आज जहाँ हमारी बेटियां फाइटर जेट उड़ा रही हैं, बड़ी-बड़ी कंपनियां चला रही हैं, राष्ट्रपति बन रही हैं.. इसकी नींव आसमान से नहीं गिरी थी। इस नींव को अपने खून-पसीने से सींचने वाले युगपुरुष का नाम था महात्मा ज्योतिबा फुले।
आज 28 नवंबर है। आज ही के दिन 1890 में इस महान समाज सुधारक ने दुनिया को अलविदा कहा था।
आज उनकी पुण्यतिथि पर हमें याद करना होगा की उन्होंने कैसे उस दौर में महिलाओं और पिछड़ों के लिए लड़ाई लड़ी थी, और आधी आबादी को चारदीवारी के नरक से खींचकर बाहर निकाला था।

19वीं सदी का वो काला दौर और एक मसीहा ‘ज्योतिबा फुले’ का उदय
ज़रा आज से सौ-डेढ़ सौ साल पीछे मुड़कर 19वीं सदी के उस भारत की कल्पना कीजिए। वो एक ऐसा दौर था जहाँ समाज में लड़कियों की हैसियत सच में बहुत दयनीय थी।
महिलाओं का काम सिर्फ चूल्हा फूंकना रह गया था। उन्हें पढ़ने-लिखने का कोई अधिकार नहीं था। अगर कोई लड़की गलती से किताब भी छू ले, तो उसे महापाप माना जाता था।
बचपन में ही, जब उन्हें ठीक से बोलना भी नहीं आता था, तब उनका ब्याह अपने से तीन-चार गुनी उम्र के अधेड़ आदमियों से कर दिया जाता था।
औरत की अपनी कोई आवाज़ नहीं थी, कोई वजूद नहीं था। बस चारदीवारी के अंदर घुट-घुट कर जीना और एक दिन चुपचाप मर जाना ही उनकी किस्मत मान ली गई थी।
ऐसे घुप अंधेरे और सड़े-गले समाज में 11 अप्रैल 1827 को पुणे के एक बेहद साधारण माली (फूल और सब्ज़ी उगाने वाले) परिवार में एक लड़के का जन्म हुआ- ज्योतिराव गोविंदराव फुले।
किसी को अंदाज़ा नहीं था की ये मामूली सा लड़का बड़ा होकर एक ऐसी मशाल जलाएगा जो सदियों पुरानी रूढ़िवादी कुप्रथाओं की जड़ें हमेशा के लिए हिला कर रख देगी।
देश का पहला महिला स्कूल बनाया और अपनी ही पत्नी को बना दिया पहली महिला टीचर
जब कोई इंसान समाज को सुधारने या दुनिया को ज्ञान बांटने निकलता है ना, तो उसे सबसे पहले वो बदलाव अपने खुद के घर से शुरू करना पड़ता है।
ज्योतिबा फुले को ये बात बहुत अच्छे से पता थी। उन्हें मालूम था की अगर महिलाओं को इस नरक से आज़ादी दिलानी है, तो उसकी चाबी सिर्फ और सिर्फ ‘शिक्षा’ है।
उन्होंने किसी और के घर जाने के बजाय सबसे पहले अपनी ही अनपढ़ पत्नी सावित्रीबाई फुले को घर पर पढ़ाना शुरू किया।
आस-पड़ोस वालों ने ताने मारे, घरवालों ने गालियां दीं, समाज ने उनका हुक्का-पानी बंद करने की धमकियां दीं, लेकिन ज्योतिबा नहीं रुके। उन्होंने सावित्रीबाई को इतना काबिल बना दिया की वो देश की पहली महिला शिक्षिका (टीचर) बन गईं।
इसके बाद फुले ने वो इतिहास रचा जो आज तक स्वर्णाक्षरों में दर्ज़ है। अगस्त 1848 का महीना था, जब ज्योतिबा ने पुणे के ‘भिड़े वाड़ा’ में लड़कियों के लिए देश का सबसे पहला स्कूल खोल दिया।
ये कोई मामूली बात नहीं थी! ये समाज की उन सड़ी-गली बेड़ियों पर हथौड़े की सबसे तगड़ी चोट थी।
