आज अगर एक सच्चे और निष्ठावान हिंदू का खून नहीं खौल रहा है ना, तो समझ लो उसकी रगों में पानी भर चुका है! कभी सपने में भी सोचा था हमने की जिस पार्टी को ‘रामराज्य’ लाने के लिए हमने अपना खून-पसीना एक किया, वही पार्टी हमें ही सबसे बड़ा मूर्ख समझेगी? आम हिंदू बेचारा अपना काम-धंधा छोड़कर, धक्के खाकर वोट डालता है।
क्यों? क्योंकि उसे उम्मीद थी की कोई तो छाती ठोककर कहेगा- ‘न खाऊंगा, न खाने दूंगा।’ लेकिन हकीकत का नंगा सच क्या है? कुर्सी की गंदी हवस में बीजेपी ने आज उसी राष्ट्रभक्त हिंदू को सिर्फ एक ‘यूज़ एंड थ्रो’ वाला टिश्यू पेपर मान लिया है।
जिन खदान माफियाओं ने अपने लालच के लिए हमारी भारत माता की छाती छलनी कर दी, देश का अरबों-खरबों का खजाना बेरहमी से नोच खाया, आज बीजेपी की ये बेशर्म ‘वाशिंग मशीन’ उन्हीं महा-भ्रष्टाचारियों को रातों-रात गंगाजल से नहलाकर ‘पवित्र देशभक्त’ का सर्टिफिकेट बांट रही है। ये हमारे भरोसे के साथ सरेआम गद्दारी है!
भाजपा दाग धोने वाली नई ज़माने की वाशिंग मशीन, Episode 6: आनंद सिंह (पूर्व कर्नाटक पर्यटन मंत्री, वन मंत्री)
भाजपा की ‘अब हर घोटालेबाज़ बनेगा राष्ट्रवादी’ योजना
अब कर्नाटक के बेलेकेरी आयरन ओर घोटाले (Belekeri Iron Ore Scam) को ही ले लीजिए। ये कोई छोटा-मोटा घोटाला नहीं था। जिस आनंद सिंह पर सीबीआई (CBI) और लोकायुक्त की एसआईटी (SIT) ने अवैध खनन और जंगल काटने के इतने संगीन आरोप लगाए, उसी आनंद सिंह को आज बीजेपी ने अपना अनमोल रत्न बना लिया है।
अरे, कल तक जो बीजेपी नेता मंच से चिल्ला-चिल्ला कर इस आदमी को जेल में सड़ाने की कसमें खाते थे, आज वही इसके साथ बैठकर सत्ता की मलाई खा रहे हैं।
विडंबना देखिए ज़रा! जिस आदमी के खिलाफ जंगल लूटने और खदानों में हेराफेरी करने के 15 से ज़्यादा क्रिमिनल केस चल रहे हों, हमारी ये ‘राष्ट्रवादी’ बीजेपी सरकार उसी आदमी को कर्नाटक का ‘वन और पर्यावरण मंत्री’ बना देती है।
मतलब, बिल्ली को ही दूध की रखवाली का जिम्मा सौंप दिया! क्या यही रामराज्य है जिसका सपना हमें बेचा गया था? क्या यही वो ‘भ्रष्टाचार के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस’ है जिसकी बातें टीवी डिबेट्स में गला फाड़-फाड़ कर की जाती हैं?
और फिर शुरू होता है वो असली खेल, जिसे आज की डेट में दुनिया ‘बीजेपी की वाशिंग मशीन’ कहती है। जैसे ही आनंद सिंह ने कमल का पट्टा गले में डाला, कल तक जो जांच एजेंसियां शेर की तरह दहाड़ रही थीं, वे अचानक भीगी बिल्ली बन गईं। फाइलों से सबूत ऐसे गायब हुए जैसे गधे के सिर से सींग।
गवाह कोर्ट में आकर मुकरने लगे और सरकारी वकील तो मानो गूंगे-बहरे ही हो गए। नतीजा? पिछले साल मार्च 2025 में इस दागी नेता को “सबूतों के अभाव” का बहाना बनाकर एकदम बाइज्जत क्लीन चिट दे दी गई।
खैर, ये लेख सिर्फ एक नेता की काली करतूतों का पर्दाफाश नहीं है। ये एक आईना है भाजपा के उस दोहरे चरित्र का, जो आजकल राष्ट्रवाद का मुखौटा पहनकर भ्रष्टाचारियों का गुणगान कर रहा है। चलिए, ज़रा तफ़सील से बात करते हैं इस पूरे खेल की, ताकि पिक्चर एकदम क्लियर हो जाए।
कौन है ये आनंद सिंह? भारत माता की संपदा का लुटेरा
कर्नाटक का बेल्लारी और विजयनगर इलाका कभी अपने ऐतिहासिक विजयनगर साम्राज्य और हम्पी के मंदिरों के लिए जाना जाता था। धर्म और सुशासन की इस पवित्र धरती को आधुनिक भारत के राजनेताओं और खनन माफियाओं ने अपनी लूट का अड्डा बना डाला। आनंद पृथ्वीराज सिंह इसी इलाके से निकला एक ऐसा नाम है, जिसने बेल्लारी के खनिजों को अपनी बाप-दादा की जागीर समझ लिया था।
आनंद सिंह का बैकग्राउंड एसवीके (SVK) परिवार से जुड़ा है, जिनका बहुत पुराना माइनिंग और ट्रांसपोर्ट का बिज़नेस रहा है। अब एक बात बताइए, जो खनिज ज़मीन के नीचे दबे हैं, वो किसी नेता के बाप की संपत्ति तो हैं नहीं!
