राजनीति में नेता तो बहुत आते-जाते रहते हैं। कोई चुनाव जीतता है, कोई हारता है, कोई मंत्री बनता है और फिर लोग उसे भूल जाते हैं।
लेकिन कुछ चेहरे ऐसे होते हैं जो कुर्सी के मोहताज नहीं होते, बल्कि वो जिस कुर्सी पर बैठ जाते हैं, उसकी ही इज़्ज़त बढ़ जाती है।
भारत की राजनीति में ऐसा ही एक चेहरा थीं हमारी सुषमा स्वराज जी! माथे पर वो बड़ी सी बिंदी, चेहरे पर हमेशा एक ममतामयी मुस्कान और जब बोलने पर आएं तो शेरनी जैसी वो बेखौफ दहाड़… एक ही इंसान में इतने रंग शायद ही किसी ने देखे हों।
सुषमा जी इस देश के करोड़ों लोगों के लिए एक ‘माँ’ जैसी थीं। उनकी सबसे बड़ी जीत कोई चुनाव नहीं था, बल्कि वो बेदाग छवि और वो भरोसा था जो उन्होंने एक आम हिंदुस्तानी के दिल में जगाया था।
आज हम उसी ‘मदर इंडिया’ की ज़िंदगी के वो पन्ने पलटेंगे, जो सिर्फ किस्से नहीं, बल्कि नए भारत का इतिहास हैं।

एक ऐसी नेत्री जिन्हें देखकर हर हिंदुस्तानी को अपनी ‘मां’ याद आई, विदेश मंत्रालय को आम आदमी की चौखट तक लाने वाली सुषमा जी
बात 2014 से पहले की है। आप खुद याद करके देखिए, उस दौर में विदेश मंत्रालय (MEA) का मतलब क्या होता था?
एक आम आदमी के लिए विदेश मंत्रालय किसी किले से कम नहीं था, जिसके अंदर सिर्फ बड़े-बड़े आईएफएस (IFS) अफसर, सूट और टाई वाले डिप्लोमेट्स बैठते थे।
बंद दरवाज़ों के पीछे की राजनीति, भारी-भरकम अंग्रेजी के शब्द और फाइलों का अंबार… यही पहचान थी इस वीआईपी मंत्रालय की।
एक साधारण इंसान तो पासपोर्ट ऑफिस जाने तक से कतराता था, विदेश मंत्री तक पहुंचना तो किसी सपने जैसा था।
लेकिन 2014 में जब सुषमा जी ने विदेश मंत्री की कुर्सी संभाली, तो उन्होंने इस मंत्रालय की पूरी की पूरी परिभाषा ही बदल कर रख दी।
उन्होंने उस ऊंचे वीआईपी किले के दरवाज़े सीधे एक आम हिंदुस्तानी के घर के आंगन में खोल दिए।
वो देश की पहली पूर्णकालिक (Full-time) महिला विदेश मंत्री थीं। उनके आते ही वो सूट-बूट वाला मंत्रालय एकदम अपना सा लगने लगा।
कोई प्रोटोकॉल नहीं, कोई बाबूशाही नहीं! किसी को भी, कहीं भी दिक्कत हो, तो बस सोशल मीडिया पर एक आवाज़ लगाने की देर होती थी, और सुषमा जी आधी रात को भी एक माँ की तरह उसकी ढाल बनकर खड़ी हो जाती थीं।
उनके मुस्कुराते चेहरे और काम करने के उस तरीके ने उन्हें पूरे देश की असली ‘मदर इंडिया’ बना दिया था।
अम्बाला की एक साधारण लड़की से लेकर महज़ 25 साल की उम्र में देश की सबसे युवा कैबिनेट मंत्री बनने का सफर

सुषमा जी किसी बड़े राजनीतिक घराने से नहीं आती थीं। 14 फरवरी 1952 को हरियाणा के Ambala Cantt में एक बहुत ही साधारण से परिवार में उनका जन्म हुआ था।
उनके पिता हरदेव शर्मा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के एक प्रमुख सदस्य थे, तो ज़ाहिर सी बात है, देशभक्ति और राष्ट्रवाद के संस्कार उन्हें घुट्टी में ही मिल गए थे।
उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से कानून (Law) की पढ़ाई की। उस ज़माने में जब लड़कियां ज़्यादा बोलती नहीं थीं, तब सुषमा जी ने संस्कृत और हिंदी में अपनी ओजस्वी भाषण कला से यूनिवर्सिटी में तहलका मचा रखा था।
वो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ गईं। और फिर आया 1975 की इमरजेंसी (आपातकाल) का वो खौफनाक दौर।
जब अच्छे-अच्छे नेताओं की ज़बान पर ताले लगे थे, तब सुषमा जी जयप्रकाश नारायण (जेपी) के संपूर्ण क्रांति आंदोलन में कूद पड़ीं।
उन्होंने सड़कों पर उतरकर उस तानाशाही का डटकर विरोध किया। इसी बेखौफ जज़्बे का नतीजा था की जब 1977 में देश से इमरजेंसी हटी और चुनाव हुए, तो सुषमा जी ने हरियाणा विधानसभा का चुनाव लड़ा और शानदार जीत दर्ज़ की।
और फिर रचा गया वो इतिहास, जो आज तक नहीं टूटा है! चौधरी देवीलाल की सरकार में उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाया गया।
ज़रा सोचिए दोस्त… उस वक़्त उनकी उम्र थी महज़ 25 साल!
