आज के ज़माने में जब हम राजनीति को देखते हैं, तो दिमाग में बस वीआईपी कल्चर में डूबे नेताओं की तस्वीर उभरती है। आज नेता चुनाव जीतते हैं, हारते हैं और जनता उन्हें भूल जाती है।
लेकिन तमिलनाडु की धरती पर एक ऐसा इंसान गुज़रा था, जिसे वहां की जनता ने सिर्फ अपना नेता नहीं माना, बल्कि उसे सचमुच अपना ‘भगवान’ मानकर पूजा है।
आप इस बात से उनके जादुई आकर्षण का अंदाज़ा लगाइए की उनके जाने के गम में 30 से ज्यादा लोगों ने आत्महत्या कर ली। लोग अपनी जान दे रहे थे क्योंकि उन्हें लगा की उनके ‘मसीहा’ के बिना अब इस दुनिया में उनका कोई रखवाला नहीं बचा।
क्या था उस इंसान में ऐसा जादू? कैसे एक ऐसा गरीब लाचार बच्चा, जिसे बचपन में दो वक्त की रोटी तक नसीब नहीं थी, वो आगे चलकर 130 फिल्मों का ऐसा सुपरस्टार बना की उसके एक इशारे पर पूरा राज्य हिल जाता था?
और फिर कैसे उसने सिनेमाई पर्दे से निकलकर राजनीति का वो अजेय किला खड़ा किया की वो भारत के इतिहास का पहला ऐसा ‘फिल्म स्टार’ बन गया, जिसने किसी राज्य के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली हो?
ये दास्तान है तमिलनाडु के असली लीजेंड- ‘पुराची थलाइवर’ (क्रांतिकारी नेता) एम.जी. रामचंद्रन यानी M.G.R की।

श्रीलंका के चाय बागानों से लेकर ड्रामा कंपनी तक का वो संघर्ष जिसने एक भूखे बच्चे को फौलाद बनाया
एमजीआर का वो सुनहरा और चमचमाता हुआ स्टारडम तो पूरी दुनिया ने देखा, लेकिन उसके पीछे जो आंसुओं, भूख और संघर्ष की जो कहानी है, वो कलेजा चीर देने वाली है।
17 जनवरी 1917 को श्रीलंका के कैंडी शहर में एक मलयाली परिवार में उनका जन्म हुआ था। उनके पिता मेलक्कथ गोपालन मेनन वहां एक मैजिस्ट्रेट के तौर पर काम करते थे और मां मारुथुर सत्यभामा एक साधारण महिला थीं।
एमजीआर जब मुश्किल से ढाई साल के थे, तभी उनके पिता का अचानक निधन हो गया। सिर से पिता का साया क्या उठा, इस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
विधवा मां अपनी गोद में दो छोटे बच्चों (एमजीआर और उनके बड़े भाई एमजी चक्रपाणि) को लेकर दर-दर भटकने लगी। किसी तरह जान बचाकर वो परिवार केरल आया और फिर वहां से तमिलनाडु के कुंभकोणम में आकर बस गया।
यहाँ से शुरू हुआ उस बच्चे का वो संघर्ष जिसने उसे अंदर से लोहे सा मज़बूत कर दिया। घर में भयंकर गरीबी थी। दो वक्त की रोटी तो दूर की बात, कई-कई दिन ऐसे गुज़र जाते थे जब घर में चूल्हा तक नहीं जलता था।
मां दूसरों के घरों में छोटे-मोटे काम करती थी, लेकिन उससे पेट कहाँ भरता था! जब पेट की आग बर्दाश्त से बाहर हो गई, तो एमजीआर को तीसरी क्लास में ही अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी।
उस भूखे बच्चे को क्या पता था की स्कूल क्या होता है, उसे तो बस खाना चाहिए था।
मजबूर होकर उनकी मां ने अपने दोनों कलेजे के टुकड़ों (एमजीआर और चक्रपाणि) को ‘मदुरै ओरिजिनल बॉयज कंपनी’ (Madurai Original Boys Company) नाम की एक लोकल ड्रामा कंपनी में गिरवी रख दिया।
उस दौर में गरीब लोग अपने बच्चों को ड्रामा कंपनियों में इसलिए छोड़ देते थे ताकि कम से कम उन्हें दो वक्त का बचा-खुचा खाना तो मिल सके।
