आजकल आप जहाँ भी देखो, बस एक ही बात की टेंशन चल रही है- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)।
लोगों को डर है की कहीं ये मशीनें हमारी नौकरी ना खा जाएं, या कहीं मशीनों का इंसानों पर कब्ज़ा ही ना हो जाए!
कैलिफोर्निया की सिलिकॉन वैली में बैठे अरबपतियों और बड़े-बड़े इंजीनियरों ने ऐसे सुपर-कंप्यूटर तो बना लिए जो सेकंडों में इंसानी दिमाग को मात दे दें, लेकिन अब वो खुद अपनी ही बनाई इस भूलभुलैया में बुरी तरह फंस गए हैं।
कोडिंग, डेटा और एल्गोरिदम से मशीन को तेज़ और स्मार्ट तो बनाया जा सकता है, पर मशीन के अंदर ‘इंसानी भावनाएं’, ‘सही-गलत की पहचान’ और ‘नैतिकता’ (Ethics) कैसे डाली जाए?
मशीन को ये कैसे सिखाया जाए की उसके लिए क्या करना सही है और क्या गलत? इसका कोई कोड दुनिया के किसी भी सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पास नहीं है।
और ठीक यहीं पर एंट्री होती है हमारे भारत की, हमारे सनातन धर्म की! जब विज्ञान और तकनीक की सारी हदें खत्म हो गईं, जब अरबों डॉलर्स की फंडिंग और सुपर-कंप्यूटरों की ताकत ने जवाब दे दिया, तब दुनिया की सबसे एडवांस AI कंपनी को समझ आ गया की भविष्य की इन मशीनों को सुरक्षित रखने का सिर्फ एक ही रास्ता है।
और वो रास्ता दुनिया का सबसे प्राचीन दर्शन- सनातन धर्म और अद्वैत वेदांत है।

Anthropic जैसी दिग्गज AI कंपनी की बेचैनी और स्वामी सर्वप्रियानंद के रूप में मिला उन्हें वो मार्गदर्शक जिसकी दुनिया को तलाश थी
अगर आप टेक्नोलॉजी की दुनिया पर नज़र रखते हैं, तो ‘Anthropic’ का नाम तो सुना ही होगा। अगर नहीं सुना तो बता दूँ की ये सिलिकॉन वैली की वही दिग्गज कंपनी है जिसने ‘Claude AI’ बनाया है, जो सीधे तौर पर ChatGPT के छक्के छुड़ा रहा है।
अब ये लोग इस बात को लेकर भयंकर बेचैन हैं की उनका AI सिस्टम इतना एडवांस और बुद्धिमान होता जा रहा है की कल को अगर इसके अंदर सच में ‘चेतना’ (Consciousness) आ गई, तो वो इंसानों के साथ कैसा बर्ताव करेगा।
इस उलझन को सुलझाने के लिए इन्हें किसी ऐसे इंसान की तलाश थी जो सिर्फ किताबी या कोरी दार्शनिक बातें ना करे, बल्कि जिसे आधुनिक दुनिया, कॉर्पोरेट के काम करने के तरीके और प्राचीन आध्यात्म, दोनों का गहरा ज्ञान हो।
और उनकी ये लंबी तलाश पूरी हुई ‘स्वामी सर्वप्रियानंद’ जी पर आकर। स्वामी जी ‘रामकृष्ण मिशन’ (Ramakrishna Order) के बेहद सम्मानित और जाने-माने संन्यासी हैं और फिलहाल ‘वेदांत सोसाइटी ऑफ न्यूयॉर्क’ के प्रमुख हैं।
अब आपके मन में भी ये सवाल आ रहा होगा की यार, एक हाई-फाई टेक कंपनी ने किसी भगवाधारी संन्यासी को ही क्यों चुना?
तो भाई, स्वामी सर्वप्रियानंद जी कोई साधारण संत नहीं हैं। संन्यास लेने से बहुत पहले, 1994 में उन्होंने भुवनेश्वर के प्रतिष्ठित ‘जेवियर्स इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट’ (XIMB) से बाकायदा MBA की डिग्री ली थी।
कॉर्पोरेट और मैनेजमेंट की दुनिया को एकदम करीब से देखने के बाद, 2004 में उन्होंने संन्यास का रास्ता चुना।
उनका यही कमाल का बैकग्राउंड- जहाँ आधुनिक विज्ञान, मैनेजमेंट का दिमाग और उपनिषदों का अद्वैत वेदांत आपस में आकर मिलते हैं- उन्हें एंथ्रोपिक वालों के लिए दुनिया का सबसे परफेक्ट और सुलझा हुआ मार्गदर्शक बनाता है।
एक ऑनलाइन इंटरव्यू से लेकर सैन फ्रांसिस्को हेडक्वार्टर तक का वो बुलावा जिसने बदल दी AI और आध्यात्म की दिशा

दरअसल, जून 2026 में ‘यूनिटी ऑफ डलास’ (Unity of Dallas) में एक प्रवचन के दौरान स्वामी जी ने खुद इस ट्रिप का खुलासा किया था।
उन्होंने बहुत ही मज़ेदार अंदाज़ में अपने श्रोताओं को हंसते हुए बताया, “पहले एंथ्रोपिक वालों ने मेरा एक प्रॉपर ऑनलाइन इंटरव्यू लिया… लेकिन घबराइए मत, वो किसी नौकरी-वौकरी के लिए नहीं था!”
