ऐसा लग रहा है जैसे नेताओं का कद अब इतना बड़ा हो गया है की स्वर्ग में बैठे भगवानों को रिप्लेस करके वे खुद धरती के नए ‘भगवान’ बन बैठे हैं।
तमिलनाडु के विश्व प्रसिद्ध तिरुचेंदूर मंदिर में बिल्कुल यही हुआ है।
राजनीति और चाटुकारिता ने भक्ति के मंच को कैसे अपना प्रचार केंद्र बना लिया, इसकी कहानी सुनकर आपको समझ नहीं आएगा की हंसा जाए या फिर इस सिस्टम पर अपना सिर पीट लिया जाए।
बात 15 नवंबर 2026 की है। मौका था कंद षष्ठी (Kanda Sashti) के पावन त्योहार का। तमिलनाडु का तिरुचेंदूर मुरुगन मंदिर वो पवित्र जगह है, जहां भगवान कार्तिकेय ने सूरापद्मन नाम के असुर का वध किया था।
इसी जीत का जश्न मनाने के लिए हर साल यहां ‘सूरसंहारम’ (Soorasamharam) का महा-आयोजन होता है। लाखों की तादाद में हिंदू भक्त इस दिन का साल भर इंतज़ार करते हैं।
उस दिन भी समंदर का किनारा खचाखच भरा था। लाखों सनातनी, जिनमें बूढ़े, बच्चे और औरतें शामिल थीं, 6-6 दिन का कड़ा व्रत रखकर वहां खड़े थे। उनके पैरों में चप्पलें तक नहीं थीं।
उनका ये समर्पण किसी पार्टी या नेता के लिए नहीं, बल्कि अपने आराध्य भगवान मुरुगन के लिए था। सब अपनी आंखें बंद करके सिर्फ भगवान कार्तिकेय के दर्शन और उनके उस पवित्र जयकारे का इंतज़ार कर रहे थे, जो सदियों से वहां गूंजता आ रहा है।
लेकिन इन बेचारी भोली-भाली जनता को क्या पता था की आज इस समंदर किनारे भगवान मुरुगन के साथ-साथ एक ‘नए भगवान’ की भी लॉन्चिंग होने वाली है!
और ये नए भगवान स्वर्ग से नहीं, बल्कि सीधे राज्य की विधानसभा से अवतरित होने वाले थे। राजनीति की इस बिसात ने आस्था के इतने बड़े समंदर को पल भर में एक भद्दे राजनीतिक तमाशे में बदल कर रख दिया।
#WATCH | Thiruchendur, Tamil Nadu: Lakhs of devotees gather at Arulmigu Subramaniya Swamy Temple in Tamil Nadu’s Tiruchendur to witness the grand Soorasamharam festival. Security arrangements, including the deployment of around 4,100 police personnel, have been made to manage the… pic.twitter.com/9DLZKGSOJ6
— ANI (@ANI) November 15, 2026
15 नवंबर का वो दिन जब सरकारी माइक ने तय किया की आज से नेताओं का कद भगवान के बराबर है
अब आते हैं उस पल पर, जब यह पूरा कांड हुआ। तमिलनाडु के मंदिरों में सरकारी विभाग- हिंदू धार्मिक और धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग (HR&CE Department) का पूरा कंट्रोल रहता है।
इसी विभाग ने इस भव्य आयोजन की ‘लाइव कमेंट्री’ करने के लिए एक प्लेबैक सिंगर को आधिकारिक (Official) तौर पर माइक थमा रखा था। इस महान सिंगर का नाम है- वेलमुरुगन (Velmurugan)।
अब वेलमुरुगन के हाथ में माइक था। लाखों की भीड़ उनके एक इशारे का इंतज़ार कर रही थी। कायदे से उन्हें बोलना था- “वेत्रीवेल मुरुगनुकु अरोहरा” (भगवान मुरुगन की जय हो), और जवाब में पब्लिक को भी यही दोहराना था।
लेकिन अचानक सिंगर महोदय के अंदर का ‘राजनीतिक कार्यकर्ता’ जाग उठा। उन्होंने लाउडस्पीकर पर पूरी ताकत से चिल्लाना शुरू कर दिया-
“हमारे मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को अरोहरा…!”
“हमारे एचआर एंड सीई (HR&CE) मंत्री एस. रमेश को अरोहरा…!”
हद हो गई! वहां नंगे पैर खड़ी पब्लिक एक पल के लिए सन्न रह गई की भाई ये चल क्या रहा है? हम यहां अपने भगवान से मन्नतें मांगने आए हैं या फिर इन नेताओं का चुनावी घोषणापत्र सुनने?
