हम अपने घरों में चैन की नींद सिर्फ इसलिए सो पाते हैं क्योंकि सरहदों पर हमारी फौज और हमारे शहरों की सड़कों पर कोई पुलिसवाला रात भर जाग रहा होता है।
कभी रात के दो या तीन बजे कड़कड़ाती ठंड या मूसलाधार बारिश में घर से बाहर निकलकर देखिए! आपको चौराहे पर कोई न कोई खाकी वर्दी वाला अपनी ड्यूटी निभाता हुआ मिल ही जाएगा।
त्यौहार हो, दिवाली हो या बच्चे का जन्मदिन… पुलिसवाले के लिए उसकी ‘ड्यूटी’ से बड़ा कोई त्यौहार नहीं होता। उसकी वर्दी में सिर्फ पसीना नहीं होता, बल्कि देश के लिए कुछ कर गुज़रने का एक ऐसा जज़्बा होता है जिसे शब्दों में बयां करना बहुत मुश्किल है।
लेकिन क्या हो जब कोई अफसर अपनी जान की बाज़ी लगाकर देश को एक बहुत बड़ी तबाही से बचा ले और उसे शाबाशी मिलने की बजाय ‘ट्रांसफर लैटर’ थमा दिया जाये?
कल पंजाब के अंदर बिल्कुल यही हुआ है। अमृतसर पुलिस के एक ऐसे दिलेर कारनामे के बाद जो प्रशासनिक खेल खेला गया है, उसने हर उस इंसान को सोचने पर मजबूर कर दिया है जो इस सिस्टम और खाकी वर्दी से प्यार करता है।
आज हम उस जांबाज अफसर, उस खौफनाक आतंकी साज़िश और हमारे सिस्टम की उस कड़वी सच्चाई पर बात करेंगे जिसे जानना आज हर देशवासी के लिए बहुत ज़रूरी है।
‘गुरप्रीत सिंह भुल्लर’ का जज़्बा, जिसने दिल्ली को दहलाने वाले पाकिस्तानी पेट्रोल बम जिहाद की खौफनाक साजिश को किया नाकाम
कहानी शुरू होती है इसी महीने, यानी अगस्त 2026 की शुरुआत से। पंजाब हमेशा से ही सरहदी सूबा रहा है।
बॉर्डर के उस पार बैठा हमारा ‘नापाक’ पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी ISI आज तक इस बात को पचा नहीं पाई है की पंजाब पुलिस ने 80 और 90 के दशक में किस तरह उनके पाले हुए आतंकवाद का पूरी तरह से सफाया कर दिया था।
सीधी जंग में तो वो कभी हमसे जीत नहीं सकते, इसलिए वो हमेशा पीठ पीछे वार करने की फिराक में रहते हैं। आजकल उनका नया हथियार बन गया है- ड्रोन, ड्रग्स और इंटरनेट के ज़रिए हमारे युवाओं का ब्रेनवॉश करना।
4 अगस्त 2026 का ही दिन था। मीडिया के सामने अमृतसर के पुलिस कमिश्नर (CP) गुरप्रीत सिंह भुल्लर आते हैं, और उन्होंने जो खुलासा किया ना भाई… उसे सुनकर सच में पूरे देश के रोंगटे खड़े हो गए।
कमिश्नर भुल्लर ने बताया की कैसे पंजाब पुलिस की टीम ने दिन-रात एक करके, खुफिया इनपुट्स को जोड़कर और छुपते-छुपाते इस खौफनाक ‘क्रॉस-बॉर्डर टेरर मॉड्यूल’ का भंडाफोड़ किया है।
ये कोई मामूली गुंडे या गैंगस्टर नहीं थे। ये सीधे पाकिस्तान की कुख्यात एजेंसी ISI के टुकड़ों पर पलने वाले वो मोहरे थे, जिन्हें भारत के अंदर तबाही मचाने का सीधा टास्क दिया गया था।
ज़रा सोचिए, उस पुलिस टीम ने कितनी रातों की नींद हराम की होगी इस नेटवर्क को ट्रेस करने में। कहाँ-कहाँ दबिश नहीं दी होगी।
जासूसों का जाल बिछाया, टेक्निकल सर्विलांस (Technical Surveillance) का सहारा लिया और आख़िरकार इस जिहादी मॉड्यूल के सरगनाओं को दबोच लिया।
कमिश्नर साहब ने बताया की कैसे सरहद पार बैठे इन पाकिस्तानियों ने दिल्ली को दहलाने और देश में एक बहुत बड़ा दंगा भड़काने की पूरी की पूरी स्क्रिप्ट लिख दी थी।
इस साज़िश का जो पैटर्न था, वो इतना खतरनाक था की अगर पुलिस सही समय पर एक्शन नहीं लेती, तो शायद आज हम और आप किसी बहुत बड़ी राष्ट्रीय शोक की खबर सुन रहे होते।
इन जिहादियों का सीधा टारगेट देश की राजधानी दिल्ली थी। और दिल्ली में भी कोई आम जगह नहीं, बल्कि वो जगह जहाँ NEET को लेकर छात्र प्रदर्शन कर रहे थे- जंतर-मंतर !
