हम जब ‘वन मैन आर्मी’ (One Man Army) शब्द सुनते हैं, तो हमारे दिमाग में अक्सर फिल्मों के वो हीरो घूमने लगते हैं जो अकेले ही दुश्मन की फ़ौज को मिट्टी में मिला देते हैं।
हमें लगता है की ऐसा तो सिर्फ फिल्मों में ही हो सकता है, असल ज़िंदगी में कोई एक अकेला इंसान गोलियों की बौछार के बीच जाकर दुश्मनों के बंकर कैसे उड़ा सकता है?
लेकिन दोस्त, अगर आपको असल ज़िन्दगी का ‘वन मैन आर्मी’ देखना है, तो सीधे 1948 के कश्मीर युद्ध के पन्ने पलट लीजिए।
हम बात कर रहे हैं भारतीय सेना के उस महानायक, उस वीर सपूत की, जिसने माथे पर गोली खाने और खून से अपनी आँखें अंधी हो जाने के बावजूद पाकिस्तानियों को तबाह कर दिया था ।
ये कहानी है ‘6 राजपूताना राइफल्स’ के कंपनी हवलदार मेजर (CHM) पीरू सिंह शेखावत की।

कारगिल से भी 50 साल पहले कश्मीर की बर्फीली चोटियों पर पाकिस्तानियों का काल बना राजपूताना राइफल्स का ये शेर
अक्सर हम लोगों को कारगिल युद्ध की चोटियों वाली लड़ाई तो याद रहती है, लेकिन 1948 में जब हमारा देश नया-नया आज़ाद हुआ था, तब भी कश्मीर की बर्फीली पहाड़ियों पर एक ऐसी ही खूंखार जंग लड़ी गई थी।
उस वक्त ना तो हमारे पास कोई बहुत आधुनिक हथियार थे और ना ही बर्फीले तूफानों से बचने वाले कोई हाई-टेक कपड़े।
बस एक चीज़ थी जो उस वक्त के हर फौजी में कूट-कूट कर भरी थी- वो था माँ भारती के लिए मर मिटने का जुनून और अपनी रेजीमेंट की इज़्ज़त।
कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह शेखावत उसी जुनून की जीती-जागती मिसाल थे। वो एक ऐसे लड़ाके थे जो हमेशा अपनी टुकड़ी के सबसे आगे सीना तान कर चलते थे।
उन्होंने 1948 के युद्ध में वो कर दिखाया, जिसे करने के लिए शायद पूरी की पूरी एक बटालियन भी कम पड़ जाती। अकेले अपने दम पर, अपनी स्टेन गन और संगीन (Bayonet) के बल पर उन्होंने पाकिस्तानी फौज के छक्के छुड़ा दिए थे।
रेगिस्तान की तपती मिट्टी में पला वो राजपूती खून जिसके रगों में बचपन से ही दौड़ता था सिर्फ और सिर्फ फ़ौज का जुनून
20 मई 1918 को राजस्थान के चुरू ज़िले के एक छोटे से गांव रामपुरा बेरी में उनका जन्म हुआ था। एक राजपूती परिवार में जन्मे पीरू सिंह बचपन से ही एकदम अलग मिट्टी के बने थे।
जब उनके उम्र के बच्चे स्कूल में पढ़ाई करते या गली-मोहल्ले में खेलते, तब इस लड़के को शिकार करने का शौक चढ़ा हुआ था।
वो बचपन से ही इतने निडर थे की घने जंगलों में अकेले ही निकल जाते थे। उन्हें पढ़ाई-लिखाई में कोई खास दिलचस्पी नहीं थी।
उनका बस एक ही सपना था, एक ही जुनून था- फौज की वर्दी पहनना और देश के लिए लड़ना। और उनका ये सपना पूरा भी हुआ।
ठीक अपने 18वें जन्मदिन के दिन यानी 20 मई 1936 को पीरू सिंह शेखावत भारतीय सेना की सबसे इलीट और खूंखार मानी जाने वाली रेजिमेंट ‘6 राजपूताना राइफल्स’ (6 Rajputana Rifles) में भर्ती हो गए।
अपनी मेहनत, बेखौफ अंदाज़ और गज़ब के लीडरशिप स्किल्स की वजह से वो बहुत जल्द ही तरक्की करते हुए ‘कंपनी हवलदार मेजर’ (CHM) की रैंक तक पहुँच गए।

