बहुत कम लोग जानते हैं की आज ही के दिन (16 नवंबर 1915 को) इस देश ने अपना एक ऐसा लाल खोया था, जिसने महज़ 19 साल की उम्र में लाहौर की सेंट्रल जेल में हँसते-हँसते फांसी का फंदा चूम लिया था।
ज़रा सोचिए, 19 साल की उम्र क्या होती है? आम तौर पर इस उम्र के लड़के अपने करियर, अपनी पहली जॉब के सपने बुन रहे होते हैं। लेकिन वो शूरवीर ‘करतार सिंह सराभा’ इस उम्र में अंग्रेज़ों से लोहा ले रहा था।
और वो लड़का कोई मामूली क्रांतिकारी नहीं था भाई! जिस शहीद-ए-आज़म भगत सिंह को ये देश सबसे बड़े क्रांतिकारी के रूप में याद करता है, जिन्हें हम अपना हीरो मानते हैं…
जानते हो वो भगत सिंह अपना गुरु, अपना हीरो किसे मानते थे? वो इसी 19 साल के लड़के ‘करतार सिंह सराभा’ को अपना आदर्श मानते थे!
भगत सिंह की जेब में हमेशा सराभा की एक तस्वीर रखी होती थी। सराभा की शहादत ने ही उस 8-9 साल के छोटे से भगत सिंह के सीने में आज़ादी की वो आग सुलगाई थी, जो बाद में दावानल बनकर अंग्रेज़ों पर बरसी।

अमेरिका की चकाचौंध में भी नहीं भूले अपनी माटी का कर्ज और ऐसे भड़की सीने में बगावत की आग
कहानी शुरू होती है 24 मई 1896 से। पंजाब के लुधियाना जिले में एक छोटा सा गांव है- सराभा। यहीं पर करतार सिंह का जन्म हुआ था।
बचपन में ही सिर से पिता मंगल सिंह का साया उठ गया, तो दादा बदन सिंह ने इस बच्चे को पाला। करतार बचपन से ही इतने फुर्तीले, निडर और तेज़ दिमाग वाले थे की उनके दोस्त उन्हें प्यार से ‘अफलातू’ (अफलातून) बुलाते थे।
बचपन की पढ़ाई-वढ़ाई खत्म हुई तो दादा जी ने सोचा की पोते को बड़ा अफसर बनाऊंगा। इसी उम्मीद में 1912 में, जब करतार महज़ 16 साल के थे, उन्हें समंदर पार अमेरिका के कैलिफोर्निया यूनिवर्सिटी (बर्कले) भेज दिया गया।
लेकिन अमेरिका पहुँचकर करतार ने जो देखा, उसने इस लड़के की पूरी सोच ही पलट कर रख दी।
जब वो वहां के इमिग्रेशन काउंटर पर पहुंचे, तो वहां के गोरे अधिकारियों ने उनके और बाकी भारतीयों के साथ जो बर्ताव किया, जो नस्लभेद (Racism) दिखाया, वो सराभा के दिल पर किसी पत्थर की तरह लगा।
उन्हें पहली बार बड़ी गहराई से इस बात का एहसास हुआ की एक गुलाम देश के नागरिक की इस दुनिया में कोई औकात नहीं होती।
चाहे आप कितने भी पढ़े-लिखे क्यों न हों, अगर आपके देश के गले में गुलामी का पट्टा बंधा है, तो दुनिया आपको ‘कुली’ ही समझेगी।
बस, वही पल था जब इस 16 साल के लड़के ने कसम खा ली। अमेरिका की वो चकाचौंध, वो डॉलर कमाने का लालच और वो ऐशो-आराम की ज़िंदगी…
सब कुछ एक झटके में ठोकर मार दी। उन्होंने तय कर लिया की अब ये ज़िंदगी अपने लिए नहीं, बल्कि भारत माँ की बेड़ियां काटने के लिए ही कटेगी।
गदर अखबार से लेकर बम बनाने और हवाई जहाज़ उड़ाने तक इस अफलातून लड़के ने अंग्रेज़ों की उड़ा दी थी नींद
ये वो दौर था जब अमेरिका और कनाडा में बसे कुछ देशभक्त भारतीय, अंग्रेजों को उखाड़ फेंकने की तैयारी कर रहे थे।
1913 में लाला हरदयाल और सोहन सिंह भकना जैसे दिग्गजों ने मिलकर ‘गदर पार्टी’ की नींव रखी। 17 साल का ये ‘अफलातून’ लड़का तुरंत इस पार्टी में शामिल हो गया।
करतार सिंह के अंदर इतनी आग थी की उन्होंने अकेले ही पार्टी के मुखपत्र (अखबार) ‘गदर’ के पंजाबी (गुरुमुखी) संस्करण को छापने और निकालने की पूरी ज़िम्मेदारी अपने कंधों पर ले ली।
वो अपने हाथों से मशीन घुमा-घुमा कर अखबार छापते और उसमें ऐसी खून खौला देने वाली बगावती कविताएं लिखते की जो भी उसे पढ़ता, उसका खून वतन के लिए उबलने लगता।
लेकिन सराभा सिर्फ कलम के सिपाही नहीं थे! उनकी सोच अपने ज़माने से 50 साल आगे की थी।
ज़रा सोचिए, 1914 के आस-पास आम आदमी ने ठीक से कोई हवाई जहाज़ आसमान में उड़ते हुए देखा तक नहीं था। और ये 18 साल का लड़का अमेरिका में बाकायदा विमान उड़ाने (Aviation) की ट्रेनिंग ले रहा था!
