सिनेमा के पर्दे पर भगवान कृष्ण का किरदार निभाने वाला वो महानायक जिसने सिर्फ 9 महीने में बनाई राज्य की पहली गैर-कांग्रेसी सरकार, पूर्व आंध्र प्रदेश CM और पद्मश्री विजेता ‘N. T. Rama Rao’

कभी फुर्सत मिले तो अपने दादा-दादी या पुरानी पीढ़ी के किसी इंसान से पूछना की साठ और सत्तर के दशक में सिनेमा का जादू कैसा हुआ करता था।

आज के स्टार्स को देखकर लोग सीटियां बजाते हैं, लेकिन भारत के इतिहास में एक ऐसा सुपरस्टार भी हुआ है, जिसे देखकर लोग सिनेमाघरों के बाहर अपनी चप्पलें उतार देते थे।

जब वो इंसान पर्दे पर आता था, तो थिएटर के अंदर बाकायदा कपूर जलाकर आरती उतारी जाती थी, पर्दे पर फूल उछाले जाते थे और लोग हाथ जोड़कर खड़े हो जाते थे।

ये कोई मनगढ़ंत कहानी नहीं है, ये आंध्र प्रदेश की वो हकीकत है जिसे नन्दामुरी तारक रामाराव (जिन्हें प्यार से पूरी दुनिया NTR कहती थी) ने अपनी मेहनत और बेदाग छवि से कमाया था।

एक ऐसा इंसान जो पर्दे पर भगवान का रूप था, और जब वो हकीकत की सड़कों पर उतरा, तो उसने भारत की राजनीति का ऐसा इतिहास लिख दिया, जिसे आज तक कोई दूसरा नेता दोहरा नहीं पाया।

पर्दे का वो भगवान जिसके लिए सिनेमाघरों के बाहर उतारे जाते थे जूते-चप्पल और होती थी आरती

28 मई 1923 को आंध्र प्रदेश के कृष्णा ज़िले के एक छोटे से गाँव ‘निम्मकुरु’ में एक किसान परिवार के यहाँ लड़का पैदा हुआ।

किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था की ये लड़का एक दिन पूरे राज्य का ‘भगवान’ बन जाएगा। एनटीआर शुरुआत से ही बहुत मेहनती थे।

उन्होंने अपना करियर एक दूध वाले के रूप में शुरू किया, फिर क्लर्क की नौकरी की, लेकिन उनकी किस्मत में तो कुछ और ही लिखा था।

साल 1949 में फिल्म ‘मन देशम’ (Mana Desam) से उन्होंने सिनेमा की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद तो जैसे तेलुगु सिनेमा की पूरी शक्ल ही बदल गई।

उन्होंने अपने पूरे करियर में लगभग 300 से ज़्यादा फिल्मों में काम किया। लेकिन उन्हें जो असली अमरता मिली, वो मिली हिन्दू पौराणिक कथाओं (Mythology) वाले किरदारों से।

1957 में आई ‘मायाबाज़ार’ (Mayabazar) और 1963 की ऐतिहासिक फिल्म ‘लव कुसा’ (Lava Kusa) में जब उन्होंने भगवान श्री कृष्ण और भगवान श्री राम का किरदार निभाया, तो वो महज़ एक एक्टर नहीं रह गए।

उनका रूप, उनकी आवाज़ का ठहराव और उनकी आँखों का वो तेज इतना जादुई था की जनता उन्हें सच में भगवान का अवतार मानने लगी थी।

लोग अपने घरों के मंदिरों में देवी-देवताओं की तस्वीरों के साथ एनटीआर की भगवान कृष्ण वाली फोटो रखकर पूजने लगे थे।

सनातन धर्म की कथाओं को सिनेमा के ज़रिए घर-घर तक पहुँचाने और कला के क्षेत्र में उनके इसी अभूतपूर्व योगदान के लिए, 1968 में भारत सरकार ने उन्हें ‘पद्मश्री’ (Padma Shri) सम्मान से नवाज़ा।

