आज 19 नवंबर के दिन भारत माता की कोख से एक ऐसी ज्वाला ने जन्म लिया था, जिसकी तपिश ने समंदर पार लंदन में बैठी महारानी विक्टोरिया और भारत में उनके उन क्रूर अंग्रेज जनरलों की रातों की नींद उड़ा कर रख दी थी।
1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में जब बड़े-बड़े राजा-महाराजा अंग्रेजों की गुलामी कबूल करके अपनी रियासतें बचाने में लगे थे..
तब इस अकेली शेरनी ने मातृभूमि और अपने स्वराज के लिए फिरंगियों के सीने पर वो तांडव किया था जिससे फिरंगियों के दांत खट्टे हो गए थे।
आज उस महान रणचंडी की जयंती है, और इस मौके पर उनके उस शौर्य को याद करना हर एक हिंदुस्तानी का सबसे बड़ा धर्म है।

गुड्डे-गुड़ियों से खेलने की उम्र में भवानी की तरह भांजती थीं तलवारें और पेशवा बाजीराव बुलाते थे छबीली
बात 19 नवंबर 1828 की है, जब काशी (वाराणसी) में मोरोपंत तांबे और भागीरथी सप्रे के घर एक कन्या ने जन्म लिया। ब्राह्मण परिवार में जन्मी इस बच्ची का असली नाम रखा गया ‘मणिकर्णिका’, जिसे घर में सब प्यार से ‘मनु’ बुलाते थे।
मनु अभी बहुत छोटी ही थी की माँ का साया सिर से उठ गया। पिता मोरोपंत तांबे उस वक्त बिठूर में पेशवा बाजीराव द्वितीय के दरबार में काम करते थे, इसलिए वो मनु को अपने साथ बिठूर ले आए।
अब बिठूर का माहौल ही कुछ ऐसा था जहाँ की हवाओं में मराठा शौर्य घुला हुआ था। पेशवा बाजीराव मनु को बहुत मानते थे और उसके चंचल और निडर स्वभाव को देखकर उसे प्यार से ‘छबीली’ कहकर बुलाते थे।
मनु का मन गुड्डे-गुड़ियों में नहीं लगता था। वो नाना साहब और तात्या टोपे जैसे शूरवीरों के साथ पली-बढ़ी थी।
जिस उम्र में बच्चे ठीक से दौड़ना नहीं सीख पाते, उस उम्र में मणिकर्णिका दोनों हाथों से तलवारें भांजती थी और अचूक निशानेबाज़ी करती थी।
घोड़ों से तो उन्हें ऐसा प्यार था की पूछो मत! उनके पास तीन सबसे प्रिय और वफादार घोड़े थे- सारंगी, पवन और बादल। मनु का यही बचपन आगे चलकर उस तूफान की नींव बनने वाला था, जो ब्रिटिश साम्राज्य की जड़ें हिलाने के लिए तैयार हो रहा था।
झांसी की रानी बनने का सफर और राजा के निधन के बाद डलहौजी की वो हड़प नीति
मनु अब बड़ी हो चुकी थी और साल 1842 में उनका विवाह झांसी के मराठा राजा गंगाधर राव नेवालकर से कर दिया गया।
काशी की वो चंचल मणिकर्णिका अब मराठा साम्राज्य की शान ‘रानी लक्ष्मीबाई’ बन चुकी थी।
1851 में रानी ने एक सुंदर से पुत्र को जन्म दिया और पूरे झांसी में जश्न का माहौल था। लेकिन किस्मत को शायद कुछ और ही मंज़ूर था।
महज़ 4 महीने की छोटी सी उम्र में उस बच्चे का निधन हो गया। इस सदमे ने राजा गंगाधर राव को अंदर से तोड़ कर रख दिया और उनका स्वास्थ्य तेज़ी से गिरने लगा।
जब लगा की राजा का बचना मुश्किल है, तो झांसी के सिंहासन को बचाने के लिए 1853 में उन्होंने अपने ही चचेरे भाई के बेटे आनंद राव को गोद ले लिया और उसका नाम बदलकर ‘दामोदर राव’ रख दिया।
इसके कुछ ही दिन बाद 21 नवंबर 1853 को राजा गंगाधर राव का स्वर्गवास हो गया।
अब रानी के सिर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था, लेकिन असली मुसीबत तो वो फिरंगी थे जो गिद्धों की तरह इसी ताक में बैठे थे।
उस वक्त भारत में जो अंग्रेज गवर्नर बैठा था- लॉर्ड डलहौजी, वो एक नंबर का धूर्त और मक्कार इंसान था। उसने एक बहुत ही नीच कानून बना रखा था जिसे ‘डॉक्ट्रिन ऑफ़ लैप्स’ (हड़प नीति) कहते हैं।
इसके तहत अगर किसी भारतीय राजा का अपना सगा बेटा नहीं है, तो अंग्रेज उसके गोद लिए हुए बेटे को वारिस नहीं मानेंगे और वो पूरी रियासत सीधे ब्रिटिश साम्राज्य में मिला ली जाएगी।
डलहौजी ने यही चाल झांसी पर चली। उसने दामोदर राव को राजा मानने से साफ़ इंकार कर दिया और रानी लक्ष्मीबाई को हुक्म सुनाया की 60 हज़ार रुपये की मामूली सी सालाना पेंशन लो और चुपचाप झांसी का किला खाली कर दो।

मैं अपनी झांसी कभी नहीं दूंगी… फिरंगियों के सीने में खौफ भरने वाली वो ऐतिहासिक ललकार और दुर्गा दल का निर्माण
अंग्रेज अफसर जब झांसी पर कब्ज़ा करने का फरमान लेकर रानी के दरबार में पहुंचा, तो उसे उम्मीद भी नहीं थी की वहाँ उसका सामना किसी औरत से नहीं, बल्कि साक्षात रणचंडी से होने वाला है।
रानी ने उस अंग्रेज के मुंह पर वो पेंशन ठुकरा दी और अपनी म्यान से तलवार निकालकर बोला- “मैं अपनी झांसी नहीं दूंगी!”