वो तो इस देश की, हमारी भारत माता की अमानत हैं। वो पैसा देश के ग़रीबों और आम जनता के विकास के लिए है। लेकिन जब माइनिंग का बूम आया, तो इन्होंने हर नियम-कानून को ताक पर रखकर ऐसा गंदा खेल खेला की बस पूछिए मत।
आनंद सिंह ने अपनी पॉलिटिकल बैकिंग का पूरा फायदा उठाया। बिना परमिट, बिना रॉयल्टी दिए इन्होंने धरती का सीना चीरकर लाखों टन लोहा निकाला और अपनी प्राइवेट कंपनियों के ज़रिए उसे ब्लैक मार्केट में बेच दिया।
ये कोई मामूली चोरी नहीं थी, ये सीधा-सीधा राष्ट्रद्रोह था! ऐसे लोगों की कोई विचारधारा नहीं होती। इन्हें राष्ट्रवाद या हिंदुत्व से कोई लेना-देना नहीं है। अपना धंधा बचाने के लिए ये कभी कांग्रेस के तलवे चाटते हैं, तो कभी ‘जय श्री राम’ का नारा लगाकर बीजेपी के खेमे में आ बैठते हैं। इनका बस एक ही धर्म है- पैसा और पावर।
आनंद सिंह का बेलेकेरी पोर्ट का महाघोटाला और गिरफ्तारियां जिसे बीजेपी ने सत्ता के लालच में पूरी तरह भुला दिया
अब ज़रा फ्लैशबैक में चलते हैं। 2009 और 2010 के उस दौर में कर्नाटक में एक ऐसा घोटाला फूटा जिसने पूरे देश की राजनीति में भूचाल ला दिया- बेलेकेरी लौह अयस्क घोटाला। हुआ ये था की लाखों टन बहुमूल्य लौह अयस्क (Iron Ore) को अवैध रूप से खोदा गया, ट्रकों में भरा गया और बिना एक नया पैसा टैक्स दिए बेलेकेरी पोर्ट से सीधा चीन और दूसरे देशों में स्मगल कर दिया गया।
ये वो लोहा था जिससे हमारे देश के पुल, स्कूल और अस्पताल बनने थे, लेकिन इसे बेचकर इन नेताओं ने अपनी तिजोरियां भर लीं।
इस सिंडिकेट में आनंद सिंह और उनकी कंपनियों- ख़ासकर ‘एसबी मिनरल्स’ (SB Minerals) और ‘वैष्णवी मिनरल्स’- का नाम सबसे ऊपर था। जब देश की सबसे बड़ी एजेंसी सीबीआई (CBI) ने 2013 में इस मामले में शिकंजा कसना शुरू किया, तो भाई साहब को लगा की अब तो जेल पक्की है। ये सीधा सिंगापुर भागने की फिराक में थे।
लेकिन सीबीआई ने इन्हें बेंगलुरु एयरपोर्ट पर ही धर दबोचा। और कोई छोटे-मोटे चार्ज नहीं लगे थे इन पर! आईपीसी (IPC) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत चोरी, क्रिमिनल कॉन्सपिरेसी (आपराधिक साजिश), जालसाजी और धोखाधड़ी के इतने गंभीर मामले थे की कोई आम आदमी होता तो ज़िंदगी भर ज़मानत नहीं मिलती।
बात यहीं खत्म नहीं होती। 2013 में सीबीआई से पिटने के बाद, कर्नाटक लोकायुक्त की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) ने भी इनकी कुंडली खंगालनी शुरू कर दी। एसआईटी की जांच में एक और खौफनाक सच बाहर आया।
