जब 15 अगस्त 1947 को देश आज़ाद हुआ, उस दिन तिरंगा फहराया गया, मिठाइयां बंटीं और हर हिंदुस्तानी ने खुली हवा में सांस ली।
लेकिन आज़ादी के खुमार से जब आँख खुली, तो देश के सामने एक बहुत बड़ा सवाल खड़ा था। सवाल ये की अब इस इतने बड़े देश को चलाया कैसे जाएगा? नियम-कानून कहाँ से आएंगे?
अंग्रेज़ तो अपना बोरिया-बिस्तर समेट कर चले गए थे, लेकिन जाते-जाते जो व्यवस्था छोड़ गए थे, वो उनके ‘गवर्नमेंट ऑफ इंडिया एक्ट 1935’ वाली थी। मतलब देश हमारा, आज़ादी हमारी, लेकिन सिस्टम अभी भी अंग्रेजों वाला ही चल रहा था।
इसी टेंशन और उलझन को खत्म करने के लिए जिस महाग्रंथ की नींव रखी गई, उसी का नाम है भारत का संविधान!
आज 26 नवंबर का वो खास दिन है जब लगभग 3 साल की जी-तोड़ मेहनत के बाद, आज़ाद भारत ने अपने खुद के नियम-कानूनों को अपनाया था।

15 अगस्त को मिली थी आज़ादी लेकिन 26 नवंबर के दिन हिंदुस्तान को मिली उसकी असली आत्मा
देश नया-नया आज़ाद हुआ था, बंटवारे का खून-खराबा अभी ताज़ा था, और 500 से ज़्यादा देसी रियासतों (राजा-रजवाड़ों) को एक झंडे के नीचे लाना था।
हर राज्य की अपनी भाषा, अपना पहनावा और अपने अलग रस्मो-रिवाज़! ऐसे में एक ऐसा कानून बनाना जो मद्रास में बैठे एक किसान से लेकर कश्मीर की वादियों में रहने वाले आदमी तक…
सबको मज़बूर नहीं बल्कि मज़बूत करे, ये कोई बच्चों का खेल नहीं था।
संविधान सभा (Constituent Assembly) बनाई गई। मकसद सिर्फ एक था- एक ऐसा ढांचा खड़ा करना जो इस देश को हज़ारों साल तक टूटने न दे।
और फिर 26 नवंबर 1949 का वो ऐतिहासिक दिन आया, जब इस सभा ने दुनिया को बता दिया की अब हम किसी विदेशी ताकत के मोहताज नहीं हैं। हमने अपना संविधान खुद गढ़ा है और आज हम इसे पूरे देश को सौंप रहे हैं।
भले ही इसे 26 जनवरी 1950 (गणतंत्र दिवस) को पूरी तरह से लागू किया गया, लेकिन देश को उसकी असली ‘सॉवरेन’ (Sovereign) और स्वतंत्र आत्मा आज ही के दिन मिली थी।

2 साल 11 महीने 18 दिन की वो तपस्या जिसने पूरे देश को एक धागे में पिरोया
लोग अक्सर सोचते हैं की कुछ पढ़े-लिखे लोग एक कमरे में बैठे होंगे, कुछ कागज़-वागज़ टाइप किए होंगे और बन गया संविधान!
भाई ऐसा बिल्कुल नहीं है। ये कोई मामूली सरकारी फाइल का काम नहीं था, बल्कि एक महायज्ञ था! पूरे 2 साल, 11 महीने और 18 दिन लगे इस काम को पूरा होने में।
संविधान सभा की कोई एक-दो नहीं, बल्कि पूरी 11 बैठकें हुईं, जो कुल 165 दिनों तक चलीं। इस दौरान अलग-अलग नेताओं और कानून के जानकारों ने पूरे 7,635 संशोधन (Amendments) पेश कर डाले!
