एक बहुत पुरानी कहावत है- “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे।” राजनीति में जब किसी पार्टी के पैरों तले से ज़मीन खिसकने लगती है और उन्हें अपना भविष्य अंधकार में दिखने लगता है, तो उनके नेता अक्सर ‘बॉलीवुड के एक्शन हीरो’ बन जाते हैं।
उत्तराखंड में भी आजकल कुछ ऐसा ही नज़ारा देखने को मिल रहा है। देवभूमि की जनता से लगातार मिल रही हार और नकार दिए जाने के बाद, कांग्रेस पार्टी के नेताओं का फ्रस्ट्रेशन अब सरेआम मंचों पर फूट रहा है।
हालत ये हो गई है की अब ये नेता जनता के मुद्दों पर बात करने के बजाय, सीधे हाथापाई और कुर्सियां उछालने पर उतर आए हैं।
पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले (Jauljibi Mela) में कांग्रेस के एक ‘माननीय’ विधायक ने जो सरेआम तमाशा किया है, उसने यह साबित कर दिया है की कांग्रेस अब लोकतांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रखकर सरेआम गुंडागर्दी पर उतर आई है।
एक ऐसा मंच, जो दो देशों के सांस्कृतिक मिलन और व्यापार का प्रतीक है, उसे माननीय जी ने अपनी राजनीतिक भड़ास निकालने का कुस्ती का अखाड़ा बना डाला।
चलिए आपको बताते हैं की 14 नवंबर 2026 को देवभूमि के इस पवित्र मेले में असल में हुआ क्या था।
🚨 INSANE SCENES! Uttarakhand Congress MLA Harish Dhami goes on a VIOLENT RAMPAGE!
Hurls a mic at sound staff, abuses them, says “Bh*sd*”, throws a chair at the sound system and SMASHES BOTH podiums on stage!😳
Is this Mohabbat Ki Dukan? Look at the conduct… pic.twitter.com/k3fpfodp0k
— The Analyzer (News Updates🗞️) (@Indian_Analyzer) November 14, 2026
उत्तराखंड के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले में कांग्रेस MLA हरीश सिंह धामी का खुल्लम-खुल्ला दंगल
पहले ज़रा इस मेले की अहमियत समझ लीजिए। पिथौरागढ़ जिले में भारत, नेपाल और तिब्बत की सीमा के पास लगने वाला ‘जौलजीबी मेला’ कोई साधारण नुक्कड़ का मेला नहीं है।
यह सदियों पुराना एक ऐतिहासिक व्यापारिक और सांस्कृतिक आयोजन है, जहाँ पहाड़ की भोली-भाली जनता अपनी परंपराओं का जश्न मनाने आती है। 14 नवंबर 2026 (शनिवार) का दिन था, और इस मेले का विधिवत उद्घाटन होना था।
राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पूरे दलबल के साथ इस मेले का उद्घाटन करने पहुंचे थे। उन्होंने पिथौरागढ़ को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की शानदार सौगात दी, और जाते-जाते मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये की नकद घोषणा भी कर दी।
अपना भाषण दिया, जनता का अभिवादन किया और बहुत ही शालीनता से वहाँ से रवाना हो गए।
लेकिन असली ड्रामा तो सीएम साहब के जाने के बाद शुरू होना था! धारचूला से कांग्रेस के विधायक हैं हरीश सिंह धामी।
विधायक जी इस मेले के ‘अध्यक्ष’ (Chairperson) थे। अब जैसे ही सीएम वहां से निकले, विधायक जी को लगा की आज तो वो मंच से आग उगलेंगे।
वो माइक पर आए, लेकिन तभी कथित तौर पर उनका माइक बंद हो गया। बस! फिर क्या था, विधायक जी का ईगो (Ego) हर्ट हो गया और उनका पारा सातवें आसमान पर पहुँच गया।
जिस मंच से संस्कृति की बात होनी थी, वहाँ कांग्रेस का दंगल शुरू हो गया।

गरीब साउंड ऑपरेटर पर उतरा विधायक जी का सारा राजनीतिक उबाल और जनता पर भी फेंक दी कुर्सियां
अब ज़रा सोचिए, अगर किसी कार्यक्रम में माइक खराब हो जाए या बिजली कट जाए, तो एक पढ़ा-लिखा और समझदार जनप्रतिनिधि क्या करेगा? वो दो मिनट इंतज़ार करेगा या प्रशासन से तकनीकी खराबी ठीक करने को कहेगा।
लेकिन हमारे कांग्रेस विधायक जी को तो जैसे अपनी पूरी राजनीतिक खीझ निकालने का बहाना मिल गया।
विधायक हरीश धामी मंच पर अपना आपा खो बैठे। उन्होंने सबसे पहले अपना गुस्सा उस बेचारे साउंड ऑपरेटर पर उतारा। वो तो एक दिहाड़ी मज़दूर है, एक गरीब कर्मचारी है जो वहां दो पैसे कमाने आया है!