पता चला की आनंद सिंह की ‘एसबी मिनरल्स’ ने मई 2009 से अप्रैल 2010 के बीच करीब 17,086 मीट्रिक टन अवैध लोहा बिना किसी ट्रांसपोर्ट परमिट के ‘मुनीर एंटरप्राइजेज’ नाम की कंपनी को बेच दिया था। सोचिए, 17 हज़ार टन माल गायब हो गया और सिस्टम को भनक तक नहीं लगी! इस मामले में एसआईटी ने अप्रैल और मई 2015 में आनंद सिंह को फिर से अरेस्ट कर लिया।
और ये तो सिर्फ माइनिंग की बात हुई। पर्यावरण का जो सत्यानाश इन्होंने किया, उसकी तो कोई गिनती ही नहीं है। होसपेट के वन अधिकारियों ने इन पर फॉरेस्ट एक्ट के तहत कई एफआईआर ठोक दीं।
आरोप था की माइनिंग का दायरा बढ़ाने के लिए इन्होंने रिज़र्व फॉरेस्ट (आरक्षित वनों) में घुसपैठ की और जंगलों की बाउंड्री ही मिटा दी। 2020 तक इनके अपने चुनावी हलफनामे में साफ-साफ लिखा था की इन पर 15 से ज़्यादा क्रिमिनल केस पेंडिंग हैं। ये था इनका असली चेहरा- एक ऐसा आदमी जिसने देश को दोनों हाथों से लूटा।
सत्ता की हवस में अंधी बीजेपी ने आनंद सिंह के पैरों में गिरकर अपनी नैतिकता का अंतिम संस्कार कर दिया
एक वक्त था जब बीजेपी विपक्ष में हुआ करती थी और इन्हीं घोटालों को लेकर कांग्रेस सरकार की ईंट से ईंट बजा देती थी। बीजेपी के बड़े-बड़े नेता विधानसभा में छातियां पीट-पीटकर कहते थे की हम आनंद सिंह जैसे माफियाओं को सलाखों के पीछे पहुंचाएंगे। लेकिन भाई साहब, कुर्सी की भूख ऐसी चीज़ है जो अच्छे-अच्छों का ईमान डगमगा देती है।
2018 के कर्नाटक विधानसभा चुनाव के बाद जब त्रिशंकु नतीजे आए, तो कांग्रेस और जेडीएस (JD-S) ने मिलकर कुमारस्वामी की सरकार बना ली। अब सत्ता से बाहर बैठी बीजेपी मछली की तरह तड़प रही थी।
किसी भी तरह, कोई भी जुगाड़ लगाकर उन्हें वापस कुर्सी चाहिए थी। और यहीं से शुरू हुआ ‘ऑपरेशन लोटस’ का वो भद्दा खेल जिसने बीजेपी की ‘पार्टी विद ए डिफरेंस’ वाली छवि का तो जनाज़ा ही निकाल दिया।
आनंद सिंह, जो उस समय कांग्रेस में मजे लूट रहे थे, बहुत चालू किस्म के राजनेता हैं। वो समझ गए की अगर खुद को सीबीआई और लोकायुक्त से बचाना है, तो केंद्र में बैठी बीजेपी की शरण में जाना ही पड़ेगा।
उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दिया और उन 17 बागी विधायकों के गुट में शामिल हो गए जिन्होंने कुमारस्वामी की सरकार को गिरा दिया। बदले में बीजेपी ने क्या किया? बी.एस. येदियुरप्पा ने मुख्यमंत्री बनते ही इस दागी आदमी को गले लगा लिया!
दिसंबर 2019 के उपचुनावों में बीजेपी ने अपनी सारी शर्म-वर्म ताक पर रखकर उसी आनंद सिंह को कमल के निशान वाला टिकट थमा दिया। जिस आदमी को कल तक वो खदान चोर कहते थे, आज वो उनका लाडला बन गया।
ये सब देखकर एक आम हिंदू कार्यकर्ता क्या सोचेगा? क्या इसलिए उसने घर-घर जाकर वोट मांगे थे की पार्टी अपनी विचारधारा को डस्टबिन में डालकर भ्रष्टाचारियों को ही अपना माई-बाप बना ले?
