हिंदुस्तान की सियासत में ऐसे नेता बहुत कम ही देखने को मिलते हैं जिनकी कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम न हो। जब भी हिमाचल प्रदेश की राजनीति की बात होती है, तो एक चेहरा ऐसा है जिसके बिना पहाड़ों का इतिहास अधूरा है।
एक ऐसा शख्स जो पैदा तो राजघराने में हुआ, लेकिन जिसने अपनी सल्तनत किसी तलवार से नहीं बल्कि बैलेट पेपर और जनता के वोटों से जीती।
हम बात कर रहे हैं हिमाचल प्रदेश के 6 बार के मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की, जिन्हें आज भी पहाड़ों का बच्चा-बच्चा प्यार और सम्मान से ‘राजा साहिब’ कहता है।
वीरभद्र सिंह का राजनीतिक सफर उस पहाड़ी रास्ते की तरह था जहाँ एक तरफ विकास के ऊंचे-ऊंचे पहाड़ थे, तो दूसरी तरफ भ्रष्टाचार और घोटालों की गहरी खाइयां भी।
उन्होंने एक हाथ से हिमाचल को आधुनिक बनाया, तो दूसरे हाथ से कुछ ऐसी गलतियां भी कीं जिनकी फाइलों की धूल CBI और ED आज तक झाड़ रही है।

राजघराने का शाही वारिस जिसने लोकतंत्र में 6 बार पहना मुख्यमंत्री का ताज और बन गया हिमाचल के दिलों का राजा साहिब
वीरभद्र सिंह का जलवा ही कुछ अलग था। उनका जन्म 23 जून 1934 को शिमला के पास बुशहर रियासत (Bushahr State) के राजघराने में हुआ था।
कहते हैं ना की कुछ लोग मुंह में चांदी का चम्मच लेकर पैदा होते हैं, राजा साहिब सोने का चम्मच लेकर आए थे।
महज़ 13 साल की उम्र में पिता के निधन के बाद उन्हें राजशाही का ताज पहना दिया गया था। लेकिन जब देश में लोकतंत्र आया और राजवाड़े खत्म हुए, तो कई राजा-महाराजा गुमनामी के अंधेरे में खो गए।
पर वीरभद्र सिंह उन राजाओं में से नहीं थे।
इन्होंने अपना शाही चोगा उतारा और सीधे आम जनता के बीच निकल पड़े। आप उनका करिश्मा इसी बात से सोच लीजिए की जो आदमी 1962 में पहली बार लोकसभा पहुंचा हो, वो आने वाले दशकों में 6 बार हिमाचल प्रदेश का मुख्यमंत्री बना!
6 बार किसी राज्य का सीएम बनना कोई मज़ाक नहीं होता भाई। ये कुर्सी कोई किसी को खैरात में नहीं देता। जनता सच में उन्हें अपना राजा मानती थी।
जब वो पहाड़ के किसी छोटे से गांव में भी जाते थे, तो बूढ़ी औरतें उनके माथे पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद देती थीं।
एशिया का सबसे बड़ा फार्मा हब और पहाड़ों में सड़कों का विस्तार करने वाले वीरभद्र सिंह के विजनरी कदम
लोग सोचते हैं की हिमाचल का मतलब सिर्फ बर्फ, टूरिज्म, और मंदिर हैं। लेकिन वीरभद्र सिंह का विज़न इस रूढ़िवादी सोच से कहीं आगे का था।
उन्होंने समझ लिया था की सिर्फ सैलानियों के भरोसे राज्य की इकॉनमी को टॉप गियर में नहीं डाला जा सकता। इसलिए उन्होंने एक ऐसा दांव चला जिसने हिमाचल की पूरी किस्मत बदल कर रख दी।
आज आप जो बद्दी, बरोटीवाला और नालागढ़ (जिसे BBN कॉरिडोर कहते हैं) का इलाका देखते हैं ना, वो कभी एक वीरान और पिछड़ा हुआ पहाड़ी बेल्ट हुआ करता था।
वीरभद्र सिंह ने इसी इलाके को एशिया का सबसे बड़ा फार्मास्युटिकल हब (Pharma Hub) बना दिया। बड़ी-बड़ी कंपनियों को लुभाने के लिए उन्होंने ऐसा तगड़ा जुगाड़ सेट किया की बिजनेसमैन भागे-भागे हिमाचल आने लगे।
उन्होंने ‘सिंगल विंडो क्लीयरेंस’ सिस्टम लागू कर दिया- मतलब दफ्तरों के धक्के मत खाओ, एक ही जगह से फाइल पास कराओ और फैक्ट्री लगाओ।
साथ में इंडस्ट्रीज़ को सस्ती बिजली का ऐसा ऑफर दिया की आज देश की हर दूसरी दवाई उसी बद्दी की फैक्ट्रियों में बनती है।
इससे हजारों-लाखों पहाड़ी युवाओं को अपने ही घर में रोज़गार मिल गया।
इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में भी उनका दिमाग एकदम बुलेट ट्रेन की तरह चलता था। उन्होंने शिमला से लेकर किन्नौर तक पहाड़ों में सड़कों का ऐसा धांसू जाल बिछाया कि दूरदराज के इलाके सीधे शहरों से जुड़ गए।
हर साल बाढ़ से जो तबाही मचती थी, उसे रोकने के लिए उन्होंने ‘पब्बर नदी’ (Pabbar River) के चैनलाइजेशन का प्रोजेक्ट शुरू किया। मतलब पानी को कंट्रोल करने का पूरा बंदोबस्त।

सेब किसानों की किस्मत बदलने से लेकर हर गांव तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाने वाले राजा साहिब के वो ऐतिहासिक फैसले
हिमाचल की बात हो और सेब (Apple) का ज़िक्र न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। सेब तो वहां की इकॉनमी की रीढ़ है।
वीरभद्र सिंह खुद भी सेब के बहुत बड़े बागवान थे (हालांकि बाद में यही सेब उन्हें बहुत महंगे पड़े, जिस पर हम आगे बात करेंगे)। उन्होंने देखा की पहाड़ का किसान दिन-रात मेहनत करके सेब उगाता है और अचानक ओलावृष्टि (Hailstorm) आकर सब तबाह कर देती है।
इस प्राकतिक आफत से निपटने के लिए उन्होंने विदेश से ‘एंटी-हेल गन’ (Anti-hail guns) मंगवाकर लगवाने का ऐतिहासिक फैसला किया, ताकि बादलों में ही ओलों को पानी में बदला जा सके।
इसके अलावा सेब को बाहर भेजने के लिए कार्टन पैकेजिंग पर बम्पर सब्सिडी की शुरुआत की।
और शिक्षा का तो उन्होंने जैसे कायाकल्प ही कर दिया। एक दौर था जब पहाड़ के छोटे-छोटे बच्चों को स्कूल जाने के लिए मीलों तक दुर्गम रास्तों पर पैदल चलना पड़ता था।
राजा साहिब ने हर पंचायत में प्राइमरी स्कूल खोलने की झड़ी लगा दी। जो कस्बे कभी शिक्षा के नक्शे पर नहीं थे, वहां डिग्री कॉलेज खड़े कर दिए।
एक और तगड़ा काम जो उनके टाइम में हुआ, वो था ग्रामीण विकास का। मनरेगा (MGNREGA) का पैसा अक्सर प्रधानों और ठेकेदारों की जेब में चला जाता है, लेकिन वीरभद्र सरकार ने पूरे देश में सबसे पहले मनरेगा की संपत्तियों की ‘जियो-टैगिंग’ (Geo-tagging) शुरू की।
मतलब जहाँ काम हुआ है, उसकी सैटेलाइट लोकेशन दर्ज़ होगी। इसमें हिमाचल का कांगड़ा जिला पूरे भारत में नंबर वन बना था।
यहां तक तो राजा साहिब की कहानी किसी परीकथा जैसी लगती है ना? विकास की नदियां बह रही थीं, जनता खुश थी और दिल्ली का आलाकमान भी पीठ थपथपा रहा था।
लेकिन… पिक्चर अभी बाकी है! जिस नदी में विकास की गंगा बह रही थी, उसी के किनारों पर कुछ ऐसे काले खेल भी चल रहे थे जिन्होंने वीरभद्र सिंह के सुनहरे राजमुकुट को विवादों की कालिख से रंग दिया।

विकास के शानदार सफर के बीच जब 2007 के कुख्यात ऑडियो सीडी कांड ने ला दिया था राजा साहिब की कुर्सी पर भूचाल
ये बात साल 2007 की है। हिमाचल में चुनाव सिर पर मंडरा रहे थे। वीरभद्र सिंह पूरे फुल फॉर्म में थे और कांग्रेस को लग रहा था की राजा साहिब के चेहरे पर वो आसानी से दोबारा सत्ता में आ जाएंगे।
लेकिन तभी उनके ही एक पुराने कांग्रेसी वफादार, जो बाद में बागी हो गए- मेजर विजय सिंह मनकोटिया- ने एक ऐसा ‘ऑडियो सीडी’ बम फोड़ा की शिमला की कंपकंपाती ठंड में भी कांग्रेस हाईकमान के पसीने छूट गए।
इस सीडी में कथित तौर पर राजा साहिब और उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह की आवाज़ रिकॉर्ड थी। फोन लाइन के दूसरी तरफ थे एक वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारी मोहिंदर लाल।
अब आप सोच रहे होंगे की एक मुख्यमंत्री और आईएएस अफसर फोन पर क्या बात कर रहे होंगे? किसी नई सड़क या स्कूल के प्रोजेक्ट की? बिल्कुल नहीं!
