क्या आपने कभी किसी ऐसे महापुरुष के बारे में सुना है जिसने अपने धर्म नहीं, बल्कि ‘दूसरे के धर्म’ को बचाने के लिए हँसते-हँसते अपना शीश कटवा दिया हो?
पूरी दुनिया के इतिहास में ऐसा कोई दूसरा पन्ना है ही नहीं! यह वो इकलौता और सर्वोच्च बलिदान है, जिसे सिखों के नौवें गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर जी ने दिया था।
गुरु साहिब ने सनातन धर्म के ‘तिलक और जनेऊ’ की रक्षा के लिए आज 24 नवंबर के ही दिन वो शहादत दी थी, जिसके कर्ज़दार इस देश के करोड़ों हिन्दू हमेशा रहेंगे।

औरंगजेब का वो फरमान और कश्मीर के गवर्नर इफ्तिखार खान का हिंदुओं पर ढाया गया कहर
बात 17वीं सदी (लगभग 1669 के आस-पास) की है। दिल्ली के तख्त पर मुग़ल बादशाह औरंगजेब बैठा था।
उसकी कट्टरता इस हद तक पार हो चुकी थी की उसने फरमान जारी कर दिया था की रोज़ाना 45-50 किलो हिंदुओं के जनेऊ उतारकर ही पानी पिएगा।
50 किलो जनेऊ रोज़ाना उतारने का मतलब था हर दिन हज़ारों निर्दोष हिंदुओं का जबरन धर्मांतरण या कत्ल।
औरंगजेब का सबसे बड़ा टारगेट था कश्मीर। क्योंकि उसे किसी ने पट्टी पढ़ा दी थी की अगर कश्मीर के विद्वान पंडितों ने इस्लाम कबूल कर लिया, तो पूरा हिंदुस्तान अपने आप घुटने टेक देगा।
बस फिर क्या था, औरंगजेब ने कश्मीर में एक बेहद खूंखार गवर्नर नियुक्त किया- ‘इफ्तिखार खान’।
इफ्तिखार खान ने कश्मीरी पंडितों पर भारी जजिया कर थोप दिया गया, उनके सदियों पुराने मंदिर चुन-चुन कर तोड़े जाने लगे।
कश्मीर की वादियों में खून की नदियां बहने लगीं। जो हिन्दू धर्म नहीं छोड़ रहे थे, उन्हें सरेआम काटा जा रहा था। कोई उनकी सुनने वाला नहीं था, कोई उन्हें बचाने वाला नहीं था।
जब 500 कश्मीरी पंडितों ने आनंदपुर साहिब पहुंचकर लगाई गुहार और अपने तिलक जनेऊ की रक्षा के लिए मांगे प्राण
जुल्म जब बर्दाश्त से बाहर हो गया, तो मई 1675 में कश्मीर के मट्टन (अनंतनाग) इलाके के एक बहुत बड़े विद्वान ‘पंडित कृपाराम दत्त’ के नेतृत्व में लगभग 500 कश्मीरी पंडितों का एक जत्था वहां से निकला।
दर-दर की ठोकरें खाते ये लोग पंजाब के आनंदपुर साहिब पहुँचे।
आनंदपुर साहिब में उस समय सिखों के नौवें गुरु, गुरु तेग बहादुर जी का दरबार लगा हुआ था। पंडितों का वो जत्था सीधा गुरु साहिब के चरणों में गिर पड़ा।
पंडित कृपाराम ने भरे दरबार में रोते हुए गुहार लगाई, “हे सच्चे पातशाह! मुग़ल हमें ख़त्म कर रहे हैं, हमारे धर्म को मिटा रहे हैं। हमारे मंदिर तोड़ दिए गए हैं और जनेऊ उतारे जा रहे हैं। अब इस धरती पर कोई ऐसा नहीं बचा जो हमारी मदद कर सके। अब आप ही हमारे इस सनातन धर्म की रक्षा कर सकते हैं, आप ही हमारी आख़िरी उम्मीद हैं।”
गुरु साहिब उन्हें देखकर बहुत गहरी सोच में डूब गए।
एक तरफ मुगलों की वो विशाल और खूंखार फौज थी, और दूसरी तरफ निहत्थे और बेबस पंडित, जो अपने ‘तिलक और जनेऊ’ की भीख मांग रहे थे।

पिताजी आपसे बड़ा महापुरुष इस समय कौन है… नौ साल के गोबिंद राय के उन ऐतिहासिक वचनों से तय हुई शहादत की दिशा
गुरु तेग बहादुर जी काफी देर तक खामोश बैठे रहे। फिर उन्होंने भारी आवाज़ में दरबार में कहा, “इस समय मुगलों का ये गुरूर और जुल्म तोड़ने के लिए किसी बहुत बड़े महापुरुष के बलिदान की ज़रूरत है। बिना किसी महान शहादत के ये ज़ुल्म रुकने वाला नहीं है।”
तभी पास ही बैठे उनके 9 साल के छोटे से सुपुत्र ‘गोबिंद राय’ (जो आगे चलकर सिखों के 10वें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी बने) अपनी जगह से उठे।
