आज 15 अगस्त की सुबह जब लाल किले की प्राचीर से तिरंगा हवा में लहराया और बैकग्राउंड में राष्ट्रगान की धुन गूँजी ना… तो शरीर के रोंगटे अपने आप खड़े हो गए।
आज पूरा हिंदुस्तान अपनी आज़ादी का 80वां जश्न मना रहा है। 79 साल पूरे हो चुके हैं उस सुबह को, जब हमने गुलामी की बेड़ियों को काटकर एक आज़ाद हवा में सांस ली थी।
लेकिन आज जब हम इंटरनेट पर हमारे चंद्रयान की तस्वीरें देखते हैं या टीवी पर अपनी मिसाइलों की दहाड़ सुनते हैं, तो अक्सर भूल जाते हैं की हमने ये मुकाम कितनी ठोकरें खाकर हासिल किया है।
ये लेख उन करोड़ों हिंदुस्तानियों की मेहनत, रगड़ और उस ज़िद की कहानी है जिसने दुनिया के मुंह पर लगे उस ताले को तोड़ दिया जो कहते थे की “भारत कभी अपने पैरों पर खड़ा नहीं हो पाएगा।”
चलिए, आज नए हिंदुस्तान की इस तूफानी उड़ान का वो पन्ना पलटते हैं, जिसे पढ़कर हर भारतीय का सीना गर्व से 56 इंच का हो जाएगा।
साइकिल पर रॉकेट रखकर ले जाने वाले हमारे वैज्ञानिकों ने जब चाँद के दक्षिणी ध्रुव पर तिरंगा गाड़कर पूरी दुनिया को हैरान कर दिया
अंतरिक्ष की दुनिया में भारत ने जो झंडे गाड़े हैं ना, उसकी कहानी तो ऐसी है की सुनकर किसी के भी आँखों में पानी आ जाए।
आज जब अमेरिका का नासा (NASA) और एलन मस्क जैसे अरबपति भी हमारी इसरो (ISRO) की तरफ सम्मान भरी नज़रों से देखते हैं, तो एक बार उस दौर को याद करना ज़रूरी हो जाता है जहाँ से हमारी ये उड़ान शुरू हुई थी।
बात 1963 की है। केरल के तिरुवनंतपुरम के पास एक छोटा सा मछुआरों का गांव है- थुम्बा।
हमारे महान वैज्ञानिक डॉ. विक्रम साराभाई और मिसाइल मैन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम साहब ने वहीं से देश के स्पेस प्रोग्राम की नींव रखी थी।
आप यकीन करेंगे? उस वक्त हमारे पास कोई हाई-टेक लैब या ऑफिस नहीं था। एक पुराने से ‘मैरी मैग्डलीन चर्च’ को इसरो का हेडक्वार्टर बनाया गया था। बिशप का कमरा ऑफिस बन गया और चर्च की बिल्डिंग लैब।
पैसे इतने कम थे और जुगाड़ इतना तगड़ा था की हमारे ये महान वैज्ञानिक रॉकेट के छोटे-छोटे पुर्ज़ों को अपनी साइकिल के कैरियर पर रखकर लॉन्च पैड तक ले जाते थे।
भारी सामान और पेलोड ढोने के लिए बैलगाड़ियों का इस्तेमाल होता था। अमेरिका का मशहूर अख़बार ‘न्यूयॉर्क टाइम्स’ उस वक्त अपने पन्नों पर कार्टून छापकर हमारा मज़ाक उड़ाता था।
कार्टून में दिखाया जाता था की बड़े-बड़े सूट-बूट वाले एलीट देश स्पेस क्लब में बैठे हैं और भारत एक गाय के साथ उस क्लब का दरवाज़ा खटखटा रहा है। मतलब सीधे-सीधे हमारी गरीबी का मखौल!