लेकिन ये सफर इतना आसान थोड़े ही था! जब सावित्रीबाई फुले घर से साड़ी पहनकर लड़कियों को पढ़ाने स्कूल जाती थीं, तो रूढ़िवादी और जाहिल लोग उन पर सड़कों पर खड़े होकर कीचड़, पत्थर और गोबर फेंकते थे। गंदी-गंदी गालियां देते थे।
लेकिन ज्योतिबा फुले किसी पहाड़ की तरह अपनी पत्नी के साथ ढाल बनकर खड़े रहे। उन्होंने सावित्रीबाई से कहा की “तुम अपने साथ एक एक्स्ट्रा साड़ी थैले में लेकर जाया करो, स्कूल पहुँचकर गंदी साड़ी बदल लेना, लेकिन पढ़ाना मत छोड़ना।”
और इस महान काम में उनका साथ दिया फातिमा शेख ने, जिन्होंने अपना घर स्कूल खोलने के लिए दे दिया था। इन लोगों ने मिलकर समाज के हर ज़ुल्म को सहा, लेकिन लड़कियों के हाथों से कलम नहीं छूटने दी।

जब विधवाओं पर होता था जुल्म तब अपने ही घर में खोला बाल हत्या प्रतिबंधक गृह और बचाई हजारों जान
शिक्षा के बाद ज्योतिबा फुले का ध्यान समाज की एक और भयानक कुप्रथा पर गया। उस ज़माने में बाल विवाह आम बात थी। छोटी-छोटी बच्चियों की शादी कर दी जाती थी और अगर बीमारी या किसी वजह से पति मर गया, तो वो बच्ची ज़िंदगी भर के लिए विधवा हो जाती थी।
अब आप उस दर्दनाक सच्चाई को समझिए… अगर समाज के किसी भी कारण से कोई विधवा महिला गर्भवती हो जाती थी, तो उसके पास क्या रास्ता बचता था?
समाज के खौफ और बेइज़्ज़ती के डर से या तो वो खुद किसी कुएं में कूदकर जान दे देती थी, या फिर पैदा होते ही अपने ही मासूम बच्चे का गला घोंट देती थी।
इस पाप और दर्द को देखकर ज्योतिबा फुले ने इस समस्या पर सीधे ज़मीन पर उतरकर एक्शन लिया। साल 1863 में उन्होंने बिना किसी की परवाह किए अपने ही घर के अंदर ‘बाल हत्या प्रतिबंधक गृह’ खोल दिया।
ये पूरे देश का अपने आप में पहला ऐसा ‘सेफ हाउस’ था। उन्होंने दीवारों पर पर्चे चस्पा करवा दिए की “अगर कोई भी विधवा महिला गर्भवती है, तो वो बिना किसी डर के हमारे यहाँ आकर सुरक्षित डिलीवरी (जन्म) कर सकती है। हम बच्चे का नाम गुप्त रखेंगे और उसकी पूरी ज़िम्मेदारी उठाएंगे।”
और सबसे बड़ी बात तो ये है की ज्योतिबा और सावित्रीबाई फुले की खुद की कोई अपनी संतान नहीं थी। उन्होंने इसी आश्रम में आई एक विधवा ब्राह्मण महिला के बेटे को गोद लिया।
उस बच्चे का नाम रखा ‘यशवंत’ और उसे अपना असली वारिस बनाकर पाला-पोसा। यशवंत आगे चलकर एक बहुत बड़ा डॉक्टर बना और उसने भी गरीबों की खूब सेवा की।
समाज को उपदेश देने वाले तो बहुत आते हैं, लेकिन जो इंसान अपने ही घर को अनाथों और बेसहारा महिलाओं का आसरा बना दे, असली मसीहा तो वही है ना!

महिलाओं के मुंडन की क्रूर प्रथा रोकने के लिए नाइयों की हड़ताल करवाकर समाज को दिया था जवाब
शिक्षा और बेसहारा महिलाओं को आसरा देने के बाद भी ज्योतिबा फुले चैन से नहीं बैठे। उस दौर की एक और घिनौनी कुप्रथा थी। वो थी विधवाओं का मुंडन करने की क्रूर प्रथा।
ज़रा सोचिए, एक तो बेचारी का कम उम्र में पति मर गया, ऊपर से ये जाहिल समाज उस पर रहम खाने के बजाय उसके बाल मुंडवा देता था!
