कहीं 'डिटरजेंट' वाला 'पनीर' तो कहीं 'एसिड' वाला 'टोमेटो कैचप', देश में हर 5 में से 1 खाने का आइटम 'फेल', आम आदमी अपनी कमाई से खरीद रहा 'कैंसर' का ज़हर, 'फूड विभाग' को गहरी नींद से जागने की ज़रूरत

कहीं ‘डिटरजेंट’ वाला ‘पनीर’ तो कहीं ‘एसिड’ वाला ‘टोमेटो कैचप’, देश में हर 5 में से 1 खाने का आइटम ‘फेल’, आम आदमी अपनी कमाई से खरीद रहा ‘कैंसर’ का ज़हर, ‘फूड विभाग’ को गहरी नींद से जागने की ज़रूरत

कभी फुर्सत मिले तो अपने घर की रसोई में जाकर देखना। वहां रखे मसालों के डिब्बे, फ्रिज में रखा दूध-पनीर, और बच्चों के लिए लाई गई सॉस की बोतल को ज़रा गौर से घूरना!

एक हिंदुस्तानी सुबह से लेकर रात तक गधों की तरह मेहनत क्यों करता है? बस इसीलिए ना की वो अपने परिवार को, अपने बच्चों को दो वक्त का अच्छा और पौष्टिक खाना खिला सके।

अपनी खून-पसीने की गाढ़ी कमाई का एक बहुत बड़ा हिस्सा हम सिर्फ राशन और खाने-पीने की चीज़ों पर खर्च कर देते हैं।

लेकिन अगर मैं आपसे कहूँ की आप पैसे देकर बाज़ार से सेहत नहीं, बल्कि अपने बच्चों के लिए सीधा ‘कैंसर’ खरीद कर ला रहे हैं, तो?

शायद आपको लगे की मैं हवा में बात कर रहा हूँ, लेकिन ज़मीनी हकीकत इतनी खौफनाक है की सच जानकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे।

आज हमारे देश में जो खाने के नाम पर परोसा जा रहा है, वो खाना नहीं, बल्कि ‘धीमा ज़हर’ है।

ये कोई डराने वाली कहानी नहीं है। ये हमारे देश का वो कड़वा सच है जिसे अभी जुलाई 2026 में ही संसद के पटल पर सरकार ने खुद देश के सामने रखा है।

आपके घर में आने वाला हर 5 में से 1 खाने का आइटम है ‘ज़हरीला’ और ‘मिलावटी’

हाल ही में फूड सेफ्टी और स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) और राज्य स्तर की एजेंसियों ने साल 2025-26 के दौरान पूरे देश में फूड टेस्टिंग का एक महा-अभियान चलाया।

सरकार की मंशा थी की लोगों को शुद्ध खाना मिले, इसलिए देशभर से 2 लाख 23 हज़ार (2,23,808) से ज़्यादा खाने-पीने के सैंपल्स उठाए गए।

अब आप सोचिए, जब इन सैंपल्स को लैबोरेटरी में टेस्ट किया गया तो नतीजा क्या निकला? इन 2 लाख से ज़्यादा सैंपल्स में से 40 हज़ार से ज़्यादा सैंपल्स पूरी तरह से फेल हो गए!

अरे भाई, 40 हज़ार का मतलब समझते हैं आप? इसका सीधा सा मतलब ये है की बाज़ार में बिकने वाला लगभग 17 से 20 प्रतिशत खाना मानकों पर खरा ही नहीं उतर रहा है।

यानी आपके घर में आने वाला हर 5 में से 1 आइटम ज़हरीला है, नकली है या उसमें खतरनाक मिलावट की गई है।

अब सवाल ये उठता है की जो आम आदमी सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक नौकरी की चक्की में पिसता है, वो क्या लैब लेकर घूमेगा बाज़ार में? वो तो पैकेट पर लिखी एक्सपायरी डेट और ब्रांड देखकर ही सामान खरीद लेता है ना।