लेकिन क्या हमारे कलाम साहब और इसरो वाले रुकने वाले थे? बिल्कुल नहीं! उन्होंने बैलगाड़ी से जो सफर शुरू किया था, उसने दुनिया के मुंह पर ऐसा करारा तमाचा मारा की उसकी गूंज आज तक सुनाई दे रही है।
पहले हमने ‘मंगलयान’ को मंगल ग्रह की कक्षा में पहली ही बार में और वो भी हॉलीवुड की फिल्म के बजट से भी कम पैसों में पहुंचा कर दिखा दिया।
और फिर आया अगस्त 2023 का वो ऐतिहासिक दिन, जब हमने सीधे चाँद पर अपना ‘चंद्रयान-3’ उतार दिया! वो भी चाँद के दक्षिणी ध्रुव (South Pole) पर, जहाँ आज तक अमेरिका, रूस या चीन जैसे बड़े-बड़े तीसमारखां भी नहीं पहुँच पाए थे।
जिस चाँद को देखकर बचपन में हम ‘चंदा मामा दूर के’ गाते थे, इसरो ने उस चाँद को तिरंगे के रंग में रंग दिया।
और आज 2026 में तो हमने पूरा सिस्टम ही हैक कर लिया है दोस्त! अब हम सिर्फ अपने सैटेलाइट नहीं छोड़ते, बल्कि अमेरिका, ब्रिटेन और दुनिया भर के देश इसरो की बुकिंग ऐसे करते हैं जैसे कोई प्रीमियम कैब बुक कर रहा हो।
आज भारत में 440 से भी ज़्यादा प्राइवेट स्पेस स्टार्टअप्स खुल चुके हैं। अग्निकुल (Agnikul), स्काईरूट (Skyroot) और गैलेक्सआई (GalaxEye) जैसे हमारे देसी लौंडे अपने खुद के 3D प्रिंटेड रॉकेट बना रहे हैं।
अब हमारा अगला टारगेट आसमान में इंसानों को भेजने का ‘गगयान’ मिशन है और हम खुद का ‘भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन’ बनाने की तैयारी में दिन-रात एक कर रहे हैं।
जो दुनिया कभी हमारी साइकिल देखकर हंसती थी, आज वो हमारे रॉकेटों की आग देखकर खौफ खा रही है।
जिन हथियारों के लिए कभी हम दूसरे देशों का मुंह ताकते थे आज उसी भारत की स्वदेशी ‘ब्रह्मोस’ और ‘INS Vikrant’ देखकर थर-थर कांपते हैं दुश्मन
अगर किसी देश को सच में जानना है की वो कितना ताकतवर है, तो ये मत देखो की उसके पास पैसा कितना है, बल्कि ये देखो की उसकी सेना अपने पैरों पर कितनी मज़बूत खड़ी है।
एक वक्त था जब हम रक्षा सौदों के मामले में दुनिया के सबसे बड़े ‘इम्पोर्टर’ (खरीददार) हुआ करते थे।
मतलब ये की हमें अपने जवानों के लिए अगर एक ढंग की स्नाइपर राइफल या बुलेटप्रूफ जैकेट भी चाहिए होती थी, तो हमें रूस, इज़रायल या अमेरिका के आगे हाथ फैलाना पड़ता था।
ज़रा 1962 की उस लड़ाई को याद कीजिए। बर्फीली चोटियों पर हमारे वीर जवान लड़ने गए थे, लेकिन उनके पास ना तो पैरों में पहनने के लिए बर्फ वाले जूते (Snow Boots) थे और ना ही ढंग की राइफलें।
हमारे जवानों ने बोल्ट-एक्शन वाली पुरानी राइफलों से चीन की ऑटोमैटिक बंदूकों का सामना किया था।
जज़्बा तो हमारे जवानों में तब भी दुनिया से सौ गुना ज़्यादा था, लेकिन सरकारों ने हमें हथियारों के मामले में हमेशा ‘मोहताज’ बनाकर रखा।
कोई भी विदेशी देश जब चाहता, हमें हथियारों की सप्लाई रोककर ब्लैकमेल करने लगता था।
लेकिन अब सीन पूरी तरह से पलट चुका है मेरे दोस्त! आज हमारे देश के रक्षा मंत्री डंके की चोट पर कहते हैं की भारत अब हथियार सिर्फ खरीदेगा नहीं, बल्कि दुनिया को बेचेगा भी।
जो भारत कभी हथियारों की लिस्ट लेकर दुनिया भर में घूमता था, आज वही हिंदुस्तान दुनिया के 85 से ज़्यादा मुल्कों को अपने यहाँ बने हथियार बेच रहा है।
2026 में हमारा ‘डिफेंस एक्सपोर्ट’ (रक्षा निर्यात) 21 हज़ार करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर गया है!