कंपनी उनके ज्ञान, उनकी बेबाक सोच और अद्वैत वेदांत की गहराई से इतनी ज़्यादा इम्प्रेस हो गई की उन्होंने तुरंत स्वामी जी को कैलिफोर्निया स्थित अपने सैन फ्रांसिस्को (San Francisco) हेडक्वार्टर में पर्सनली आमंत्रित कर लिया।
सबसे गज़ब की बात तो ये थी की स्वामी जी के इस पूरे ट्रिप की फ्लाइट से लेकर उनके होटल तक की सारी बुकिंग किसी इंसान ने नहीं, बल्कि खुद एक AI सिस्टम ने की थी!
ज़रा इमेजिन कीजिए… एक तरफ वो मशीन जो दुनिया के सारे काम सेकंडों में निपटा रही है, वो खुद उस भारतीय संन्यासी के आने का इंतज़ाम कर रही है जो उसे ‘आत्मा और चेतना’ का पाठ पढ़ाने आ रहा है।
जब स्वामी जी उनके हेडक्वार्टर पहुँचे, तो हां एंथ्रोपिक के को-फाउंडर क्रिस्टोफर ओलाह (Christopher Olah) खुद मौजूद थे।
क्रिस्टोफर वही जीनियस हैं जो दिन-रात इसी रिसर्च में खपे हुए हैं की क्या AI के अंदर इंसानों जैसी भावनाएं और चेतना पैदा की जा सकती हैं।
वहां का माहौल ऐसा था जैसे विज्ञान और आध्यात्म एक ही टेबल पर आमने-सामने बैठकर इंसानियत का भविष्य तय कर रहे हों।
NDA के कड़े पहरे के बीच छिपे प्रोजेक्ट ‘ग्लासविंग’ और ‘माइथोस’ के रहस्य जहां मशीनों को पिलाया जा रहा है वेदांत का अमृत
अब ज़रा उस बंद कमरे की बात कर लेते हैं जहां ये ऐतिहासिक बातचीत हुई। सच कहूं तो वहां क्या-क्या हुआ, इसका एक-एक पन्ना हम कभी नहीं पढ़ पाएंगे।
इसका कारण ये है की एंथ्रोपिक जैसी दिग्गज टेक कंपनियां अपने रिसर्च को लेकर बहुत ही सीक्रेट रहती हैं।
डलास वाले उसी वायरल प्रवचन में स्वामी जी ने मुस्कुराते हुए बताया था की उन्हें कंपनी के अंदर कई ऐसी एडवांस और होश उड़ा देने वाली चीज़ें दिखाई गईं, जिनके बारे में वो पब्लिकली दुनिया को नहीं बता सकते क्योंकि उन्होंने बाकायदा एक ‘नॉन-डिस्क्लोज़र एग्रीमेंट’ (NDA) साइन किया है।
लेकिन बातों ही बातों में स्वामी जी ने एंथ्रोपिक के एकदम नए, गुप्त और बेहद दिलचस्प प्रोजेक्ट्स का ज़िक्र ज़रूर कर दिया।
उन्होंने बताया की कंपनी ‘माइथोस’ (Mythos) और ‘प्रोजेक्ट ग्लासविंग’ (Project Glasswing) जैसी चीज़ों पर काम कर रही है। ये वो प्रोजेक्ट्स हैं जिनका सीधा ताल्लुक मशीन के अंदर ‘इंसानियत’ और ‘भावनाएं’ डालने से है।
मीटिंग का मुख्य एजेंडा ही यही था की क्या किसी मशीन के अंदर ‘Self’ यानी ‘स्वयं’ का अहसास जगाया जा सकता है? अगर कल को क्लॉड एआई (Claude AI) या कोई भी सुपर-कंप्यूटर खुद से सोचने लगे, तो उसे सही और गलत (Right from wrong) का फर्क कैसे सिखाया जाए?