वो उस उम्र में देश की सबसे युवा कैबिनेट मंत्री बन गई थीं। उनका जलवा यहीं नहीं रुका। 1979 में सिर्फ 27 साल की उम्र में उन्हें जनता पार्टी (हरियाणा) का राज्य अध्यक्ष बना दिया गया।
जब दिल्ली को मिली पहली महिला मुख्यमंत्री और सूचना प्रसारण मंत्री बनकर फिल्म इंडस्ट्री को दिया अंडरवर्ल्ड से आज़ाद कराने वाला सबसे बड़ा तोहफा
सुषमा जी का विज़न कितना बड़ा था, इसका अंदाज़ा आपको उनके मंत्रालयों के काम देखकर लगेगा।
1996 में जब अटल बिहारी वाजपेयी जी की 13 दिन की सरकार बनी, तो सुषमा जी को सूचना एवं प्रसारण मंत्री (I&B Minister) बनाया गया।
आज जो आप टीवी पर लोकसभा की बहसों का सीधा प्रसारण (Live Telecast) देखते हैं ना, वो क्रांतिकारी कदम सुषमा जी ने ही उठाया था! उन्होंने संसद को सीधे जनता तक पहुंचा दिया था।
लेकिन 1998 में जब वो दोबारा I&B मंत्री बनीं, तो उन्होंने एक ‘मास्टरस्ट्रोक’ खेला!
नब्बे का वो दशक याद है आपको? जब दाऊद इब्राहिम और दुबई में बैठा अंडरवर्ल्ड बॉलीवुड को अपनी उंगलियों पर नचाता था।
ऐसा क्यों था? क्योंकि उस वक़्त फिल्मों को बनाने के लिए बैंकों से लोन नहीं मिलता था। मजबूरी में प्रोड्यूसर्स को अंडरवर्ल्ड के गुंडों से काला पैसा लेना पड़ता था।
सुषमा जी ने इस बीमारी को जड़ से पकड़ा। उन्होंने ‘भारतीय सिनेमा’ को एक ‘उद्योग’ (Industry) का दर्ज़ा दे दिया।
यह आज़ाद भारत के इतिहास का सबसे बड़ा फैसला था। इंडस्ट्री का दर्ज़ा मिलते ही बॉलीवुड के प्रोड्यूसर्स को बैंकों से इज़्ज़त के साथ लोन मिलने लगा और अंडरवर्ल्ड के काले पैसे की फिल्मों में एंट्री बंद हो गई।
सुषमा जी हमेशा संकटमोचक का रोल निभाती थीं। अक्टूबर 1998 में जब दिल्ली में बीजेपी को एक बहुत ही मजबूत और लोकप्रिय चेहरे की सख्त ज़रूरत पड़ी, तो पार्टी ने उनकी तरफ देखा।
और फिर सुषमा स्वराज जी ने एक और नया इतिहास रच दिया- उन्हें दिल्ली की कमान सौंपी गई और वो बनीं दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री (First Female CM of Delhi)।

“हम आईआईटी और एम्स बना रहे हैं और तुम लश्कर-ए-तैयबा…” संयुक्त राष्ट्र के मंच पर पाकिस्तान पर जड़ा गया वो तमाचा
सुषमा जी सिर्फ ममता की मूरत नहीं थीं, जब बात देश के स्वाभिमान की आती थी, तो वो राजनीति की सबसे खूंखार शेरनी बन जाती थीं।
2009 से 2014 तक जब वो लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष (Leader of Opposition) थीं, तो उनके भाषण सुनने के लिए पूरा देश टीवी से चिपक जाता था।