वो सिनेमा के बेताज बादशाह थे, दौलत और शोहरत उनके कदम चूम रही थी। लेकिन फिर कुछ ऐसा हुआ, जिसने इस पर्दे के भगवान को हकीकत के कुरुक्षेत्र में उतरने पर मजबूर कर दिया।

जब एक एयरपोर्ट की घटना ने जगाया ‘तेलुगु स्वाभिमान’ और जन्म हुआ तेलुगु देशम पार्टी का

अस्सी का दशक आते-आते तक आंध्र प्रदेश में सिर्फ एक ही पार्टी का सिक्का चलता था, और वो थी कांग्रेस।

दिल्ली में बैठे कांग्रेसी हाईकमान का घमंड इतना बढ़ चुका था की वे आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्रियों को किसी रबर स्टाम्प या अपने नौकर की तरह ट्रीट करते थे। जब मन किया मुख्यमंत्री बदल दिया, जब मन किया हटा दिया।

इस घमंड की इन्तहा तब हो गई जब 1982 में राजीव गांधी (जो उस वक्त कांग्रेस के महासचिव थे) हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट पर उतरे।

वहाँ उनके स्वागत के लिए तत्कालीन कांग्रेसी मुख्यमंत्री टी. अंजैया अपनी पूरी कैबिनेट और भारी भीड़ के साथ खड़े थे।

किसी छोटी सी बात पर राजीव गांधी इतने भड़क गए की उन्होंने भरे एयरपोर्ट पर, हज़ारों लोगों और मीडिया के सामने मुख्यमंत्री टी. अंजैया को बुरी तरह फटकार लगा दी और उनका सरेआम अपमान कर दिया।

ये खबर जैसे ही आग की तरह पूरे राज्य में फैली, एनटीआर का खून खौल उठा। उन्होंने इसे एक मुख्यमंत्री का अपमान नहीं माना। उन्होंने कहा, “ये दिल्ली के दरबारियों द्वारा हमारे ‘तेलुगु स्वाभिमान’ (Telugu Vari Atma Gouravam) पर किया गया सीधा हमला है!”

वो समझ चुके थे की जब तक ये दिल्ली वाले नेता राज्य को अपनी जागीर समझते रहेंगे, तब तक तेलुगु माटी का सम्मान नहीं बचेगा।

और फिर, राजनीति का क-ख-ग भी ना जानने वाले इस सुपरस्टार ने 29 मार्च 1982 को अपनी खुद की पार्टी ‘तेलुगु देशम पार्टी’ (TDP) की स्थापना कर डाली।

 

NTR का 75 हज़ार किलोमीटर का वो तूफानी सफर जिसने 9 महीने में उखाड़ फेंकी कांग्रेस की सत्ता

पार्टी तो बन गई, लेकिन चुनाव में महज़ 9 महीने बचे थे। कांग्रेस के पास अकूत पैसा, सत्ता, मशीनरी और हेलीकॉप्टरों की पूरी फौज थी।

और एनटीआर के पास क्या था? उनके पास थी एक पुरानी ‘शेवरले वैन’ (Chevrolet Van)। एनटीआर ने अपनी इसी वैन को मॉडिफाई करवाया और इसे नाम दिया ‘चैतन्य रथम’ (Chaitanya Ratham)।

उनके बेटे हरिकृष्णा इस वैन के ड्राइवर बने और एनटीआर निकल पड़े उस कांग्रेसी किले को ध्वस्त करने।

वो सफर भारत के चुनावी इतिहास का सबसे अद्भुत सफर था। एनटीआर ने अपने महँगे रेशमी कपड़े त्याग दिए और खाकी या भगवा रंग के कपड़े पहन लिए- बिल्कुल एक संन्यासी की तरह।

उन्होंने एयर-कंडीशन्ड कमरों और होटलों में रुकना छोड़ दिया। वे अपनी उसी वैन की छत पर खड़े होकर भाषण देते थे।

कमाल की बात तो ये है की वो हाइवे के किनारे खुले में दाढ़ी बनाते थे, सड़कों के किनारे लगे हैंडपंप पर नहाते थे और रात को उसी वैन में या किसी पेड़ के नीचे सो जाते थे।