टीथवाल की उस पहाड़ी का वो खौफनाक मंजर जहां हर तरफ बिछी थी मौत और ऊपर से बरस रही थी दुश्मनों की गोलियां
अब आते हैं सीधे 1948 की उस खूनी जंग पर। आज़ादी के तुरंत बाद पाकिस्तानी कबायलियों और उनकी नियमित फौज ने धोखे से कश्मीर में घुसपैठ कर दी थी।
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में एक इलाका है टीथवाल सेक्टर (Tithwal Sector)। इसी सेक्टर में एक बहुत ही खतरनाक और ऊंची पहाड़ी चोटी थी जिसका नाम था ‘डारपारी’ (Darapari)।
11,481 फीट की ऊंचाई पर मौजूद इस डारपारी चोटी पर पाकिस्तानियों ने कब्ज़ा जमा लिया था। ज़रा इस जगह की भौगोलिक स्थिति (Geography) समझिए, तब आपको अंदाज़ा होगा की ये मिशन कितना नामुमकिन था।
जिस पहाड़ी की धार (Ridge) से होकर भारतीय फौज को ऊपर जाना था, वो रास्ता सिर्फ 1 मीटर चौड़ा था! और इस 1 मीटर चौड़े रास्ते के दोनों तरफ हज़ारों फ़ीट गहरी भयानक खाइयां थीं।
और सबसे बड़ी दिक्कत तो ये थी की दुश्मन बिल्कुल चोटी पर एकदम सुरक्षित और पक्के बंकरों में बैठा था। उनके पास मीडियम मशीन गनें (MMG) थीं।
वो ऊपर से हर उस चीज़ पर गोलियों की बौछार कर रहे थे जो नीचे से ऊपर आने की कोशिश कर रही थी। ये कोई लड़ाई का मैदान नहीं था भाई, ये सीधा-सीधा एक ‘मौत का कुआं’ था।
ऊपर से लगातार बरसती गोलियां और नीचे से चढ़ाई करने वाली हमारी निहत्थी सी भारतीय फौज।
इस पहाड़ी को हर हाल में आज़ाद कराना था, क्योंकि अगर पाकिस्तानी वहां जमे रहते, तो वो पूरे टीथवाल सेक्टर पर कब्ज़ा कर लेते।
इसी नामुमकिन से मिशन को पूरा करने की ज़िम्मेदारी दी गई ‘6 राजपूताना राइफल्स’ को। और यहीं से शुरू होती है उस राजपूती शेर की वो अमर गाथा, जिसने मौत की आँखों में आँखें डालकर पाकिस्तानियों को उनकी असली औकात याद दिला दी थी।
‘राजा रामचंद्र की जय’ के महाघोष के साथ जब अपनी स्टेन गन लेकर बिल्कुल अकेला ही मौत के मुंह में कूद पड़ा राजस्थान का ये वीर
17-18 जुलाई 1948 की वो रात थी। पीरू सिंह की ‘डी कंपनी’ (D Company) को हुक्म मिला की चाहे जो हो जाए, कितनी भी जानें चली जाएं, लेकिन आज रात इस चोटी पर तिरंगा फहराना ही है।
जैसे ही हमारे जवानों ने उस 1 मीटर चौड़े संकरे रास्ते पर कदम रखा, ऊपर बैठे पाकिस्तानियों ने अपनी मीडियम मशीन गनों (MMG) के मुंह खोल दिए।
अंधाधुंध गोलियों की ऐसी भयानक बारिश हुई की पल भर में ही कंपनी के आधे से ज्यादा जवान शहीद हो गए या उन गहरी खाइयों में गिर पड़े।
टुकड़ी को लीड कर रहे अफसर भी बुरी तरह घायल होकर ज़मीन पर गिर चुके थे। अपनी आंखों के सामने अपने भाइयों को यूं तड़पते और मरते देख पीरू सिंह के अंदर का राजपूती खून खौल उठा।
जब सब कुछ खत्म होता दिख रहा था, जब मौत सामने खड़ी नाच रही थी, तब इस राजपूती शेर ने वो किया जो भारतीय सेना के इतिहास में अमर हो गया। उनके मुंह से राजपूताना राइफल्स का वॉर-क्राई निकला- “राजा रामचंद्र की जय!”