पुलिस ने बताया की इस मॉड्यूल का फोकस ‘पेट्रोल बम जिहाद’ पर था। हथियार और गोलियां तो पुलिस पकड़ ही लेती है, इसलिए इन लोगों ने वो रास्ता चुना जिससे कम से कम शक हो और ज़्यादा से ज़्यादा खौफ फैले।
सरहद पार बैठे इनके हैंडलर्स बिल्कुल सुरक्षित अपने बिलों में बैठकर इस पूरे ऑपरेशन को डायरेक्ट कर रहे थे। वो इंटरनेट और एनक्रिप्टेड (Encrypted) ऐप्स के ज़रिए यहाँ बैठे गुर्गों से जुड़े हुए थे।
नाबालिगों का ब्रेनवॉश कर रची गई थी जंतर-मंतर पर वर्दी वालों को जिंदा जलाने की भयानक साज़िश
जब पुलिस किसी बहुत बड़े गैंग या आतंकी नेटवर्क को पकड़ती है, तो आम तौर पर हमारे दिमाग में क्या छवि बनती है? वही की कुछ हट्टे-कट्टे, खूंखार चेहरे वाले लोग होंगे जिनके हाथों में बड़ी-बड़ी मशीनगन होंगी।
लेकिन कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने जब मीडिया के सामने इस ‘टेरर मॉड्यूल’ का पूरा कच्चा-चिट्ठा खोला, तो जो हकीकत सामने आई उसने सबको अंदर तक हिला कर रख दिया।
अमृतसर पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क को खंगालते हुए कुल 9 लोगों को दबोचा था। पुलिस की गिरफ्त में आए इन 9 लोगों में से सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात ये थी की इनमें 4 नाबालिग (Juveniles) थे! जी हाँ, छोटे-छोटे बच्चे या यूं कह लीजिए की कम उम्र के लड़के।
ज़रा सोचिए, पाकिस्तान की आईएसआई (ISI) कितनी नीच और कायर हो चुकी है की अब वो भारत से सीधे लड़ने की बजाय हमारे ही देश के छोटे-छोटे बच्चों और कच्ची उम्र के लड़कों का इस्तेमाल कर रही है।
ये वो उम्र होती है जब बच्चों के हाथों में किताबें होनी चाहिए, उन्हें अपने करियर की फिक्र होनी चाहिए, लेकिन सरहद पार बैठे इन आतंकियों ने इनके दिमाग में ऐसा ज़हर भर दिया की ये देश को ही जलाने निकल पड़े।
पुलिस ने जब इनके ठिकानों पर रेड मारी और इनकी तलाशी ली, तो इनके पास से 3 अवैध पिस्तौलें और 9 ज़िंदा कारतूस बरामद हुए।
लेकिन पुलिस के माथे पर पसीना तब आया जब उन्होंने वहां 4 तैयार ‘पेट्रोल बम’ (Petrol Bombs) देखे। पिस्तौल से आप एक या दो लोगों को निशाना बना सकते हैं, लेकिन पेट्रोल बम? पेट्रोल बम तो सीधे तबाही मचाने, आग लगाने और भगदड़ फैलाने का हथियार है।