विधायक जी ने सीधे उसका कॉलर पकड़ा, उसे पीटने की कोशिश की और पूरी ताकत से माइक खींचकर फेंक दिया। हद तो तब हो गई जब उन्होंने मंच का पोडियम तक गिरा दिया।
और इतना ही नहीं, हरीश धामी ने खुल्लम खुल्ला मंच से सबको गालियां बकनी भी शुरू कर दी!
माननीय जी की ये हरकत देखकर उनके पीछे खड़े उनके समर्थक भी फॉर्म में आ गए। उन्होंने मंच पर रखी वीआईपी कुर्सियां उठाईं और सीधे नीचे बैठी बेकसूर जनता और प्रशासन के अधिकारियों की तरफ उछालनी शुरू कर दीं।
मतलब, आप राजनीति का स्तर देखिए! आपको सरकार से शिकायत हो सकती है, आपको सिस्टम से नाराज़गी हो सकती है। लोकतंत्र में विपक्ष का काम ही है आवाज़ उठाना।
लेकिन अपनी बात रखने के लिए एक गरीब साउंड वाले को पीटना, मंच पर गालियां बकना और आम जनता के ऊपर कुर्सियां फेंकना… यह कौन सा तरीका है?
क्या एक चुने हुए विधायक को यही सब शोभा देता है? सच कहूं तो, यह कोई राजनीतिक विरोध नहीं था, यह महज़ अपनी खिसकती ज़मीन और मीडिया में कवरेज ना मिल पाने की छटपटाहट थी।
जब इंसान के पास तर्कों की कमी हो जाती है, तो वो अक्सर इसी तरह बाहुबल और गुंडागर्दी पर उतर आता है।

सहानुभूति बटोरने के लिए विधायक जी ने बोल डाले फिल्मी डायलॉग और दे दी मुख्यमंत्री को चुनौती
जब मंच पर की गई इस गुंडागर्दी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और चारों तरफ से थू-थू होने लगी, तो विधायक हरीश धामी को लगा की अब डैमेज कंट्रोल करना पड़ेगा।
बवाल के बाद विधायक जी कैमरे के सामने आए और अपना दुखड़ा रोते हुए कहने लगे की वो कनार इलाके में चल रही भूख हड़ताल और लिपुलेख सड़क हादसे में जान गंवाने वाली एक 8 साल की मासूम बच्ची का मुद्दा उठाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें बोलने नहीं दिया।
कमाल की बात तो ये है की अपनी इस ‘वीआईपी गुंडागर्दी’ पर शर्मिंदा होने के बजाय, विधायक जी किसी 80 के दशक की फिल्म के हीरो की तरह डायलॉग मारने लगे।
कैमरे के सामने सीना चौड़ा करके बोले- “हथकड़ियां तो हमारे लिए गहनों जैसी हैं!”
अरे भाई, हथकड़ियां उनके लिए गहने होती हैं जो देश के लिए या जनता के हकों के लिए शांतिपूर्ण संघर्ष करते हैं, मंच पर माइक तोड़ने और टेंट फाड़ने वालों को समाज ‘हीरो’ नहीं, कुछ और ही कहता है।
इतना ही नहीं, फ्रस्ट्रेशन में आकर इन्होंने सीधे सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ही खुली चुनौती दे डाली।
विधायक जी ने बड़बोलेपन में कह दिया की “अगर हिम्मत है तो मेरे खिलाफ धारचूला से उपचुनाव लड़कर दिखाएं, अगर मैंने जमानत ज़ब्त नहीं करवाई तो मेरा नाम बदल देना!”
सच में, ये सुनकर हंसी छूट जाती है। जो इंसान अपने मंच का एक छोटा सा माइक कंट्रोल नहीं कर पा रहा, जिसे अपनी बात रखने के लिए कुर्सियों का सहारा लेना पड़ रहा है, वो प्रदेश के मुख्यमंत्री को चुनाव हराने के मुंगेरीलाल वाले हसीन सपने देख रहा है!