लेकिन उस बंद पैकेट के अंदर क्या है, ये चेक करना किसकी ज़िम्मेदारी है? ज़ाहिर सी बात है फूड विभाग की! लेकिन हमारे यहां का सिस्टम बस नोटिस-नोटिस खेल रहा है।

ये मिलावट करने वाले हमारी रगों में ऐसा ज़हर घोल रहे हैं जो 10 साल बाद कैंसर बनकर फूटता है। और ये मिलावटखोर? ये अपनी फैक्टरियों में बैठकर हमारी मौत का तमाशा देखते हुए करोड़ों छापने में मस्त रहते हैं।

असली पनीर के नाम पर डिटरजेंट और पाम ऑयल का ज़हर पीने को मजबूर है इस देश का नागरिक

अब बात करते हैं उस चीज़ की जिसे हमारे देश में सबसे पवित्र और सेहतमंद माना जाता है- दूध और उससे बने प्रोडक्ट्स।

हमारे यहां त्यौहार हो, शादी-ब्याह हो या वीकेंड पर होटल में खाना खाने जाना हो… ‘पनीर’ के बिना तो हम हिंदुस्तानियों का गुज़ारा ही नहीं होता।

लेकिन अगली बार जब आप कड़ाही पनीर या शाही पनीर का कोई टुकड़ा मुंह में डालें, तो ज़रा रुक कर सोचिएगा की आप असल में चबा क्या रहे हैं!

लेटेस्ट रिपोर्ट्स और छापेमारियों का डेटा चीख-चीख कर कह रहा है की बाज़ार में धड़ल्ले से बिकने वाला 83 प्रतिशत से ज़्यादा पनीर नकली है।

जी हां, 83 प्रतिशत! इसे तकनीकी भाषा में ‘एनालॉग पनीर’ (Analogue Paneer) या ‘सिंथेटिक पनीर’ कहते हैं।

क्या आपको पता है की ये नकली पनीर बनता कैसे है? सच बता रहा हूँ दोस्त, इसकी रेसिपी सुनकर आपको उल्टियां आ जाएंगी।

असली पनीर बनाने के लिए ढेर सारा शुद्ध दूध चाहिए होता है, लेकिन इन मिलावटखोरों के पास इतना दूध है ही नहीं और ना ही इन्हें इतना महंगा दूध खरीदना है। तो ये क्या करते हैं?

ये एक बड़ा सा ड्रम लेते हैं। उस ड्रम में दूध की एक सिंगल बूंद भी नहीं डाली जाती। सबसे पहले उसमें डाला जाता है सस्ता और सड़ा हुआ पाम ऑयल (Palm Oil)।

पाम ऑयल हमारे हार्ट के लिए सबसे बड़ा दुश्मन है, ये नसों को ब्लॉक कर देता है। इसके बाद इसमें मिलाया जाता है रिजेक्टेड और सड़ा हुआ स्किम्ड मिल्क पाउडर (Skimmed Milk Powder)।

अब ज़ाहिर सी बात है, इस कचरे से पनीर जैसी सफेदी तो आएगी नहीं।

तो सफेद रंग लाने के लिए ये लोग उसमें ‘सिंथेटिक वाइटनर’ मिलाते हैं। ये वही वाइटनर और केमिकल होते हैं जिनका इस्तेमाल दीवारों के पेंट में होता है!

और सबसे खौफनाक बात… इस पूरे घोल में पनीर जैसी स्पंजी फील और झाग पैदा करने के लिए ये दरिंदे इसमें कपड़े धोने वाला वाशिंग पाउडर (डिटरजेंट) या सस्ता शैम्पू मिला देते हैं।

अब ज़रा कल्पना कीजिए! जिस डिटर्जेंट से आप अपने मैले कपड़े और जूठे बर्तन धोते हैं, वही डिटर्जेंट पनीर की शक्ल में आपके बच्चे के पेट में जा रहा है। ये सरेआम हत्या का प्रयास नहीं है तो और क्या है?