अब सवाल ये उठता है की 15-16 साल के इन लड़कों को पेट्रोल बम बनाना किसने सिखाया? यहीं से शुरू होता है इस ऑनलाइन जिहाद का सबसे खौफनाक चैप्टर।
पूछताछ में इन पकड़े गए गुर्गों ने बताया की पाकिस्तान में बैठे इनके ISI हैंडलर्स ने इन्हें वीडियो कॉल और इंटरनेट के जरिए बकायदा ट्रेनिंग दी थी।
वो सुरक्षित बॉर्डर के उस पार बैठकर फोन की स्क्रीन पर इन लड़कों को समझा रहे थे की बोतल में पेट्रोल कैसे भरना है, केमिकल कैसे मिलाना है, कपड़ा कैसे लगाना है और उसे आग लगाकर किस एंगल से फेंकना है।
ये ‘डिजिटल आतंकवाद’ का सबसे घिनौना रूप था जिसे हमारी पुलिस ने बिल्कुल सही समय पर पकड़ लिया।
लेकिन इनका टारगेट क्या था? ये पेट्रोल बम आख़िर कहाँ फेंके जाने थे? जब पुलिस की पूछताछ में इस बात का खुलासा हुआ, तो सच कह रहा हूँ भाई, किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। इनका टारगेट पंजाब नहीं था, इनका टारगेट था जंतर-मंतर!
ज़रा उस मंज़र की कल्पना करके देखिए। उन दिनों जंतर-मंतर पर NEET को लेकर छात्रों का, स्टूडेंट्स का बड़ा प्रोटेस्ट चल रहा था।
सैकड़ों-हज़ारो की संख्या में आम युवा, लड़के-लड़कियां वहां जमा हुए थे। ISI का ये खौफनाक प्लान था की उनके ये गुर्गे आम छात्रों की भीड़ में छुपकर जंतर-मंतर में घुसेंगे।
NEET के लिए प्रोटेस्ट कर रहे छात्रों के कंधे पे बन्दूक रख के पुलिस वालों पर हमले का प्लान
और वहां इनका टारगेट कोई आम आदमी नहीं था। हैंडलर्स का सीधा और साफ आदेश था की वहां जो भी ‘खाकी वर्दी’ में दिखे, जो भी पुलिसवाला या सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर तैनात हो, उसके ऊपर सीधे पेट्रोल बम फेंक देना।
आप इस साज़िश की गहराई समझ रहे हैं? अगर भीड़-भाड़ वाले जंतर-मंतर पर अचानक किसी पुलिस वाले के ऊपर पेट्रोल बम आ गिरता और वो आग की लपटों में घिर जाता, तो वहां क्या होता?
वहां भयंकर भगदड़ मचती। लोग इधर-उधर भागते, कुचले जाते। पुलिस को मजबूरन लाठीचार्ज करना पड़ता या आंसू गैस छोड़नी पड़ती। और फिर क्या होता?