अब ज़रा हमारे हथियारों का भौकाल देखिए। ‘ब्रह्मोस’ (BrahMos) सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल का नाम सुनते ही चीन और पाकिस्तान के जनरलों को पसीना आ जाता है।
ये दुनिया की सबसे तेज़ क्रूज़ मिसाइल है, जो पलक झपकते ही दुश्मन के बंकरों को खाक में मिला देती है।
आज फिलीपींस जैसे देश लाइन में लगकर भारत से ब्रह्मोस मिसाइलें खरीद रहे हैं ताकि वो समंदर में चीन की गुंडागर्दी का इलाज कर सकें।
आसमान में दहाड़ मारता हुआ हमारा अपना स्वदेशी लड़ाकू विमान ‘एलसीए तेजस’ (LCA Tejas) आज दुनिया के बेहतरीन लड़ाकू विमानों को टक्कर दे रहा है।
और समंदर की बात करें? समंदर में हमारा ‘आईएनएस विक्रांत’ (INS Vikrant)- एक चलता-फिरता लोहे का किला- लहरों का सीना चीरते हुए पहरा दे रहा है।
40,000 टन से ज़्यादा भारी इस एयरक्राफ्ट कैरियर को हमने खुद अपने इंजीनियरों और देश के स्टील से बनाया है।
आज स्थिति ये है की 2026 के रक्षा बजट में सरकार ने 1.39 लाख करोड़ रुपये सिर्फ और सिर्फ उन हथियारों को खरीदने के लिए रिज़र्व कर दिए हैं, जो हमारे भारत की प्राइवेट और सरकारी कंपनियों ने ‘मेक इन इंडिया’ के तहत बनाए हैं।
विदेशी हथियारों का मुंह ताकने वाले उस दौर को हमने हमेशा-हमेशा के लिए दफन कर दिया है।
परमाणु तकनीक के लिए हमें बैन करने वाले देश आज ‘थोरियम रिएक्टर’ बनाने वाले भारत से मांग रहे हैं मदद
जब भी बात टेक्नोलॉजी की आती है ना, तो पश्चिमी देशों का घमंड हमेशा सातवें आसमान पर रहा है।
उन्हें लगता था की साइंस और न्यूक्लियर पावर पर सिर्फ उनका पेटेंट है और हम काले/भूरे लोग तो बस उनकी तकनीक के टुकड़ों पर पलने के लिए पैदा हुए हैं।
ज़रा याद कीजिए 1974 का ‘स्माइलिंग बुद्धा’ और 1998 का ‘पोखरण’ परमाणु परीक्षण! जब हमारे वैज्ञानिकों ने राजस्थान की तपती रेत में परमाणु बम फोड़कर भारत को एक न्यूक्लियर पावर बनाया था, तो पूरी दुनिया में हड़कंप मच गया था।
अमेरिका और उसके चेले-चपाटों ने बौखलाहट में आकर भारत पर भयंकर बैन (Sanctions) लगा दिए थे। उन्होंने हमें न्यूक्लियर फ्यूल (यूरेनियम), सुपरकंप्यूटर और किसी भी तरह की तकनीक देने से साफ़ मना कर दिया।
उन्हें लगा की बैन लगा देंगे तो भारत घुटनों के बल बैठकर रोएगा और माफी मांगेगा। लेकिन वो भूल गए थे की हमारी मिट्टी में होमी जहांगीर भाभा और कलाम जैसे लोगों का खून दौड़ता है।
जब दुनिया हमारे लिए अपने दरवाज़े बंद करती है, तो हम दीवार तोड़कर अपना खुद का नया रास्ता बना लेते हैं!