इस घटना को देखकर एक बहुत ही गंभीर सवाल उठता है। क्या आज के दौर में राजनेताओं का ईगो इतना विशाल हो गया है की अब उन्हें भगवान मुरुगन को मिलने वाले जयकारों से भी जलन होने लगी है?
मतलब, पब्लिक का टैक्स चाहिए, वो तो ले ही रहे हो। पब्लिक का वोट चाहिए, वो भी ले लिया। लेकिन अब क्या भगवान के हिस्से का प्रसाद, उनके नाम का जयकारा और उनकी आरती भी इन नेताओं की जेब में जाएगी?
अगर मुख्यमंत्री और मंत्रियों का नाम भगवान की जगह जपा जाने लगेगा, तो फिर मंदिरों की ज़रूरत ही क्या है? विधानसभा के बाहर ही अगरबत्ती जला लिया करो!

सिंगर वेलमुरुगन की गज़ब चाटुकारिता जिसने मंदिर के पवित्र मंच को बना दिया पॉलिटिकल प्रचार का दफ्तर
खैर, इस पूरे तमाशे के लिए सिर्फ नेताओं को दोष देना भी पूरी तरह सही नहीं होगा। इसमें सबसे बड़ा रोल उन ‘दरबारियों’ का होता है, जिन्हें चापलूसी करने की ऐसी लत लग चुकी है की वे जगह और मौके का फर्क ही भूल जाते हैं।
सिंगर वेलमुरुगन ने जो किया, वो कोई गलती से निकली हुई बात नहीं थी।
दरअसल, इसके पीछे एक बहुत ही तगड़ा ‘जुगाड़’ और सिस्टम काम कर रहा है। सरकार (HR&CE विभाग) ने सिंगर वेलमुरुगन को मंदिर के बोर्ड में कुर्सी दे रखी है।
अब जब सरकार ने आपको पद, पैसा और रुतबा दिया है, तो भाई आपको अपनी ‘वफादारी’ तो साबित करनी ही पड़ेगी ना!
आज के समय में नेताओं के तलवे चाटने (Bootlicking) का यह सबसे नया और इनोवेटिव तरीका मार्केट में आया है। पहले लोग नेताओं को खुश करने के लिए उनके पोस्टर लगाते थे, रैलियों में भीड़ जुटाते थे।
लेकिन अब स्मार्ट जमाना है! अगर आपको सरकार में कोई पद चाहिए, टिकट चाहिए या ठेका चाहिए… तो फालतू मेहनत मत करो।
बस किसी बड़े हिंदू मंदिर का सरकारी लाउडस्पीकर पकड़ो और लाखों भक्तों के सामने नेता जी को सीधे भगवान घोषित कर दो। इससे नेता जी भी खुश, और आपका करियर भी सेट!
लेकिन इस चाटुकारिता ने एक बहुत ही गलत ट्रेंड सेट कर दिया है। क्या हिंदू मंदिर अब सिर्फ आस्था के केंद्र रह गए हैं, या फिर पॉलिटिकल पार्टियों के प्रचार केंद्र बन चुके हैं?
ज़रा सोचिए, आज एक सिंगर ने मंत्री जी को खुश करने के लिए उनका नाम ‘अरोहरा’ के साथ जोड़ दिया। कल को अगर कोई साबुन या तेल की कंपनी मंदिर की कमेटी को मोटा चंदा दे दे..
तो क्या ये लोग लाउडस्पीकर पर ये भी बोलने लगेंगे की “भगवान मुरुगन की जय, और नहाने के लिए फलां साबुन की भी जय?”