मतलब हर छोटी से छोटी लाइन पर बारीकी से बात हुई। इनमें से 2,473 संशोधनों पर तो बाकायदा संसद में आमने-सामने की ज़बरदस्त बहस हुई। कोई भी फैसला बस ऐसे ही हवा में नहीं ले लिया गया।
और इस पूरे महायज्ञ के सबसे बड़े पुरोहित थे डॉ. भीमराव अंबेडकर। ड्राफ्टिंग कमेटी (Drafting Committee) के अध्यक्ष के तौर पर उन्होंने जो तपस्या की है, वो कोई छोटी-मोती बात नहीं है।
डॉ. अंबेडकर ने दिन-रात एक करके उन सारे तीखे सवालों, विवादों और बहसों को सुना और एक ऐसा रास्ता निकाला जिसने हर धर्म, हर जाति और हर वर्ग को एक धागे में पिरो दिया।
उनका विज़न इतना क्लीयर था की उन्हें पता था कि आने वाले 100-200 सालों में देश के सामने क्या चुनौतियां आ सकती हैं, और उन्होंने उन सबका इलाज इस एक किताब में लिख डाला।
बिना एक भी पैसा लिए 60 देशों का संविधान खंगालने वाले बी. एन. राव का वो अनसुना बलिदान

संविधान की बात होती है तो हम कुछ बड़े नेताओं का नाम लेकर रुक जाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी सर बी. एन. राव (Benegal Narsing Rau) का नाम सुना है? बहुत कम लोगों ने सुना होगा।
आज संविधान दिवस के मौके पर अगर इस गुमनाम हीरो की बात ना की जाए, तो बहुत बड़ी नाइंसाफी होगी। बी. एन. राव हमारी संविधान सभा के ‘संवैधानिक सलाहकार’ (Constitutional Advisor) थे।
इस आदमी की देशभक्ति का लेवल क्या था, इसका अंदाज़ा आप इसी बात से लगा सकते हैं की भारत के लिए एक परफेक्ट कानून बनाने के लिए ये इंसान अकेले अमेरिका, कनाडा, आयरलैंड और ब्रिटेन जैसे दुनिया के 60 देशों की यात्रा पर निकल गया!
वहां जाकर उनके सारे कानून की जानकारी ली। समझ लिया की अंग्रेजों ने क्या गलतियां की हैं और अमेरिका ने क्या अच्छा किया है।
और सबसे बड़ी बात जानते हैं? 60 देशों का संविधान खंगालने और भारत के संविधान का पहला ‘रफ ड्राफ्ट’ तैयार करने के बदले में बी. एन. राव ने सरकार से एक भी रुपया सैलरी या फीस नहीं ली!
जी हाँ, बिल्कुल फ्री ऑफ़ कॉस्ट। उन्होंने कहा की ये मेरे देश का काम है, इसके लिए मैं पैसे कैसे ले सकता हूँ? ऐसे थे हमारे देश को गढ़ने वाले लोग!

ना मशीन ना टाइपराइटर बल्कि हाथों से लिखा गया था दुनिया का सबसे भारी संविधान
अब आते हैं उस बात पर जो हमारे संविधान को पूरी दुनिया में सबसे अलग बनाती है। 395 आर्टिकल्स, 8 अनुसूचियां और 22 भागों वाला यह ग्रंथ, कोई प्रिंटिंग प्रेस से निकली हुई आम किताब नहीं है भाई।
यह दुनिया का सबसे बड़ा और सबसे भारी हस्तलिखित (हाथ से लिखा हुआ) संविधान है। इसमें एक भी पन्ना टाइपराइटर या मशीन से नहीं छपा था।
इसे अपने हाथों से लिखने का ज़िम्मा उठाया था दिल्ली के एक शानदार कैलिग्राफर (सुलेखक) ‘प्रेम बिहारी नारायण रायजादा’ ने।
रायजादा साहब ने बिना कोई गलती किए, एकदम खूबसूरत इटैलिक स्टाइल में इसे अपने हाथों से लिखा।
इस महाग्रंथ को लिखने में उन्हें पूरे 6 महीने का समय लगा। इंग्लैंड से खास तौर पर ‘नंबर 303’ की पेन निब मंगवाई गई थीं, और लिखते-लिखते ऐसी पूरी 432 निब घिस गईं!
जब पंडित जवाहरलाल नेहरू उनके पास गए और पूछा की “रायजादा जी, इस काम के लिए आप कितनी फीस लेंगे?” तो जानते हैं उन्होंने क्या जवाब दिया?