वो शुद्ध हिंदी, बेहतरीन उर्दू के अशआर और संस्कृत के श्लोकों का ऐसा बाण चलाती थीं की सत्ता पक्ष के बड़े-बड़े नेताओं के पास कोई जवाब नहीं होता था। विरोधी भी उनके तर्कों पर मेज़ थपथपाने को मजबूर हो जाते थे।
लेकिन उनकी इस ओजस्वी आवाज़ का सबसे बड़ा और ऐतिहासिक गवाह बना संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) का वो मंच, जहां उन्होंने पाकिस्तान को ऐसा धोया की नापाक देश के छक्के छूट गए।
2016 और 2017 के यूएन (UN) अधिवेशन में सुषमा जी ने हिंदी में अपना भाषण शुरू किया।
पाकिस्तान हमेशा की तरह वहां ‘विक्टिम कार्ड’ खेल रहा था और कश्मीर का रोना रो रहा था। तब सुषमा जी ने दहाड़ते हुए कहा-
“आज मैं पाकिस्तान के नेताओं से पूछना चाहती हूँ… आज़ादी के बाद हमने भी एक साथ सफर शुरू किया था। आज भारत की पहचान दुनिया में आईटी सुपरपावर (IT Superpower) की है, और पाकिस्तान की पहचान क्या है? दहशतगर्दी का एक्सपोर्टर! हमने IIT बनाए, IIM बनाए, AIIMS और ISRO जैसे संस्थान बनाए… और पाकिस्तान ने क्या बनाया? लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद, हक्कानी नेटवर्क और हिज्बुल मुजाहिदीन जैसी टेरर फैक्ट्रियां!”
यह यूएन के इतिहास में पाकिस्तान के मुंह पर जड़ा गया अब तक का सबसे करारा और बेबाक तमाचा था।
यमन के युद्ध से लेकर सूडान तक… जब विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने चलाया ‘ऑपरेशन राहत’ और बचाई 40 देशों के नागरिकों की भी जान
जब आप विदेश मंत्री होते हैं, तो आपको बैठकर सिर्फ नीतियां ही नहीं बनानी होतीं, कभी-कभी अपनों को बचाने के लिए आग में भी कूदना पड़ता है। और सुषमा जी ने यह करके दिखाया।
साल 2015 की बात है। यमन (Yemen) में भयंकर युद्ध छिड़ चुका था। आसमान से सऊदी अरब के लड़ाकू विमान बमबारी कर रहे थे और ज़मीन पर हूती विद्रोहियों ने तबाही मचा रखी थी।
चारों तरफ मौत का तांडव चल रहा था। इसी यमन में फंसे थे हज़ारों बेगुनाह हिंदुस्तानी, जिनकी जान हर पल हलक में अटकी थी।
ऐसे खौफनाक माहौल में सुषमा जी ने शुरू किया ‘ऑपरेशन राहत’ (Operation Raahat)। उन्होंने दिल्ली के वॉर रूम से खुद कमान संभाली और अपने एक और जांबाज़ साथी, जनरल वीके सिंह को सीधे ग्राउंड ज़ीरो पर भेज दिया।
बमों की बारिश के बीच से भारत ने अपने एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 4,500 से ज़्यादा नागरिकों को सुरक्षित और ज़िंदा बाहर निकाला!