अभी पिछले ही कुछ महीनों का रिकॉर्ड उठा लीजिए। सूरत में फूड विभाग ने छापा मारा तो एक झटके में हज़ार-हज़ार किलो नकली पनीर पकड़ा गया।

ग्वालियर, मुरैना, हैदराबाद और दिल्ली-एनसीआर में तो ये फैक्टरियां कुटीर उद्योग की तरह चल रही हैं। जब भी कोई बड़ा त्यौहार आता है- जैसे दीवाली, होली या सावन का महीना- तो बाज़ार में दूध की डिमांड अचानक 4 गुना बढ़ जाती है।

भारत की गाय-भैंसें अचानक से 4 गुना दूध तो देने नहीं लगेंगी! तो ये जो एक्स्ट्रा दूध, मावा और पनीर बाज़ार में आता है, वो कहां से आता है? वो इन्हीं केमिकल वाली सड़ी हुई फैक्टरियों से बनकर हमारी थालियों तक पहुंचता है।

फूड माफिया का पूरा सिंडिकेट इतना तगड़ा है की वो कौड़ियों के भाव में इस सिंथेटिक पनीर को बनाते हैं और फिर इसे 300 से 400 रुपये किलो के भाव में रेस्टोरेंट्स, होटलों और ढाबे वालों को बेच देते हैं।

होटल वालों को भी पता होता है की ये पनीर नकली है, लेकिन उन्हें अपना मार्जिन बढ़ाना होता है। वो इस नकली पनीर को इतने गाढ़े और तीखे मसालों में भूनकर आपको परोसते हैं की आपको इसकी असलियत का पता ही नहीं चलता।

और हमारा फूड विभाग क्या कर रहा है? मई 2026 में जाकर FSSAI और FDA की नींद थोड़ी बहुत टूटी।

उन्होंने महाराष्ट्र जैसे राज्यों में एक नियम निकाला की भाई होटलों वालों को अपने मेन्यू कार्ड में लिखना पड़ेगा की वो ‘असली पनीर’ खिला रहे हैं या ‘एनालॉग पनीर’।

मतलब मज़ाक चल रहा है क्या? आप ज़हर बेचने वाले को कह रहे हो की बस कस्टमर को बताकर ज़हर बेचो! अरे जो चीज़ इंसानी शरीर को अंदर से सड़ा रही है, उसे पूरी तरह से बैन क्यों नहीं करते? ऐसे होटलों और फैक्टरियों पर बुलडोज़र क्यों नहीं चलाते?

जब तक इन अधिकारियों की आंखों पर रिश्वत और लापरवाही की पट्टी बंधी रहेगी, तब तक ये डेयरी माफिया इसी तरह हमारे बच्चों की रगों में डिटरजेंट और पाम ऑयल घोलता रहेगा। और हम बेबस आम आदमी, पैसा खर्च करके मौत का सामान घर लाते रहेंगे।

मोमोज़ और चाउमीन के मज़े में बच्चों की रगों में घोला जा रहा ‘एसिड’ वाला खौफनाक टोमेटो कैचप

चलिए दूध-पनीर से थोड़ा आगे बढ़ते हैं और उस चीज़ की बात करते हैं जिसके बिना आजकल हमारे बच्चों का कोई भी स्नैक या जंक फूड पूरा नहीं होता।

चाउमीन हो, मोमोज़ हों, समोसे हों या ब्रेड पकोड़े… हर चीज़ के साथ भर-भर कर वो जो लाल रंग की ‘टोमेटो कैचप’ या चटनी खाई जाती है ना, उसका सच जानेंगे तो आप अपने बच्चों को कभी ठेले के आस-पास भी फटकने नहीं देंगे।

इसी साल अप्रैल-मई 2026 में यूपी के हापुड़ और बरेली में फूड सेफ्टी विभाग ने पुलिस के साथ मिलकर ऐसी फैक्टरियों पर छापे मारे, जिनका नज़ारा देखकर खुद पुलिसवालों के पसीने छूट गए।

हापुड़ के पन्नापुरी इलाके में जब टीम एक अवैध फैक्ट्री का शटर तोड़कर अंदर घुसी, तो वहां केमिकल की इतनी भयंकर और दमघोंटू बदबू थी की पुलिसवालों के होश उड़ गए!

