‘मेजर परमेश्वरन’ पुण्यतिथि- वो परमवीर चक्र योद्धा जिसने ‘ऑपरेशन पवन’ में गोली से छलनी होकर भी श्रीलंका के ‘लिट्टे’ आतंकियों का किया सफाया और गज़ब की सूझबूझ से पलट दी हारी हुई बाज़ी

कुछ तारीखें महज़ पन्नों पर छपे नंबर नहीं होतीं, वो खून से लिखी गई शौर्य की इबारत होती हैं।

आज 25 नवंबर है, और आज भारतीय सेना के इतिहास का वो दिन है जब देश के एक वीर सपूत ने दूसरे देश (श्रीलंका) में आतंकियों से लड़ते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।

हम बात कर रहे हैं भारत के लाल, परमवीर चक्र विजेता ‘मेजर रामास्वामी परमेश्वरन’ की।

कहानी शुरू होती है 1987 के उस दौर से, जब भारत सरकार ने अपने पड़ोसी देश श्रीलंका में शांति स्थापित करने और वहां आतंक मचा रहे ‘लिट्टे’ (LTTE – लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम) के सफाए के लिए अपनी सेना भेजी थी।

इस मिशन को नाम दिया गया था ‘ऑपरेशन पवन’ (Operation Pawan)। यह एक ऐसे अनजान दुश्मन से लड़ाई थी जो गुरिल्ला युद्ध में माहिर था और घने जंगलों में छिपकर वार करता था।

और मेजर रामास्वामी परमेश्वरन पूरे ‘ऑपरेशन पवन’ के इकलौते ऐसे भारतीय सैनिक थे जिन्हें उनके अदम्य साहस के लिए देश का सबसे बड़ा सैन्य सम्मान ‘परमवीर चक्र’ मिला।

मुंबई की सड़कों से महार रेजीमेंट तक का सफर और भारतीय सेना के चहेते ‘पैरी साहब’ की कहानी

मेजर परमेश्वरन का जन्म 13 सितंबर 1946 को मुंबई के एक बहुत ही साधारण मिडिल क्लास दक्षिण भारतीय परिवार में हुआ था। उनकी शुरुआती पढ़ाई-लिखाई मुंबई के ही एसआईईएस (SIES) हाई स्कूल और वहीं के कॉलेज से हुई।

बचपन से ही उनका स्वभाव बहुत शांत था, लेकिन उनकी आंखों में एक फौलादी इरादा हमेशा झलकता था।

जब देश की सेवा करने की बारी आई, तो उन्होंने 1971 में चेन्नई की ‘ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी’ (OTA) जॉइन कर ली। ट्रेनिंग में उनका प्रदर्शन इतना शानदार रहा की 1972 में उन्हें ’15 महार रेजीमेंट’ में कमीशन मिल गया।

फौज की नौकरी कोई आसान काम तो है नहीं! उन्होंने मिजोरम और त्रिपुरा के उन खूंखार और घने जंगलों में आतंकवाद विरोधी (Counter-insurgency) ऑपरेशन्स में हिस्सा लिया, जहां सूरज की रोशनी तक नहीं पहुंचती थी।

इसी तज़ुर्बे ने उन्हें गुरिल्ला युद्ध का मास्टर बना दिया था। इसके बाद वो 5 महार और फिर अपनी सबसे चहेती ‘8 महार रेजीमेंट’ का हिस्सा बने।

जवानों के बीच वो अफसर से ज्यादा एक बड़े भाई की तरह थे। प्यार से पूरी रेजीमेंट उन्हें “पैरी साहब” बुलाती थी। उनकी पत्नी का नाम उमा था।

देहरादून में अपनी पोस्टिंग के दौरान वो इतने ज़मीनी इंसान थे की वीकेंड्स पर खुद अपने हाथों से इडली और डोसा बनाकर अपने जूनियर अफसरों और जवानों को खिलाते थे।

उन्हें ‘8 महार रेजीमेंट’ के साथ श्रीलंका (ऑपरेशन पवन) के लिए एकदम चुनकर (Handpicked) भेजा गया था।

कारण बहुत साफ़ था- मेजर साहब को तमिल भाषा एकदम फर्राटेदार बोलनी आती थी। उन्हें वहां के लोगों की नब्ज़ पता थी।

उन्हें उम्मीद थी की वो शांति से मामले को सुलझा लेंगे, लेकिन उन्हें क्या पता था की जाफना का वो जंगल उनके खून का प्यासा बैठा है।