फिर देश और दुनिया की मीडिया में ये तस्वीर जाती की “दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन पर पुलिस का क्रूर एक्शन” या “जंतर-मंतर पर भड़का दंगा”।
मतलब एक पेट्रोल बम से ISI पूरे देश को आग में झोंकने की तैयारी कर चुकी थी। पुलिस वालों को ज़िंदा जलाकर ये लोग पूरे देश में डर का माहौल बनाना चाहते थे।
इन गुर्गों की हिम्मत तो देखिए, इन्होंने बाकायदा जंतर-मंतर तक जाकर रेकी भी की थी। ये वहां गए, घूम-घूम कर देखा की पुलिस कहाँ खड़ी होती है, भागने का रास्ता कहाँ से है।
लेकिन इन्हें अंदाज़ा नहीं था की दिल्ली पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती वहां कितनी तगड़ी है। वहां चप्पे-चप्पे पर इतनी भारी सिक्योरिटी देखकर इनके हाथ-पांव फूल गए और इनकी हिम्मत जवाब दे गई।
ये वहां बम नहीं फेंक पाए और वापस लौट आए।
अगर अमृतसर पुलिस इन्हें समय रहते ट्रेस नहीं करती, इनके फोन कॉल्स को इंटरसेप्ट नहीं करती और इन पर बिजली की तरह नहीं टूटती, तो सोचिए की ये किसी और दिन, किसी और जगह इसी भयानक प्लान को अंजाम दे सकते थे।
अमृतसर पुलिस और कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर की टीम ने रातों की नींदें हराम करके देश के लिए वो काम किया था, जिसके लिए हर पुलिस वाले को इस देश का सलाम मिलना चाहिए।
पूरे देश में अमृतसर पुलिस की वाहवाही होने लगी। सोशल मीडिया पर लोग कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर और उनकी टीम की तारीफों के पुल बांधने लगे।
हर किसी को लग रहा था की अब तो पक्का इन पुलिसवालों की छाती पर गैलेंट्री अवार्ड्स (Gallantry Awards) सजेंगे। दिल्ली को इतनी बड़ी तबाही से जो बचाया था इन्होंने।
लेकिन… इस शानदार कामयाबी और देश को बचाने के इस कारनामे का सिला हमारी सिस्टम ने इन पुलिसवालों को कैसे दिया?
जो इसके बाद हुआ, उसने पुलिस महकमे के साथ-साथ हर उस आम नागरिक का दिल तोड़ दिया, जो वर्दी वालों को अपना हीरो मानता है।
छाती पर गैलेंट्री मेडल सजने की बजाय गुरप्रीत सिंह भुल्लर को थमा दिया गया ‘ट्रांसफर लेटर’, प्रशाशन पर खड़े हो गए ढेरों सवाल
जब कोई पुलिसवाला अपनी जान हथेली पर रखकर किसी इतने बड़े आतंकी नेटवर्क को पकड़ता है, देश की राजधानी को जलने से बचाता है और हमारे बच्चों को आतंक की आग में झोंकने वालों का कॉलर पकड़कर उन्हें सलाखों के पीछे डालता है… तो एक आम नागरिक क्या उम्मीद करता है?
यही ना, की अगले दिन उस अफसर और उसकी पूरी टीम का भव्य स्वागत होगा। सरकार के मंत्री आएंगे, उन्हें शाबाशी देंगे।
उनकी वर्दी की शान बढ़ाई जाएगी और उन्हें ‘गैलेंट्री मेडल’ (वीरता पुरस्कार) के लिए नॉमिनेट किया जाएगा। आखिर ऐसे ही जांबाजों के दम पर तो सिस्टम का इकबाल बुलंद होता है!
लेकिन 4-5 अगस्त के उस शानदार और रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे के ठीक दो दिन बाद… यानी 7 अगस्त 2026 को पंजाब के प्रशासनिक गलियारों से एक ऐसा फरमान निकलता है, जिसने पूरे पुलिस महकमे और देश की सुरक्षा चाहने वाले हर इंसान को सन्न कर दिया।
पंजाब सरकार के गृह विभाग (Home Department) से एक आर्डर जारी होता है। इस आर्डर में किसी अफसर के लिए कोई ईनाम या शाबाशी नहीं लिखी थी।
बल्कि, इसमें लिखा था की अमृतसर के पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर को उनके पद से तत्काल प्रभाव से हटाया जाता है।
जी हाँ, आपने बिल्कुल सही सुना! जिस दिलेर अफसर ने अपनी टीम के साथ मिलकर पाकिस्तान की ISI के इतने बड़े पेट्रोल बम वाले प्लान को मिट्टी में मिला दिया था, उसे रातों-रात ट्रांसफर का सर्टिफिकेट थमा दिया गया।
उन्हें अमृतसर के कमिश्नर पद से हटाकर सीधा चंडीगढ़ में DGP ऑफिस रिपोर्ट करने को कह दिया गया, वो भी बिना किसी नई पोस्टिंग के।
और उनकी जगह पर हरमनबीर सिंह गिल को अमृतसर का अतिरिक्त प्रभार (Additional Charge) दे दिया गया।
अब यार, एक हिंदुस्तानी होने के नाते मेरा दिमाग तो यही सोचकर सुन्न हो जाता है की आखिर ये कैसा सिस्टम है? ये कैसा न्याय है?