वो छोटा सा एमजीआर दिन भर ड्रामा कंपनी में छोटे-मोटे काम करता, मंच पर पर्दे खींचता, लोगों के कपड़े उठाता और रात को भूखे पेट, ज़मीन पर किसी फटे हुए कपड़े पर सो जाता।
लेकिन इसी गरीबी ने उनके अंदर एक आग पैदा कर दी थी। इसी भूख ने उन्हें टूटने नहीं दिया, बल्कि एक फौलाद बना दिया, जो आगे चलकर पूरे तमिलनाडु के भूखे और अनाथ बच्चों का सबसे बड़ा सहारा बनने वाला था।

पर्दे पर गरीबों का रक्षक और 130 फिल्मों का वो जादुई सफर जिसने एमजीआर को बना दिया जनता का भगवान
खैर, ड्रामा कंपनी की उसी धूल-मिट्टी से शुरू हुआ वो जादुई सफर, जिसने एमजीआर को मद्रास सिनेमा का बेताज बादशाह बना दिया।
सालों तक नाटकों में काम करने के बाद, 1936 में उन्हें ‘सती लीलावती’ नाम की फिल्म में एक छोटा सा इंस्पेक्टर का रोल मिला।
लेकिन असली ब्रेकथ्रू या कहिए की उनकी किस्मत का ताला खुला 1947 में आई फिल्म ‘राजकुमारी’ से। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए और एमजीआर रातों-रात एक बड़े स्टार बन गए।
लेकिन एमजीआर सिर्फ एक एक्टर नहीं थे, वो एक चलता-फिरता ‘इमोशन’ थे। उन्होंने अपनी पूरी ज़िंदगी में 130 से ज्यादा फिल्मों (जैसे- रिक्शाकरन, नादोडी मन्नान, उलगम सुतरुम वालिबन) में काम किया, लेकिन उनका एक पक्का उसूल था।
उन्होंने अपने रोल्स को इतनी चालाकी और समझदारी से चुना की जनता उन्हें असल ज़िंदगी का ‘रॉबिन हुड’ मानने लगी।
पर्दे पर उन्होंने कभी शराब नहीं पी, कभी सिगरेट को हाथ नहीं लगाया और कभी किसी औरत का अपमान नहीं किया।
वो हमेशा पर्दे पर गरीबों, मज़दूरों, रिक्शा चलाने वालों और शोषितों के हक़ में लड़ने वाले हीरो बनते थे, जो आख़िर में ज़मींदारों और भ्रष्ट नेताओं की सरेआम हड्डियां तोड़ता था।
ये ‘डू-गुडर’ (Do-gooder) वाली छवि उनके चाहने वालों के दिलों में इतनी गहराई तक उतर गई की लोग सिनेमाघरों में उनकी एंट्री पर आरती उतारने लगे, दूध से उनके पोस्टर नहलाए जाने लगे।

जब MGR को उनके साथी ने मारी गोली और फिर वो जनता के लिए बन गए भगवान
एमजीआर शुरुआत में तो खादी पहनते थे और कांग्रेस के बहुत बड़े समर्थक थे, लेकिन बाद में वो सी.एन. अन्नादुरई (Anna) के विचारों और उनके भाषणों से इतने प्रभावित हुए की 1953 में उन्होंने डीएमके (DMK) पार्टी ज्वाइन कर ली।
फिर आया साल 1967… एक ऐसा सनसनीखेज वाकया जिसने एमजीआर को इंसान से सीधा भगवान के दर्जे पर बैठा दिया।
12 जनवरी 1967 को उन्हीं के एक साथी एक्टर और डीएमके नेता एम.आर. राधा ने किसी आपसी विवाद के चलते एमजीआर के घर में घुसकर उन्हें बिल्कुल करीब से गले में गोली मार दी!
गोली सीधा उनके कान के नीचे जाकर फंस गई। पूरा तमिलनाडु सड़कों पर उतर आया, दंगे भड़क गए, लोग रो-रोकर आसमान सिर पर उठा रहे थे।
हैरानी की बात तो ये है की मौत को चकमा देकर एमजीआर बच तो गए, लेकिन उनकी आवाज़ हमेशा के लिए बदल गई। उसी समय राज्य में विधानसभा चुनाव हो रहे थे।
एमजीआर अस्पताल के बिस्तर पर पट्टियों में लिपटे हुए थे, गले में नली डली हुई थी।
उनकी पार्टी ने अस्पताल के उसी बिस्तर से उनकी एक तस्वीर खींची और पूरे राज्य में पोस्टर छपवा कर बंटवा दिए। बस वो एक पोस्टर काफी था!