उस नौ साल के बच्चे ने हाथ जोड़कर कहा- “पिताजी! इस धरती पर आज के समय में आपसे बड़ा महापुरुष भला और कौन हो सकता है? इन बेबस लोगों के धर्म की रक्षा के लिए आप ही अपना बलिदान दीजिए।”
ज़रा सोचिए! एक 9 साल का बच्चा अपने पिता को मौत के मुँह में जाने के लिए कह रहा है! यह जज़्बा दुनिया के किसी और इतिहास में मिल ही नहीं सकता।
अपने बेटे के मुंह से ये अटल वचन सुनकर गुरु साहिब के चेहरे पर एक गज़ब का तेज़ आ गया। उन्होंने उसी वक्त पंडित कृपाराम से कहा की जाओ, औरंगजेब को जाकर हमारा ये पैगाम दे दो-
“अगर तूने हमारे गुरु तेग बहादुर का धर्म बदलवा दिया, तो हम सारे कश्मीरी पंडित और हिन्दू भी इस्लाम कबूल कर लेंगे। लेकिन अगर तू ऐसा नहीं कर पाया, तो आज के बाद हमारे धर्म में दखल देना और हमें छेड़ना बंद कर दे।”
आरे से चीरा गया और उबलते पानी में उबाला गया, गुरु साहिब को डराने के लिए उनके तीन शिष्यों पर किए गए डरावने जुल्म
जब औरंगजेब तक गुरु साहिब की वो खुली चुनौती पहुँची, तो आगबबूला होकर औरंगजेब ने तुरंत गुरु तेग बहादुर जी को गिरफ्तार करने का फरमान जारी कर दिया।
गुरु साहिब और उनके कुछ सबसे वफादार सिखों को गिरफ्तार करके आगरा होते हुए दिल्ली लाया गया।
गुरु साहिब को इस्लाम कबूल करवाने के लिए उन्हें काल कोठरी में डाला गया और हर तरह का लालच दिया गया। लेकिन जब गुरु साहिब चट्टान की तरह अडिग रहे, तो मुगलों ने क्रूरता की वो हदें पार कीं जिसे सुनकर आज भी इंसानियत कांप उठती है।
औरंगजेब ने तय किया की गुरु साहिब का मनोबल तोड़ने के लिए उनके सामने उनके सबसे प्यारे शिष्यों को खौफनाक मौत दी जाएगी।
सबसे पहले भाई मतिदास जी को गुरु साहिब के सामने लाया गया। जल्लादों ने उन्हें लकड़ी के दो बड़े खंभों के बीच कसकर बांध दिया। और फिर… उनके सिर के बीचों-बीच एक बड़ा सा आरा (Saw) रखकर उन्हें ज़िंदा ही दो टुकड़ों में चीरना शुरू कर दिया।
ज़रा उस दर्द की कल्पना कीजिए! शरीर कट रहा था, लेकिन भाई मतिदास के मुंह से उफ़ तक नहीं निकली। जब तक उनके शरीर के दो टुकड़े नहीं हो गए, उनके होठों पर सिर्फ ‘जपुजी साहिब’ का पाठ गूंजता रहा।
इसके बाद भाई दयाला जी की बारी आई। मुगलों ने पानी से भरा एक बहुत बड़ा कड़ाहा आग पर चढ़ाया। जब पानी खौलता हुआ उबलने लगा, तो भाई दयाला जी के हाथ-पैर बांधकर उन्हें उस उबलते हुए पानी में ज़िंदा बिठा दिया गया।
लेकिन उन्होंने भी हँसते-हँसते शहादत चूम ली पर धर्म नहीं छोड़ा।
आखिर में भाई मतिदास जी के सगे भाई, भाई सतीदास जी को लाया गया। जल्लादों ने उन्हें रुई (Cotton) के बड़े-बड़े बंडलों में पूरी तरह लपेट दिया और ज़िंदा ही आग लगा दी।
गुरु साहिब ने अपनी आँखों के सामने अपने इन तीनों शूरवीर और प्यारे सिखों को इतनी दर्दनाक मौत मरते देखा।
औरंगजेब को लगा था की इस मंज़र को देखकर गुरु साहिब डर जाएंगे या कोई ‘करामात’ (चमत्कार) दिखाकर अपनी जान बचा लेंगे।
लेकिन गुरु साहिब ने साफ कह दिया, “हम परमात्मा की रज़ा में राज़ी हैं। तुम शरीर काट सकते हो, लेकिन हमारा धर्म और हमारा ईमान नहीं।”

चांदनी चौक में शीश दिया पर धर्म न दिया, जब गुरु तेग बहादुर जी ‘हिन्द दी चादर’ बनकर सनातन धर्म के लिए हो गए अमर
आखिरकार वो दिन आ ही गया, जिसने दिल्ली की ज़मीन को हमेशा-हमेशा के लिए पवित्र और कर्ज़दार बना दिया।
तारीख थी 24 नवम्बर 1675 (मार्गशीर्ष शुक्ल पंचमी)। दिल्ली के चांदनी चौक की कोतवाली के सामने भारी भीड़ जमा थी। गुरु साहिब को काज़ी के सामने लाया गया। उनसे आख़िरी बार पूछा गया- “इस्लाम या मौत?”