क्यों? ताकि जब आज़ादी की असली जंग छिड़े, तो वो आसमान से सीधे अंग्रेजों की छावनियों और ठिकानों पर बम गिरा सकें।
और वो बम कोई बाहर से थोड़े ना आने थे। करतार सिंह ने अमेरिका में ही रहते हुए डायनामाइट और विस्फोटक सामग्री (Explosives) बनाने की पूरी तकनीक सीख ली थी।
वो चाहते थे की गदर पार्टी के पास हथियारों की कोई कमी न रहे।

पहले विश्व युद्ध का उठाया फायदा और भारत लौटकर बनाई गुप्त बम फैक्ट्रियां
1914 में दुनिया में प्रथम विश्व युद्ध (World War I) छिड़ गया। अंग्रेज़ बुरी तरह से इस युद्ध में उलझ गए और उनकी सेना टुकड़ियों में बंट गई।
करतार सिंह सराभा की तेज़ नज़रों ने तुरंत भांप लिया की यही तो वो मौका है जिसका बरसों से इंतज़ार था! दुश्मन कमज़ोर है, और इसी वक़्त उस पर सबसे तगड़ा प्रहार होना चाहिए।
बिना एक पल की देरी किए, सराभा अमेरिका से निकले और पुलिस की आँखों में धूल झोंकते हुए, समंदर के रास्ते कोलंबो होते हुए सीधा भारत लौट आए। भारत आते ही उन्होंने महान क्रांतिकारी रास बिहारी बोस से संपर्क किया।
अब शुरू हुआ असली मास्टरप्लान! खाली हाथों से तो अंग्रेज़ों से लड़ा नहीं जा सकता था। इसलिए 1915 में सराभा ने रास बिहारी बोस और अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर गुप्त रूप से बम बनाने की फैक्ट्रियां लगानी शुरू कर दीं।
वो दिन-रात एक करके रसायन (Chemicals) जुटाते, खुद बम बनाते और नौजवानों को हथियार चलाने की ट्रेनिंग देते।
इन सबका अल्टीमेट गोल सिर्फ एक था- ‘सशस्त्र विद्रोह’।
सराभा और रास बिहारी बोस ने मिलकर प्लान बनाया था की 21 फरवरी 1915 के दिन पूरे हिंदुस्तान (विशेषकर फिरोज़पुर, लाहौर, रावलपिंडी और मेरठ) की ब्रिटिश छावनियों में तैनात भारतीय सैनिकों के बीच एक साथ बगावत करा दी जाएगी।
भारतीय सैनिक अंग्रेजों के हथियार लूट लेंगे और एक ही दिन में, एक ही झटके में अंग्रेज़ों को हमेशा-हमेशा के लिए भारत से खदेड़ दिया जाएगा।
गद्दार कृपाल सिंह का वो धोखा जिसने देश की आज़ादी को सालों पीछे धकेल दिया
कहते हैं ना की ‘हमें तो अपनों ने लूटा, गैरों में कहाँ दम था।’ करतार सिंह सराभा और रास बिहारी बोस का वो अचूक मास्टरप्लान, जो देश को आज़ाद करा सकता था, वो भी एक ऐसे ही गद्दार की भेंट चढ़ गया।
इस गद्दार का नाम था- कृपाल सिंह! यह आदमी असल में पुलिस का एक मुखबिर (Informer) था, जो बड़ी चालाकी से आज़ादी का चोला ओढ़कर गदर पार्टी के भीतर घुसपैठ कर गया था।
जब 21 फरवरी 1915 को पूरे देश की छावनियों में बगावत करने की तारीख तय हुई, तो इस नमकहराम कृपाल सिंह ने चुपचाप जाकर पूरी योजना अंग्रेजों के सामने उगल दी।
अंग्रेजों ने रातों-रात भारतीय सैनिकों के सारे हथियार छीन लिए। पूरे पंजाब में धर-पकड़ शुरू हो गई। गदर पार्टी के कई नेता गिरफ्तार कर लिए गए।