पुलिस कोई प्राइवेट कंपनी तो है नहीं की आपने रातों-रात किसी को उठाया और कहीं भी बिठा दिया, वो भी तब जब उस अफसर ने कोई गलती नहीं, बल्कि देश की रक्षा का इतना बड़ा काम किया हो।
पंजाब सरकार और उनके प्रशासनिक अधिकारियों का तर्क था की कमिश्नर साहब के बयान को ‘राजनीतिक रंग’ दिया जा रहा था।
कहा गया की इस खुलासे के बाद कुछ राजनीतिक पार्टियों ने जंतर-मंतर पर बैठे प्रोटेस्टर्स को टारगेट करना शुरू कर दिया था।
सरकार को शायद इस बात का डर सता रहा था की इससे उनकी राजनीतिक छवि खराब हो सकती है या जनता में गलत संदेश जा सकता है की प्रोटेस्ट करने वाले लोग आतंकी हैं।
लेकिन भाई, ज़रा लॉजिक लगाइए! अगर कोई राजनीतिक पार्टी किसी पुलिस केस पर अपनी राजनीति चमका रही है, तो इसमें उस बेचारे पुलिस अफसर की क्या गलती है?
कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने तो मीडिया के सामने सिर्फ और सिर्फ वही ‘फैक्ट्स’ रखे थे, जो जांच में सामने आए थे। उन्होंने तो बस ये बताया था की पकड़े गए गुर्गों ने पूछताछ में क्या उगला है।
उन्होंने ये तो नहीं कहा की प्रोटेस्ट करने वाले सारे छात्र गलत हैं! उन्होंने तो बल्कि उन छात्रों और वहां तैनात पुलिसवालों की जान बचाई थी!
क्या सच बोलना और जनता को देश पर मंडरा रहे खतरे से आगाह करना कोई अपराध है?
अगर राजनीतिज्ञ आपस में लड़ रहे हैं, तो लड़ने दो ना यार! आप अपनी राजनीति को चमकाने या किसी राजनीतिक विवाद से बचने के लिए उस अफसर को ही क्यों बलि का बकरा बना रहे हो, जिसने ड्यूटी को अपनी जान से बढ़कर माना?
सिस्टम के ऐसे फैसलों से पुलिस फोर्स पर क्या असर पड़ता है, क्या किसी ने यह सोचने की ज़हमत उठाई?
जब कोई जूनियर पुलिस अफसर, कोई इंस्पेक्टर या सिपाही ये देखता है की उसके सबसे बड़े अधिकारी (कमिश्नर) को इतना बड़ा केस सॉल्व करने के बाद ईनाम की जगह ट्रांसफर झेलना पड़ रहा है, तो उसका हौसला कैसे बचेगा?
उसके दिमाग में तो यही बात बैठेगी ना की “भाई, सिस्टम से पंगा मत लो। अगर कोई बड़ा आतंकी या क्रिमिनल पकड़ भी लिया, तो शाबाशी नहीं मिलेगी, बल्कि अपना ही ट्रांसफर हो जाएगा। इससे अच्छा है चुपचाप अपनी शिफ्ट पूरी करो और घर जाओ।”
पुलिस की वर्दी किसी राजनीतिक पार्टी की मोहताज नहीं होती। वो हमारे संविधान और देश के कानून की पहरेदार है।
जब आप एक पुलिस अफसर को अपना काम पूरी ईमानदारी और बहादुरी से करने पर इस तरह ‘प्रशासनिक फेरबदल’ का शिकार बना देते हैं, तो असल में आप उस अफसर का ट्रांसफर नहीं करते.. बल्कि आप उन हज़ारों वर्दी वालों के जज़्बे पर हथकड़ी लगा देते हैं जो इस देश के लिए कुछ कर गुज़रना चाहते हैं।