मंदिर का माइक, मंदिर का मंच और लाखों भक्तों की भीड़… इन सबका इस्तेमाल सिर्फ और सिर्फ एक पार्टी के नेताओं की इमेज चमकाने के लिए किया गया।
यह उस सरकारी ईकोसिस्टम का सबसे भद्दा चेहरा है, जिसने हमारे पवित्र धर्मस्थलों को अपनी जागीर समझ लिया है।

लाखों नंगे पैर खड़े भक्तों की आस्था के साथ ये कैसा भद्दा मज़ाक और आगम शास्त्रों का सरेआम उल्लंघन
ज़रा उस आम भक्त के नज़रिए से सोचिए जो इस पूरे ड्रामे का मूकदर्शक बना हुआ था। एक आम आदमी के पास वीआईपी दर्शन का टिकट खरीदने के पैसे नहीं होते।
वो धक्के खाकर, तपती धूप में समंदर किनारे सिर्फ इसलिए खड़ा होता है क्योंकि उसे सिस्टम के किसी नेता पर नहीं, बल्कि अपने भगवान पर भरोसा होता है।
लेकिन इस घटना ने उस आम सनातनी भक्त को यह कड़वा अहसास दिला दिया की इस सरकारी और ‘सेक्युलर’ सिस्टम में भक्त की हैसियत सिर्फ एक ‘दूसरे दर्जे’ के नागरिक की है।
हमेशा से हिंदू मंदिरों की अपनी एक मर्यादा रही है। हमारे दक्षिण भारत के मंदिर तो खास तौर पर अपने सख्त नियमों के लिए जाने जाते हैं।
हिंदू मंदिरों की पूरी कार्यप्रणाली ‘आगम शास्त्रों’ (Agama Shastras) के तहत चलती है। और आपको जानकर हैरानी होगी की इन आगम शास्त्रों में बहुत स्पष्ट शब्दों में लिखा है की मंदिर के गर्भगृह या प्रांगण में किसी भी जीवित मनुष्य की पूजा, स्तुति या जय-जयकार भगवान के समान नहीं की जा सकती..
फिर चाहे वो देश का सबसे बड़ा राजा ही क्यों न हो! भगवान के दरबार में राजा और रंक दोनों बराबर होते हैं।
लेकिन हमारे इस आधुनिक सिस्टम को शास्त्रों और नियमों से भला क्या मतलब? इनके लिए तो सत्ता ही सबसे बड़ा शास्त्र है।
एक चापलूस सिंगर ने लाखों लोगों के सामने आगम नियमों की धज्जियां उड़ा दीं और राजनेताओं को सीधे भगवान कार्तिकेय के बराबर लाकर खड़ा कर दिया।
और मजे की बात देखिए, वहां मौजूद सरकारी महकमे के किसी भी अधिकारी ने उसे रोकने की जहमत तक नहीं उठाई, क्योंकि आखिर खुश तो उनके ‘बॉस’ ही हो रहे थे ना!

असली जड़ है मंदिरों पर सरकारी नियंत्रण जिसके चलते भगवान भी पॉलिटिकल किरदार बनकर रह गए हैं
अगर आप सोच रहे हैं की यह सिर्फ एक सिंगर की बेवकूफी का नतीजा है, तो आप पूरी पिक्चर मिस कर रहे हैं दोस्त।
यह तो सिर्फ बीमारी का एक लक्षण है, असली कैंसर कहीं और है। और वो कैंसर है- हिंदू मंदिरों पर सरकार का कब्ज़ा!
तमिलनाडु में एचआर एंड सीई (Hindu Religious and Charitable Endowments Department – HR&CE) विभाग हिंदू मंदिरों को अपने नियंत्रण में रखता है।
सरकारी अधिकारियों (जैसे संयुक्त आयुक्त और कार्यकारी अधिकारी) द्वारा हिन्दू मंदिरों पर पूरी निगरानी रखी जाती है।
आप ज़रा इस देश का गज़ब का ‘सेक्युलरिज्म’ देखिए। मस्जिदें वक्फ बोर्ड चलाते हैं, चर्च ईसाई कमेटियां चलाती हैं, गुरुद्वारे शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) चलाती है… वहां सरकार का कोई दखल नहीं।
लेकिन जैसे ही बात हिंदू मंदिरों की आती है, सरकारें गिद्ध की तरह झपट पड़ती हैं! क्यों? क्योंकि हिंदू मंदिरों में अथाह दान आता है, सोना-चांदी आता है और वहां भक्तों की भारी भीड़ जुटती है।
जब सरकार मंदिर चलाती है, तो होता क्या है? मंदिर की कमेटियों और ट्रस्टों में नास्तिकों, राजनीतिक चाटुकारों और ऐसे लोगों को भर दिया जाता है जिन्हें धर्म का ‘ध’ भी नहीं पता होता।
इनका मकसद आस्था का संरक्षण करना नहीं, बल्कि मंदिर के खजाने से सत्ता का सिस्टम चलाना होता है।
और इसी सिस्टम का नतीजा है की आज हमारे भगवान भी नेताओं की इमेज चमकाने के लिए ‘पॉलिटिकल किरदार’ बनकर रह गए हैं।
मंदिर का मंच एक ऐसा रेडीमेड स्टेज बन गया है जहां नेताओं को बिना किसी खर्चे के लाखों की भीड़ मिल जाती है, और फिर ऐसे ही चाटुकार सिंगर माइक पकड़कर उन नेताओं को भगवान का दर्जा बांटने लगते हैं।
सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक उबला गुस्सा और हिंदू मुन्नानी की पुलिस कंप्लेंट से फुल गए सरकार के हाथ-पैर
इस बार पानी सिर के ऊपर जा चुका है। 15 नवंबर की इस हरकत के बाद से पूरे तमिलनाडु और देश भर के सनातनियों में भयंकर उबाल है।
वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तो जैसे लंका लग गई है। लोग पूछ रहे हैं की क्या अब भगवान को भी नेताओं के आगे टिकटार्थी बनाकर खड़ा कर दोगे?