जनता ने रो-रोकर अपने मसीहा को इतने वोट दिए की एमजीआर बिना घर से बाहर निकले ही बंपर मार्जिन से चुनाव जीत गए। इसी घटना के बाद तमिलनाडु की जनता ने उन्हें अपना ‘पुराची थलाइवर’ यानी ‘क्रांतिकारी नेता’ मान लिया।
एमजीआर की इसी स्टार पावर और जनता के बीच उनके भगवान वाले रुतबे के दम पर ही 1967 में डीएमके पहली बार तमिलनाडु की सत्ता में आई थी।
अपने ही दोस्त करुणानिधि से आर-पार की बगावत और अपनी खुद की पार्टी का वो ऐलान जिसने हिला दी थी मद्रास की सत्ता
सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन 1969 में जब DMK प्रमुख अन्नादुरई का निधन हुआ, तो पार्टी की कमान और मुख्यमंत्री की कुर्सी करुणानिधि के हाथों में आ गई।
MGR और एम. करुणानिधि किसी ज़माने में जिगरी दोस्त हुआ करते थे। करुणानिधि एक गज़ब के स्क्रिप्ट राइटर थे और एमजीआर सिनेमा के पर्दे के भगवान।
एमजीआर को पार्टी का कोषाध्यक्ष (Treasurer) बनाया गया था। लेकिन जैसे-जैसे करुणानिधि का कद बढ़ा, उन्हें एमजीआर की गगनचुंबी लोकप्रियता से डर लगने लगा।
करुणानिधि पार्टी में अपने बेटे एम.के. मुथु को लॉन्च करके एमजीआर का विकल्प खड़ा करना चाहते थे, जो एमजीआर को बिल्कुल मंजूर नहीं था।
बगावत की असली चिंगारी तब भड़की जब साल 1972 में एक दिन एमजीआर ने भरी मीटिंग में पार्टी के खजाने और फंड्स का पाई-पाई का हिसाब मांग लिया।
उन्होंने सीधे करुणानिधि की आँखों में आँखें डालकर पूछा की “पार्टी का पैसा कहाँ खर्च हो रहा है?” यह सवाल सत्ता के नशे में चूर करुणानिधि को ऐसा चुभा की उन्होंने घमंड में आकर 10 अक्टूबर 1972 को पार्टी के सबसे बड़े सुपरस्टार एमजीआर को ही डीएमके से बाहर का रास्ता दिखा दिया!
करुणानिधि को लगा था की बिना पार्टी के एमजीआर की क्या हैसियत रह जाएगी। लेकिन वो भूल गए थे की वो किसी आम नेता से नहीं, बल्कि तमिलनाडु की सड़कों के ‘रॉबिन हुड’ से पंगा ले बैठे हैं।
एमजीआर के निकाले जाने की खबर जैसे ही बाहर आई, पूरा मद्रास जल उठा। लोगों ने सड़कों पर डीएमके के झंडे और पोस्टर फाड़ दिए।
इसके कुछ ही दिनों बाद, अक्टूबर 1972 में एमजीआर ने अपनी नई पार्टी ‘एआईएडीएमके’ (AIADMK – ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम) बनाने का वो ऐतिहासिक ऐलान कर दिया, जिसने तमिलनाडु की राजनीति का भूगोल हमेशा के लिए बदलकर रख दिया।

जब सिनेमा का एक सुपरस्टार बना भारत के इतिहास का पहला मुख्यमंत्री और लगातार 10 सालों तक किया दिलों पर राज
1977 का विधानसभा चुनाव आया। एमजीआर ने अपनी पार्टी को मैदान में उतारा और जब नतीजे आए, तो करुणानिधि और उनकी पूरी पार्टी का ऐसा सूपड़ा साफ हुआ की उन्हें समझ ही नहीं आया की आंधी किधर से आई!
एमजीआर ने प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता पर कब्ज़ा कर लिया। वो भारत के इतिहास में किसी भी राज्य के मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुँचने वाले पहले फिल्म स्टार बन गए।
यहाँ से शुरू हुआ एमजीआर का वो अजेय राज, जिसे मौत के अलावा और कोई नहीं हरा सका।
सत्ता में आते ही उनका जलवा ऐसा था की दिल्ली में बैठी केंद्र सरकारें भी उनसे घबराने लगी थीं।
1980 में जब इंदिरा गांधी दोबारा भारी बहुमत से प्रधानमंत्री बनीं, तो उन्होंने बदले की भावना में आकर एमजीआर की चुनी हुई सरकार को बर्खास्त कर दिया और राज्य में राष्ट्रपति शासन लगा दिया।
इंदिरा गांधी और करुणानिधि को लगा की अब तो एमजीआर का खेल खत्म हो जाएगा। लेकिन जब कुछ महीने बाद दोबारा चुनाव हुए, तो एमजीआर ने जनता के बीच जाकर सिर्फ एक सवाल पूछा- “मैंने ऐसा क्या गलत किया था जो मेरी सरकार गिरा दी गई?”
