से मिल जाएगी, इसे तो छीनना पड़ता है।
आज उनकी पुण्यतिथि के इस पावन मौके पर, हर सच्चे हिंदुस्तानी का ये फर्ज़ बनता है की वो इस अमर बलिदानी की उस शौर्य गाथा को जाने, जिसने आज़ादी के पूरे आंदोलन की दिशा ही पलट कर रख दी थी।

वकालत का शानदार करियर और ऐशो-आराम छोड़कर आज़ादी की भट्टी में कूदने वाले शेर की शुरुआती कहानी
28 जनवरी 1865 को पंजाब के मोगा ज़िले के एक छोटे से गाँव ढुडीके में लाला जी का जन्म हुआ था। उनके पिता मुंशी राधा कृष्ण अग्रवाल उर्दू और फारसी के एक बहुत ही विद्वान शिक्षक थे।
युवावस्था में जब लाजपत राय स्वामी दयानंद सरस्वती के संपर्क में आए, तो आर्य समाज के विचारों ने उनके अंदर राष्ट्रवाद की ज्वाला सुलगा दी।
पढ़ाई में वे इतने तेज़ थे की उन्होंने लाहौर के प्रतिष्ठित गवर्नमेंट कॉलेज से कानून (Law) की डिग्री हासिल की और वकालत शुरू कर दी। हिसार और फिर लाहौर में उनकी वकालत का सिक्का चलने लगा था।
अब ज़रा सोचिए, उस ज़माने में एक कामयाब वकील होना कितनी बड़ी बात थी। वे चाहते तो आराम से अंग्रेजों के सिस्टम का हिस्सा बनकर खूब पैसा कमा सकते थे, और एक ऐशो-आराम वाली ज़िंदगी गुज़ार सकते थे। कई लोग ऐसा कर भी रहे थे!
लेकिन वो पंजाब का शेर था, कोई सर्कस का जानवर नहीं जो अंग्रेजों के फेंके हुए टुकड़ों पर पले।
जब उन्होंने अपने ही देशवासियों को भूख और गुलामी से तड़पते देखा, तो उन्होंने अपने उस शानदार वकालत के करियर को ठोकर मार दी और खुद को आज़ादी की दहकती हुई भट्टी में झोंक दिया।
सिर्फ सड़कों पर नारे नहीं बल्कि पंजाब नेशनल बैंक और डीएवी स्कूल बनाकर अंग्रेजों के आर्थिक वर्चस्व को दी थी चुनौती
अक्सर लोगों को लगता है की आज़ादी की लड़ाई सिर्फ सड़कों पर नारे लगाने या लाठियां खाने तक सीमित थी। लेकिन लाला लाजपत राय का विज़न बहुत बड़ा और दूरदर्शी था।
वो जानते थे की अंग्रेज सिर्फ बंदूकों के दम पर राज नहीं कर रहे हैं, बल्कि उन्होंने हमारे एजुकेशन और इकॉनमी को गुलाम बना रखा है। जब तक हम आर्थिक और मानसिक रूप से आज़ाद नहीं होंगे, तब तक ये गोरे हमें छोड़कर नहीं जाएंगे।
इसीलिए लाला जी ने सिस्टम को अंदर से तोड़ने का प्लान बनाया। शिक्षा के क्षेत्र में क्रान्ति लाने के लिए 1886 में उन्होंने महात्मा हंसराज के साथ मिलकर लाहौर में पहले ‘दयानंद एंग्लो-वैदिक’ (DAV) स्कूल की नींव रखी।
उनका मक़सद था की भारतीय युवाओं को आधुनिक शिक्षा भी मिले और वो अपनी वैदिक संस्कृति से भी जुड़े रहें (यही वो डीएवी है जो आज पूरे देश में शिक्षा का सबसे बड़ा स्वदेशी नेटवर्क है)।
और बात सिर्फ स्कूलों तक नहीं रुकी! अंग्रेजों के बैंकों का बहिष्कार करने और भारतीयों का पैसा स्वदेशी इकॉनमी में लगाने के लिए, लाला जी ने 1894 में ‘पंजाब नेशनल बैंक’ (PNB) की स्थापना में सबसे बड़ी और ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
ये भारत का पहला ऐसा बैंक था जो पूरी तरह से भारतीयों की पूंजी से शुरू हुआ था। इसके अलावा 1921 में उन्होंने ‘सर्वेंट्स ऑफ द पीपल सोसाइटी’ और ‘लक्ष्मी इंश्योरेंस कंपनी’ भी बनाई।
मतलब आप देख रहे हैं? एक अकेला इंसान आज़ादी की लड़ाई भी लड़ रहा है, स्कूल भी खोल रहा है, और देश का इकॉनमी सिस्टम भी खड़ा कर रहा है!