इस सीडी में जो बातें हो रही थीं, वो वही थीं जो अक्सर सत्ता के बंद कमरों में होती हैं- पैसों का लेन-देन, रिश्वत की सेटिंग और कुछ खास उद्योगपतियों को गलत तरीके से फायदा पहुंचाने की डीलिंग।
इस सीडी कांड ने वीरभद्र सिंह की उस ‘पहाड़ जैसी बेदाग़ छवि’ पर पहला और सबसे बड़ा बट्टा लगाया।
मीडिया में हंगामा मच गया और प्रिवेंशन ऑफ करप्शन एक्ट (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) के तहत केस दर्ज़ हो गया।
जिस भोली-भाली जनता ने उन्हें सिर-आंखों पर बिठाया था, वो भी सोचने को मजबूर हो गई की भाई, जिस विकास की नदी में हम खुश होकर गोते लगा रहे हैं, उसी नदी के किनारे पर्दे के पीछे ये कौन सा खेल चल रहा है?
हालांकि राजा साहिब इसे राजनीतिक साज़िश बताते रहे और कानूनी दांव-पेंच चलते रहे, लेकिन इस सीडी ने एक बात तो साबित कर ही दी थी.. राजमहल की दीवारें भले ही कितनी भी ऊंची और मोटी क्यों न हों, जब अंदर के लोग बागी होते हैं, तो अंदर की आवाज़ें बाहर आ ही जाती हैं।
और ये तो महज़ शुरुआत थी, असल भूचाल आना तो अभी बाकी था।

सेब के बागानों का वो जादुई चमत्कार जिसने रातों-रात राजा साहिब की कमाई कर दी कई गुना और फिर हुई CBI की एंट्री
अब आते हैं वीरभद्र सिंह के राजनीतिक करियर के सबसे कुख्यात और सबसे दिलचस्प मामले पर। ये किस्सा सच में किसी सस्पेंस फिल्म की स्क्रिप्ट से कम नहीं है।
दौर था 2009 से 2012 का। वीरभद्र सिंह हिमाचल की राजनीति से निकलकर दिल्ली पहुंच चुके थे और मनमोहन सिंह की यूपीए (UPA) सरकार में ‘केंद्रीय इस्पात (Steel) मंत्री’ की मलाईदार कुर्सी पर विराजमान थे।
अब भाई, इस्पात मंत्रालय अपने आप में कुबेर का खज़ाना माना जाता है। इसी दौरान, शिमला में मौजूद उनके सेब के बागानों में अचानक कोई जादुई चमत्कार हो गया!
चमत्कार कैसा? ज़रा समझिए। जो सेब के बागीचे राजा साहिब को पहले साल भर में कुछ लाख रुपये की कमाई देते थे, उनकी कमाई रातों-रात छप्पर फाड़कर 6.1 करोड़ रुपये पहुंच गई!