बस! जनता अपने भगवान के अपमान का बदला लेने के लिए इस कदर वोटिंग बूथ पर टूटी की एमजीआर पहले से भी ज्यादा भयंकर बहुमत लेकर वापस सत्ता में लौट आए।
दिल्ली वालों को समझ आ गया की तमिलनाडु में इस आदमी को हराना इंसानों के बस की बात नहीं है।
लेकिन एमजीआर की इस राजनीतिक कहानी का सबसे बड़ा ‘क्लाइमेक्स’ आया साल 1984 में, जो दुनिया के किसी भी लोकतंत्र में शायद ही कभी देखने को मिला हो।
अक्टूबर 1984 में एमजीआर की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा बिगड़ गई। उनकी किडनियाँ फेल हो गईं और उन्हें स्ट्रोक भी आ गया।
चेन्नई के अपोलो अस्पताल से उन्हें सीधा अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित ‘ब्रुकलिन अस्पताल’ (Downstate Medical Center, Brooklyn) ले जाया गया, जहाँ उनका किडनी ट्रांसप्लांट होना था।
इधर एमजीआर अस्पताल में कोमा और मौत के बीच झूल रहे थे, और उधर तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव (दिसंबर 1984) का ऐलान हो गया।
विपक्ष ने शोर मचाना शुरू कर दिया की एमजीआर तो अब कभी वापस ही नहीं लौटेंगे। लेकिन एआईएडीएमके के नेताओं ने ब्रुकलिन अस्पताल से एमजीआर का एक वीडियो मंगाया जिसमें वो बेड पर लेटे हुए थे और अपना हाथ हिला रहे थे।
इस एक वीडियो ने पूरे राज्य में सहानुभूति की ऐसी बाढ़ ला दी की बिना एक भी दिन चुनाव प्रचार किए, बिना एक भी रैली किए, एमजीआर अमेरिका के अस्पताल के बिस्तर पर पड़े-पड़े अपना ‘अंडीपट्टी’ (Andipatti) विधानसभा चुनाव 30,000 से ज़्यादा वोटों से जीत गए!
फरवरी 1985 में जब वो इलाज कराकर वापस मद्रास लौटे, तो उनके स्वागत में पूरा राज्य सड़कों पर ऐसे खड़ा था जैसे राम 14 साल का वनवास काटकर अयोध्या लौटे हों।
1977 से लेकर 1987 में अपनी आखिरी सांस तक, वो लगातार 10 सालों तक बिना एक भी चुनाव हारे, तमिलनाडु के अजेय और बेताज मुख्यमंत्री रहे।
एमजीआर का वो ‘मिड-डे मील’ मास्टरस्ट्रोक जिसने करोड़ों भूखे बच्चों को दी नयी जिंदगी
एमजीआर ने जब मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली, तो उन्होंने वो दर्द महसूस किया जो उन्होंने बचपन में खुद झेला था- ‘भूख का दर्द’।
उन्हें पता था की जब पेट में आग लगी होती है, तो दिमाग में ना तो कोई अक्षर घुसता है और ना ही कोई भविष्य नज़र आता है।
साल 1982 की बात है। एमजीआर ने राज्य में एक मास्टरस्ट्रोक खेला।
पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज के ज़माने में स्कूलों में खाना देने की एक छोटी सी योजना चलती थी। एमजीआर ने उस योजना को एक विशाल रूप दे दिया और ऐलान कर दिया- ‘चीफ मिनिस्टर्स न्यूट्रीशियस मील स्कीम’ (Mid-Day Meal)।
उन्होंने तय किया की राज्य के हर गरीब बच्चे को स्कूल में मुफ्त और पौष्टिक खाना दिया जाएगा, ताकि कोई भी मां अपने बच्चे को भूख के कारण स्कूल जाने से न रोके।
लेकिन ये इतना आसान नहीं था। इस योजना के ऐलान के तीन साल बाद ही, दिल्ली में बैठे योजना आयोग (Planning Commission) के अर्थशास्त्रियों ने फाइलें पढ़ीं और कहा की “ये योजना तो राज्य का खजाना खाली कर देगी! ये पैसे की भयंकर बर्बादी है।”
दिल्ली ने इस योजना के लिए फंड देने से साफ मना कर दिया।
लेकिन वो भी एमजीआर थे! वो अड़ गए। वो खुद दिल्ली जाकर डॉ. मनमोहन सिंह (जो उस उस समय योजना आयोग के उपाध्यक्ष थे) से मिले।