रास बिहारी बोस किसी तरह बच निकले और करतार सिंह सराभा को भी सुरक्षित अफ़ग़ानिस्तान भाग जाने के लिए कहा गया।
लेकिन सराभा ने कहा, “मर जाऊंगा लेकिन हार नहीं मानूंगा।” वो छुपने के बजाय सरगोधा पहुँच गए, ताकि वहां मौजूद ’22वीं कैवलरी’ के भारतीय सैनिकों को किसी तरह भड़का सकें।
लेकिन अंग्रेजों का जाल बहुत गहरा बिछ चुका था, और आख़िरकार इस युवा ‘अफलातून’ को वहीं सरगोधा में गिरफ्तार कर लिया गया।
लाहौर षड्यंत्र केस का वो मुकदमा जिसमें जज ने 19 साल के लड़के को बताया ब्रिटिश साम्राज्य के लिए सबसे बड़ा खतरा
गिरफ़्तारी के बाद करतार सिंह सराभा को लाहौर सेंट्रल जेल लाया गया और उन पर ऐतिहासिक ‘फर्स्ट लाहौर कॉन्सपिरेसी केस’ (First Lahore Conspiracy Case) के तहत मुकदमा चला।
जज ने अपने फैसले में इस बात को दर्ज़ किया की, “यह लड़का (करतार सिंह) सब विद्रोहियों में सबसे खतरनाक (The most dangerous of all rebels) है। इसने अमेरिका से लेकर हिंदुस्तान तक जिस तरह की साज़िश रची है, उसे देखते हुए इसे कोई भी रहम नहीं दिया जा सकता। अगर इसे ज़िंदा छोड़ा गया, तो ये ब्रिटिश साम्राज्य को तबाह कर देगा।”
अंग्रेज़ इतने डरे हुए थे की उन्होंने बिना कोई वक़्त गंवाए इस 19 साल के लड़के को फांसी की सज़ा सुना दी।
19 साल की उम्र में चूमा फांसी का फंदा, भगत सिंह के इस गुरु को सत-सत प्रणाम
आम तौर पर जब किसी इंसान को फांसी की सज़ा सुनाई जाती है, तो मौत के खौफ से उसका खून सूख जाता है, उसका वज़न कम हो जाता है।
लेकिन सराभा तो दूसरी ही मिट्टी के बने थे! जेल के रिकॉर्ड बताते हैं की फांसी की सज़ा सुनने के बाद जेल में करतार सिंह का वज़न कम होने के बजाय पूरे 14 पाउंड बढ़ गया था! मौत का ऐसा स्वागत इतिहास में शायद ही किसी ने किया हो।
और आख़िरकार वो दिन आ गया। 16 नवंबर 1915! आज ही का वो ऐतिहासिक दिन था, जब लाहौर सेंट्रल जेल में यह 19 साल का क्रांतिवीर आज़ादी के तराने गाते हुए फांसी के तख्ते की तरफ बढ़ा। उनके होठों पर सिर्फ एक ही गीत था-
“सेवा देश दी जिंदड़िये बड़ी औखी, गल्लां करनियां ढेर सुखल्लियां ने… ” (यानी देश की सेवा करना बहुत मुश्किल है, इस पर बातें बनाना बहुत आसान है)।
हंसते-हंसते इस शेर ने फांसी का फंदा चूम लिया और भारत माँ की गोद में हमेशा के लिए सो गया।
ये महज़ एक लड़के की मौत नहीं थी.. ये उस चिंगारी का जन्म था जिसने बाद में पूरे हिंदुस्तान में आज़ादी की अलख जला दी।
इसी शहादत को देखकर ही तो भगत सिंह जैसे महानायकों ने जन्म लिया। भगत सिंह जब भी उदास होते, तो अपनी जेब से सराभा की तस्वीर निकालते और उन्हें देखकर फिर से जोश से भर जाते थे।
जब भगत सिंह को फांसी दी जा रही थी, तब उनके आदर्श और उनके गुरु करतार सिंह सराभा ही थे।
आज करतार सिंह सराभा के इस शहादत दिवस पर, हर सच्चे हिंदुस्तानी का सिर उनके सम्मान में झुक जाना चाहिए। इस देश की मिट्टी उनके खून की हमेशा कर्ज़दार रहेगी।