मौत के साए में 25 नवंबर 1987 की वो रात और लिट्टे का घात लगाकर किया गया जानलेवा हमला

अब आते हैं उस काली रात पर। तारीख थी 25 नवंबर 1987। जगह थी जाफना (श्रीलंका) का कांथारोडाई (Kantharodai) इलाका।

उस दिन मेजर परमेश्वरन को खुफिया इनपुट मिला था की आसपास के इलाके में हथियारों का एक बहुत बड़ा जखीरा छुपाया गया है। वो अपनी टुकड़ी के साथ रात के घने अंधेरे में उस सर्च ऑपरेशन को अंजाम देने निकल पड़े।

मिशन लगभग पूरा हो चुका था और रात काफी गहरी हो चली थी। चांद की मद्धम रोशनी और नारियल के घने पेड़ों के बीच सन्नाटा पसरा हुआ था।

मेजर अपनी टुकड़ी के साथ वापस अपने बेस की तरफ लौट रहे थे। सब कुछ शांत था, लेकिन ये शांति किसी भयंकर तूफान के आने से ठीक पहले की खामोशी थी।

तभी अचानक… नारियल के पेड़ों के झुरमुट के बीच से गोलियों की ऐसी बौछार हुई जिसने पूरे जंगल को दहला दिया।

भारी हथियारों से लैस LTTE के खूंखार आतंकी, जो पहले से ही वहां छिपकर बैठे थे, उन्होंने भारतीय टुकड़ी पर ‘एम्बुश’ (घात लगाकर हमला) कर दिया।

ये कोई हल्की-फुल्की गोलाबारी नहीं थी। आतंकियों के हाथों में एके-47, रॉकेट लॉन्चर और हैवी मशीन गन (HMG) थीं।

रात के उस भयंकर अंधेरे में, जब अचानक चारों तरफ से मौत बरसने लगे, तो कोई भी आम इंसान सुन्न पड़ जाता। दुश्मन पूरी तरह से हावी था और ऐसा लग रहा था की वो हमारी टुकड़ी को वहीं भून देगा।

लेकिन आतंकियों को इस बात का ज़रा भी अंदाज़ा नहीं था की जिस आदमी पर उन्होंने गोलियां चलाई हैं, वो कोई साधारण फौजी नहीं… वो हिंदुस्तान का वो शेर है, जो घायल होने के बाद और भी खतरनाक हो जाता है!

मौत को सामने देख बाघ की तरह झपटे मेजर और रेंगते हुए दुश्मन को उसी के बिछाए चक्रव्यूह में घेरा

जब मौत सामने से गोलियां बरसा रही हो, तो अच्छे-अच्छों के पैर उखड़ जाते हैं। लेकिन ऐसी भयंकर गोलाबारी के बीच पीछे हटने या छिपने के बजाय, मेजर रामास्वामी परमेश्वरन ने जो किया वो मिलिट्री इतिहास में अदम्य साहस की एक बहुत बड़ी मिसाल है।

उन्होंने तुरंत अपने जवानों को पेट के बल ज़मीन पर लेट जाने का इशारा किया। गोलियों की उस आंधी के बीच, वो और उनके जांबाज़ जवान ज़मीन पर रेंगते (Crawling) हुए आगे बढ़े।

मेजर साहब जानते थे की अगर सामने से सीधा फायर किया, तो दुश्मन की भारी मशीन गनों के आगे नुकसान हमारा ही होगा। इसलिए उन्होंने अपनी टुकड़ी को दो हिस्सों में बांटा और रेंगते हुए अंधेरे का फायदा उठाकर उन आतंकियों को बिल्कुल पीछे से जाकर घेर लिया!

लिट्टे के आतंकियों को तो लगा था की वो अपने एम्बुश में भारतीय सेना को आसानी से भून देंगे, लेकिन जब उन्होंने अचानक पीछे से गोलियों की आवाज़ सुनी और खुद को भारतीय शेरों के बिछाए चक्रव्यूह में घिरा पाया, तो उनके पसीने छूट गए।

उनकी सारी प्लानिंग धरी की धरी रह गई। दोनों तरफ की दूरी इतनी कम हो चुकी थी की बंदूकों से फायर करने का मौका ही नहीं बचा। अब शुरू हुई आमने-सामने की खूनी हाथापाई (Hand-to-hand combat)।

सीने में लगी एचएमजी की गोली और निहत्थे होकर दुश्मन से उसी की राइफल छीनकर किया ढेर

अंधेरे में गुत्थमगुत्था लड़ाई चल रही थी। तभी अचानक नारियल के एक ऊंचे पेड़ पर छिपे बैठे एक लिट्टे स्नाइपर की नज़र मेजर परमेश्वरन पर पड़ गई। उसने बिना कोई पल गंवाए अपनी हैवी मशीन गन (HMG) से सीधा मेजर के ऊपर बस्ट फायर कर दिया।

धड़धड़ाती हुई गोलियों में से एक गोली सीधा उनकी कलाई को चीरती हुई उनके सीने में जा घुसी। लेकिन दर्द का असली मंज़र तो अभी बाकी था दोस्त!