तर्क क्या देते थे? यही की विधवा महिला बदसूरत दिखे, ताकि किसी की उस पर बुरी नज़र न पड़े और वो ज़िंदगी भर एक कोने में बैठकर अपने नसीब को रोती रहे।
उसे अच्छे कपड़े पहनने या किसी भी खुशी में शामिल होने का कोई हक नहीं था।
जब ज्योतिबा फुले ने औरतों पर ये ज़ुल्म देखा, तो वो सीधे पुणे और आस-पास के नाइयों (Barbers) के पास पहुँच गए। उन्होंने नाइयों को समझाया की भाई, तुम लोग चंद सिक्कों के लालच में इन बेचारी औरतों पर इतना बड़ा ज़ुल्म कैसे कर सकते हो?
फुले की बातों का ऐसा जादुई असर हुआ की नाइयों ने एक ऐतिहासिक हड़ताल कर दी! उन सबने अपनी उस्तरे और कैंचियां नीचे रख दीं और कसम खा ली की आज के बाद कोई भी नाई किसी विधवा महिला के बाल नहीं काटेगा।
19वीं सदी में इतनी बड़ी स्ट्राइक करवा देना… सच में समाज की रूढ़िवादी सोच पर किसी सर्जिकल स्ट्राइक से कम नहीं था! इस एक कदम ने हज़ारों औरतों को उस रोज़-रोज़ के अपमान से हमेशा के लिए आज़ाद कर दिया।
समाज को एक नया रास्ता दिखाने के लिए उन्होंने 24 सितंबर 1873 को ‘सत्यशोधक समाज’ (Truth Seekers’ Society) की भी स्थापना की।
इसका सीधा सा मकसद था समाज में ऊंच-नीच के इस खेल को खत्म करना और शोषितों को उनके हक दिलाना। वो चाहते थे की आम इंसान खुद अपने अधिकारों के लिए लड़ना सीखे, बिना किसी बिचौलिए के सीधे ईश्वर से जुड़े और शिक्षा हासिल करे।
किसानों का दर्द दुनिया तक पहुंचाने वाली किताबें और निस्वार्थ सेवा जिसने उन्हें बना दिया देश का ‘महात्मा’
ज्योतिबा फुले सिर्फ ज़मीन पर ही नहीं लड़ रहे थे, बल्कि उनकी कलम भी आग उगल रही थी। 1873 में उन्होंने अपनी सबसे मशहूर और विद्रोही किताब ‘गुलामगिरी’ (Slavery) लिखी।
कमाल की बात तो ये है की उन्होंने अपनी ये किताब अमेरिका के उन लोगों को समर्पित की, जिन्होंने वहाँ से दास-प्रथा (गुलामी) खत्म करने के लिए अपनी जान की बाज़ी लगा दी थी।
इसके अलावा, किसानों की खून-पसीने की कमाई को कैसे लूटा जा रहा है, इसे बेनकाब करने के लिए उन्होंने ‘शेतकऱ्याचा आसूड’ (किसानों का कोड़ा) नाम की शानदार किताब लिखी। उन्होंने बताया की जब तक किसान भूखा है, तब तक देश की तरक्की महज़ एक धोखा है।
ज़िंदगी भर बिना किसी स्वार्थ के औरतों, किसानों और पिछड़ों के लिए अपना खून-पसीना बहाने वाले इस युगपुरुष की महानता को आख़िरकार समाज ने भी पहचाना।
11 मई 1888 को मुंबई में एक बहुत बड़ा जलसा हुआ, जहाँ मशहूर सामाजिक कार्यकर्ता विट्ठलराव कृष्णजी वांडेकर ने उन्हें ‘महात्मा’ की उपाधि से सम्मानित किया।
और सच कहूं तो, ज्योतिबा फुले इस ‘महात्मा’ शब्द के सबसे असली और सच्चे हक़दार थे।
खैर, 28 नवंबर 1890 को इस महान मसीहा ने आख़िरी सांस ली और दुनिया को अलविदा कह दिया। लेकिन उनके लगाए हुए शिक्षा और आज़ादी के पौधे आज विशाल पेड़ बन चुके हैं।