और सबसे बड़ी बात तो अब सुनिए, जिसने ग्लोबल लेवल पर भारत को एक ‘सुपरपावर’ का दर्ज़ा दिला दिया। उस युद्ध में अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस और रूस जैसे ताकतवर देशों के पसीने छूट गए थे, वे अपने नागरिकों को नहीं निकाल पा रहे थे।
तब इन देशों ने भारत और सुषमा जी से गुहार लगाई। हमारी ‘मदर इंडिया’ ने किसी को निराश नहीं किया।
भारतीय नौसेना और एयरफोर्स ने यमन से 41 अन्य देशों के 960 विदेशी नागरिकों की भी जान बचाई। दुनिया के बड़े-बड़े मुल्कों ने उस दिन सुषमा स्वराज और भारत की कूटनीति के आगे सिर झुकाया था।
इसके बाद 2016 में जब दक्षिणी सूडान (South Sudan) में भयंकर गृहयुद्ध छिड़ा, तब भी सुषमा जी ने ‘ऑपरेशन संकट मोचन’ चलाकर वहां फंसे हिंदुस्तानियों को सही-सलामत वतन वापस लौटाया।
उन्होंने साबित कर दिया था की वो सिर्फ कागज़ी मंत्री नहीं, बल्कि रियल लाइफ की ‘एक्शन लेडी’ हैं।

“अगर तुम मंगल ग्रह पर भी फंस गए तो भारतीय दूतावास मदद करेगा…” ट्विटर को बनाया हिंदुस्तानियों की सुरक्षा का सबसे बड़ा ब्रह्मास्त्र
सुषमा जी के इस भौकाल के पीछे एक ऐसा हथियार था, जिसे उनसे पहले किसी राजनेता ने इतने खूबसूरत तरीके से इस्तेमाल नहीं किया था..
और वो था ट्विटर (अब X)। उन्होंने इस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को विदेश मंत्रालय का 24×7 हेल्पलाइन नंबर बना दिया था।
विदेश में किसी का पासपोर्ट खो गया हो, किसी का वीजा एक्सपायर हो गया हो, किसी का एक्सीडेंट हो गया हो या किसी को बंधक बना लिया गया हो…
बस सुषमा जी को टैग करके एक ट्वीट करने की देरी होती थी। चाहे रात के 2 बज रहे हों, उनका रिप्लाई आता था और अगले ही पल उस देश का भारतीय दूतावास (Embassy) एक्शन में आ जाता था।
एक बार किसी ने मज़ाक में ट्वीट कर दिया की वो मंगल ग्रह (Mars) पर फंस गया है। तब सुषमा जी ने जो रिप्लाई दिया, वो इतिहास बन गया।
उन्होंने लिखा- “अगर आप मंगल ग्रह पर भी फंसे होंगे, तो वहां भी भारतीय दूतावास आपकी मदद के लिए आएगा।”
यह एक माँ का अपने बच्चों के लिए वो पक्का भरोसा था, जो कह रहा था की तुम दुनिया के किसी भी कोने में हो, तुम्हारा देश तुम्हारे पीछे खड़ा है।
और उनके इसी ममत्व की सबसे बड़ी मिसाल बनी ‘गीता’ की कहानी। गीता एक गूंगी और बहरी भारतीय लड़की थी, जो बचपन में गलती से सीमा पार कर गई थी और सालों से पाकिस्तान के ‘ईधी फाउंडेशन’ (Edhi Foundation) में फंसी हुई थी।
जब सुषमा जी को इस बेटी के बारे में पता चला, तो उन्होंने ठान लिया की वो इसे वापस लाकर ही मानेंगी।
अपनी ज़िद, अपने कड़क फैसलों और ममतामयी कूटनीति के दम पर उन्होंने गीता को पाकिस्तान से निकाला और भारत लेकर आईं। जब गीता भारत आई, तो सुषमा जी ने उसे गले लगाकर बिल्कुल एक बेटी की तरह प्यार दिया।
1 रुपये की वो ऐतिहासिक फीस और धारा 370 हटने की मुराद पूरी होने पर किया वो आखिरी ट्वीट जिसने पूरे देश को रुला दिया
सुषमा जी राजनीति के उस मुकाम पर थीं जहाँ लोग सत्ता छोड़ना नहीं चाहते, लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने अपने गिरते स्वास्थ्य (Kidney Transplant) के चलते खुद ही चुनाव लड़ने से मना कर दिया।
कुर्सी छोड़ने में उन्हें एक सेकंड का भी अफसोस नहीं था, क्योंकि उनके लिए राष्ट्रनीति हमेशा राजनीति से ऊपर रही।
लेकिन इस महान राष्ट्रभक्त बेटी की ज़िंदगी का सबसे भावुक और आख़िरी पन्ना अभी लिखा जाना बाकी था।