इस महाघोष के साथ उन्होंने पीछे मुड़कर किसी का इंतज़ार नहीं किया, किसी से ऑर्डर नहीं मांगा।
अपनी स्टेन गन उठाई और बिल्कुल अकेले ही मौत की उस खूनी खाई में छलांग लगा दी। ऊपर से गोलियां बरस रही थीं और नीचे से ये अकेला शूरवीर सीना ताने पहाड़ी पर चढ़ रहा था।
चेहरे पर लगी गोली और खून से अंधी हो चुकी आँखों के बावजूद एक अकेले शूरवीर ने उड़ा दिए पाकिस्तानियों के तीन बंकर
गोलियों की उस आंधी को चीरते हुए पीरू सिंह सबसे पहले बंकर तक जा पहुंचे। वहां बैठे पाकिस्तानी मशीन गनर जब तक कुछ समझ पाते, इस शेर ने अपनी स्टेन गन से उन्हें भून डाला।
जब स्टेन गन की गोलियां खत्म हुईं, तो उन्होंने अपनी बंदूक के आगे लगी संगीन (Bayonet) से दुश्मनों के सीने चीर कर रख दिए।
लेकिन इस खूनी हाथापाई में दुश्मन की एक गोली सीधा पीरू सिंह के चेहरे पर आ लगी। वो गोली उनके जबड़े को चीरती हुई निकल गई और खून का ऐसा फव्वारा फूटा की उनकी दोनों आंखें खून से भर गईं।
उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा था, शरीर लहूलुहान होकर सुन्न पड़ने लगा था, लेकिन वो रुके नहीं यार! खून से अंधी हो चुकी आंखों के साथ वो ज़मीन पर रेंगते हुए दूसरे पाकिस्तानी बंकर तक गए।
वहां पहुंचकर उन्होंने अपनी बेल्ट से एक ग्रेनेड बम निकाला और सीधा बंकर के अंदर फेंक दिया। भयंकर धमाका हुआ और दूसरा अड्डा भी जलकर खाक हो गया।
अब बारी थी तीसरे बंकर की। उनका शरीर पूरी तरह से छलनी हो चुका था। वो अपने हाथ में एक आख़िरी ग्रेनेड लेकर तीसरे बंकर की तरफ रेंगने लगे।
तभी दुश्मन की एक और गोली सनसनाती हुई आई और सीधे उनके माथे (सिर) में जा लगी। मौत बिल्कुल सामने खड़ी थी, लेकिन इस शूरवीर ने हार नहीं मानी।
ज़मीन पर गिरते-गिरते, अपनी आख़िरी सांस टूटने से ठीक एक सेकंड पहले, पीरू सिंह ने वो ग्रेनेड तीसरे बंकर के अंदर पूरी ताकत से फेंक दिया।
एक और ज़बरदस्त धमाका हुआ, दुश्मन का तीसरा अड्डा भी तबाह हो गया, और इसी धमाके की गूंज के साथ उस वीर योद्धा ने सदा के लिए आंखें मूंद लीं।
धानमंत्री नेहरू का वो भावुक खत और देश का सबसे बड़ा सम्मान परमवीर चक्र जो आज भी सुनाता है इस योद्धा की अमर शौर्य गाथा
पीरू सिंह के इस अकल्पनीय बलिदान को देखकर पीछे आ रहे बाकी बचे जवानों की रगों में मानो आग लग गई। उनके अंदर ऐसा भयंकर जुनून जागा की उन्होंने पूरी डारपारी चोटी पर धावा बोल दिया।
चुन-चुन कर पाकिस्तानियों को खदेड़ा गया और उस चोटी पर शान से तिरंगा गाड़ दिया गया। एक अकेले इंसान ने अपने दम पर पूरी की पूरी हारी हुई बाज़ी पलट कर रख दी थी।
भारतीय सेना के इतिहास में ऐसा अद्वितीय शौर्य शायद ही कभी किसी ने देखा हो। उनके इसी ‘वन मैन आर्मी’ वाले पराक्रम के लिए भारत सरकार ने उन्हें मरणोपरांत देश के सबसे बड़े सैन्य सम्मान ‘परमवीर चक्र’ (Param Vir Chakra) से नवाज़ा।
उस वक्त देश के तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने खुद पीरू सिंह जी की बूढ़ी मां (तारावती जी) को एक बेहद भावुक खत लिखा था।
उन्होंने लिखा था की, “आपके बेटे ने अपने देश की रक्षा के लिए जो कीमत चुकाई है, उसे ये राष्ट्र कभी नहीं भूल पाएगा। मुझे पता है की एक मां का दुख कोई सम्मान कम नहीं कर सकता, लेकिन पूरे देश को आपके बेटे पर गर्व है।”