रायजादा साहब ने मुस्करा कर कहा, “मुझे एक भी पैसा नहीं चाहिए। बस मेरी एक छोटी सी शर्त है। मैं संविधान के हर पन्ने के कोने पर अपना नाम लिखूंगा और सबसे आखिरी पन्ने पर अपने दादा जी (मास्टर राम प्रसाद जी) का नाम लिखूंगा।”
नेहरू जी ने तुरंत हामी भर दी। आज भी अगर आप ओरिजिनल कॉपी देखेंगे, तो हर पन्ने पर प्रेम बिहारी नारायण रायजादा का नाम अमर है।
भगवान राम से लेकर छत्रपति शिवाजी तक संविधान के पन्नों पर उकेरी गई भारत की असली सनातनी और ऐतिहासिक पहचान
हमारा संविधान सिर्फ कानूनों का पुलिंदा नहीं है, बल्कि ये भारत की असली, सनातनी और ऐतिहासिक पहचान का एक जीता-जागता म्यूज़ियम है।
जब रायजादा साहब इसे लिख रहे थे, तो शांतिनिकेतन के मशहूर कलाकार ‘नंदलाल बोस’ और उनकी टीम को इसके पन्नों को सजाने का ज़िम्मा दिया गया था।
नंदलाल बोस ने इसके 22 भागों (Parts) की शुरुआत में ऐसी लाजवाब कलाकृतियां बनाई हैं, जो भारत के हज़ारों साल पुराने इतिहास को बिना एक शब्द कहे ही बयान कर देती हैं।
ज़रा सुनिए इसके पन्नों पर क्या-क्या छपा है! भाग तीन (मौलिक अधिकार) वाले पन्ने पर भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण की लंका विजय के बाद अयोध्या वापसी का शानदार चित्र है।
एक पन्ने पर कुरुक्षेत्र के मैदान में अर्जुन को गीता का उपदेश देते भगवान श्रीकृष्ण छपे हैं।
इसके अलावा पन्नों पर भगवान बुद्ध, भगवान महावीर, सम्राट अशोक, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोबिंद सिंह जी और आज़ादी की लड़ाई लड़ने वाले नेताजी सुभाष चंद्र बोस और महात्मा गांधी तक की तस्वीरें बाकायदा हाथों से उकेरी गई हैं।
13 किलो वजनी यह महाग्रंथ आज भी संसद की लाइब्रेरी में हीलियम गैस के डिब्बे में ले रहा है सांस
अब आपके दिमाग में एक सवाल ज़रूर आ रहा होगा की इतनी मेहनत और इतने प्यार से बनाया गया ये महाग्रंथ आखिर आज है कहाँ?
395 आर्टिकल्स, 8 अनुसूचियां और 22 भागों वाली ये असली किताब (जिसका वज़न लगभग 3.75 किलो है, और बॉक्स-कवर के साथ पूरा सेटअप करीब 13 किलो का बैठता है), वो कोई आम अलमारी या तिजोरी में तो रखी नहीं जा सकती।
आज भी इसकी ओरिजिनल कॉपियां (हिन्दी और अंग्रेजी दोनों) नई दिल्ली में संसद भवन की लाइब्रेरी में बिल्कुल महफूज़ रखी हुई हैं।
और इन्हें ऐसे ही किसी आम कांच के बक्से में नहीं रखा गया है भाई! इसके लिए अमेरिका की गेटी इंस्टीट्यूट (Getty Institute) के साथ मिलकर एक बहुत ही खास डिब्बा तैयार करवाया गया था।
इस किताब को एक खास चेंबर में रखा गया है जिसमें ‘हीलियम’ (Helium) और ‘नाइट्रोजन’ गैस भरी हुई है।
ये गैस इसलिए भरी गई है ताकि पन्नों में ज़रा सी भी नमी ना आए, कोई दीमक या कीड़ा इसे छू ना सके और कागज़ कभी पीला ना पड़े या गले नहीं।
गैस का लेवल और डिब्बे का तापमान 24 घंटे मॉनिटर होता है। चाहे सौ साल बीत जाएं या हज़ार साल, भारत की ये असली आत्मा उस गैस वाले डिब्बे के अंदर हमेशा वैसे ही ताज़ा सांस लेती रहेगी, जैसे वो 26 नवंबर 1949 के दिन ले रही थी।
आज़ादी के दशकों बाद 2015 में क्यों लिया गया इस दिन को ‘संविधान दिवस’ के रूप में मनाने का ऐतहासिक फैसला
2015 से पहले, हमारे देश में इस दिन को सिर्फ ‘राष्ट्रीय कानून दिवस’ (National Law Day) के तौर पर मनाया जाता था। पब्लिक को तो पता ही नहीं होता था की आज के दिन क्या हुआ था और इसकी अहमियत क्या है।
लेकिन साल 2015 में जब डॉ. बी.आर. अंबेडकर की 125वीं जयंती आई, तब भारत सरकार (मोदी सरकार) ने ये ऐतिहासिक फैसला लिया।
उन्होंने तय किया की देश को अपनी इस अनमोल धरोहर से जोड़ने का वक़्त आ गया है। और तब इस दिन को आधिकारिक तौर पर ‘संविधान दिवस’ घोषित कर दिया गया।