जनता ने जब अपने इस ‘भगवान’ को सड़कों की धूल फांकते और अपने बीच आम इंसान की तरह रहते देखा, तो पूरे राज्य में ऐसा भूचाल आया जिसे थामना कांग्रेस के बस की बात नहीं थी।

एनटीआर ने अपनी इस वैन से पूरे आंध्र प्रदेश में 75,000 किलोमीटर का तूफानी दौरा किया। हर गली, हर नुक्कड़ और हर गाँव तक उनकी आवाज़ पहुँच गई।

और फिर वो दिन आया जिसने दिल्ली की सत्ता की नींव हिला कर रख दी। जनवरी 1983 में चुनाव हुए।

जिस पार्टी को बने अभी पूरे 9 महीने भी नहीं हुए थे, उसने 294 सीटों में से 201 सीटों पर भयंकर क्लीन स्वीप किया। कांग्रेस के बड़े-बड़े दिग्गज और मंत्री ताश के पत्तों की तरह ढह गए।

सिर्फ 9 महीने के अंदर एक फिल्म स्टार ने 35 साल पुराने कांग्रेसी राज को उखाड़ के फेंक दिया।

एनटीआर ने राज्य के पहले गैर-कांग्रेसी मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

दो रुपये किलो चावल से लेकर पैतृक संपत्ति में बेटियों का हक़, NTR के वो ऐतिहासिक फैसले

अक्सर ऐसा होता है की जो लोग बिना किसी राजनीतिक अनुभव के सत्ता में आते हैं, वो कुर्सी मिलते ही कंफ्यूज हो जाते हैं। लेकिन एनटीआर के साथ ऐसा बिल्कुल नहीं था।

वो सिस्टम को जड़ से बदलने आए थे। मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठते ही उन्होंने अपनी कलम से बहुत से मास्टरस्ट्रोक खेले।

उनका सबसे पहला और सीधा वार था उस 400 साल पुराने ‘पटेल-पटवारी’ सिस्टम पर। मुगलों और निज़ामों के ज़माने से चला आ रहा ये सामंती सिस्टम अस्सी के दशक तक आंध्र प्रदेश में ज़िंदा था!

इसके तहत गाँव के कुछ गिने-चुने ज़मींदार और रसूखदार लोग पीढ़ियों से गरीबों का शोषण करते थे। ज़मीन के सारे कागज़ात और लगान का हिसाब इन्हीं के हाथों में होता था।

एनटीआर ने मुख्यमंत्री बनते ही एक झटके में इस पूरे सिस्टम को उखाड़ फेंका और गाँव के प्रशासन को सीधा सरकार के अंडर ले लिया। गरीबों के लिए ये किसी आज़ादी से कम नहीं था।

इसके बाद उन्होंने वो दांव चला जिसने उन्हें रातों-रात पूरे राज्य में गरीबों का मसीहा बना दिया- ‘दो रुपये किलो चावल योजना’।

उन दिनों महँगाई आसमान छू रही थी और गरीब आदमी के लिए दो वक़्त की रोटी का जुगाड़ करना भी भारी पड़ रहा था।

एनटीआर ने सरकारी खज़ाने का मुँह खोल दिया और गरीबों को 2 रुपये किलो के हिसाब से चावल बांटना शुरू कर दिया।

लेकिन एनटीआर का सबसे क्रांतिकारी फैसला तो कुछ और ही था।

क्या आपको पता है की पूरे भारत के इतिहास में वो पहले ऐसे मुख्यमंत्री थे, जिसने कानून बनाकर ‘बेटियों’ को पिता की पैतृक संपत्ति में बेटों के बराबर का हक़ दिलाया?