आज 2026 में ज़रा भारत का न्यूक्लियर भौकाल देखिए! पूरी दुनिया आज भी यूरेनियम के पीछे भाग रही है, जिसके लिए उन्हें दूसरे देशों का मुंह ताकना पड़ता है।
लेकिन हमारे वैज्ञानिकों ने इसका ऐसा तोड़ निकाला है की आज अमेरिका और यूरोप के बड़े-बड़े वैज्ञानिक दांतों तले उंगली दबाए बैठे हैं।
तमिलनाडु के कलपक्कम में हमारे वैज्ञानिकों ने 500 MWe का जो ‘प्रोटोटाइप फ़ास्ट ब्रीडर रिएक्टर’ (PFBR) बना के दिखाया है, ये दुनिया का वो अजूबा है जो ‘थोरियम’ (Thorium) से चलता है।
आपको जानकर सीना चौड़ा हो जाएगा की भारत के केरल और ओडिशा के समुद्री तटों की रेत में दुनिया का सबसे ज़्यादा थोरियम (Monazite sand) दबा पड़ा है।
मतलब हमारे पास इतना थोरियम है की हम आने वाले सैकड़ों सालों तक बिना किसी देश के आगे हाथ फैलाए अपने देश को 24 घंटे बिजली दे सकते हैं।
भारत दुनिया का वो इकलौता देश बनने जा रहा है जिसने इस ‘थोरियम साइकिल’ को क्रैक कर लिया है।
जो देश कल तक हम पर बैन लगाकर हमें तकनीक देने से मना कर रहे थे, आज वही देश लाइन में खड़े होकर हमसे पूछ रहे हैं की “भाई, ये थोरियम से बिजली बनाने का जुगाड़ हमें भी सिखा दो!” इसे कहते हैं असली औकात दिखाना!
दुनिया जब आपको कमज़ोर समझे और आपका मज़ाक उड़ाए, तब शांति से अपनी मेहनत करते रहो और फिर ऐसा धमाका करो की पूरी दुनिया के कान के पर्दे फट जाएं!
हमारी मेहनत और हमारे वैज्ञानिकों की ज़िद ने आज भारत को उस मुकाम पर खड़ा कर दिया है जहाँ दुनिया हमारे कदमों के निशान फॉलो कर रही है।
80 साल का ये स्वर्णिम सफर तो बस एक झांकी है, विश्वगुरु बनने की हमारी ये तूफानी उड़ान अभी बाकी है
आज 15 अगस्त 2026 की इस पावन सुबह जब हवा के झोंकों के साथ हमारा तिरंगा शान से लहरा रहा है, तो ये उस साइकिल वाले रॉकेट की मेहनत है, ये खून जमा देने वाली बर्फ में खड़े हमारे जवानों का पसीना है, और ये खेतों में मिट्टी से सोना उगाने वाले हमारे किसानों का स्वाभिमान है।
लेकिन भाईसाहब, पिक्चर अभी खत्म नहीं हुई है! 1947 से लेकर आज तक का ये जो 80 साल का सफर हमने तय किया है, ये तो बस एक वॉर्म-अप (Warm-up) था।
ये तो सिर्फ एक ट्रेलर है असली पिक्चर का! आज हर हिंदुस्तानी की आँखों में एक ही सपना पल रहा है- ‘2047 का विकसित भारत’।
जब हमारी आज़ादी के 100 साल पूरे होंगे, तो ये देश दुनिया की तीसरी या दूसरी नहीं, बल्कि सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरेगा।
हम अब वो भारत नहीं हैं जो जवाब देने के लिए सामने वाले के हमले का इंतज़ार करता हो या जो यूएन (UN) में जाकर शांति का रोना रोता हो।
ये वो नया हिंदुस्तान है जो घर में घुसकर आतंकियों का इलाज करना जानता है। ये वो देश है जो अपनी इकॉनमी को 10 ट्रिलियन डॉलर की तरफ लेकर जा रहा है।
ये वो देश है जिसके युवा आज दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों (Google, Microsoft) के सीईओ बनकर बैठे हैं और देश के अंदर भी हज़ारों नए Startups खड़ा करके अपनी खुद की आज़ाद सल्तनत बना रहे हैं।
चाहे कोई कितनी भी साज़िश कर ले, इस नए हिंदुस्तान के तूफ़ान को अब कोई रोक नहीं सकता। हमने ठोकरें खाकर चलना सीखा है, साइकिल से स्पेस तक का रास्ता खुद बनाया है, और अब हमें आसमान की ऊंचाइयों तक जाने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती।
आज इस 80वें स्वतंत्रता दिवस पर, आइए अपने उन गुमनाम हीरोज को, उन वैज्ञानिकों को, सरहद पर सीना ताने खड़े जवानों को और देश की तरक्की में पसीना बहाने वाले हर एक हिंदुस्तानी को एक कड़क और दिल से सैल्यूट ठोकें।
हमारी रगों में दौड़ने वाला ये खून जब तक गर्म है, तब तक इस तिरंगे की शान पर कोई आंच नहीं आ सकती!
भारत माता की जय! वन्दे मातरम! जय हिन्द!