आप सोच रहे होंगे की वहां ऐसा क्या बन रहा था? वहां बन रहा था आपके और हमारे बच्चों का मनपसंद ‘टोमेटो कैचप’।

और सबसे भयानक मज़ाक क्या था पता है? उस पूरी फैक्ट्री में टमाटर का एक दाना तक नहीं था! 200 लीटर से ज़्यादा जो कैचप वहां पकड़ा गया, उसमें 0% टमाटर था।

तो फिर वो लाल रंग की गाढ़ी और खट्टी सॉस बन कैसे रही थी? सुनिए इन दरिंदों की रेसिपी। इस सॉस में खट्टापन लाने के लिए ये लोग पानी में ‘एसिड’ मिला रहे थे।

ये वही एसिड या तेज़ाब है जिससे टाइल क्लीनर तक बनाए जाते हैं और जिसका सीधा असर हमारी आंतों को गलाने का काम करता है।

सॉस को गाढ़ा करने के लिए इसमें अरारोट (Arrowroot powder), चॉक पाउडर और मंडियों से सस्ते में उठाई गई सड़ी-गली गाजर का पल्प मिलाया जा रहा था।

और वो चटक लाल रंग जो देखते ही मुंह में पानी ला देता है? उसके लिए ये लोग इसमें ऐसे बैन किए हुए सिंथेटिक कलर्स (Synthetic Dyes) डाल रहे थे, जिनका इस्तेमाल कपड़ों की रंगाई और दीवारों के पेंट में होता है!

ये कलर्स सीधे तौर पर इंसान के लीवर को डैमेज करते हैं और कैंसर को जन्म देते हैं।

ये ज़हर कौड़ियों के भाव (लगभग 20-25 रुपये लीटर) में प्लास्टिक की बड़ी-बड़ी केनों में भरकर हापुड़, दिल्ली, गाज़ियाबाद और आस-पास के ठेले वालों को सप्लाई किया जा रहा था।

जो स्ट्रीट वेंडर आपको मुस्कुराते हुए फ्री में एक्स्ट्रा लाल चटनी देता है ना, वो यही तेज़ाब होता है। हैदराबाद के शमशाबाद में भी अभी हाल ही में ऐसा ही एक जखीरा पकड़ा गया।

ज़रा सोचिए, हमारे छोटे-छोटे बच्चे स्कूल से छूटते ही जिस लाल चटनी को उंगलियों से चाट रहे हैं, वो चटनी नहीं, बल्कि उनके पेट में जा रहा तेज़ाब है!

मसालों के नाम पर ईंट का बुरादा और रंगीन ज़हर खाकर सीधे कैंसर को दावत दे रहे हैं हम

खाने की बात हो और मसालों का ज़िक्र न हो, ऐसा तो हो ही नहीं सकता। भारतीय रसोई मसालों के बिना अधूरी है। लेकिन आज हमारी रसोई में जो मसाले रखे हैं, वो स्वाद नहीं बल्कि बीमारियां परोस रहे हैं।

हल्दी जो एंटी-बायोटिक मानी जाती है, उसे और पीला दिखाने के लिए उसमें लेड क्रोमेट (Lead Chromate) नाम का एक भयंकर ज़हरीला केमिकल मिलाया जा रहा है।

लाल मिर्च पाउडर में वज़न बढ़ाने के लिए खुलेआम ईंट का बुरादा और लाल रंग पीसा जा रहा है। धनिये के पाउडर में लकड़ी का बुरादा और घोड़े की लीद तक मिलाने के मामले सामने आ चुके हैं।

अभी कुछ ही महीने पहले पूरी दुनिया में हमारे देश की कितनी फजीहत हुई थी, याद है ना? जब हांगकांग, सिंगापुर और मालदीव जैसे देशों ने भारत की सबसे बड़ी और नामी मसाला कंपनियों के प्रोडक्ट्स को बैन कर दिया था।