रानी समझ चुकी थीं की अब सिर्फ बातों से काम नहीं चलेगा, अब तो तलवारें ही फैसला करेंगी। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की आग जब मेरठ और बैरकपुर से उठकर बुंदेलखंड तक पहुंची, तो रानी ने बिना वक़्त बर्बाद किए राजकाज और सेना की कमान अपने हाथों में ले ली।
रानी ने सिर्फ मर्दों की फौज नहीं बनाई, बल्कि महिलाओं की एक मिलिट्री विंग तैयार की, जिसका नाम रखा गया ‘दुर्गा दल’।
इस दुर्गा दल की सेनापति बनीं रानी की सबसे खास और निडर सहेली झलकारी बाई। झांसी की औरतें, जिन्होंने कभी घर की दहलीज़ पार नहीं की थी, वो अब रानी के हुक्म पर चूल्हे-चौके छोड़कर तोपें चलाना और घोड़े दौड़ाना सीख रही थीं।
जब झांसी के किले से बरसी तोपें और पीठ पर बच्चे को बांधकर रणचंडी ने किया फिरंगियों का भयंकर संहार
समय तेजी से बीत रहा था और फिर आ गया मार्च 1858 का वो महीना, जब झांसी को इतिहास की सबसे खौफनाक लड़ाई लड़नी थी।
क्रूर अंग्रेज जनरल सर ह्यू रोज़ (Sir Hugh Rose) अपनी एक बहुत बड़ी और आधुनिक हथियारों से लैस सेना लेकर झांसी के किले के बाहर आ धमका।
लेकिन जब झांसी के किले से पलटवार हुआ, तो अंग्रेजों के होश उड़ गए।
पूरे दो हफ़्ते तक रानी ने किले की ऐसी शानदार रक्षा की कि ह्यू रोज़ की विशाल सेना एक इंच भी अंदर नहीं घुस पाई।
जब रानी की तोपें गरजती थीं, तो नीचे फिरंगियों की लाशों के ढेर लग जाते थे। अंग्रेज समझ चुके थे की सीधे युद्ध में इस शेरनी को हराना नामुमकिन है। और जब सीधे मुक़ाबले में दुश्मन नहीं जीतता, तो वो गद्दारों को खरीदता है।
झांसी में भी यही हुआ। ‘दूल्हा जू’ नाम के एक गद्दार ने चंद सिक्कों के लालच में किले का एक दरवाज़ा (ओरछा गेट) अंग्रेजों के लिए खोल दिया।
रातों-रात फिरंगी सेना किले में घुस गई और मासूमों का कत्लेआम शुरू हो गया। लेकिन रानी लक्ष्मीबाई किसी के हाथ आने वाली नहीं थीं।
उन्होंने अपने दत्तक पुत्र दामोदर राव को एक कपड़े से अपनी पीठ पर कसकर बांधा। घोड़े की लगाम अपने दांतों में दबाई और दोनों हाथों में नंगी तलवारें लेकर वो अंग्रेजों के बीच साक्षात मौत बनकर कूद पड़ीं।
उनके सबसे वफादार घोड़े ‘बादल’ ने उस रात जो वफादारी निभाई, वो इतिहास में अमर हो गई। रानी ने अंग्रेजों को काटते हुए बादल को सीधे किले की ऊंची दीवार से नीचे छलांग लगाने का इशारा किया।
बादल ने वो ऐतिहासिक छलांग लगाई और रानी को सुरक्षित किले से बाहर निकाल लाया, हालांकि इस छलांग में वो बेज़ुबान जानवर वीरगति को प्राप्त हो गया।

गद्दारों को कुचलकर जीता ग्वालियर का किला और कालपी के महासंग्राम में दिखाया अपना रौद्र रूप
किले से निकलकर रानी रुकी नहीं। वो रातों-रात सफर करते हुए कालपी पहुंचीं, जहाँ उनकी मुलाकात तात्या टोपे और राव साहब जैसे शूरवीरों से हुई।