बैठक में जब डॉ. सिंह ने एमजीआर और उनके अधिकारियों से पूछा की इस योजना के लिए पैसा कहाँ से जुटाया जाएगा, तो एमजीआर बिना कुछ बोले अपनी कुर्सी से उठे और बैठक से बाहर चले गए।
एमजीआर के इस तरह बाहर जाने के कुछ ही मिनटों बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने इस मामले में हस्तक्षेप किया, जिसके बाद फाइल को तुरंत मंजूरी मिल गई और विवाद सुलझ गया।
भाई, इस एक फैसले ने तमिलनाडु का इतिहास बदल दिया। हर दिन 68 लाख से ज्यादा गरीब बच्चों को स्कूलों में गरमा-गरम पौष्टिक भोजन मिलने लगा।
जो बच्चे कचरा बीनते थे या ढाबों पर बर्तन धोते थे, वो भी खाना खाने के लालच में स्कूल आने लगे। स्कूलों में बच्चों की हाज़िरी में ऐसा बंपर उछाल आया की पूरे देश के शिक्षा विभाग हैरान रह गए।
कुपोषण का ग्राफ ज़मीन पर आ गिरा। आज जो मिड-डे मील योजना पूरे भारत के स्कूलों में चल रही है ना, वो उसी लड़के की ज़िद का नतीजा है।

शराबबंदी से लेकर इंजीनियरिंग कॉलेजों तक वो अमर फैसले जिन्होंने एमजीआर को दिलाया सर्वोच्च ‘भारत रत्न’
उस दौर में सरकारी कॉलेजों में इंजीनियरिंग और मेडिकल की सीटें बहुत कम होती थीं, गरीब और मिडिल क्लास का बच्चा इंजीनियर बनने का सिर्फ सपना ही देख सकता था।
एमजीआर ने राज्य में ‘सेल्फ-फाइनेंसिंग’ (प्राइवेट) इंजीनियरिंग और मेडिकल कॉलेजों का पूरा जाल बिछा दिया। उन्होंने नियमों को आसान किया ताकि ज्यादा से ज्यादा कॉलेज खुलें।
उन्होंने ‘तमिल यूनिवर्सिटी’ और बाद में ‘डॉ. एम.जी.आर. मेडिकल यूनिवर्सिटी’ की स्थापना की। शिक्षा के मामले में उन्होंने राज्य को 50 साल आगे धकेल दिया था।
और महिलाओं के लिए तो वो किसी फरिश्ते से कम नहीं थे। एमजीआर ने देखा की कैसे गरीब मज़दूर दिन भर कमाते हैं और शाम को शराब पीकर अपनी पत्नियों को पीटते हैं, घर का सारा पैसा बर्बाद कर देते हैं।
उन्होंने बिना किसी वोट बैंक की परवाह किए राज्य में ‘शराबबंदी’ (Liquor Ban) लागू कर दी। गरीब और बेसहारा विधवा महिलाओं के लिए पेंशन योजनाएं शुरू कीं।
झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों को पक्के कंक्रीट के मकान बनाकर दिए। और तो और, तपती धूप में नंगे पैर चलने वाले मज़दूरों और स्कूली बच्चों के लिए ‘फ्री फुटवियर’ (चप्पल) बांटने की योजना चलाई।
महिलाओं ने उन्हें अपने घर का सबसे बड़ा रक्षक मान लिया था।
लेकिन हर इंसान की तरह इस ‘सिनेमाई भगवान’ को भी एक दिन इस दुनिया से जाना था। 24 दिसंबर 1987 की वो सुबह आई, जब 70 साल की उम्र में एमजीआर ने हमेशा के लिए अपनी आँखें मूंद लीं।
जब उनके आख़िरी दर्शन के लिए उनकी देह को चेन्नई के राजाजी हॉल में रखा गया, तो ऐसा लग रहा था जैसे पूरा समंदर ही सड़कों पर उतर आया हो।
लोग रो रहे थे। महिलाएं विलाप कर रही थी। उस दिन लगा की सच में तमिलनाडु का सूरज डूब गया है।
उनके जाने के बाद, 1988 में भारत सरकार को भी उनके ज़मीनी और ऐतिहासिक कामों का लोहा मानना पड़ा। देश ने मरणोपरांत उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ (Bharat Ratna) से नवाज़ा।
उनके जाने के बाद उनकी इस विशाल राजनीतिक विरासत को उनकी सबसे करीबी और राजनीतिक शिष्या जे. जयललिता (जिन्हें जनता ने ‘अम्मा’ कहा) ने आगे बढ़ाया।