क्यों? क्योंकि उन ब्रांडेड मसालों में ‘एथिलीन ऑक्साइड’ (Ethylene Oxide) नाम का ऐसा कैंसर पैदा करने वाला केमिकल मिला था, जो तय मानकों से कई गुना ज़्यादा था।

अब आप खुद अपना दिमाग लगाइए। जब करोड़ों का टर्नओवर करने वाली, टीवी पर बड़े-बड़े बॉलीवुड स्टार्स से विज्ञापन करवाने वाली नामी कंपनियों के मसाले विदेशों की लैब में फेल हो सकते हैं… तो वो जो खुला मसाला हमारे मुहल्ले की परचून की दुकान पर बोरियों में भरकर बिक रहा है, उसकी क्या औकात होगी?

उसमें तो मिलावट की सारी हदें पार कर दी गई होंगी।

आज हम लोग अक्सर अफ़सोस जताते हैं की यार आजकल 25-30 साल के हट्टे-कट्टे लड़कों को अचानक हार्ट अटैक कैसे आ रहा है? कैंसर के अस्पताल इतने खचाखच क्यों भरे पड़े हैं?

शुगर और बीपी हर घर की कहानी क्यों बन गई है? इसका जवाब हमारी इसी मिलावटी थाली में रखा है।

जब शरीर के अंदर रोज़ाना ईंट का बुरादा, लेड, तेज़ाब और सिंथेटिक रंग जाएगा, तो शरीर कोई स्टील का तो बना नहीं है जो ये सब झेल लेगा! वो तो अंदर से सड़ेगा ही।

कागज़ी नोटिस और खानापूर्ति से बाहर निकले फूड विभाग, क्योंकि अब गहरी नींद से जागने का आ गया है वक्त

अब आते हैं उस संस्था पर जिसके कंधों पर 140 करोड़ हिंदुस्तानियों के पेट की सुरक्षा की ज़िम्मेदारी है- फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) और राज्यों के खाद्य विभाग!

FSSAI को अब अपने पैमाने सख्त करने होंगे! फूड विभाग को अपने भीतर बैठे उन भ्रष्ट और घूसखोर फूड इंस्पेक्टर्स की भी गर्दन नापनी होगी जो चंद रुपयों की रिश्वत लेकर इन ज़हर के कारखानों को हरी झंडी दे देते हैं।

अगर आपके इलाके में नकली खाना बिक रहा है, तो सबसे पहले उस इलाके के फूड ऑफिसर को सस्पेंड किया जाना चाहिए। जवाबदेही तो तय करनी ही पड़ेगी!

जब देश में हर 5 में से 1 खाने का सैंपल फेल हो रहा है, तो ये पूरे देश के लिए एक गंभीर मामला है!

मध्य प्रदेश जैसे राज्यों की ताज़ा रिपोर्ट बता रही है की वहां टेस्टिंग लैब और फूड एनालिस्ट ही नहीं हैं, इसलिए टेस्टिंग 11% कम कर दी गई।

अरे जब आप टेस्ट ही नहीं करोगे, तो मिलावट पकड़ोगे कैसे? आंखें बंद कर लेने से कोई खतरा टल थोड़ी जाता है!

हर ज़िले में अत्याधुनिक और मॉडर्न टेस्टिंग लैब बननी चाहिए ताकि आम आदमी भी अपने खरीदे हुए सामान की जांच करवा सके।

विज्ञापनों में जो “100% Pure” और “Healthy” का झूठा ज्ञान बांटा जा रहा है, उस पर सरेआम डंडा चलना चाहिए।

वक्त आ गया है की सिस्टम अब इन मिलावटखोरों के खिलाफ ज़ीरो-टॉलरेंस (Zero-Tolerance) की नीति अपनाए।

अगर अब भी फूड विभाग और प्रशासन गहरी नींद में ही सोता रहा, तो याद रखिए, भारत बहुत जल्द बीमारों का देश बन जाएगा!

जागो ग्राहक जागो!

Scroll to Top