मतलब, ऐसा लगा जैसे सेब के पेड़ों पर अचानक से 2000 और 500 के नोटों की गड्डियां उगने लगी हों।
अब आप भले ही इस चमत्कार को कुदरत का वरदान या देवी कृपा मान लें, लेकिन सीबीआई (CBI) वाले ठहरे एकदम नीरस और शक्की लोग। उन्होंने इस चमत्कार की बैलेंस शीट खंगालनी शुरू कर दी।
जांच में जो बातें सामने आईं, उसने पूरे देश को हैरान कर दिया। पता चला की ये चमत्कार कुदरत का नहीं, बल्कि ‘बैक-डेटेड’ (Back-dated) कागज़ों और सीए (CA) के दिमाग का था।
कहानी में एंट्री हुई एक एलआईसी (LIC) एजेंट आनंद चौहान की। आरोप लगा की राजा साहिब के पास जो करोड़ों रुपये की काली कमाई (कथित तौर पर इस्पात मंत्रालय की डीलिंग्स और रिश्वत का पैसा) आई थी, उसे सफेद (White) करने के लिए ये गजब का जुगाड़ बिठाया गया।
चूंकि भारत में कृषि और बागवानी की कमाई पर इनकम टैक्स नहीं लगता है, तो इसी नियम का फायदा उठाया गया। बैक-डेट में फर्जी एग्रीमेंट बनाए गए, कागज़ों पर दिखाया गया की आनंद चौहान उनके सेब के बागानों का मैनेजमेंट कर रहा है और सेब की बम्पर पैदावार से करोड़ों की कमाई हो रही है।
और फिर उसी ‘काले से सफेद’ किए गए पैसे से राजा साहिब और उनके परिवार के नाम पर भारी-भरकम LIC पॉलिसियां खरीद ली गईं। मतलब, पैसा भी व्हाइट हो गया और इन्वेस्टमेंट भी हो गई! एक तीर से दो शिकार।
लेकिन जब सीबीआई ने इस ‘आय से अधिक संपत्ति’ (Disproportionate Assets) के मामले में केस दर्ज़ किया, तो दिल्ली से लेकर शिमला तक की ज़मीन खिसक गई।
जो राजा साहिब हमेशा शान से अपनी लाल बत्ती की गाड़ी में चलते थे, उन्हें जांच एजेंसियों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा।
और ये मामला सिर्फ सीबीआई तक नहीं रुका, जब पैसों की हेराफेरी का भंडाफोड़ हुआ, तो मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) के तहत ईडी (Enforcement Directorate) ने भी अपनी फाइलों की धूल झाड़ ली।
वाकामुल्ला चंद्रशेखर का नेक्सस और ED का वो एक्शन जिसने वीरभद्र सिंह के आलीशान फार्महाउस पर लगवा दिया सरकारी ताला
जब ईडी (Enforcement Directorate) ने वीरभद्र सिंह की फाइनेंशिल हिस्ट्री को खंगालना शुरू किया, तो उनके रडार पर एक नाम आया- वाकामुल्ला चंद्रशेखर (Vakamulla Chandrashekhar)।
ये भाईसाहब ‘टारिनी इंफ्रास्ट्रक्चर’ (Tarini Infrastructure) नाम की कंपनी के प्रमोटर थे। अब आप सोचेंगे की एक साउथ के बिजनेसमैन का हिमाचल के पहाड़ों वाले मुख्यमंत्री से क्या लेना-देना?
लेना-देना बिल्कुल था भाई! और वो भी करोड़ों का। ईडी की जांच में सामने आया की वाकामुल्ला चंद्रशेखर की तरफ से वीरभद्र सिंह और उनके परिवार वालों के बैंक खातों में करोड़ों रुपये ट्रांसफर किए गए थे।
कागज़ों पर इसे बहुत ही चालाकी से ‘अनसिक्योर्ड लोन’ (Unsecured loans) का नाम दिया गया।
राजनीति की डिक्शनरी में ‘अनसिक्योर्ड लोन’ का सीधा सा मतलब होता है- तुम मुझे पैसे दो, मैं तुम्हें सरकारी ठेका दूंगा, और अगर कोई पूछे तो कह देना की हमने तो बस दोस्ताना कर्ज़ दिया था!