गुरु साहिब ने पूर्ण शांति के साथ मौत को चुन लिया। वो चौक के बीचों-बीच ध्यान लगाकर बैठ गए और परमात्मा से जुड़ गए।
औरंगजेब के इशारे पर जल्लाद जलालुद्दीन अपनी भारी तलवार लेकर आगे बढ़ा। जैसे ही गुरु साहिब ने अपना पाठ पूरा किया, जलालुद्दीन ने पूरी ताकत से तलवार का वार किया और गुरु साहिब का पावन शीश उनके धड़ से अलग कर दिया।
ज़मीन पर जो खून गिरा, उसने मुगलों के गुरूर को हमेशा के लिए मिट्टी में मिला दिया।
गुरु साहिब ने अपना शीश दे दिया, लेकिन सनातन धर्म और उन 500 बेबस कश्मीरी पंडितों का तिलक और जनेऊ आंच नहीं आने दी।
किसी दूसरे के धर्म के लिए दी गई विश्व इतिहास की इस सबसे महान और इकलौती शहादत के बाद ही उन्हें ‘हिन्द दी चादर’ (The Shield of India) की उपाधि दी गई।
गुरु साहिब ने अपने खून से वो चादर बुनी, जिसने पूरे हिंदुस्तान के हिंदुओं की लाज और उनके धर्म को ढक लिया।
अपना ही घर जलाकर गुरु साहिब का अंतिम संस्कार करने वाले वो वीर और भारत पर उस शहादत का सबसे बड़ा कर्ज
गुरु साहिब के बलिदान के तुरंत बाद दिल्ली में मानो कोई भयंकर तूफान सा आ गया। धूल भरी आंधी चलने लगी। मुगलों ने सरेआम मुनादी करवा दी थी की कोई भी गुरु साहिब के शव को हाथ नहीं लगाएगा, वरना उसका भी यही हश्र होगा।
लेकिन क्या सिखों का खून इतना ठंडा था की वो अपने गुरु का शरीर वहीं मिट्टी में छोड़ देते? बिल्कुल नहीं!
उसी पहरे के बीच से एक बेहद दिलेर सिख ‘भाई जैता जी’ अपनी जान की बाज़ी लगाकर आगे आए। उन्होंने मुगलों की आँखों में धूल झोंककर गुरु साहिब का कटा हुआ शीश उठाया और रातों-रात आनंदपुर साहिब की तरफ निकल पड़े।
अब बारी थी गुरु साहिब के धड़ की। उसी दिन शाम के समय ‘भाई लक्खी शाह बंजारा’ नाम का एक व्यापारी अपनी रुई की बैलगाड़ियां लेकर उसी रास्ते से गुज़रा।
उसने बड़ी चालाकी से गुरु साहिब के पावन धड़ को उठाया और रुई के नीचे छिपाकर रायसीना गांव स्थित अपने घर ले आया।
लेकिन मुगलों का पहरा हर जगह था। अगर वो चिता सजाकर अंतिम संस्कार करते, तो मुगलों को धुआं दिख जाता और पकड़े जाते।
तब भाई लक्खी शाह बंजारा ने जो किया, वो इतिहास का एक और रोंगटे खड़े कर देने वाला पन्ना है। उन्होंने गुरु साहिब के धड़ को अपने ही घर के बीचों-बीच सम्मान के साथ रखा, और फिर… अपने पूरे घर को ही आग लगा दी!
मुगलों को लगा की किसी व्यापारी के घर में गलती से आग लग गई है, लेकिन असल में उस आग के अंदर उस महान गुरु का अंतिम संस्कार हो रहा था। (आज दिल्ली के उसी स्थान पर विशाल ‘गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब’ मौजूद है, जो हमें भाई लक्खी शाह बंजारा के उस अटूट समर्पण की याद दिलाता है)।
हर वो इंसान जो धार्मिक आज़ादी में विश्वास रखता है, वो हमेशा गुरु साहिब के इस बलिदान का ऋणी रहेगा। 350 साल बाद भी गुरु साहिब की वो आवाज़ इतिहास के पन्नों से कहती है- “शीश दिया पर सिरर (धर्म) न दिया।”