जी हाँ! 1986 में उन्होंने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम में राज्य स्तर पर संशोधन किया और महिलाओं को वो कानूनी अधिकार दिया, जिसके बारे में उस वक़्त कोई नेता बात तक नहीं करता था।

इसके अलावा भी उन्होंने झुग्गियों को हटाकर गरीबों के लिए 5 लाख पक्के मकान (Housing Scheme) बनवाए। किसानों के लिए सस्ती बिजली दी और बुनकरों को बचाने के लिए सस्ते हथकरघा (Handloom) कपड़ों की योजना शुरू की।

वो सच में एक ऐसा राज्य बना रहे थे जहाँ आख़िरी पायदान पर खड़े आदमी को भी महसूस हो की सरकार उसकी अपनी है।

 

जब अमेरिका में इलाज करा रहे NTR की पीठ में घोंपा खंजर और व्हीलचेयर पर हुई शेर की वापसी

सब कुछ एकदम बढ़िया चल रहा था, लेकिन राजनीति में जब आप तेज़ी से ऊपर उठते हैं, तो दुश्मन बाहर से ज़्यादा आपके घर के अंदर पैदा हो जाते हैं।

और फिर अगस्त 1984 में वो राजनीतिक ड्रामा हुआ, जिसने भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में काला अध्याय जोड़ दिया।

हुआ यूँ की अगस्त 1984 में एनटीआर को ओपन-हार्ट बाईपास सर्जरी करवाने के लिए अमेरिका जाना पड़ा। वो वहाँ अस्पताल के बिस्तर पर अपनी ज़िंदगी की जंग लड़ रहे थे, और यहाँ उनके अपने ही राज्य में गद्दारी की एक बहुत गहरी साज़िश रची जा रही थी।

उनके अपने ही वित्त मंत्री नादेंडला भास्कर राव ने उनके खिलाफ बगावत कर दी। भास्कर राव ने दिल्ली की कांग्रेसी सरकार और आंध्र के तत्कालीन गवर्नर ठाकुर राम लाल के साथ मिलकर एक ऐसा घिनौना खेल खेला, जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।

गवर्नर ठाकुर राम लाल ने असंवैधानिक रूप से, बिना बहुमत साबित करने का मौका दिए, एनटीआर की सरकार को बर्खास्त कर दिया और पीठ में छुरा घोंपने वाले भास्कर राव को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिला दी।

दिल्ली में बैठे कांग्रेसी नेताओं को लगा की उन्होंने अपना बदला ले लिया है। उन्हें लगा कि एनटीआर तो बीमार है, अमेरिका में पड़ा है, अब वो क्या ही कर लेगा।

लेकिन सर्जरी के तुरंत बाद, जब एनटीआर के शरीर के टांके भी पूरी तरह नहीं सूखे थे, वो इंसान व्हीलचेयर पर बैठकर अमेरिका से वापस लौट आया।

जब एनटीआर हैदराबाद एयरपोर्ट पर उतरे, तो पूरा आंध्र प्रदेश सुलग उठा। सड़कों पर ऐसा भूचाल आ गया की पुलिस के पसीने छूट गए।

एनटीआर ने हार नहीं मानी। वो अपनी व्हीलचेयर पर ही अपने 161 समर्थक विधायकों को लेकर एक विशेष ट्रेन से सीधा दिल्ली पहुँच गए।

राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह के सामने उन्होंने अपने विधायकों की बाकायदा परेड कराई। ये लोकतंत्र के इतिहास का वो रोंगटे खड़े कर देने वाला नज़ारा था, जब एक बीमार नेता अपनी ड्रिप और पट्टियों के साथ देश के सबसे बड़े दरबार में अपना हक़ मांग रहा था।

पूरे देश का मीडिया, विपक्ष के नेता और यहाँ तक की आम जनता एनटीआर के साथ खड़ी हो गई। राज्य में एक महीने तक भयंकर हड़ताल और प्रदर्शन हुए।

आखिरकार दिल्ली को झुकना पड़ा। गवर्नर ठाकुर राम लाल को हटाकर शंकर दयाल शर्मा को नया गवर्नर बनाकर भेजा गया।

भास्कर राव विधानसभा में अपना बहुमत साबित नहीं कर पाए, और ठीक एक महीने के वनवास के बाद, सितंबर 1984 में एनटीआर ने शानदार वापसी करते हुए दोबारा मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