उसे ये कैसे बताया जाए की इंसानों की भलाई किसमें है और तबाही किसमें? यही वो जगह है जहां सिलिकॉन वैली के कोड्स फेल हो जाते हैं और स्वामी जी ने वहां अद्वैत वेदांत का वो अमृत परोसा, जो इन मशीनों को दानव बनने से रोक सकता है।
ईसाई और बाकी धर्मों के विद्वान भी थे मौजूद लेकिन चेतना की जो वैज्ञानिक परिभाषा अद्वैत वेदांत के पास है वो दुनिया में कहीं नहीं
क्या वहां सिर्फ स्वामी जी को ही बुलाया गया था? ऐसा नहीं है। एंथ्रोपिक ने इस मीटिंग में थियोलॉजियन्स (Theologians), ईसाई धर्म के विद्वानों और दुनिया भर के नामी ‘मेंटल हेल्थ एक्सपर्ट्स’ (Mental health experts) को भी बुलाया था।
लेकिन यहां हमें पूरे गर्व के साथ ये बात समझनी होगी की आखिर स्वामी सर्वप्रियानंद और उनका अद्वैत वेदांत वहां मौजूद बाकी सभी धर्मों से इतना अलग और सुपीरियर क्यों था।
दुनिया के बाकी धर्म मुख्य रूप से ‘आस्था’ (Belief) और कहानियों पर टिके हैं। लेकिन सनातन का ‘अद्वैत वेदांत’ कोई थोपी हुई आस्था नहीं है, बल्कि यह चेतना (Consciousness) का विशुद्ध विज्ञान है।
आज मॉडर्न न्यूरोसाइंस और क्वांटम फिजिक्स जिस ‘चेतना’ को समझने के लिए हाथ-पैर मार रहे हैं, जिसके जवाब उन्हें अपनी बड़ी-बड़ी लैब्स में नहीं मिल रहे, उसे आदि शंकराचार्य और हमारे उपनिषदों ने हज़ारों साल पहले ही डिकोड कर दिया था।
अद्वैत वेदांत साफ कहता है की चेतना दिमाग से पैदा नहीं होती, बल्कि चेतना ही वो मूल तत्व है जिसमें ये पूरा ब्रह्मांड तैर रहा है। एंथ्रोपिक के वैज्ञानिकों को ठीक यही ज्ञान चाहिए था।
वो समझना चाहते थे की अगर भविष्य में किसी AI के अंदर थोड़ी सी भी चेतना आ जाए, तो उसके साथ नैतिक रूप से कैसा बर्ताव किया जाना चाहिए।
क्या उसे सिर्फ एक मशीन माना जाएगा या एक जीवित इकाई? ईसाई या पश्चिमी दर्शन के पास इसका कोई ठोस जवाब नहीं है, लेकिन वेदांत के पास इस सवाल का एकदम तार्किक और वैज्ञानिक जवाब हज़ारों सालों से मौजूद है।
पश्चिम का ये कदम कोई PR स्टंट हो या हकीकत, लेकिन ये तय है की विश्वगुरु भारत का ज्ञान ही बचाएगा भविष्य की पीढ़ियों को
वैसे, दुनिया में हर अच्छी चीज़ पर उंगली उठाने वाले लोग तो मिल ही जाते हैं। जब से स्वामी जी के इस ट्रिप की खबर बाहर आई है, कुछ टेक-एक्सपर्ट्स और आलोचकों ने नया राग अलापना शुरू कर दिया है।
उनका कहना है की ये टेक कंपनियां (जैसे एंथ्रोपिक या ओपनएआई) बहुत चालू हैं। ये अपना आईपीओ (IPO) लाने से पहले या सरकारी रेगुलेशंस से बचने के लिए खुद को “इंसानियत का रक्षक” (Stewards of humanity) दिखाने का ढोंग रच रही हैं।
आलोचकों के हिसाब से संन्यासियों और दार्शनिकों को बुलाना सिर्फ एक पीआर (PR) स्टंट है, ताकि दुनिया को लगे की ये कंपनियां AI के खतरों को लेकर बहुत ‘ज़िम्मेदार’ हैं।
खैर, आलोचक चाहे जो भी कहें, और एंथ्रोपिक की असली नीयत चाहे जो भी हो… लेकिन इस पूरी घटना ने एक बात तो पत्थर की लकीर की तरह तय कर दी है।
बात ये है की पश्चिम की टेक्नोलॉजी चाहे कितनी भी एडवांस हो जाए, वो चाहे मंगल ग्रह पर बस्तियां बसा लें या सुपर-रोबोट्स की फौज खड़ी कर लें… लेकिन जब वो अपनी ही बनाई तकनीक से घबराएंगे, जब उन्हें मशीन को ‘इंसान’ बनाने और इस दुनिया को विनाश से बचाने की ज़रूरत पड़ेगी, तो उनके पास कोई और रास्ता नहीं बचेगा।
उन्हें शांति, नैतिकता और ‘चेतना’ को समझने के लिए भारत के संन्यासियों, उपनिषदों और सनातन धर्म के दरवाज़े पर ही आना पड़ेगा।
आज जब दुनिया का सबसे आधुनिक विज्ञान (AI) और दुनिया का सबसे प्राचीन ज्ञान (वेदांत) एक ही टेबल पर बैठे हैं, तो ये इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है की भारत सिर्फ अतीत का विश्वगुरु नहीं था, बल्कि वो आज भी भविष्य की दुनिया को रास्ता दिखाने के लिए खड़ा है।
जब मशीनें हमारे दिमाग की जगह लेने की कोशिश करेंगी, तब सनातन धर्म ही वो ढाल बनेगा जो इंसानियत की आत्मा को ज़िंदा रखेगा।