लाल-बाल-पाल की वो तूफानी तिकड़ी जिसने कांग्रेस के नरम दल की अंग्रेजों के सामने गिड़गिड़ाने वाली नीति को कर दिया था खारिज
1905 आते-आते आज़ादी का आंदोलन एक बहुत ही अजीब मोड़ पर खड़ा था। उस वक़्त की कांग्रेस पूरी तरह से ‘नरम दल’ (Moderates) के कब्ज़े में थी।
इन नेताओं का काम सिर्फ अंग्रेजों को पेटिशन (याचिका) लिखना, अंग्रेज़ अफसरों के सामने जाकर रिक्वेस्ट करना और उन्हें ये समझाना था की “हुज़ूर, हम पर थोड़ी दया कर दो।”
लेकिन जब 1905 में अंग्रेजों ने अपनी ‘फूट डालो और राज करो’ की नीयत से बंगाल का विभाजन कर दिया, तो लाला जी का पारा चढ़ गया।
उन्होंने साफ कह दिया की ये गिड़गिड़ाने और पेटिशन लिखने वाली राजनीति से आज़ादी कभी नहीं मिलेगी!
इसी दौरान उनकी मुलाकात बाल गंगाधर तिलक और बिपिन चंद्र पाल से हुई। और बस, फिर क्या था! भारत के इतिहास में ‘लाल-बाल-पाल’ की वो तूफानी तिकड़ी बनी जिसने नरम दल की चाटुकारिता वाली नीति को सीधे कूड़ेदान में डाल दिया।
उन्होंने ‘गरम दल’ (Extremists) का नेतृत्व किया और पूरे देश में ‘स्वदेशी’ तथा विदेशी माल के पूर्ण बहिष्कार (Boycott) का नारा बुलंद कर दिया।
लाला जी ने पंजाब के गांव-गांव में जाकर युवाओं के अंदर अंग्रेजों के खिलाफ बगावत की आग भड़का दी। उनके इस आक्रामक और बेखौफ रवैये से ब्रिटिश हुकूमत इतनी बुरी तरह डर गई की 1907 में बिना कोई मुकदमा चलाए, अंग्रेजों ने उन्हें देश निकाला दे दिया और बर्मा (म्यांमार) की मांडले जेल में डाल दिया।
अंग्रेजों को लगा की शेर को पिंजरे में डाल देंगे तो खौफ खत्म हो जाएगा। लेकिन सबूत न होने के कारण और पूरे देश में मच रहे भयंकर बवाल के डर से, ब्रिटिश सरकार को हार मानकर उन्हें वापस छोड़ना पड़ा।
अमेरिका में होम रूल लीग की स्थापना और अपनी किताबों से लाला जी ने हिला दी थी ब्रिटिश हुकूमत की जड़ें
कई बार ऐसा लगता है की क्या एक इंसान अपने जीवन में इतना कुछ कर सकता है? लाला लाजपत राय का संघर्ष सिर्फ भारत की भौगोलिक सीमाओं तक सीमित नहीं था।
जब प्रथम विश्व युद्ध (World War I) चल रहा था और अंग्रेज दुनिया भर में खुद को ‘लोकतंत्र का रक्षक’ साबित करने का ढोंग रच रहे थे, तब लाला जी अमेरिका पहुँच गए।
वहां जाकर उन्होंने 1917 में न्यूयॉर्क में ‘इंडियन होम रूल लीग ऑफ अमेरिका’ (Indian Home Rule League of America) की स्थापना की।
उनका मक़सद बहुत साफ़ था- पूरी दुनिया को अंग्रेजों का असली और क्रूर चेहरा दिखाना और भारत की आज़ादी के लिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाना।
लाला जी एक बहुत ही प्रखर लेखक थे। उनकी कलम से निकले शब्द अंग्रेजों के लिए किसी तोप के गोले से कम नहीं होते थे।
जब अंग्रेजों ने भारत को दुनिया के सामने पिछड़ा हुआ और गुलाम मानसिकता वाला देश साबित करने के लिए झूठा प्रोपेगेंडा फैलाया, तो लाला जी ने इसका जवाब अपनी विश्व प्रसिद्ध किताब ‘Unhappy India’ (1928) लिखकर दिया।
इसके अलावा उन्होंने ‘Young India’ और ‘England’s Debt to India’ जैसी किताबें भी लिखीं, जिनमें उन्होंने बकायदा डेटा और आंकड़ों के साथ साबित किया की कैसे अंग्रेजों ने भारत की अर्थव्यवस्था को चूस कर खोखला कर दिया है।
उनकी किताबें उस दौर के हर युवा क्रांतिकारी के लिए ‘गीता’ बन चुकी थीं।

साइमन कमीशन के विरोध में लहूलुहान होकर भी डटे रहने वाले पंजाब के शेर का वो ऐतिहासिक और गरजता हुआ बयान
अब आता है भारत के इतिहास का वो पन्ना, जिसे पढ़कर आज भी खून उबलने लगता है। साल था 1927… ब्रिटिश हुकूमत ने भारत के राजनीतिक भविष्य और संविधान के सुधारों को तय करने के लिए एक कमीशन बनाया, जिसे ‘साइमन कमीशन’ (Simon Commission) कहा गया।
इस कमीशन में 7 सदस्य थे, लेकिन एक भी भारतीय नहीं था! मतलब हमारे ही देश का भविष्य गोरे तय करेंगे, वो भी हमसे बिना पूछे?