लक्ष्मी पार्वती की एंट्री और दामाद का विद्रोह जिसने पर्दे के भगवान को अंदर से तोड़ दिया

कहते हैं ना की इंसान दुनिया के बड़े से बड़े अखाड़े में जीत सकता है, लेकिन जब लड़ाई अपनों से हो, तो अच्छे-अच्छों के हौसले टूट जाते हैं।

एनटीआर का राजनीतिक पतन किसी विपक्षी पार्टी ने नहीं, बल्कि खुद उनके अपने घर और परिवार ने किया।

1993 में उनकी ज़िंदगी में एक बहुत बड़ा मोड़ आया। उनकी पहली पत्नी का निधन बहुत पहले हो चुका था। 70 साल की उम्र में उनकी ज़िंदगी में ‘लक्ष्मी पार्वती’ नाम की एक लेखिका की एंट्री हुई, जो उनकी बायोग्राफी (जीवनी) लिखने आई थीं।

कुछ ही समय बाद एनटीआर ने लक्ष्मी पार्वती से शादी कर ली। यहाँ तक सब कुछ ठीक था, एक इंसान को बुढ़ापे में सहारे की ज़रूरत होती है।

लेकिन समस्या तब शुरू हुई जब लक्ष्मी पार्वती का दखल एनटीआर की निजी ज़िंदगी से निकलकर पार्टी और सरकार के कामों में बहुत ज़्यादा बढ़ने लगा।

ब्यूरोक्रेट्स (IAS/IPS) सीधे लक्ष्मी पार्वती को रिपोर्ट करने लगे। पार्टी में किसे टिकट मिलेगा, कौन मंत्री बनेगा, ये सब वो तय करने लगीं।

लक्ष्मी पार्वती के इस बढ़ते रसूख ने एनटीआर के अपने परिवार- उनके बेटों (बालकृष्ण और हरिकृष्णा) और उनके दामाद को भयंकर रूप से असुरक्षित कर दिया।

उन्हें लगने लगा की एनटीआर की सारी राजनीतिक विरासत और संपत्ति पर लक्ष्मी पार्वती कब्ज़ा कर लेंगी।

और इसी पारिवारिक कलह और असंतोष का सबसे बड़ा फायदा उठाया एनटीआर के दामाद ‘चंद्रबाबू नायडू’ (Chandrababu Naidu) ने।

अगस्त 1995 में चंद्रबाबू नायडू ने बहुत ही चालाकी से एनटीआर के बेटों को अपने साथ मिलाया, पार्टी के असंतुष्ट विधायकों को भड़काया और उन्हें हैदराबाद के मशहूर ‘वायसराय होटल’ (Viceroy Hotel) में इकट्ठा कर लिया।

एनटीआर, जो कल तक जनता के भगवान थे, जिनके एक इशारे पर लाखों की भीड़ जान देने को तैयार रहती थी, वो अपनी ही पार्टी और अपने ही घर में बिल्कुल अकेले पड़ गए।

जिस दामाद को उन्होंने खुद राजनीति की उंगली पकड़ कर चलना सिखाया था, उसी दामाद ने उनकी पार्टी हाईजैक कर ली।

विधायकों का बहुमत नायडू के पास था और आख़िरकार अगस्त 1995 में एनटीआर को मुख्यमंत्री की कुर्सी से बेदखल कर दिया गया।

जिस इंसान ने दिल्ली के बड़े-बड़े सूरमाओं (इंदिरा और राजीव गांधी) को उनके घर में घुसकर मात दी थी, उसे उसके अपने ही खून ने सरेआम धोखा दे दिया था।

एनटीआर इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाए। कुर्सी जाने का ग़म नहीं था, ग़म अपनों की गद्दारी का था।

वो अंदर से पूरी तरह टूट चुके थे। और आख़िरकार, 18 जनवरी 1996 को, भारी दिल और एक गहरे डिप्रेशन के बीच उन्हें एक ज़बरदस्त हार्ट अटैक आया और सिनेमा से लेकर राजनीति तक का वो चमकता हुआ सूरज हमेशा के लिए अस्त हो गया।

Scroll to Top