VIP गुंडागर्दी पर एक्शन की तैयारी और जौलजीबी थाने में दर्ज हुई एफआईआर
कानून के हाथ बहुत लंबे होते हैं, और जब सत्ता में ऐसे लोग बैठे हों जो ‘ज़ीरो टॉलरेंस’ पर काम करते हों, तो फिर वीआईपी गुंडागर्दी ज्यादा देर टिक नहीं पाती।
14 नवंबर को मंच पर ये तमाशा हुआ, और अगले ही दिन यानी रविवार, 15 नवंबर 2026 को विधायक जी की सारी बौखलाहट ठंडी हो गई।
पिथौरागढ़ प्रशासन ने इस पूरी घटना को बेहद गंभीरता से लिया है।
बिना किसी दबाव में आए, जौलजीबी थाने की पुलिस ने मंच पर हंगामा करने, सरकारी काम में बाधा डालने, पब्लिक प्रॉपर्टी (माइक, कुर्सियां) तोड़ने और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप में विधायक हरीश धामी और उनके 5-6 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली है।
अब माननीय जी को यही ‘हथकड़ियों वाले गहने’ कोर्ट में जाकर कानूनी तरीके से पहनने का मौका मिलेगा।
उधर, भारतीय जनता पार्टी ने भी इस मुद्दे पर कांग्रेस को बुरी तरह घेर लिया है। देहरादून के लैंसडाउन चौक पर बीजेपी महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हरीश धामी का पुतला फूंका और जमकर प्रदर्शन किया।
उनका साफ कहना है की कांग्रेस ने देवभूमि की संस्कृति का सरेआम अपमान किया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस पूरी घटना पर बहुत ही सधा हुआ लेकिन करारा जवाब दिया।
सीएम साहब ने कहा की कांग्रेस के लोग अब पूरी तरह से अपना मानसिक संतुलन खोते जा रहे हैं। जब उन्हें ज़मीन पर जनता का कोई समर्थन नहीं मिल रहा, तो वो अपनी इसी पराजय को भांपकर अपनी खीझ जनता और कर्मचारियों पर निकाल रहे हैं।
सीएम का यह बयान एकदम सटीक है, क्योंकि जब तर्क खत्म हो जाते हैं, तभी इंसान हाथापाई पर उतरता है।
विधायक की ढाल बनी प्रदेश कांग्रेस, लोकतंत्र बचाने का कांग्रेस का अजीबोगरीब मॉडल
अगर आपको लगता है की कांग्रेस आलाकमान या उनके प्रदेश नेतृत्व ने अपने विधायक की इस हरकत पर कोई माफ़ी मांगी होगी या उन्हें फटकार लगाई होगी, तो आप बहुत बड़ी ग़लतफ़हमी में हैं।
यह कांग्रेस का वो इकोसिस्टम है जो अपनी पार्टी के नेताओं की हर गलत और अलोकतांत्रिक हरकत को हमेशा ‘जायज़’ ठहराने का टूलकिट लेकर घूमता है।
जैसे ही एफआईआर दर्ज हुई, उत्तराखंड कांग्रेस के नेता अपने विधायक की ढाल बनकर खड़े हो गए। कांग्रेस के नेताओं का कहना है की यह एक “चुने हुए जनप्रतिनिधि का अपमान है और प्रशासन ने जानबूझकर उनका माइक बंद किया था।”
मतलब कल को अगर किसी और विधायक का माइक खराब हो जाए, तो क्या वो भी मंच पर आग लगा देगा? क्या यही है कांग्रेस का लोकतंत्र बचाने का मॉडल?
असलियत ये है की कांग्रेस पार्टी अंदर से पूरी तरह खोखली हो चुकी है। उत्तराखंड में उन्हें लगातार एक के बाद एक राजनीतिक झटके मिल रहे हैं।
जनता उन्हें पूरी तरह से नकार चुकी है। न इनके पास कोई विज़न है, न कोई विकास का एजेंडा, और न ही कोई मजबूत नेतृत्व।
ऐसे में उनके विधायकों को लगने लगा है की अगर वो कैमरे के सामने थोड़ा ड्रामा करेंगे, थोड़ा बवाल काटेंगे, तो शायद मीडिया में उन्हें दो दिन की हेडलाइन मिल जाएगी।
लेकिन कुर्सियां उछालने, माइक फेंकने और साउंड ऑपरेटर की कॉलर पकड़ने से अगर चुनाव जीते जाते, तो आज देश का हर गली का गुंडा सत्ता में बैठा होता।
राजनीति सेवा का माध्यम है, बाहुबल दिखाने का नहीं।
कांग्रेस के नेताओं को यह बात जितनी जल्दी समझ आ जाए, उनके लिए उतना ही अच्छा है।
वरना 2027 के विधानसभा चुनावों में देवभूमि की जनता इस कुस्ती का ऐसा करारा जवाब देगी, की फिर ये लोग मंचों पर कुर्सियां फेंकने लायक भी नहीं बचेंगे!