बेशर्मी की हद पार करते हुए बीजेपी ने जंगल काटने वाले दागी आनंद सिंह को ही बना दिया वन मंत्री
खैर, अभी तो असली तमाशा बाकी था। राजनीति में जब नैतिकता मर जाती है, तो वो बेशर्मी का रूप ले लेती है। फरवरी 2020 में जब येदियुरप्पा जी ने अपने मंत्रिमंडल का विस्तार किया, तो ऐसा फैसला लिया गया जिसे सुनकर अच्छे-अच्छों का सिर चकरा जाए।
आनंद सिंह को कर्नाटक सरकार में ‘वन, पारिस्थितिकी और पर्यावरण मंत्री’ (Minister of Forest, Environment and Ecology) बना दिया गया! मतलब, दाल में काला नहीं, यहां तो पूरी दाल ही काली कर दी गई।
जिस आदमी पर जंगल काटने, वन संपदा लूटने और रिज़र्व फॉरेस्ट में अतिक्रमण करने के मामले खुद उसी राज्य के वन विभाग ने दर्ज कर रखे हों, आप उसी को उस विभाग का बॉस बना रहे हो? इससे बड़ा मज़ाक कोई हो सकता है क्या?
ज़रा सोचिए, जो वन अधिकारी कल तक इस आदमी के खिलाफ कोर्ट में सबूत जुटा रहे थे, अब उन्हें रोज़ सुबह उठकर उसी मंत्री को ‘यस सर, गुड मॉर्निंग सर’ करना पड़ रहा था। देसी भाषा में कहें तो ये सीधे-सीधे पुलिस स्टेशन का चार्ज किसी कुख्यात डकैत को सौंपने जैसा था।
मीडिया और विपक्ष ने तो जमकर बवाल काटा ही, लेकिन सबसे ज़्यादा दुख उन लोगों को हुआ जो बीजेपी को एक साफ़-सुथरी पार्टी मानते थे। जब लगा की बदनामी बहुत ज़्यादा हो रही है, तब जाकर बाद में इनका पोर्टफोलियो बदलकर इन्हें इन्फ्रास्ट्रक्चर और टूरिज्म दे दिया गया।
लेकिन तीर तो कमान से निकल चुका था। बीजेपी ने डंके की चोट पर बता दिया था की अगर तुम्हारे पास विधायकों का जुगाड़ है, तो तुम चाहे जो मर्जी करो, हम तुम्हें सर-आंखों पर बिठाएंगे।
बीजेपी की चमत्कारी वाशिंग मशीन में गोता लगाते ही आनंद सिंह के सारे पाप धुल गए और मिल गई क्लीन चिट
अब आते हैं उस थ्योरी पर जिसने पूरे देश में हंगामा मचा रखा है- ‘बीजेपी की वाशिंग मशीन’। ये कोई मज़ाक नहीं रह गया है, ये अब एक कड़वी सच्चाई है।
सिस्टम ऐसा बना दिया गया है की अगर आप विपक्ष में हैं, तो आप पर ईडी (ED), सीबीआई और इनकम टैक्स वाले भूखे भेड़ियों की तरह टूट पड़ेंगे। लेकिन जैसे ही आप बीजेपी में आते हैं, आपके सारे पाप धुल जाते हैं और आप एकदम ‘पवित्र’ होकर बाहर निकलते हैं।
आनंद सिंह के केस में तो इस मशीन ने ऐसा कमाल का काम किया की दुनिया देखती रह गई। जैसे ही ये भाई साहब मंत्री बने, सरकारी सिस्टम को जैसे लकवा मार गया। जो सरकारी वकील कल तक इन पर चीख-चीख कर आरोप लगाते थे, उनके मुंह सिल गए।
जांच एजेंसियों (सीबीआई और एसआईटी) ने कोर्ट में ऐसे लचर तरीके से केस लड़ा मानो वो खुद चाहते हों की आरोपी छूट जाए।
पहला ट्रेलर तो सितंबर 2019 में ही दिख गया था, जब बेंगलुरु की ‘सांसदों और विधायकों की विशेष अदालत’ ने आनंद सिंह को बेलेकेरी पोर्ट से 1.3 लाख टन माल स्मगल करने के केस में बरी कर दिया। एजेंसी ने कोर्ट में कहा की भई, हमारे पास तो सबूत ही नहीं हैं की ये माल इनकी कंपनियों का था।
लेकिन पिक्चर अभी बाकी थी! वाशिंग मशीन का सबसे ताज़ा और शर्मनाक खेल 12 मार्च 2025 को सामने आया। जनप्रतिनिधियों की उसी विशेष अदालत के जज संतोष गजानन भट ने 2015 के उस फेमस लोकायुक्त एसआईटी मामले में आनंद सिंह और उनके साथियों को पूरी तरह बरी कर दिया। याद है ना? वही 17 हज़ार मीट्रिक टन लोहा बिना परमिट बेचने वाला केस।
कोर्ट के फैसले की कॉपी पढ़ेंगे तो समझ आएगा की सिस्टम कैसे काम करता है। जज साहब ने साफ-साफ लिखा की “अभियोजन पक्ष (यानी सरकारी एजेंसी) अपने केस को साबित करने में पूरी तरह फेल रहा है।” जज ने यहां तक कह दिया की जांच अधिकारी ने बिना किसी डॉक्यूमेंट की प्रामाणिकता जांचे बस उन्हें कोर्ट में डंप कर दिया।
अब आप ही बताइए, जब पुलिस और सीबीआई जानबूझकर कमज़ोर चार्जशीट बनाएंगे, फर्जी गवाह लाएंगे जो कोर्ट में मुकर जाएं, तो बेचारा जज क्या करेगा? उसे तो कानून के हिसाब से बरी करना ही पड़ेगा।
आनंद सिंह का बरी होना इस बात का सबूत बिल्कुल नहीं है की वो दूध के धुले हैं या बेलेकेरी में कोई घोटाला हुआ ही नहीं था। लाखों टन पहाड़ कोई हवा में तो उड़ नहीं गए!