पूरे भारत में भयंकर गुस्सा भड़क उठा। 30 अक्टूबर 1928 का वो दिन आ गया। लाहौर के रेलवे स्टेशन पर जब जॉन साइमन और उसका कमीशन पहुँचा, तो उनका सामना पंजाब के उस शेर से हुआ।
लाला लाजपत राय के नेतृत्व में वहां एक विशाल जनसैलाब उमड़ पड़ा था। हर तरफ काले झंडे लहरा रहे थे और आसमान “साइमन गो बैक” (Simon Go Back) के नारों से गूंज रहा था।
भीड़ बिल्कुल शांतिपूर्ण थी, लेकिन वहां खड़ा अंग्रेज पुलिस अधीक्षक (Superintendent of Police) जेम्स ए. स्कॉट (James A. Scott) भारतीयों की इस हिम्मत को देखकर आग-बबूला हो गया।
उसने निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर बर्बर ‘लाठीचार्ज’ का आदेश दे दिया। और सबसे शर्मनाक बात ये थी की स्कॉट ने खुद, अपने ही हाथों से, 63 साल के उस शेर लाला लाजपत राय के सीने और सिर पर लाठियों के कई जानलेवा प्रहार किए।
लाठियां पड़ रही थीं, खून बह रहा था, लेकिन वो शेर अपनी जगह से एक इंच पीछे नहीं हटा!
खून से लथपथ होने के बाद, उसी मैदान में खड़े होकर लाला जी ने वो ऐतिहासिक और गरजता हुआ बयान दिया था, जिसने आज़ादी के पूरे आंदोलन की नींव ही हिला दी:
“मेरे शरीर पर पड़ी एक-एक लाठी, ब्रिटिश साम्राज्य के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी!” (Every blow aimed at me is a nail in the coffin of British imperialism).
लाला जी की शहादत और उसके बाद भड़की इंतकाम की वो आग जिसने बदल दिया इतिहास
स्कॉट की उन बेरहम लाठियों से लाला जी के सीने में जो गंभीर चोटें (Trauma) आई थीं, उनसे वो कभी उबर नहीं पाए।
कुछ ही हफ्तों तक मौत से जंग लड़ने के बाद, आख़िरकार 17 नवंबर 1928 को पंजाब के उस केसरी ने हमेशा के लिए अपनी आंखें मूंद लीं।
लाला जी की शहादत की खबर जैसे ही देश में फैली, ऐसा लगा जैसे पूरा भारत जल उठा हो।
अंग्रेजों को लगा था की उन्होंने सबसे बड़े नेता को मार दिया है, तो अब आंदोलन शांत हो जाएगा। लेकिन उन्हें ये नहीं पता था की उन्होंने उस आग में घी डाल दिया था जो उनके पूरे साम्राज्य को राख करने वाली थी।
युवाओं के दिलों में इस कदर नफ़रत और इंतकाम भर गया की भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु और चंद्रशेखर आज़ाद जैसे खूंखार क्रांतिकारियों ने उसी दिन कसम खा ली- “लाला जी के खून का बदला खून से लिया जाएगा!”
और लाला जी की मौत के ठीक एक महीने बाद ही, 17 दिसंबर 1928 को भगत सिंह और उनके साथियों ने लाहौर के पुलिस मुख्यालय के बाहर अंग्रेज पुलिस अफसर जॉन सॉन्डर्स (जेम्स स्कॉट के धोखे में) की सरेआम बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी।
इस पूरे इंकलाब की वो चिंगारी, वो बीज, लाला लाजपत राय जी की उसी शहादत से निकला था।