बात अगस्त 2019 की है। हम सब जानते हैं की आरएसएस और जनसंघ के हर सिपाही का सबसे बड़ा सपना था- कश्मीर से धारा 370 का खात्मा।
5 अगस्त 2019 को मोदी सरकार ने वो ऐतिहासिक कदम उठाया और संसद में धारा 370 को हमेशा के लिए उखाड़ फेंका। सुषमा जी उस वक़्त घर पर थीं। देश खुशी से झूम रहा था।
इसके ठीक अगले दिन, यानी 6 अगस्त 2019 की शाम को, सुषमा जी ने अपने ट्विटर (X) अकाउंट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को टैग करते हुए एक ट्वीट किया।
उन्होंने लिखा- “प्रधानमन्त्री जी – आपका हार्दिक अभिनन्दन। मैं अपने जीवन में इस दिन को देखने की प्रतीक्षा कर रही थी।”
ज़रा इन शब्दों की गहराई को महसूस कीजिए दोस्त! “मैं अपने जीवन में इसी दिन को देखने की प्रतीक्षा कर रही थी…” मानो वो राष्ट्रभक्त बेटी सिर्फ इसी आख़िरी मुराद के पूरे होने के इंतज़ार में अपनी सांसें रोक कर बैठी थी।
उसी शाम (6 अगस्त) का एक और ऐसा किस्सा है जो इंसान को अंदर तक रुला देता है। शाम के वक़्त सुषमा जी ने कुलभूषण जाधव का केस लड़ने वाले मशहूर वकील हरीश साल्वे को फोन किया।
आपको बता दें की पाकिस्तान की एक सैन्य अदालत ने बिना कोई सबूत दिए, एकतरफा तरीके से भारतीय नागरिक कुलभूषण जाधव को पाकिस्तान में जासूसी के इल्ज़ाम में फांसी की सज़ा सुना दी थी।
फिर सुषमा जी ने बिना एक पल की भी देरी किए इस केस को सीधे अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय (International Court of Justice – ICJ) में घसीट लिया।
उन्होंने भारत के सबसे महंगे वकील हरीश साल्वे (Harish Salve) को इस काम पर लगाया।
सुषमा जी ने एक-एक ड्राफ्ट खुद चेक किया और कूटनीति का ऐसा चक्रव्यूह रचा की आईसीजे (ICJ) ने पाकिस्तान के मुंह से निवाला छीनते हुए कुलभूषण जाधव की फांसी पर अनिश्चितकालीन रोक (Stay) लगा दी।
साल्वे ने देश के लिए वो केस बिल्कुल मुफ्त में लड़ा था, सिर्फ ‘1 रुपये’ की सांकेतिक फीस पर। सुषमा जी ने फोन पर बहुत प्यार से साल्वे जी से कहा, “हरीश, कल शाम को मेरे घर आना और आकर अपनी वो 1 रुपये की फीस ले जाना।”
हरीश साल्वे ने खुशी-खुशी कहा की वो कल शाम 6 बजे ज़रूर आएंगे। लेकिन अफ़सोस… वो ‘कल’ कभी नहीं आया!
उसी रात 6 अगस्त 2019 को, आख़िरी ट्वीट करने और वो 1 रुपये की फीस देने का वादा करने के महज़ कुछ घंटे बाद ही सुषमा स्वराज जी को दिल का दौरा पड़ा और वो हम सबको हमेशा के लिए रोता हुआ छोड़कर चली गईं।
जब ये खबर टीवी पर आई, तो ऐसा लगा जैसे पूरे देश ने अचानक अपनी साँस रोक ली हो। क्या पक्ष, क्या विपक्ष… उस रात हर नेता, हर आम नागरिक की आँखें नम थीं।
सुषमा स्वराज जी एक ऐसी बेदाग और अजातशत्रु नेत्री थीं, जिनके आगे बड़े-बड़े कद्दावर नेता भी बौने नज़र आते थे।
भारतीय संस्कारों की चादर ओढ़कर, माथे पर बड़ी सी बिंदी लगाकर, जब वो दुनिया के बड़े-बड़े मुल्कों से आँख में आँख डालकर बात करती थीं, तो उसमें पूरे हिंदुस्तान का स्वाभिमान झलकता था।
आज वो भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन कूटनीति के पन्नों में, यमन से लौटकर आए उन हज़ारों हिंदुस्तानियों की दुआओं में, गीता की उस मुस्कान में और हर उस आम आदमी के भरोसे में हमारी सुषमा जी हमेशा-हमेशा के लिए ज़िंदा हैं।
राजनीति में मंत्री तो बहुत आएंगे और जाएंगे, लेकिन इस देश को अब शायद ही कोई दूसरी ‘मदर इंडिया’ नसीब हो।