उनका बरी होना इस बात का पुख्ता सुबूत है की ‘ऑपरेशन लोटस’ के इस मोहरे को बचाने के लिए पूरी सरकारी मशीनरी को नंगा कर दिया गया। ये न्याय की जीत नहीं है, ये सत्ता के नशे में न्याय का दिन-दहाड़े मर्डर है।
आनंद सिंह के बहाने बीजेपी को एक सीधी चेतावनी
दशकों से बीजेपी ने राम मंदिर, कश्मीर में धारा 370, यूनिफॉर्म सिविल कोड (UCC) और ‘हिंदू गौरव’ के नाम पर आम जनता से वोट बटोरे हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के लाखों कार्यकर्ताओं ने अपनी पूरी जवानी सड़कों पर दरियां बिछाने और लाठियां खाने में निकाल दी।
क्या उन कार्यकर्ताओं ने इसलिए खून पसीना बहाया था की कल को कांग्रेस के वो दागी और भ्रष्टाचारी नेता, जिन्होंने भारत माता की खनिज संपदा को नोच-नोच कर खाया, वो बीजेपी के मंचों पर आकर कैबिनेट मंत्री बन जाएं?
अगर सत्ता में टिके रहने के लिए आनंद सिंह जैसे माफियाओं की ही ज़रूरत है, तो फिर कांग्रेस और बीजेपी में फर्क ही क्या रह गया? हम किस बात की लड़ाई लड़ रहे हैं? क्या सिर्फ इसलिए की लूट का जो पैसा पहले कांग्रेस के खाते में जाता था, वो अब भाजपा के झंडे के नीचे बंटे?
आनंद सिंह का बेल्लारी की खदानों से उठकर बीजेपी का कैबिनेट मंत्री बनना, और फिर सरकारी एजेंसियों की मिलीभगत से अदालतों से “क्लीन चिट” पा लेना- ये पूरा का पूरा एपिसोड भारतीय लोकतंत्र के मुंह पर पोती गई कालिख है।
बीजेपी के आलाकमान को शायद ये घमंड हो गया है की वो ‘हिंदुत्व’ के नाम पर कुछ भी उल्टा-सीधा करेंगे और ये देश का हिंदू समाज उसे चुपचाप पी जाएगा। लेकिन ये घमंड बहुत जल्द टूटने वाला है। आज का हिंदू वोटर कोई अंधा भक्त नहीं है; वो धर्म और अधर्म, सही और गलत के बीच का फर्क बहुत अच्छे से जानता है।
अगर सत्ता के नशे में चूर होकर तुम इसी तरह अपनी वाशिंग मशीन में देश को लूटने वाले माफियाओं को धो-धोकर ‘सच्चा राष्ट्रवादी’ साबित करते रहे, तो याद रखना- विनाश काले विपरीत बुद्धि। जो समाज तुम्हें अर्श पर बिठा सकता है, वो तुम्हें वापस सड़क पर पटकने में भी एक मिनट नहीं लगाएगा।
असली हिंदू राष्ट्र और सच्चे रामराज्य का सपना कभी इन खदान चोरों और भ्रष्टाचारियों से हाथ मिलाकर पूरा नहीं हो सकता। ये तो तभी मुमकिन है जब राजनीति में साफ-सुथरे और धर्मनिष्ठ लोग आएं। जो लोग हमारी मातृभूमि की छाती चीरकर अपना घर भरते हैं, उन्हें गले लगाने वाली पार्टी कभी राष्ट्रभक्त नहीं हो सकती।