इस मामले ने इतना तूल पकड़ लिया है की सरकार और प्रशासन के हाथ-पैर फुल गए हैं। हिंदू मुन्नानी (Hindu Munnani) और कई अन्य हिंदू संगठनों व बीजेपी नेताओं ने पुलिस स्टेशनों में मोर्चा खोल दिया है।
और ये मामला इतना गंभीर है की विपक्ष ने भी सरकार को घेर लिया है।
AIADMK प्रमुख एडप्पादी के. पलानीस्वामी, DMK और कई विपक्षी राजनीतिक दलों ने सत्तारूढ़ TVK सरकार की कड़ी आलोचना की है।
उन्होंने कहा है की एक बेहद पवित्र धार्मिक मंच का इस्तेमाल नेताओं की चापलूसी और राजनीतिक प्रचार के लिए किया गया है, जो मंदिर की परंपराओं का अपमान है।
बाकायदा पुलिस में शिकायतें दर्ज कराई गई हैं की राजनेताओं को भगवान के बराबर बताकर हमारी धार्मिक भावनाओं और आगम शास्त्रों का घोर अपमान किया गया है।
जनता की मांग बिल्कुल सीधी और साफ है- सिंगर वेलमुरुगन को वापस उसी तिरुचेंदूर के समंदर किनारे लाया जाए, और जिन लाखों भक्तों की आस्था के साथ उसने खिलवाड़ किया है, उनके और भगवान मुरुगन के सामने उससे नाक रगड़वाकर माफी मंगवाई जाए।
साथ ही, ऐसे चाटुकारों को मंदिर की हर कमेटी और ट्रस्ट से तुरंत धक्के मारकर बाहर किया जाना चाहिए। मंदिर कोई सर्कस नहीं है जहां आप अपनी वफादारी का मुजरा पेश करें।
अब क्या मोहल्ले के लोकल विधायकों और गुंडों के लिए भी मंदिर के स्पीकर से होंगी प्रार्थनाएं
सच कहूं तो यह पूरी घटना हमें एक बहुत ही खतरनाक मोड़ पर लाकर खड़ी कर देती है। एक सवाल जो हर किसी के जेहन में हथौड़े की तरह बजना चाहिए, वो ये है – की ये सिलसिला रुकेगा कहां?
आज मुख्यमंत्री और कैबिनेट मंत्रियों के लिए मंदिर के लाउडस्पीकर से जयकारे लगाए गए। अगर इस चाटुकारिता को यहीं नहीं कुचला गया, तो वो दिन दूर नहीं जब कोई लोकल विधायक, कोई गली का ठेकेदार और मोहल्ले का कोई बाहुबली गुंडा भी मंदिर कमेटी पर दबाव डालेगा।
कल को वो भी कहेंगे की “भई, जब मंत्री जी के लिए ‘अरोहरा’ गाया जा सकता है, तो सुबह की आरती में मेरा नाम भी जपा जाना चाहिए!” क्या हम अपने पवित्र मंदिरों को लोकल गुंडों और नेताओं के स्तुति-गान का अड्डा बनते हुए देख सकते हैं?
इन सत्ता के नशे में चूर नेताओं और उनके दरबारियों को एक बात बहुत अच्छे से समझ लेनी चाहिए। सत्ता तो एक बुलबुला है… आज है, कल चुनाव होंगे और छिन जाएगी।
लेकिन भगवान मुरुगन का वो दरबार और सनातन की आस्था वहां सदियों से है और अनंत काल तक रहेगी।
आप पॉलिटिक्स के मैदान में चाहे जितना कीचड़ उछालें, लेकिन जब आप भगवान के मंच को गंदा करने की कोशिश करेंगे, तो ये हिंदू समाज कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