मेजर साहब की छाती वाली जेब में एक ‘मिनी फ्लेयर पिस्टल’ (सिग्नल देने वाली गन) रखी हुई थी। दुश्मन की वो गोली सीधे उस पिस्टल के कारतूस से टकराई और मेजर की जेब के अंदर ही एक भयंकर विस्फोट (Blast) हो गया!

उनका पूरा सीना बुरी तरह से फट गया और वहां से फव्वारे की तरह खून बहने लगा। उनका एक हाथ पूरी तरह से बेकार हो चुका था और वो निहत्थे हो चुके थे।

लेकिन क्या हिंदुस्तान का ये शेर वहां गिरकर रोने लगा? बिल्कुल नहीं! खून से लथपथ और निहत्थे होने के बावजूद मेजर साहब का साहस अपने चरम पर था।

मौत उनके सामने खड़ी थी लेकिन वो बाघ की तरह सबसे करीब वाले आतंकी पर टूट पड़े। उन्होंने अपने नंगे हाथों से उस आतंकी की हैवी मशीन गन को जकड़ लिया और एक झटके में उसे छीन लिया।

और फिर उसी गन का मुंह उस आतंकी की तरफ मोड़कर उसके सीने में सारी गोलियां उतार दीं और उसे वहीं ढेर कर दिया!

खून से लथपथ होने के बाद भी आखिरी सांस तक देते रहे कमांड और देश को सौंप गए परमवीर चक्र का गौरव

सीने में हुए उस भयंकर ब्लास्ट और बेतहाशा खून बहने की वजह से मेजर रामास्वामी परमेश्वरन अब अपने पैरों पर खड़े नहीं रह पा रहे थे।

वो ज़मीन पर गिर पड़े। लेकिन भाई साहब, उनकी आवाज़ में वही पुरानी दहाड़ बाकी थी।

जब तक उनके शरीर में आखिरी सांस और कतरे-कतरे में जान बाकी थी, वो चिल्ला-चिल्ला कर अपने जवानों को लगातार कमांड देते रहे की “दुश्मन को इस तरह से घेर कर मारना है, एक भी बचना नहीं चाहिए!”

अपने ‘पैरी साहब’ को खून से लथपथ ज़मीन पर गिरता देख, 8 महार के उन जवानों ने मेजर परमेश्वरन की एक-एक कमांड को फॉलो किया और हारी हुई बाज़ी जीत कर आतंकियों के छक्के छुड़ा दिए।

जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना लिट्टे के आतंकियों को दौड़ा-दौड़ा कर मारा। उस खूनी रात में पांच खूंखार लिट्टे आतंकियों को मौत के घाट उतार दिया गया। उनके पास से तीन अत्याधुनिक राइफलें और दो भारी रॉकेट लॉन्चर बरामद हुए।

हालाँकि, इस लड़ाई की कीमत हमें बहुत भारी चुकानी पड़ी। हमारे जांबाज़ मेजर परमेश्वरन वीरगति को प्राप्त हो गए। उनके साथ ही मातृभूमि की रक्षा करते हुए नायक अपन्ना आई सर्जे और सिपाही मिलिंद एम कोल्हे ने भी अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।

जब मेजर साहब का पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटकर वापस लौटा, तो पूरे देश की आंखें नम थीं।

मौत की आंखों में आंखें डालने, अपनी टुकड़ी को बचाने और दुश्मन से हथियार छीनकर उसी को ढेर कर देने के इस अदम्य साहस के लिए, भारत सरकार ने मेजर रामास्वामी परमेश्वरन को देश के सबसे बड़े और सर्वोच्च सैन्य सम्मान ‘परमवीर चक्र’ (मरणोपरांत) से सम्मानित किया।

आज 25 नवंबर को उनकी पुण्यतिथि है। जब-जब भारतीय सेना के शौर्य की बात होगी, तब-तब श्रीलंका के अंधेरों में अपने खून से शौर्य की इबारत लिखने वाले इस परमवीर को याद किया जाएगा।

Scroll to Top