यहाँ रानी ने बची-खुची सेना को फिर से इकट्ठा किया और अंग्रेजों पर काल बनकर टूट पड़ीं। कालपी का युद्ध इतना भयंकर था की अंग्रेज भी रानी की रणनीतिक समझ को देखकर दांतों तले उंगली दबा बैठे थे।
कालपी के बाद रानी ने सीधे ग्वालियर के किले पर कूच कर दिया। उस वक्त ग्वालियर के राजघराने (सिंधिया) पूरी तरह से अंग्रेजों के टुकड़ों पर पल रहे थे।
जब सिंधिया राजाओं ने सुना की झांसी की रानी अपनी फौज लेकर आ रही हैं, तो वो डर के मारे ग्वालियर छोड़कर आगरा भाग गए और अंग्रेजों की शरण में जाकर छुप गए।
इन गद्दारों के भागने के बाद रानी लक्ष्मीबाई ने ग्वालियर के उस विशाल और अभेद्य किले पर अपना कब्ज़ा जमा लिया। ये उनकी सबसे बड़ी रणनीतिक जीत थी।
जीते जी मेरे शरीर को छू नहीं पाएंगे अंग्रेज, युद्धभूमि में अमर बलिदान और दुश्मन जनरल का वो ऐतिहासिक कबूलनामा
लेकिन अंग्रेज भी हाथ धोकर पीछे पड़े थे। 18 जून 1858 का वो मनहूस दिन आ गया। कोटा-की-सराय (ग्वालियर) के मैदान में रानी की छोटी सी सेना को अंग्रेजों की एक बहुत बड़ी फौज ने चारों तरफ से घेर लिया।
रानी उस दिन घुड़सवारों वाली वर्दी में थीं और उनके हाथों में वही दो खौफनाक तलवारें थीं। वो अंग्रेजों की भीड़ को चीरते हुए आगे बढ़ रही थीं।
लेकिन यहाँ किस्मत ने एक बहुत बड़ा धोखा दे दिया। रानी का अपना वफादार घोड़ा बादल तो झांसी की छलांग में मारा जा चुका था, और आज उनके पास जो नया घोड़ा था, वो अड़ियल निकला।
सामने ‘स्वर्णरेखा’ नाम का एक नाला आ गया और वो नया घोड़ा उस नाले को पार करने से डरकर वहीं अड़ गया। रानी ने उसे बहुत मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वो टस से मस नहीं हुआ। इसी बीच अंग्रेज सैनिकों ने रानी को घेर लिया।
बुरी तरह घिरने के बावजूद उस 29 साल की शेरनी ने हार नहीं मानी। वो फिरंगियों पर टूट पड़ीं। लड़ते-लड़ते एक अंग्रेज की भारी तलवार पीछे से रानी के सिर पर लगी जिससे उनके सिर का एक हिस्सा कट गया।
सीने में भी एक गोली लग चुकी थी। लेकिन फिर भी उस हालत में रानी ने अपने सामने खड़े उस अंग्रेज को एक ही वार में नरक भेज दिया।
राननी के वफादार सैनिक उन्हें खून से लथपथ हालत में पास ही मौजूद बाबा गंगादास के आश्रम में ले गए।
रानी ने अपनी आखिरी सांस लेते हुए बाबा गंगादास से कहा- “बाबा, मेरे शरीर को तुरंत अग्नि के हवाले कर दीजिए, ये फिरंगी मेरे शव को छूने ना पाएं।” और उसी कुटिया में उस महान रणचंडी को आग में विलीन कर दिया गया।
रानी लक्ष्मीबाई ने अपने प्राण तो त्याग दिए, लेकिन उनका वो खौफ अंग्रेजों के दिलों में हमेशा के लिए घर कर गया।
जिस क्रूर अंग्रेज जनरल सर ह्यू रोज़ से रानी ने युद्ध किया था, उसने अपनी डायरी में रानी के उस पराक्रम को याद करते हुए वो ऐतिहासिक बात लिखी थी।
ह्यू रोज़ ने लिखा था- “यहाँ वो औरत सो रही है, जो विद्रोहियों में एकमात्र असली मर्द (The only man among the mutineers) थी।”