हुआ भी बिल्कुल यही। आरोप लगे की वाकामुल्ला की कंपनी को हिमाचल में करोड़ों-अरबों के हाइड्रो-पावर (जलविद्युत) प्रोजेक्ट्स बिल्कुल रेवड़ियों की तरह बांट दिए गए।
जिन कंपनियों को ब्लैकलिस्ट होना चाहिए था, उन्हें पहाड़ों के सीने पर पावर प्रोजेक्ट लगाने के टेंडर मिल गए और बदले में दिल्ली और शिमला के बैंक खातों में ‘अनसिक्योर्ड लोन’ की बारिश हो गई।
लेकिन कहते हैं ना की बकरे की मां कब तक खैर मनाएगी! सेब के बागानों और हाइड्रो-पावर प्रोजेक्ट्स से उठी इस भ्रष्टाचार की खुशबू जब दिल्ली के ईडी दफ्तर पहुंची, तो वहां से जो ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ हुई, उसने राजा साहिब के पूरे कुनबे को हिला कर रख दिया।
ईडी ने एक्शन लेते हुए दिल्ली के सबसे पॉश और वीआईपी इलाके महरौली (Mehrauli) में स्थित वीरभद्र सिंह के करोड़ों रुपये के आलीशान ‘डेरा मंडी फार्महाउस’ को अटैच (Seize) कर लिया।
ये कोई मामूली फार्महाउस नहीं था, बल्कि ऐशो-आराम और शाही ठाठ-बाट का पूरा महल था। सरकार का ताला जब किसी पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के दरवाजे पर लगता है, तो उसकी गूंज पूरे देश की सियासत में सुनाई देती है।
जो राजा साहिब कभी खुद कानून बनाते थे, आज वो अपनी प्रॉपर्टी छुड़ाने और खुद को जेल जाने से बचाने के लिए वकीलों की फौज लेकर कोर्ट के चक्कर काट रहे थे।
पहाड़ों का विकास और करप्शन की फाइलें, आखिर किस तरह से देखा जायेगा कट्टावर 6 बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह को
अब पते की बात पर आते हैं। जब भी हम किसी ऐसे राजनेता की बात करते हैं जिसने दशकों तक किसी राज्य पर राज किया हो, तो उसकी कहानी को सिर्फ ‘सफेद’ या सिर्फ ‘काले’ रंग में नहीं रंगा जा सकता।
सियासत का असली रंग हमेशा ‘ग्रे’ (Grey) होता है।
आज भी हिमाचल के किन्नौर, शिमला या लाहौल-स्पीति के किसी दूरदराज़ गांव के लिए वीरभद्र सिंह वो मसीहा हैं जिसने उनके बच्चों के लिए गांव में स्कूल बनवाया और उनके सेब को मंडियों तक पहुंचाने के लिए पक्की सड़कें बिछाईं।
पहाड़ी आदमी को वाकामुल्ला चंद्रशेखर के ‘अनसिक्योर्ड लोन’ या एलआईसी एजेंट आनंद चौहान की कागज़ी बाजीगरी से कोई लेना-देना नहीं है। जनता के लिए वो सच में पहाड़ों के ‘शिल्पकार’ थे, और उनके इस विकास वाले विज़न को कभी भी नकारा नहीं जा सकता।
लेकिन इतिहास और कानून की अदालत की डायरी कुछ अलग ही तरीके से लिखी जाती है। वहां भावनाएं नहीं, फैक्ट्स बोलते हैं।
जब इतिहास के पन्ने पलटे जाएंगे, तो ये भी दर्ज़ होगा की कैसे एक 6 बार के मुख्यमंत्री ने पद और पावर का दुरुपयोग किया।
कैसे 2007 के ऑडियो सीडी कांड और 6.1 करोड़ के ‘आय से अधिक संपत्ति’ मामले ने उनके सफेद खादी के कुर्ते पर भ्रष्टाचार के ऐसे दाग लगाए, जो उनके दुनिया से चले जाने के बाद भी पूरी तरह नहीं धुले।
वीरभद्र सिंह की ये पूरी कहानी हमें यही सिखाती है की लोकतंत्र में आप चाहे कितनी भी बड़ी रियासत के ‘राजा साहिब’ क्यों न हों, जब आप सिस्टम का शॉर्टकट अपनाते हैं, तो उसका हिसाब-किताब तो देना ही पड़ता है।
विकास करना किसी भी मुख्यमंत्री की ज़िम्मेदारी है, लेकिन उस विकास की आड़ में अगर काले धन की खेती होने लगे, तो फिर ईडी और सीबीआई की एंट्री को कोई नहीं रोक सकता।
हिमाचल के पहाड़ आज भी शांत हैं, बद्दी का फार्मा हब आज भी खड़ा है और सेब के बागान आज भी फल-फूल रहे हैं। बस वो ‘राजा साहिब’ नहीं रहे..
लेकिन अपने पीछे वो एक ऐसी विरासत छोड़ गए हैं जिसमें विकास का एक बहुत चमकदार उजाला भी है, और घोटालों का एक गहरा अंधेरा भी…
